——————–—
संपादकीय
झूठे रोने वाले बाजी मार जाएंगे !
कुछ लोग इस प्रकार से चाटुकारिता में लगे होते हैं, कि खुद पर ध्यान नहीं होता कि वे क्या कर रहे हैं। सुबह से शाम तक नजदीकी के नाम पर कुछ मध्यमवर्गीय कहीं भौतिक रूप से तो कहीं सोशल में भी लगे होते हैं। खुद का अपने परिवार के किसी सदस्य का या अपने पिता का जन्म दिवस इन्हें याद नहीं होता लेकिन तथाकथित वो बड़े आदमी जिनके नाम होने की शुमार होने की बात इनके मस्तिष्क पटल में बैठ गई है,पीछे लगे होते हैं। खुद की क्या पहचान है और अपने पहचान के लिए ये क्या कर रहे हैं खुद में ज्ञात नहीं होता। कई ऐसे लोग हैं,जो खुद की पहचान किसी सियासी पद से देते हैं। आजीविका के कार्यों से नहीं। जबकि कभी कामकाज किसी के जानने की उत्कंठा हो तो किसी के आजीविका कार्य से होता है। कई बार तो ये लोगों की थोथी प्रशंसा भी कर रहे होते हैं। लोगों को लगता है कि मेरा बडा हितैषी है। संज्ञान लें जब खुद के खून के रिश्ते बेमानी हो जाते हों मित्रता के नाम गद्दारी की खबरें हों वहां हितैषी की बातें कितने प्रतिशत हो सकता है ॽ अनुमान लगाने की बात होगी। सोशल मीडिया में झूठी स्नेह प्यार के कितने किस्से हैं। यह बात न सिर्फ आज का ǃ अपितु कालान्तर में इस बात को भी जाने माने साहित्यकार हरिशंकर परसाई ने भांप लिया था और कहा था कि जब मैं प्राण त्याग करूंगा तब इस बात की आशंका होगी कि झूठे रोने वाले सच्चे रोने रोने वालों से बाजी मार ले जाएंगे। आज के परिपेक्ष्य में यह आशंका सत्य भी साबित हो रहा है। भौतिक रूप से परिजनों से मिलने तक जाने वालों की संख्या नगण्य में है और सोशल पटल पर ऐसे आंसु बहाने वालों की संख्या हजारों में। कहावत में घड़ियाली आंसु बहाने का मुहावरा भी प्रचलन में है। आंसुओं के नाम भौतिक जीवन में बह जाने वाले भी धोखे का शिकार हुए हैं। जिनमें भावनाएं नहीं है, वे इस खेल में माहिर होते हैं।
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
06 सितंबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. करियापहर(नरहरपुर) में विभीन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज करियापहर (नरहरपुर) में टीना शेड एवं रंगमंच के भूमिपूजन तथा एक दिवसीय रामायण कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने मंचीय उद्बोधन में कहा-भूमिपूजन का अवसर किसी भी गांव के लिए केवल निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि सामुदायिक विकास, सामाजिक सहभागिता और आने वाले समय के लिए बेहतर सुविधाओं की नींव रखने का अवसर होता है। इसके साथ रामायण जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सेवा, त्याग और कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामवासी,भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता मौजूद रहे।
———————–
✍️ 02. कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर कोयलीबेड़ा तहसील क्षेत्र के 18 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों का तीन दिवसीय भ्रमण। लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों की समस्याओं का होगा चरणबद्ध निराकरण, विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल।

— कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार जिले के अधिकारियों द्वारा कोयलीबेड़ा तहसील क्षेत्र के 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामों में तीन दिवसीय व्यापक भ्रमण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीयों सहित सम्बंधित क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं फील्ड स्तर के कर्मचारी गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का आंकलन किया।कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वे गांवों में पहुंचकर अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही आकलन करें तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इसके माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की योजना तैयार कर समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण किया जा सकेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने ग्रामों का भ्रमण कर सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आंगनबाड़ी, राशन, कृषि एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी ली।उल्लेखनीय है कि कोयलीबेड़ा तहसील क्षेत्र के अनेक ग्राम लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहने के कारण विकास की गति से अपेक्षाकृत पीछे रह गए थे। जिला प्रशासन द्वारा अब इन क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं का चिन्हांकन कर उनके निराकरण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार तैयार किए जा रहे प्रस्तावों के माध्यम से संबंधित ग्रामों की लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों का चरणबद्ध तरीके से निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विकास से वंचित रहे इन क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा क्षेत्रवासियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर लाभ सुनिश्चित करना है।
———————–
✍️ 03. मिनी माता सम्मान, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित।
— छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं अशासकीय संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2026 हेतु मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान), वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रदान किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित महिला अथवा संस्था को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसी प्रकार महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस तथा आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके तहत चयनित महिला को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत चयनित महिला को 02 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का भी प्रावधान है। उक्त सम्मान हेतु निर्धारित प्रारूप में आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन 25 सितंबर तक कार्यालय कलेक्टर, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कांकेर में जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
————————
✍️ 04. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को ।
— जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासन के तत्वावधान में एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज कांकेर में किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1023 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 36 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 353 पद, फायरमेन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
✍️ 05. दिव्यांगजनों के लिए संभाग स्तरीय शिविर 05 एवं 15 अक्टूबर को। निःशुल्क बनेंगे कृत्रिम हाथ-पैर।
—जिले के ऐसे दिव्यांगजन, जिन्होंने जन्मजात समस्या, दुर्घटना अथवा बीमारी के कारण अपने हाथ या पैर गंवाए हैं, उनके लिए आशा की नई किरण लेकर संभाग स्तरीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में दिव्यांगजनों के निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर का मापन एवं निर्माण किया जाएगा, जिससे उन्हें दैनिक कार्यों एवं आवागमन में सुविधा मिल सके।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अक्टूबर को जगदलपुर तथा 15 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले हितग्राही एवं उनके एक सहयोगी को जगदलपुर लाने-ले जाने, भोजन आदि की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क की जाएगी। शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर के साथ-साथ छड़ी, व्हीलचेयर एवं ट्राईसाइकिल जैसे सहायक उपकरणों का वितरण तथा मरम्मत भी की जाएगी। जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर लगाए हुए तीन वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें शिविर में बदलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उक्त शिविर का लाभ लेने के लिए जिले के इच्छुक दिव्यांगजन पंजीयन के लिए समाज कल्याण विभाग कांकेर अथवा मोबाइल नंबर 94077-37367 पर संपर्क कर सकते हैं।
————————
✍️06. मिशन रक्षक कार्यक्रम के तहत भानुप्रतापपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ । फारेस्ट ग्राउंड में 56 युवा ले रहे निःशुल्क प्रशिक्षण । युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का मार्ग ।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में भानुप्रतापपुर स्थित फारेस्ट ग्राउंड में “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम में वर्तमान में कुल 56 प्रशिक्षणार्थी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। युवाओं को रोजगार एवं भर्ती के लिए तैयार करना उद्देश्य :-“ मिशन रक्षक” का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन एवं बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को शारीरिक दक्षता के साथ-साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जा रही है, जिससे वे भर्ती प्रक्रिया में आत्मविश्वास के साथ शामिल हो सकें।प्रशिक्षणार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी :– मिशन रक्षक के अंतर्गत युवाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर्स, सीएएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ, अग्निवीर सहित विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा बलों की भर्ती के लिए आवश्यक शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है।
शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा का प्रशिक्षण :- प्रशिक्षणार्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता गतिविधियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।साथ ही लिखित परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रमुख विषयों, सामान्य ज्ञान एवं परीक्षा की रणनीति से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण की व्यवस्था :- कांकेर पुलिस द्वारा जिले के कांकेर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ एवं पखांजूर में “मिशन रक्षक” के तहत प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा इस पहल का लाभ उठा सकें और पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ सकें। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में जिले के युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को निखारने तथा उन्हें रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
————————
✍️07. वाइंडिंग/तांबा तार चोरी की वारदात का पखांजूर पुलिस ने किया खुलासा। 01 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का तांबा तार एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— प्रार्थी रोहित विश्वास, निवासी ग्राम पीव्ही-40 पुरुषोत्तम नगर द्वारा थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 10 एवं 11 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात पीव्ही-33 चौक स्थित उसकी वाइंडिंग दुकान से करीब 10-11 किलो तांबा/कापर तार, जिसकी कीमत लगभग ₹12,000/- है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।पुलिस की कार्यवाहीपुलिस अधीक्षक, निखिल राखेचा (भापुसे)जिला उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भापूसे) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिका में कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना पखांजूर पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आरोपियों की पतासाजी हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही थी।विवेचना के दौरान संदेही मुकुल मण्डल पिता दिलीप मण्डल, उम्र 29 वर्ष, निवासी पीव्ही-36 चांदीपुर, थाना पखांजूर के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा उसके निवास पर दबिश दी गई।पूछताछ में आरोपी ने दिनांक 10.08.2026 की रात्रि करीब 12:30 बजे अपनी TVS Raider पीले रंग की बिना नंबर मोटरसाइकिल से पीव्ही-33 चौक स्थित वाइंडिंग दुकान पहुंचकर टीन का दरवाजा साइड से उखाड़कर दुकान के अंदर प्रवेश करना तथा बोरी में रखे कापर तार को चोरी करना स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे छिपाकर रखा गया लगभग 02 किलो वाइंडिंग/तांबा तार, कीमत ₹2,000/- बरामद किया गया। साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जप्त किया गया।आरोपी मुकुल मण्डल को दिनांक07.09.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कांकेर में निरुद्ध किया गया है।
————————
✍️08.जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग की प्रवेश परीक्षा सफल।कांकेर में 3,099 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग टेस्ट, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन।

—जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन उत्तर बस्तर कांकेर की महत्वपूर्ण पहल के तहत जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन रविवार को जिले के निर्धारित सात परीक्षा केन्द्रों में सफलतापूर्वक किया गया। परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
3,200 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रवेश परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए जिले से कुल 3,200 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें जेईई के लिए 623 तथा नीट के लिए 2,577 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया।परीक्षा के दिन जेईई में पंजीकृत 623 विद्यार्थियों में से 584 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि नीट में पंजीकृत 2,577 विद्यार्थियों में से 2,515 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार जेईई एवं नीट स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 3,099 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
सात केन्द्रों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा
प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिले के सात निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरेश मंडावी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए थे।विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, परीक्षा केन्द्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय सुविधा
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है, जो जेईई और नीट जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने की क्षमता रखते हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी।
कोचिंग के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप अध्ययन सामग्री तथा आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जिले के विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।
प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में पहल
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग योजना को जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इस पहल से आर्थिक अथवा अन्य कारणों से महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से जिला प्रशासन की इस पहल के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों की सकारात्मक रुचि भी सामने आई है।
————————
✍️09. गांजा तस्करी के फरार आरोपी को कांकेर पुलिस ने सुकमा से किया गिरफ्तार। 20.235 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में था फरार।उजियारा अभियान के तहत अवैध गांजा परिवहन के विरुद्ध कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—दिनांक 27.08.2026 को थाना प्रभारी के आदेश पर पी.एस.आई. जोंटी सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा कांकेर बायपास आवासपारा मनकेशरी चौक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान CG 08 BG 6871 नंबर की संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 20.235 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,21,410/- बरामद किया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण में दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा चुका था, जबकि आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान घटना दिनांक से फरार था।विवेचना के दौरान दिनांक 04.09.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी पट्टनमपारा, सुकमा में रह रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के आदेश से पी.एस.आई. जोंटी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सुकमा जिले के पट्टनमपारा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे दिनांक 05.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।
———————–
✍️
10. पैसे निवेश कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश । महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी।
थाना अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

—महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों द्वारा कंपनी में पैसा निवेश करने पर 05 प्रतिशत का ब्याज (कमीशन) देने एवं डेढ़ साल में रकम दुगने देने का लालच दिया गया। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को झांसा देकर कंपनी में निवेश कराया गया।आरोपियों द्वारा पीड़ित सरकारी कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित कर पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने पैसा देना बंद कर दिया और लोगों की जमा राशि लेकर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भापूसे) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में , एसडीओपी श्री संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।थाना अंतागढ़ क्षेत्र में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में पैसा निवेश करने पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर लगभग 500 लोगों से करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में अंतागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।प्रकरण में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की गई।आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका , साजा जिला बेमेतरा तथा आरोपी नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
————————
विशेष—
कलेक्टर कुन्दन कुमार की अभिनव पहल – अब अंतागढ़ में ही मिलेंगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं।दो सप्ताह में ऑपरेशन थिएटर को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश, सोनोग्राफी और ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने कहा।

जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्र अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अब बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने महत्वपूर्ण पहल की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतागढ़ के ऑपरेशन थिएटर को शीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के साथ ही यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार एवं ऑपरेशन के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य शहरों तक लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम होगी।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज दंडकवन एवं धन्वंतरी सेवा समिति से संबद्ध चिकित्सक डॉ. आनंद जोशी एवं उनकी टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतागढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक उपकरणों तथा अन्य संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी दो सप्ताह के भीतर ऑपरेशन थिएटर को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स, पावर बैकअप, ऑक्सीजन पाइपलाइन सहित ऑपरेशन के लिए आवश्यक सभी संसाधनों की उपलब्धता प्राथमिकता से सुनिश्चित करने कहा। साथ ही ऑपरेशन सेवाओं के लिए आवश्यक चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं अंतागढ़ में उपलब्ध कराने के संबंध में डॉ. जोशी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। दूरस्थ क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सोनोग्राफी एवं ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा प्रारंभ करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने इन सुविधाओं के लिए आवश्यक लाइसेंस प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने कहा।

उन्होंने बाहर से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों के अंतागढ़ में ठहरने के लिए आवास व्यवस्था, सीएचसी में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, ऑपरेशन थिएटर के लिए पावर बैकअप, ऑक्सीजन पाइपलाइन और आवश्यक सर्जिकल इंस्टूमेंट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की इस पहल से अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा सहित जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। ऑपरेशन थिएटर के पूर्ण रूप से क्रियाशील होने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा गंभीर परिस्थितियों में जिला मुख्यालय या अन्य शहरों तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता भी कम होगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर ए.एस. पैकरा, एसडीएम अंतागढ़ राहुल रजक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, बीएमओ डॉ. भेषज रामटेके, मेडिकल कॉलेज कांकेर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
———————-

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






