—————–——
संपादकीय-
गोविंद मुनीस(निर्देशक)

✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
05 मई 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.रेत के अवैध उत्खनन पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के उठाव के बाद शेष बचे हुए धान का भी उठाव संबंधी समस्या का निराकरण करने एवं राजस्व प्रकरणों को त्वरित निराकृत करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए उनके द्वारा इस आशय के निर्देश दिए गए। खरीफ सीजन के लिए खाद का भंडारण सुनिश्चित करने, पौधरोपण के लिए अभी से तैयारी करने के लिए भी निर्देश दिए गए। बस्तर संभाग में संचालित बस्तर मुन्ने अभियान, सुशासन तिहार और नियद नेल्लानार 2.0 को गंभीरता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए भी कहा गया। शासकीय कार्यालयों को बिना अनुमति के बैंक खाता नहीं खोलने की हिदायत भी दी गई। खनिज न्यास निधि के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों में ‘डीएमएफ मद से निर्माण’ का उल्लेख करने एवं जनगणना कार्य को गंभीरता से लेने के लिए भी निर्देशित किया गया।बैठक में राजस्व मामलों के निराकरण, नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार इत्यादि के निराकरण की भी समीक्षा की गई। सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलें भेजने, बॉयोमेट्रिक अटेंडेन्स, आईगॉट कर्मयोगी में ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम सहित जिला अधिकारी व जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारीगण मौजूद थे।
———————–
02. जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ।

— जिला खेल परिसर खेल मैदान सिंगारभाट कांकेर में सोमवार से जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हो गया। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 04 मई से 25 मई तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिंगारभाट की सरपंच श्रीमती कौशिल्या नेताम भी उपस्थित रहीं।जिला खेल अधिकारी ने बताया कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को विभिन्न खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनके शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। शिविर में फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हैंडबॉल, कराते, खो-खो, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का समय प्रातः 06 बजे से 08 बजे तक तथा सायं 05 बजे से 07 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर का आयोजन शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान एवं जिला खेल परिसर सिंगारभाट में किया जा रहा है।शिविर का शुभारंभ करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक ने जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने का आह्वान भी किया। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती कौशिल्या नेताम ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ियों को खेल किट तथा फुटबॉल खिलाड़ियों को फुटबॉल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, नोडल अधिकारी एवं लगभग 300 खिलाड़ी उपस्थित रहे।
———————
03. बस्तर मुन्ने व सुशासन तिहार 05 मई को जिले के विभिन्न ग्रामों में शिविर का आयोजन।
— राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने हेतु बस्तर संभाग में संचालित बस्तर मुन्ने तथा नियद नेल्लानार 2.0 और राज्य व्यापी सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बस्तर मुन्ने एवं सुशासन तिहार के तहत 05 मई को जिले के सभी सातों विकासखण्ड के कुल 110 गांवों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम चिंगनार, छोटेधौंसा, हवेचुर, कचवर, आमाकड़ा, नवागढ़, कौड़ोखसगांव, नवागावड़ेगांव, ढुटापिपली, एटेगांव, कोहचुड़, कोटकुरसई पालरमेटा, तमोर्रा, पराली, बड़ेजैतपुरी, रेकाभाट, कोलर, पोटेबेड़ा, रेकाबेड़ा, टोटिनडांगरा, कोलियारी, मड़ाम, उसेली, चिखली, पाढरगांव में शिविर आयोजित किया जाएगा।इसी प्रकार कांकेर विकासखंड के ग्राम सिलतरा, बुधीयारमारी, मालगांव, मनकेसरी, कंेवटीनटोला, कोकपुर, हाटकोंगेरा और सातलोर में शिविर आयोजित किया जाएगा। कोयलीबेड़़ा विकासखंड के ग्राम छिंदपाल, मुदला, यशवंतनगर, कोयगांव, सीतापुर, रामकृष्णपुर, माहला, वनश्रीनगर, कृषकनगर, कृष्णानगर, पाड़ेंगा, जयरामनगर, बड़ेबेठिया, जोनावार, जवेली, आलदंड, रूपनगर, जयश्रीनगर, सिकसोड़, खुटगांव, कुरूषबेड़ा, मेटाबोदेली और कसगांव। चारामा विकासखंड के ग्राम माहूद, रतेडीही, उंकारी, गांड़ागौरी, चंदेली, खैरवाही, उड़कुड़ा, तारसगांव, कुर्रूभाठ, किलेपार, जैसाकर्रा तथा दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम नागहूर, तमोड़ा, गोटुलमुण्डा, आमागुहन, आमाकड़ा, ईरागांव, राऊरवाही, हेपुरकसा, गुमड़ी, भेजर, चाऊरगांव, कोड़ोगांव, पुड़ोमिचगांव, दरगड़, सोनपाल, गुरवन्डी, नेरोडाडिही, हानपतरी, भुरकागुदूम, नेवारी तथा सनतराई में शिविर आयोजित किया जाएगा। नरहरपुर विकासखंड के ग्राम बरेठीनबाहरा, दबेना, देवडोंगर, गट्टागुडूम, दुधावा, भिरौद, छिन्दखड़क, आमापानी, रामपुर, मुजालगोंदी, ढोढरापहर तथा भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम आसुलखार, कराठी, बांसला, टेढईकोंदल, खड़का, बरबसपुर, राडवाही, कनेचूर, तुएगुहान और उंचपानी में शिविर आयोजित किया जाएगा।
————————
04. पीपीटी प्रवेश परीक्षा 07 मई को, नोडल अधिकारी नियुक्त ।
— छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा पीपीटी प्रवेश परीक्षा 07 मई गुरूवार को पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के लगभग 251 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी और सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उक्त परीक्षा के लिए शासकीय भानुप्रतापदेव स्नाकोत्तर महाविद्यालय कांकेर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
————————
05 .जनदर्शन में मिले 35 आवेदन,सभी आवेदनों को त्वरित निराकृत करने कलेक्टर ने दिए निर्देश।

—कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के पहुंचे 35 आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में भूमि रजिस्ट्रीकरण, नामांतरण, भूमि आबंटन, नक्शा, खसरा दुरुस्तीकरण, विद्युत लाईन विस्तार, सिलाई मशीन प्रदान करने, नवीन सोलर पंप की स्वीकृति, नया बोर खनन सहित विभिन्न मांग एवं समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम सहित जिला अधिकारी व जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारीगण मौजूद थे।
————————
06.बैजनपुरी में बस्तर मुन्ने शिविर आयोजित। शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में मांग संबंधी 74 आवेदन दिए।

—राज्य शासन के मंशानुरूप शासन की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस्तर मुन्ने(अग्रणी बस्तर)कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 01 मई 2026 से जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजन शुरू हो गई है।उक्त शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बैजनपुरी में बस्तर मुन्ने शिविर का आयोजन किया गया शिविर में बढ़ी संख्या में ग्रामीणों ने शासकीय योजनाओं का लाभ लेने अपने मांग सम्बन्धी आवेदन नोडल अधिकारी एंव प्रभारी अधिकारी को दिया गया शिविर में विभिन्न विभागों के योजना संबंधी कुल 74 आवेदन ग्रामीणों के द्वारा दिया गया जिसमे से 4 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया एंव शेष 70 आवेदनों का संबंधित विभाग द्वारा समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा प्राप्त आवेदनों में नरेगा जॉब कार्ड 6 पीएम आवास 24 व्यक्तिगत शौचालय 7 वृद्धा पेंशन 1 विधवा पेंशन 1 महतारी वंदन योजना 3 पीएम किसान सम्मान निधि 4 जल जीवन मिशन 1 सर्व शिक्षा अभियान 1 श्रम विभाग 2 खाद्य विभाग राशन कार्ड 6 राजस्व विभाग 4 क्रेडा विभाग 3 विधुत विभाग 5 पशुपालन 1 बैंक खुलवाने संबंधी मांग 1 शिविर में जनपद सदस्य तेजबत्ती शोरी सरपंच सतीश कुरेटी शिविर नोडल अधिकारी बीरेंद्र कोडोपी पीठासीन अधिकारी(पटवारी) दिलीप नेताम ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण कवाची पशुचिकित्सा अधिकारी जीएस ठाकुर पंचायत सचिव आसमनी ध्रुव किसान मित्र बीरेंद्र कुरेटी ग्राम पटेल कोटवार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियो की उपस्थिति रही।
————————
07.पश्चिम बंगाल असम में भाजपा की जीत पर कांकेर नगर में बाईक रैली निकाली गई,जिसमें भाजपा के तमाम पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने इसे सुशासन की जीत बताया है। भाजपा कार्यालय में ढोल नगाडों की थाप के साथ पूरे शहर में उत्साह का माहौल रहा।

————————
08. संजारी बालोद की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने कांकेर जिले के महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

——————–
09 . महानदी में पुनः जलधार के आ जाने से किसानों में खुशी।
———————–
10. केंद्रीय वेतन आयोग की अनुशंसा राज्य में भी लागू हो- फेडरेशन । केन्द्रीय एवं राज्य के कर्मचारियों के लिये मुद्रास्फीति (inflation) एक समान है, सेवा/पेंशन लाभ एक हो- राजेश चटर्जी
-आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का गठन नवंबर 2025 में जस्टिस रंजना प्रसाद देसाई (सेवानिवृत्त जज सुप्रीम कोर्ट) के अध्यक्षता में हुआ था। कर्मचारियों के वेतन संरचना,भत्ते एवं अन्य सेवा। पेंशन लाभ 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है। केंद्रीय कर्मचारियों के साथ साथ राज्य के कर्मचारियों को काफी उम्मीदें हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने 8 वे वेतन आयोग को ई-मेल द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उक्त जानकारी देते हुए फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने बताया कि वेतन मैट्रिक्स में फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) जोकि 7 वें वेतनमान में 2.57 था,को, 8 वे वेतनमान में 3.68 %/3.83 % करने का सुझाव दिया है।यदि इसे स्वीकार किया जाता है,तो न्यूनतम मूल वेतन (Minimum Basic Pay) ₹18,000 से बढ़कर ₹69,000 प्रति माह हो सकता है। शासकीय विभागों के उच्च पदों पर संविदा नियुक्ति (contractual recruitment) के स्थान पर इनके फीडर पदों से पदोन्नति अथवा सीधी भर्ती द्वारा भरे जाने का सुझाव दिया है।उन्होंने बताया कि 12 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए,न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹69,000 के आसपास तय की जानी चाहिए।महंगाई भत्ता/राहत (DA/DR) का विलय का सुझाव: वर्तमान में (जनवरी 2026 से) 60% DA मिल रहा है। इसके 50% को 8 वें वेतन आयोग के लागू होने पर मूल वेतन में मर्ज (विलय) किया जाना चाहिए। इससे नए वेतन की गणना किया जाना चाहिए।अंतिम निर्णय होते तक अंतरिम राहत (interim relief) के घोषणा का सुझाव दिया है। चूंकि 8 वां वेतनमान 1 जनवरी 26 से प्रभावशील होगा अतः वेतन एरियर्स के भुगतान के तरीका का उल्लेख रिपोर्ट में करने का आग्रह किया है।सालाना वेतन वृद्धि (Annual Increment) सुझाव: सालाना इंक्रीमेंट को 3% से बढ़ाकर 6% करने का सुझाव दिया है। ताकि बढ़ती महंगाई के साथ सैलरी का तालमेल बना रहे। उन्होंने बताया कि न्यू पेंशन स्कीम (NPS) के स्थान पर और पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू करने का सुझाव दिया गया है।जोकि कर्मचारी एवं उसके परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है।जनवरी 26 से न्यूनतम पेंशन ₹ 9000 में सम्मानजनक वृद्धि का सुझाव दिया है।गृहभाड़ा भत्ता (HRA) को बढ़ाकर 30% (Z श्रेणी),Y 35 % और X को 40% करने का सुझाव दिया है।ऑफिस के काम को डिजिटल बनाने के लिए ₹2,000 का मासिक इंटरनेट भत्ता। सेवाकाल में न्यूनतम 3 सुनिश्चित प्रमोशन का प्रस्ताव दिया है।सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने का सुझाव दिया है।ग्रैच्युटी की सीमा बढ़ाकर ₹ 50 लाख करने का सुझाव दिया है। केंद्रीय वेतन आयोग के सिफारिशों को राज्य सरकार भी अपने कर्मचारियों के लिए लागू करने का सुझाव दिया है।
——————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






