———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
30 जून 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल.
———————–
01. बासनवाही में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

— आज क्षेत्र के ग्राम बासनवाही में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा उनके अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। मौके पर उन्होंने कहा- मेरा विश्वास है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही आत्मनिर्भर, जागरूक और सक्षम समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे तक बेहतर शिक्षा, आवश्यक संसाधन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हम सभी का दायित्व है कि बच्चों को सीखने, आगे बढ़ने और अपने सनों को साकार करने के लिए प्रेरित करें। शिक्षा के माध्यम से ही विकसित और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का हमारा संकल्प और अधिक मजबूत होगा। काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता,अभिभावक एवं ग्रामवासी शामिल हुए।
———————-
02. प्रधानमंत्री आवास की राशि लेकर निर्माण नहीं करने वालों पर होगी कार्यवाही।
—नगर पालिका परिषद कांकेर अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत राशि प्राप्त करने के बाद भी मकान निर्माण शुरू नहीं करने अथवा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने वाले हितग्राहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन मेरिया द्वारा दी गई है। ऐसे हितग्राहियों को चेतावनी जारी करते हुए उन्होंने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने कहा गया है।मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मेरिया ने बताया कि योजना के तहत कई हितग्राहियों को प्रथम एवं द्वितीय किस्त की राशि जारी की जा चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है या निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। शासन के निर्देशानुसार सितंबर माह के बाद योजना के तहत किसी भी हितग्राही को अगली अथवा अंतिम किस्त की राशि जारी नहीं की जाएगी तथा इसके बाद योजना का खाता बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण नहीं कराने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराया जा सकता है। इसके साथ ही राजस्व विभाग के माध्यम से राशि की वसूली की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर भूमि एवं अन्य संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। श्री मेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। कुछ हितग्राही राशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी हितग्राहियों से अपील की है कि सितंबर से पहले अपने आवास का निर्माण कार्य पूर्ण करा लें, इसके बाद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि जारी नहीं की जाएगी।
———————
03.एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजनांतर्गत खरीफ किसान संगोष्ठी का आयोजन, आधुनिक कृषि तकनीक एवं शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी।

—कृषि विभाग की एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजनांतर्गत भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत विनायकपुर में खरीफ किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा खरीफ फसल कार्ययोजना, बीज उत्पादन कार्यक्रम, बीजोपचार की विधि, शैलो नलकूप खनन, लैम्पसों में बीज एवं उर्वरक भंडारण-वितरण तथा डीएपी के स्थान पर 20ः20ः0ः13 एवं 12ः32ः16 उर्वरकों के उपयोग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डॉ. खूबचंद बघेल पुरस्कार सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई। इसके साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों, नई फसल किस्मों, जैविक खेती तथा खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों की आधुनिक उत्पादन तकनीकों पर विस्तार से बताया गया। संगोष्ठी में किसानों के समक्ष 17 प्रतिशत नमक घोल उपचार का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के वस्तु विशेषज्ञ श्री उपेन्द्र कुमार नाग ने जैविक खेती एवं जैविक खाद के उपयोग और उसके लाभों पर किसानों को मार्गदर्शन दिया। संगोष्ठी में पशुपालन विभाग के अधिकारी ने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं, पशुओं के नियमित टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान, उद्यानिकी विभाग द्वारा समेकित उद्यानिकी विकास योजना, ऑयल पाम की लाभकारी खेती, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, टपक सिंचाई योजना तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा मत्स्य पालन एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला प्रबंधक ने किसानों को फसल बीमा योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती जैनबती कोला, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी महात्मा तरेता, कृषि विकास अधिकारी मनोज कुमार सरकार, उद्यान अधीक्षक नारायण मुखर्जी, सहायक मत्स्य अधिकारी कांतिलाल कोर्राम, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर फसल बीमा अशोक कुमार साहू सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं कृषकगण मौजूद रहे।
————————
04. ऑपरेशन उजियारा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई । 04 अवैध महुआ शराब विक्रेता गिरफ्तार, 67 लीटर महुआ शराब एवं बिक्री रकम जब्त । अवैध शराब कारोबार पर परतापुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 04 आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए ।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान “ऑपरेशन उजियारा” संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर श्री रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी परतापुर निरीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। विश्वसनीय मुखबिर सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा परतापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान चार अलग-अलग व्यक्तियों को अवैध रूप से देशी महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री करते हुए पकड़ा गया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अभिषेक महोबिया, उप निरीक्षक रामेश्वर चतुर्वेदी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक पीपल राज कवर, अमिना, सहायक उप निरीक्षक कुलेश्वर देवांगन, प्रधान आरक्षक जितेंद्र डहरे हेमंत उइके, आरक्षक 255, 348, 815, 1048, 1070, 1127, 1272, 1360, 1410,1413 नव आरक्षक 233, गोपनीय सैनिक फूलचन्द एवं पुनाऊ राम गावड़े रहे।
————————
05. उप निरीक्षक भागवत चालकी, सहायक उप निरीक्षक प्रभु राम जैन एवं सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर महावीर को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई, लगभग चार दशक तक पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले तीनों अधिकारियों का हुआ सम्मान।।

—कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कांकेर में सेवानिवृत्त हो रहे तीन पुलिस अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल,एएसपी श्री योगेश साहू एवं एएसपी श्री दिनेश सिन्हा तथा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। समारोह में उप निरीक्षक भागवत चालकी, सहायक उप निरीक्षक प्रभु राम जैन तथा सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर महावीर को पुलिस विभाग में उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाकाल के लिए प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
(1) उप निरीक्षक भागवत चालकी- दिनांक 09 फरवरी 1989 को जिला जगदलपुर में आरक्षक पद से अपनी सेवा प्रारंभ की।
लगभग 37 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जिला जगदलपुर, नारायणपुर एवं कांकेर में पदस्थ रहकर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं।
(2) सहायक उप निरीक्षक प्रभु राम जैन- दिनांक 22 नवम्बर 1991 को आरक्षक पद पर नियुक्त होकर पुलिस सेवा प्रारंभ की।
लगभग 35 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जिला कांकेर, विशेष शाखा तथा विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए गोपनीय सूचनाओं के संकलन, विश्लेषण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
(3) सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर महावीर- दिनांक 26 अप्रैल 1983 को जिला जगदलपुर में आरक्षक पद से अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं।
लगभग 43 वर्षों के लंबे सेवाकाल में उन्होंने जिला जगदलपुर, कोरबा, दंतेवाड़ा एवं कांकेर में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विभाग को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं विभाग के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके सेवाकाल को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर अधिकारियों ने तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सेवाएं सदैव पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (बस्तर फाइटर्स) मेखलेंद्र प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, उप पुलिस अधीक्षक कविता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा, दीपक साव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
————————
06.घर से सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश कांकेर पुलिस की प्रभावी कार्यवाही, ठगी की पूरी रकम बरामद। अंधविश्वास फैलाकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का कांकेर पुलिस ने किया खुलासा।थाना बान्दे जिला कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 25.06.2026 को प्रार्थी बलराम सरकार, पिता स्वर्गीय नरेन सरकार, उम्र 53 वर्ष, निवासी पीव्ही-104 दीपनगर, थाना बान्दे, जिला कांकेर ने थाना उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।प्रार्थी ने बताया कि दिनांक 17.05.2026 को लगभग दोपहर 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उसके घर भीख मांगने आया। प्रार्थी ने नंदी बैल को आलू खिलाकर 20 रुपये दान दिए। इस दौरान उक्त व्यक्ति ने परिवार की बीमारी दूर करने का आशीर्वाद देने की बात कही और बताया कि उसके घर में सोना गड़ा हुआ है, जिसे निकाले बिना परिवार की बीमारी दूर नहीं होगी।आरोपी ने सोना निकालने के लिए “स्वयं सुंदरी भस्म” नामक दवा खरीदने की सलाह दी तथा अपना मोबाइल नंबर 9325441562 दिया। बाद में आरोपी के कहने पर प्रार्थी गढ़चिरौली पहुंचा, जहां उसे कारगिल चौक, गोधनकर कॉम्प्लेक्स, चंद्रपुर रोड स्थित “मां जमुना आयुर्वेदिक दुकान” ले जाया गया। वहां दुकानदार से 52,000 रुपये देकर एक ग्राम “स्वयं सुंदरी भस्म” खरीदी गई।दिनांक 02.06.2026 को आरोपी दो अन्य व्यक्तियों के साथ कार से प्रार्थी के घर पहुंचे। रात में पूजा-पाठ कर घर से एक छोटा कलश निकालकर उसमें सोने जैसी वस्तु दिखाकर लाल कपड़े में बांध दिया गया तथा डराया गया कि बिना अनुमति कलश खोलने पर परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो जाएगी।इसके बाद आरोपियों ने “नव जीवन अमृत भस्म” नामक महंगी दवा खरीदने का दबाव बनाया। प्रार्थी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कही, तब आरोपियों ने दो ग्राम दवा खरीदने पर सहमति बनाई। प्रार्थी ने 4,44,000 रुपये देकर उक्त दवा खरीदी और आरोपियों के निर्देश पर उसे पूजा स्थल के गड्ढे में डाल दिया।जब आरोपी लगातार तीन ग्राम अतिरिक्त दवा खरीदने का दबाव बनाने लगे, तब प्रार्थी को संदेह हुआ। उसने कलश खोलकर देखा तो उसमें सोने के रंग की 21 मूर्तियां थीं, जो घिसने पर पीतल की निकलीं। इस प्रकार आरोपियों एवं दुकानदार द्वारा भय दिखाकर कुल 5,00,000 रुपये की ठगी की गई।जिसके बाद प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर श्री राकेश कुर्रे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर श्री रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी एवं घेराबंदी की गई।
————————
07.
–
————————
08.
–
————————
09.
—
———————–
10.
–
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






