———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
24 अगस्त 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️
01. अमर शहीद परमानंद कोर्राम के शहीद स्मारक अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज ग्राम बरेठीनबाहरा, नरहरपुर में अमर वीर शहीद परमानंद कोराम के शहीद स्मारक अनावरण कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम एवं कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग शामिल हुए। ग्रामवासियों भाजपा पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ताओं,आमजनों के साथ श्रद्वांजलि अर्पित की गई। कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा-राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग और साहस सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा।
—————–
✍️ 02. कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने प्रतिदिन की तरह अंगना कार्यालय में आम जनता की समस्याओं को सुना व त्वरित निराकरण किया।

—आज कांकेर विधायक कार्यालय, बेवरती में प्रतिदिन आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सरोना, धनेलीकन्हार एवं मर्दापोटी से आए ग्रामीणजनों से विधायक आशा राम नेताम ने आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना।ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विषयों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने आगे कहा-जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं।

वही आज ग्राम बरकई में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में भी कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा— श्रद्धा, भक्ति और आस्था से सराबोर इस पावन यात्रा में शिवभक्तों के साथ सहभागिता कर मन अभिभूत हुआ। आत्मिक शांति का अहसास हुआ।
———————–
✍️ 03. कलेक्टर कुंदन कुमार ने किया खेल मैदान, बस स्टैण्ड व इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण।

—कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार नया बस स्टैण्ड के पास नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम को आज से खोल दिया गया है, साथ ही उसकी साफ-सफाई व खिलाड़ियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश के संबंध में नियम तय करने जिला शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयक को निर्देश दिए गए हैं। नरहरदेव खेल मैदान में प्रकाश व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए रनिंग टैªक बनाने व मैदान की मरम्मत एवं महिला खिलाड़ियों के लिए बनाए गए शौचालय की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पेयजल हेतु टैंकर उपलब्ध कराने के लिए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया।कलेक्टर कुंदन कुमार ने सोमवार की सुबह नरहरदेव खेल मैदान एवं जिला खेल अधिकारी कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी सुविधा व समस्या की जानकारी ली। खिलाड़ियों ने बताया कि वे ग्रामीण अंचल के निवासी हैं तथा पढ़ाई के साथ-साथ पुलिस एवं सेना व अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए कांकेर शहर के विभिन्न वार्डों मंे किराया पर रहते हुए प्रतिदिन सुबह अभ्यास के लिए खेल मैदान पहुंचते हैं। उनके द्वारा मैदान परिसर के पास खेल अधिकारी कार्यालय के बाजू में बनाए गए महिला शौचालय की साफ-सफाई व पेयजल की समस्या भी बताई गई। कलेक्टर ने स्वयं स्थल का निरीक्षण कर महिला शौचालय की साफ-सफाई तथा पेयजल हेतु टैंकर उपलब्ध कराने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया। इसके साथ ही खेल मैदान में चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने, आवारा पशुओं की रोकथाम करने के लिए मैदान में गेट लगाने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों द्वारा बताया गया कि खेल मैदान में रात के समय नशेड़ियों का जमवाड़ा रहता है, जिसके रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही करने भी कहा गया है।

कलेक्टर ने जिला खेल अधिकारी कार्यालय परिसर में बनाए गए बैडमिंटन हॉल एवं स्टोर रूम का भी निरीक्षण कर उसकी मरम्मत करने व खेल के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। कार्यालय के स्टोर रूम को रिक्त कर वहां ‘जिम’ शुरू करने के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी टीकाराम देवांगन को नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि बैडमिंटन हॉल के जीर्णोद्धार के लिए शासन द्वारा लगभग 20 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई तथा निर्माण कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने सिविल लाईन स्थित कांकेर क्लब का भी निरीक्षण कर खेल सुविधाओं की जानकारी ली। परिसर के बैडमिंटन कोर्ट को दुरूस्त करने व बैडमिंटन हॉल में नया मैट लगाने व लाइटिंग की व्यवस्था करने तथा शौचालय की साफ-सफाई कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कलेक्टर ने नया बस स्टैण्ड के पास नवनिर्मित मिनी स्टेडियम का भी अवलोकन किया एवं फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन इत्यादि खेल सुविधाओं की जानकारी ली। मिनी स्टेडियम के बहुद्देशीय हॉल में बैडमिंटन कोर्ट व टेबल टेनिस खेलने की व्यवस्था करने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही मिनी स्टेडियम के प्रवेश द्वार से कार्यालय परिसर तक पेवर ब्लॉक लगवाने के लिए भी कहा गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार मिनी स्टेडियम को आज से ही खेल प्रेमियों के लिए खोल दिया गया है तथा साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं व खिलाड़ियों के लिए दिशा-निर्देश हेतु नियम तय करने जिला शिक्षा अधिकारी व डीएमसी को निर्देशित किया गया। मुख्य मार्ग में दीनदयाल योजना के तहत निर्मित गुमटियों के बाजू में वॉशरूम का निर्माण कराने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
नया बस स्टैण्ड में स्वच्छता का कलेक्टर ने लिया जायजा
कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा सोमवार की सुबह नया बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर स्वच्छता का जायजा लिया एवं साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त करते हुए बस स्टैण्ड में वाहनों के प्रवेश मार्ग में बजरी गिट्टी डलवाने हेतु नगरपालिका व लोक निर्माण अधिकारी को निर्देश दिए गए। सुलभ शौचालय के सामने गार्डनिंग करने व होटलों से गंदा पानी के निकासी व्यवस्था बनाने संचालकों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
————————
✍️ 04. सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत
—सड़क दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर द्वारा 10-10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। अनुविभागीय अधिकारी जी.डी. वाहिले ने बताया कि अंतागढ़ के गढ़पारा निवासी पूनमचंद खापर्डे एवं भावना खापर्डे के लिए 10-10 हजार रूपए और तहसील डौण्डी जिला बालोद के ग्राम आंवरी निवासी विनोद कुमार मरकाम के लिए 10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
————————
✍️ 05.ढेड़कोहका में 10 लाख के टीना शेड निर्माण का भूमिपूजन, पानी टैंकर की सौगात।

—ग्राम पंचायत ढेड़कोहका में जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष किरण नरेटी के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले टीना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत को पानी टैंकर प्रदान किया गया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी ने ग्राम पंचायत में आवश्यक विभिन्न निर्माण कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। इसी कड़ी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच रासु ध्रुव, सरपंच सोहद्रा ठाकुर, उप सरपंच संजय नेवला, पटेल प्रकाश जैन, पूर्व उप सरपंच सुखी राम सिन्हा, संजय मरकाम, मानो बंजारे, गैंदा बाई गोड़ा, देवबती विश्वकर्मा, सरिता मंडावी, दुलेश्वररी मरकाम, धर्मेन्द्र नागवंशी, टीकम तारम, सचिव दारा सिंह सिन्हा सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
————————
✍️06. निधन-
ग्राम कोटतरा निवासी कांग्रेस के वरिष्ट कार्यकर्ता कंवल सिंह गंगवाल का आज आकस्मिक निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा में ग्राम एवं क्षेत्र के काफी संख्या में आमजन एवं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण शामिल हुए। वे मनीष गंगवाल के पिताजी थे।

स्व. कंवर सिंह गंगवाल
————————
✍️07. रावघाट माइन्स प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों ने कलेक्टर से भेंट कर रखीं समस्याएं। प्रभावित ग्रामों का जल्द दौरा कर किया जाएगा निराकरण: कलेक्टर

—कलेक्टर कुंदन कुमार से रावघाट माइन्स श्रमिक विकास समिति के सदस्यों ने आज सौजन्य भेंट की तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं व बहुप्रतीक्षित मांगों को लेकर आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर ने कहा कि वे जल्द ही माइन्स प्रभावित ग्रामों का दौरा कर वहां के ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनेंगे व जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुदूर अंचल में निवासरत ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण उनकी पहली प्राथमिकता है। अंतागढ़ विकासखण्ड के रावघाट परियोजना क्षेत्र की 08 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने आज शाम को कलेक्टर कुमार से सौजन्य भेंट की। माइन्स श्रमिक विकास समिति के श्री बंशीलाल दुग्गा, प्यारेलाल उसेण्डी, बीरसिंह गावड़े, हेमराज देहारी तथा संतोष सुखदेवे ने बताया कि अंतागढ़ से नारायणपुर मार्ग अत्यंत जर्जर हो गया है, जिसकी मरम्मत का कार्य वर्तमान में जारी है जिसके कारण उक्त मार्ग पर वाहनों का संचालन नहीं हो रहा है तथा ग्रामीणोें आवाजाही बंद है। इसी तरह सरण्डी में विद्युत सब-स्टेशन नहीं होने से क्षेत्र में पर्याप्त विद्युत की आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं माइन्स कंपनियों द्वारा स्थानीय लोगों को योग्यतानुसार रोजगार नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों ने कलेक्टर को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र निराकरण करने के लिए उक्त क्षेत्र का भ्रमण करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि उक्त क्षेत्र की 08 ग्राम पंचायत भैंसगांव, बैहासाल्हेभाट, फूलपाड़, कोसरोंडा, तालाबेड़ा, कोलर, गवाड़ी तथा ग्राम पंचायत मंगतासाल्हेभाट के 37 गांव माइन्स प्रभावित हैं।
————————
✍️08.कलेक्टर कुंदन कुमार ने सुनीं आम जनता की समस्याएं कलेक्टर जनदर्शन में दूरदराज गांवों से आए आवेदकों के बीच जाकर की मुलाकात।
—कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के दूरदराज इलाकों से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उचित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने आवेदकों के बीच जाकर न सिर्फ व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, बल्कि उनकी समस्याओं व मांगों को गंभीरता से सुना। इसके पश्चात प्रत्येक आवेदन की समीक्षा करते हुए जिला स्तर के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जनदर्शन में आज कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए।जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं व मांगों का त्वरित एवं स्पष्ट निराकरण किया जाए। साथ ही आवेदकों को यह भी साफ तौर पर बताएं कि वे पात्र हैं अथवा अपात्र। उन्होंने सभी अधिकारियों को ग्राम स्तर पर लगातार दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में गंभीरता दिखाने की बात कही। साथ ही कार्यों में ईमानदारी और पारदर्शिता लाते हुए अंतिम छोर पर मौजूद लोगों तक शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया।
————————
✍️09.कांकेर पुलिस द्वारा “नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन” कार्यक्रम का आयोजन। कांकेर पुलिस के लगभग 150 अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में जिला कांकेर पुलिस द्वारा दिनांक 24.08.2026 को पुलिस लाइन कांकेर में “नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं के सशक्तिकरण, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से किया गया।
नशे के दुष्प्रभाव एवं बचाव के प्रति किया जागरूक:-ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों द्वारा पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में उपस्थित पुलिसअधिकारी-कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक क्षति तथा नशे से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव परिवार, समाज और युवा पीढ़ी पर भी पड़ता है। स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर नशे से दूर रहना ही स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा समाज को नशे की बुराइयों से दूर रखने के लिए निरंतर जनजागरूकता का कार्य करेंगे।
रक्षाबंधन का आध्यात्मिक महत्व बताया:-
कार्यक्रम के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों द्वारा रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को राखी बांधकर स्वस्थ, संयमित एवं नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए कानून का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है, लेकिन इसके साथ ही जागरूकता और जनभागीदारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। परिवार एवं समाज मिलकर युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करें तो नशे के दुष्प्रभावों को काफी हद तक रोका जा सकता है।उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (बा.वि.अ.अ.) सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमति कविता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा, दीपक साव, उप निरीक्षक दयालु साहू सहित लगभग 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कांकेर पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी:-
जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी एवं सेवन के विरुद्ध लगातार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नशामुक्ति, साइबर जागरूकता, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अन्य जनहितकारी विषयों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन एवं युवाओं को जागरूक किया जा रहा है।
———————–
✍️
10.थाना बांदे, चारामा, आमाबेड़ा, भानुप्रतापपुर एवं कांकेर पुलिस द्वारा साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी, UPI फ्रॉड एवं यातायात नियमों के संबंध में दी गई जानकारी।
ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में संचालित “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत दिनांक 24.08.2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना बांदे एवं चारामा – बैंक ग्राहकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी थाना बांदे एवं चारामा पुलिस द्वारा विभिन्न बैंकों में पहुंचकर बैंक ग्राहकों एवं कर्मचारियों को UPI के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान UPI के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी भुगतान अनुरोध, QR कोड के माध्यम से ठगी एवं संदिग्ध लिंक से होने वाले साइबर फ्रॉड के संबंध में समझाइश दी गई। बैंक ग्राहकों को विशेष रूप से बताया गया कि UPI PIN राशि भेजते समय दर्ज किया जाता है, राशि प्राप्त करने के लिए UPI PIN की आवश्यकता नहीं होती। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर QR कोड स्कैन न करें तथा OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। थाना आमाबेड़ा एवं भानुप्रतापपुर – विद्यार्थियों को किया जागरूक थाना आमाबेड़ा क्षेत्र के शासकीय हाई/हायर सेकेंडरी स्कूल आमाबेड़ा एवं भानुप्रतापपुर क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल घोठा में प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध एवं UPI फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियम, बाल श्रम, बाल विवाह, पीड़ित क्षतिपूर्ति, घरेलू हिंसा एवं नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया। थाना कांकेर – एसटीएफ जवानों को साइबर एवं यातायात जागरूकता थाना कांकेर पुलिस द्वारा एसटीएफ जवानों को साइबर फ्रॉड एवं यातायात जागरूकता अभियान के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में समझाइश दी गई।
————————
विशेष—
कलेक्टर जनदर्शन में सरोना के दिव्यांग को मिली त्वरित राहत

—कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन लेकर पहुंचे नरहरपुर विकासखण्ड के सरोना निवासी दिव्यांग आवेदक संजय कुमार मरकाम ने यह सोचा नहीं था कि अर्जी देते ही उसकी मांग तत्काल पूरी होगी। जनदर्शन के दौरान कलेक्टर श्री कुंदन कुमार को दिव्यांग श्री मरकाम ने बैटरी चलित ट्रायसिकल के लिए आवेदन दिया, जिस पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए उप संचालक समाज कल्याण को मौके पर बैटरी चलित ट्रायसिकल प्रदाय करने के निर्देश दिए। फलस्वरूप कलेक्टर ने आवेदक को मौके पर ही निःशुल्क ट्रायसिकल प्रदाय की। इस त्वरित कार्यवाही पर आवेदक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया है कि दिव्यांगों आवेदकों के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता दिखाते हुए उनकी मांगों को फौरी तौर पर संज्ञान में लिया जाए।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






