आज की टॉप 10 खबर 15 मई 2026 शुक्रवार

 ———————–

संपादकीय-

”किसानों को हतोत्साहित विभाग नहीं खुद समृद्व किसान कर रहे”

-जब कृषि विभाग द्वारा खास कर रबी सीजन में फसल परिवर्तन किये जाने के लिए जन जागरूकता फैलायी गई तब सरकार तक उंगली उठाई गई कि किसानों को धान की फसल के लिए हतोत्साहित किया जा रहा है। जबकि सच में विभाग की मंशा ऐसी नही थी,कि किसान को हतोत्साहित करे अपितु फसल परिवर्तन के नाम दलहनी फसलों को महत्ता देकर दो नहीं तीन-तीन फसल लेकर अपनी आर्थिक स्थिति बढा सकते हैं।

जबकि किसान को हतोत्साहित किये जाने में खुद समृद्व हो चुके वो किसान है,जिन्होंने इस तकनीक के युग में हार्वेस्टर जैसी मशीनें ले रखी है। डीजल की दर जितनी नहीं बढी, ट्रेक्टरों ने कई गुना रेट बढा दी। फसल कटाई के लिए हार्वेस्टर वालों ने तो अभी बगैर डीजल की कीमत बढे प्रति एकड तीन हजार से ऊपर प्रति एकड कह दर तय कर रखी है,ऊपर से कांकेर जिले में अन्य जिलों से आने वाले हार्वेस्टर पर प्रतिबंध का फरमान जारी किया हुआ है।तकनीक के इस युग में जिस तरह से किसान एक एकड में 15 क्विंटल धान की पैदावार यदि ले रहा है,तो वह बीज,दवाई, ट्रेक्टर‚ हार्वेस्टर के नाम कितना खर्च कर रहा है, इसके अतिरिक्त किसान की मेहनत की बात ही नहीं कर रहे हैं।

खैर! देर सही अब प्रति एकड व्यय खर्च एवं फायदा सब हिसाब आम किसान रख लिया है,और निश्चित ही आने वाले गर्मी के सीजन में ही रबी धान का रकबा कम होने वाला है। अगले वर्ष से कांकेर के लगभग सभी क्षेत्रों में कृषि पंप के लिए लगाई जा रही लाईन चालू हो जाएगी जहां निश्चित समय तक कुछ जगह कटौती भी की जा रही है,अगले सीजन तक सबको समझ में आने वाला है।

तमाम परेशानियों के बावजूद किसान मौसम की मार सहते किसी तरह धान की अपनी फसल घर तक ले आया तो बिचौलिये जो भी एक किसान है, ऐसे हतोत्साहित करते हैं, कि इसका दर्द किसान ही जान सकता है। कुल मिलाकर अब सबको समझ में आने लगा है कि किसान को समर्थ हो चुके किसान ही हतोत्साहित कर रहे हैं, विभाग नहीं। लेकिन अब तो आने वाले रबी फसल सीजन में निश्चित कही जा सकती है कि धान का रकबा कम होगा।

फिर जो हार्वेस्टर वाले अभी किसानों के लिए राहत ना देते हुए उच्चतम दरों पर धान कटाने किसानों को मजबूर कर रहे हैं,आने वाले सीजन में धान कटाई के लिए तरसना ना पडे,क्योंकि किसान अब फसल चक्र परिवर्तन चाहेंगे। सो आने वाला सीजन किसान का आने वाला है,जब वह दलहनी फसल लेकर कम पानी में अधिक लाभ लेगा,जो दलहनी फसल खुद के काम आयेगा अपितु उसे बाजार में अधिक दामों पर बेच भी सकेंगे। वक्त जरूर बदलने वाला है,किसानों का, तब जरूर याद कीजिएगा कि किसानों के बीच खुद समृद्व होकर किस कदर किसानों को मजबूर किया गया।

बाहर के हार्वेस्टर की आवाजाही पर प्रतिबंध तो लगा दिया गया,लेकिन यदि आपके घर बनाने में बाहर से आने वाले सीमेंट,सब्जी के वाहन कांकेर आने के लिए प्रतिबंध लगाने लगे तब उत्तर क्या होगा? यह जरूर विचार कर लीजिएगा।

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
15 मई   2026शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01. कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को दी आधुनिक खेती की जानकारी।

— कृषि एवं संवर्गीय विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विकासखंड चारामा की ग्राम पंचायत सिरसिदा में कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, बीज उत्पादन, मशीनीकरण, प्राकृतिक खेती एवं मिट्टी परीक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र कुमार तायडे़ ने किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम अपनाने एवं खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। वहीं कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रमोद नेताम ने कीटनाशक विषाक्तता एवं बीजोपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी  राजाराम नेताम ने पीएम किसान योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की जानकारी किसानों को दी। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी महेश सोनकर ने मिट्टी परीक्षण की आवश्यकता और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को पराली (फसल के अवशेष) नहीं जलाने तथा बेलर मशीन के माध्यम से उसका संग्रहण कर सदुपयोग करने की सलाह दी। साथ ही प्राकृतिक खेती योजना की भी जानकारी दी गई।इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान 05 मई से विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में क्लस्टर स्तर पर लगातार आयोजित किया जा रहा है, जो 20 मई तक संचालित होगा। अभियान के माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक, नवाचार, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन संबंधी जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही है। किसानों में इस अभियान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा ग्राम सिरसिदा के किसानों को उनके खेतों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट एवं मिट्टी परीक्षण कार्ड वितरित किए गए। विभाग द्वारा किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार रासायनिक खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह भी दी गई।

  ———————–

02. चारामा क्षेत्र में रेत खदानों पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 मशीनें और 09 हाईवा वाहन जप्त।

—कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग के निर्देशानुसार गुरूवार 14 मई को खनिज विभाग की टीम द्वारा चारामा क्षेत्र में संचालित सरपंच स्वीकृत रेत खदानों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई रेत खदानों में नियम विरुद्ध संचालन पाए जाने पर पट्टाशर्तों के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज करते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। खनिज अमले ने विभिन्न रेत खदानों एवं संचालन स्थलों से कुल 14 मशीनें जप्त की हैं। इनमें करिहा रेत खदान से 3 मशीन, भिरौद से 3 मशीन, मचांदूर से 3 मशीन, भिलाई से 3 मशीन, भूईगांव से 1 मशीन तथा अरौद रेत खदान से 1 मशीन जप्त की गई। इसके अलावा मौके से 3 लोड हाईवा एवं 6 खाली हाईवा वाहनों को भी जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया है। साथ ही पट्टा शर्तों के उल्लंघन को लेकर संबंधित सरपंचों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जांच दल ने ग्राम पंचायत जैसाकर्रा अंतर्गत महानदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए 3 मशीनें जब्त कीं तथा सरपंच ग्राम पंचायत जैसाकर्रा को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने नोटिस जारी किया गया है।उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में कुल 15 रेत खदानें संचालित हैं, जिनमें चारामा एवं दुर्गूकोंदल क्षेत्र के ग्राम पंचायत माहुद, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद, किलेपार, भर्रीटोला, भंडारडिगी, गुदुम एवं परभेली शामिल हैं।जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि इन खदानों का संचालन ग्राम पंचायतों एवं स्व सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। रेत खदानों से शासन को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 76 लाख 62 हजार 572 रुपये रॉयल्टी तथा 1 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपये प्रीमियम राशि प्राप्त हुई है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 2 लाख रुपये रॉयल्टी एवं 4 लाख 32 हजार रुपये प्रीमियम राशि प्राप्त हो चुकी है। पट्टा शर्तों के उल्लंघन पर विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेत खदान संचालकों पर 8 लाख 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 3 लाख 25 हजार रुपये अर्थदंड वसूल किया गया है। वर्षा ऋतु में रेत की उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी स्वीकृत किए गए हैं। खनिज विभाग की टॉस्क फोर्स टीम द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध रेत परिवहन के 99 प्रकरण दर्ज कर 99 वाहन जप्त किए गए तथा 27 लाख 65 हजार 200 रुपये की समझौता राशि वसूली गई। वहीं वर्ष 2026-27 में 11 मई 2026 तक 39 वाहन जप्त कर 8 लाख 15 हजार 736 रुपये की समझौता राशि वसूली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में स्वीकृत रेत खदानों का संचालन नियमानुसार सुनिश्चित किया जा रहा है तथा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में टॉस्क फोर्स दल द्वारा लगातार निरीक्षण और कार्रवाई जारी है

 ———————

03. दोपहर में पशुओं के व्यावसायिक एवं श्रम संबंधी उपयोग पर प्रतिबंध, जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश

— जिले में वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी एवं ‘लू’ के बढ़ते प्रकोप के कारण पशुओं के स्वास्थ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने तथा उनके जीवन की रक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने पशुओं से व्यावसायिक एवं श्रम संबंधी उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1996 के नियम 6(3) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आगामी 30 जून तक जिले के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में पशुओं के व्यावसायिक एवं श्रम संबंधी उपयोग पर प्रतिदिन दोपहर 12 से 03 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि के दौरान बैलगाड़ी, भैंसागाड़ी, ऊंट, खच्चर अथवा गधों के माध्यम से माल ढुलाई, सवारी कराना या किसी भी प्रकार का शारीरिक श्रम लिया जाना प्रतिबंधित होगा। तेज धूप और उच्च तापमान के दौरान पशुओं से कार्य लेना पशु क्रूरता की श्रेणी में माना जाएगा तथा उक्त आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों व पशु स्वामियों के विरूद्ध पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1996 के तहत वैधानिक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।

 ————————

04. वर्तमान में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : कलेक्टर

— पेट्रोल एवं डीजल के वैश्विक संकट के चलते जिले में ईंधन की कमी को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस वजह से पेट्रोल एवं डीजल पंपों में अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है तथा लोग जरूरत से अधिक ईंधन की खरीदी एवं संग्रहण कर रहे हैं। इसके मद्देनजर कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम से प्रभावित होकर पेट्रोल एवं डीजल की खरीदी अथवा भंडारण न करें। सामान्य रूप से केवल आवश्यकतानुसार ही वाहनों में ईंधन भरवाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।जिला खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन पेट्रोल की खपत लगभग 150 ककिलोलीटर तथा डीजल की खपत लगभग 260 किलोलीटर है। वर्तमान में जिले में पेट्रोल का 3260 किलोलीटर तथा डीजल का 3250 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही ऑयल कंपनियों के डिपो से नियमित रूप से पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति लगातार जारी है। इसलिए जिले में ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा पेट्रोल एवं डीजल पंपों की निगरानी की जा रही है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति अनावश्यक रूप से पेट्रोल या डीजल की खरीदी कर उसका संग्रहण अथवा कालाबाजारी करते पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

  ————————

05.धान खरीदी के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य, जिले में अभियान जारी

— छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन को अनिवार्य किया गया है। इसके तहत जिले में विशेष अभियान चलाकर समस्त भूमिधारी कृषकों को फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी। इसके निर्माण की कार्यवाही वर्तमान में जारी है।इस संबंध में बताया गया है कि एग्रीस्टेक कृषक पंजीयन किसान स्वयं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से अथवा सीजी एग्रीस्टेक मोबाइल एप के जरिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित केंद्रों पर जाकर करा सकते हैं। पंजीयन के लिए कृषकों को भूमि स्वामी होने संबंधी दस्तावेज जैसे बी-1, खसरा, ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।इसके साथ ही एग्री स्टैक एक्जिम्पटेड श्रेणी के कृषकों के खसरा एवं कंपार्टमेंट नंबर का यूएफआर (UFR) के माध्यम से पंजीयन कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे रिपोर्ट क्रमांक 29 एवं 30 का अवलोकन करते हुए छूटे हुए खसरों का एग्रीस्टेक में पंजीयन शीघ्र पूर्ण करें। यह भी बताया गया कि उक्त श्रेणी के यूएफआर हेतु दावा किए गए सभी खसरों को पटवारी एवं तहसीलदार स्तर पर अनुमोदन के लिए प्रेषित किया जाएगा। तहसीलदार द्वारा अनुमोदन उपरांत संबंधित खसरे एग्रीस्टेक में पंजीकृत हो जाएंगे। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

————————

06. ’नन्हे सितारे फन एंड लर्न समर कैंप 2026’: बच्चों की प्रतिभा को मिलेगी नई उड़ान, 18 मई से कांकेर में शुरू होगा निःशुल्क समर कैंप, कला-संगीत से करियर मार्गदर्शन तक मिलेंगे अवसर  

— कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में “नन्हे सितारे फन एंड लर्न समर कैंप 2026” का आयोजन 18 से 30 मई तक किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह अभिनव और रचनात्मक समर कैंप कक्षा 6वीं से 10वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की अंतरनिहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी सृजनात्मक क्षमता को विकसित करना तथा कला, संस्कृति, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास का निर्माण करना है। जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों के लिए सीखने, अभिव्यक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित होगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल शीट जारी की गई है, वहीं ऑफलाइन पंजीयन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी 18 मई को सुबह 8 से 10 बजे तक कन्या शाला में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन प्रक्रिया “पहले आओ-पहले पाओ” के सिद्धांत पर आधारित रहेगी। समर कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया जाएगा। प्रातः कालीन सुबह 7 से 11 बजे तक तथा सायंकालीन शाम 4 से 7 बजे तक संचालित होगा। कैंप में विद्यार्थियों के लिए कला, संगीत, चित्रकला, फाइन आर्ट्स, क्राफ्ट, स्पोकन इंग्लिश, रंगोली, मेहंदी, व्यक्तित्व विकास तथा करियर मार्गदर्शन जैसी अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्थानीय ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाना प्रस्तावित है, जिससे बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्राप्त हो सके।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले के विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक बच्चों को इस रचनात्मक समर कैंप से जोड़कर उनकी प्रतिभा को नई दिशा और नई उड़ान देने में सहभागी बनें। यह समर कैंप निश्चित रूप से जिले के बच्चों के सपनों, प्रतिभाओं और रचनात्मकता को नई पहचान देने वाला अभिनव प्रयास सिद्ध होगा।

  ————————

07.दुर्गूकोंदल में जनगणना जागरूकता अभियान तेज : “हमारी जनगणना, हमारा विकास” का दिया संदेश

-कलेक्टर कांकेर के निर्देशन एवं दुर्गूकोंदल तहसीलदार व जांच अधिकारी कुलदीप ठाकुर के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” को लेकर दुर्गूकोंदल क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “हमारी जनगणना, हमारा विकास” थीम पर आधारित इस अभियान के तहत आज दुर्गूकोंदल के साप्ताहिक बाजार में विशेष जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नुक्कड़ नाच, एलईडी प्रदर्शन तथा जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया गया। पहले चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा प्रदान की गई थी, जिसमें नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिला। इसके लिए नागरिकों को SE ID प्राप्त करनी थी, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर साझा किया जाना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक थी और जिन नागरिकों ने इसका उपयोग नहीं किया, उनके लिए भी घर-घर सर्वे की व्यवस्था की गई है।
वर्तमान में दूसरे चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान की जानकारी एकत्र कर रहे हैं।  

 ————————

08. संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्ति से 21 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर थाना कांकेर पुलिस द्वारा धारा 106 बीएनएसएस के तहत की गई कार्यवाही। 

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार–्कि  पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर  मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना कांकेर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दिनांक 13.05.2026 को एक व्यक्ति अपने पास रखे बैग में भारी मात्रा में नगदी लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी  प्रतीक दादासाहब बंसोडे के निर्देशानुसार पुलिस टीम गठित कर तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद मुस्ताक पिता अब्दुल सुहान उम्र 36 वर्ष निवासी संतोषी नगर रायपुर थाना टिकरापारा जिला रायपुर (छ.ग.) तथा स्थायी पता परसपुर थाना गुलेरा जिला सिद्धार्थनगर (उ.प्र.) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक ग्रे-काले रंग का बैग बरामद किया गया, जिसमें 500 रुपये के 42 बंडल तथा 100 रुपये के 03 बंडल पाए गए। गिनती करने पर कुल 21,30,000 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस द्वारा उक्त रकम के संबंध में वैध दस्तावेज एवं स्रोत की जानकारी प्रस्तुत करने कहा गया, किंतु संबंधित व्यक्ति द्वारा किसी प्रकार का संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। नगदी राशि किसी अपराध में उपयोग किए जाने की आशंका के आधार पर पुलिस द्वारा विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत रकम जप्त की गई तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।नगद राशि के सम्बन्ध में जांच हेतु आयकर विभाग रायपुर को पत्र प्रेषित किया गया है।500 रुपये के 42 बंडल – कुल 21,00,000 रुपये ‚ 100 रुपये के 03 बंडल – कुल 30,000 रुपये‚  कुल जप्त नगदी – 21,30,000 रुपये‚कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम  में आरक्षक 711 ईश्वर साहू आरक्षक 1471 रोशन राठौर  साइबर सेल प्रधान आरक्षक सचिन शोरी आरक्षक भाकेश पटेल थे।

——————–

09.थाना कांकेर पुलिस द्वारा नकली नोट खपाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1308 नकली नोट, कुल कीमत 6,54,000/- रुपये जप्त। मामले में 04 मोबाइल फोन एवं नकली नोट छापने से संबंधित सामग्री भी बरामद।

—पुलिस की संक्षिप्त जानकारी इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना कांकेर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अपने पास नकली नोट रखकर असली नोट के रूप में चलाने एवं बिक्री करने की फिराक में है। सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा टीम गठित कर गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1308 नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 6,54,000/- रुपये है। साथ ही नकली नोट छापने में प्रयुक्त सामग्री एवं 04 मोबाइल फोन भी जप्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 159/26 धारा 178, 179, 180 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बंसोडे (भा.पु.से.) निरीक्षक यशवंत श्याम सायकर सेल निरीक्षक जितेन्द्र साहू उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी प्रधान आरक्षक रूपेन्द्र पटेल सउनि भाकेश पटेल प्रधान आरक्षक सचिन शोरी एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। 

———————–

10. मारपीट कर लूटपाट करने वाले आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपी मनीराम उसेंडी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपी द्वारा प्रार्थी के साथ मारपीट कर नगदी एवं मोबाइल फोन लूटने की घटना को दिया गया था अंजाम।

—पुलिस की संक्षिप्त जानकारी इस प्रकार है कि प्रार्थी भूपेंद्र साहू पिता ओमकार साहू उम्र 29 वर्ष निवासी परसाडीह थाना सुरेगांव जिला बालोद, ट्रक क्रमांक CG 08 AA 5611 का चालक है। दिनांक 13.05.2026 को वह राजनांदगांव से जगदलपुर के लिए ट्रक लेकर निकला था। रात्रि लगभग 10:00 बजे भानुप्रतापपुर स्थित बीआरसी बाड़ा में ट्रक खड़ा कर बाजार के पास बने सुलभ शौचालय गया था। फ्रेश होकर बाहर निकलने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने प्रार्थी को रोककर पैसे की मांग की। विरोध करने पर आरोपी द्वारा प्रार्थी के साथ मारपीट करते हुए उसके पास रखे 3000 रुपये नगद एवं सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया गया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा ईंट से सिर पर वार कर हत्या का प्रयास किया। घटना की रिपोर्ट दिनांक 14.05.2026 को थाना भानुप्रतापपुर में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक   निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। विवेचना के दौरान आरोपी मनीराम उसेंडी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस टीम में निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख, थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रेम कुमार झा‚ सहायक उप निरीक्षक कैलाश पांडे ‚आरक्षक क्रमांक 21 टोमन साहू‚ आरक्षक क्रमांक 224 राकेश मरकाम‚ आरक्षक क्रमांक 726 रामचंद्र कश्यप‚ आरक्षक क्रमांक 1205 ओजस्वी मांडवी‚ आरक्षक क्रमांक 2369 दिनेश हुर्रा महिला आरक्षक क्रमांक 2210 लता पटेल प्रार्थी भूपेंद्र साहू पिता ओमकार साहू उम्र 29 वर्ष निवासी परसाडीह थाना सुरेगांव जिला बालोद, ट्रक क्रमांक CG 08 AA 5611 का चालक है। दिनांक 13.05.2026 को वह राजनांदगांव से जगदलपुर के लिए ट्रक लेकर निकला था। रात्रि लगभग 10:00 बजे भानुप्रतापपुर स्थित बीआरसी बाड़ा में ट्रक खड़ा कर बाजार के पास बने सुलभ शौचालय गया था। फ्रेश होकर बाहर निकलने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने प्रार्थी को रोककर पैसे की मांग की। विरोध करने पर आरोपी द्वारा प्रार्थी के साथ मारपीट करते हुए उसके पास रखे 3000 रुपये नगद एवं सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया गया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा ईंट से सिर पर वार कर हत्या का प्रयास किया। घटना की रिपोर्ट दिनांक 14.05.2026 को थाना भानुप्रतापपुर में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। विवेचना के दौरान आरोपी मनीराम उसेंडी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।पुलिस टीम में निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख, थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रेम कुमार झा‚ सहायक उप निरीक्षक कैलाश पांडे ‚आरक्षक क्रमांक 21 टोमन साहू‚ आरक्षक क्रमांक 224 राकेश मरकाम‚ आरक्षक क्रमांक 726 रामचंद्र कश्यप‚ आरक्षक क्रमांक 1205 ओजस्वी मांडवी‚ आरक्षक क्रमांक 2369 दिनेश हुर्रा महिला आरक्षक क्रमांक 2210 लता पटेल 

  ——————–

विशेष—

सनातन का अपमान करने पर शिवसैनिको ने फुंका उदयनिधी का पुतला

— शिवसेना कांकेर के शिवसैनिको द्वारा तमिलनाडू के पुर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के पुत्र उदयनिधि के द्वारा सनातन धर्म का अपमान करने के विरोध मे पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया | विदित हो की उदयनीधी स्टालिन ने तमिलनाडू विधानसभा मे कहा था सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए | इस बयान के विरोध मे पुरे राज्य मे शिवसैनिको द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है |शिवसेना युवासेना प्रदेश महासचिव हर्ष शर्मा ने बताया उदयनीधी ने जो सनातन धर्म पर टिप्पणी की है वो बेहद आपत्तिजनक है उनके इस बयान से सनातन धर्म को मानने वाले करोड़ों हिन्दूओं की भावना को आहात करता है | हर्ष शर्मा ने कहा की ऐसा बयान वो पहले भी कई बार दे चुके है जो उनके देशविरोधी मानसिकता को जाहीर करता है | ऐसे लोग देश की एकता अखंडता को भंग करने बार बार ऐसे बयान देते रहते हैं जो की बर्दाश्त नही किया जायेगा |विरोध प्रदर्शन मे मुख्य रूप से शिवसेना के जिला महासचिव संतोष यादव,अभिषेक उके,समृद्ध शर्मा,सतिश यादव,सानिध्य शर्मा,अरूण मरकाम विक्की,निखील पांडेय,देवकुमार टेमरे,राकेश निषाद,संतोष मरकाम व अन्य शिवसैनिक उपस्थित थे |

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 14 मई 2026 गुरूवार

 ———————– संपादकीय- ”हार्वेस्टर छोड, पारंपरिक पद्वति का खरीफ में इस्तेमाल” केंद्र एवं राज्य सरकार से किसानों के लिए कृषि पर बजट पास किया जाता है। किसानों की आय दोगुनी करने…

आज की टॉप 10 खबर 13 मई 2026 बुधवार

 ———————– संपादकीय- ‘संघ के नाम हार्वेस्टर में कटाई की दरों में वृद्वि से मजबूर किसान’ इन दिनों हार्वेस्टर संघ के नाम गठन कर कांकेर जिले से बाहर से आने वाले…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *