‘संपादकीय-
राजनीति अपनी जगह रिश्तों के संबंध अपनी जगह’
-रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयान का पालन किया जाता है,तो सभी जगह ऐसा दिखायी देगा कि लोग बंटे नजर आएंगे। समाज में संबंध विच्छेद की भयावह स्थिति देखने मिलेगी। संकीर्णता को हटाना ही होगा।
राजनीति में स्तर किस कदर निचली स्तर पर जा रही है, यह इस बात से जाहिर हो रहा है कि रायपुर जिला ग्रामीण के जिलाध्यक्ष द्वारा दिए आधिकारिक निर्देश के मुताबिक कांग्रेस के नेता भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ किसी भी सार्वजनिक मंच पर नजर नहीं आएंगे। इसे लेकर सियासी उफान फिर से नजर आ रहा है।अमूमन अभी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के नेता एवं प्रतिनिधी सार्वजनिक मंचों पर पक्ष एवं विपक्ष साथ बैठे नजर आते हैं,जहां इस संदर्भ उनके द्वारा यह कहा जाता है कि राजनीतिक विचारधारा से जरूर उनके मतभेद हैं,लेकिन मनभेद नहीं।इधर पार्टी के प्रति निष्ठावान जमीनी कार्यकर्ता जो कि अंतिम व्यक्ति तक जाकर पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते पक्ष एवं विपक्ष विभेद के साथ काम करते हैं। अपनी पार्टी की विचारधारा एवं उनके द्वारा किए विकास कार्यों को गिनाया जाता है। इसके साथ ही अपने विपक्षी पार्टी की खामियां भी गिनाई जाती है। तमाम बातों के बाद उनके इस मेहनत का परिणाम आता है कि लोग उनके पक्ष में अपना बहुमूल्य मतदान करते हैं। लेकिन उन्हें जरूर मलाल रहता है, कि वे तो पक्ष विपक्ष में उलझे हैं,तो ऊपर उनके नेता साथ में सार्वजनिक मंचों पर गुफतगु कर रहे होते हैं,जो उन्हें सालता है।बात जरूर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जारी बयान पर सियासी उबाल हो पर देखें तो खुद के कार्यकर्ताओं के बीच कानाफुसी बात भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कानों तक सुनाई देती रही है,हालांकि यहां कोई अभी तक सार्वजनिक रूप से आधिकारिक बयान नहीं दिया है।लेकिन यह बडी चिंता का विषय है कि यदि दोनों पार्टी के पदाधिकारी जो कि राजनीति क्षेत्र में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हैं, आम जीवन में विपक्षी पार्टी के लोगों के साथ व्यावहारिक बातचीत,संग साथ में दूर हो जाएंगे तो किस कदर लोग टूकडों में बंट जायेंगे। राजनीति किस कदर इतनी संकीर्ण भी हो जाएगी कि बडे बडे रिश्ते इनके नाम विभक्त नजर आएंगे। ऐसा होना ही नहीं चाहिए। राजनीति अपनी जगह है,रिश्तों के संबंध अपनी जगह। संकीर्णता इस कदर रहे तो पक्ष एवं विपक्ष के साथ अखबारों की सुर्खियों में भी देखना पसंद नहीं करेंगे लेकिन आप ऐसा हो सकते हैं, संकीर्णता का दायरा नहीं फैल सकता। यह तो उपर स्तर तक की बात हो गई कई जगह जो हाल में नेता बने वे लोगों के बीच इतनी बडी बडी बातें कह रहे होते हैं, लोग समझ जाते हैं अभी इन्हे ज्यादा कुछ पता नहीं है।
✍️मनोज जायसवाल
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
07 अप्रेल 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01. सर्व पिछडा वर्ग समाज ब्लाक चारामा अध्यक्ष के निर्वाचन संबंध में बैठक 14 अप्रेल को साहू सदन,जैसाकर्रा,चारामा में।
—सर्व पिछडा वर्ग समाज संगठन कांकेर द्वारा दुर्गूकोंदल सहित कई ब्लाक में तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा हो जाने के बाद नये अध्यक्ष का निर्वाचन सर्व सम्मति से पूर्ण संवैधानिक तरीके से किया गया है। इस तारतम्य बस्तर प्रवेश द्वारा पिछडा वर्ग बाहुल्यता वाले चारामा ब्लाक में भी वर्तमान अध्यक्ष राजकुमार साहू का कार्यकाल तीन वर्ष होने जा रहा है, पूरा होने के बाद नये अध्यक्ष के लिए चर्चा शुरू हो चुकी है। इसी तारतम्य नये अध्यक्ष चुनाव को लेकर आगामी 14 अप्रेल को साहू सदन जैसाकर्रा,चारामा में रखी जा रही है। उक्त बैठक सर्व पिछडा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू की अनुशंसा तथा संगठन के कांकेर जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन की सहमति से रखी जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में समस्त ग्रामीण,परिक्षेत्रीय एवं समाज के प्रत्येक लोगों की उपस्थिति रखी गई है। बैठक में उपस्थित होकर चारामा ब्लाक में नये अध्यक्ष का पदभार किसे दी जाये पर विचार मंथन किया जाना है। गौरतलब है कि पिछला कार्यकाल जहां राजकुमार साहू तात्कालीन अध्यक्ष है,का कार्यकाल संतुष्टिप्रद रहा है।
———————–
02.सर्जना महिला साहित्य समिति कांकेर छत्तीसगढ की बैठक सम्पन्न।

— प्रतिवर्ष के भांति इस वर्ष भी सर्जना महिला साहित्य समिति के दवारा महिलाओ की लेखनी को बढ़ावा देने हेतु साक्षा काव्य-संग्रह सृजन से शिखर तक भाग 3 का कार्यक्रम का आयोजन वृहद स्तर पर किया जा रहा है, यह कार्यक्रम 10 मई को होना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के सफलतम आयोजन हेतु गत 05 मई को समिति की बैठक डॉ गीता शर्मा के निज निवास पर रमा लॉज के कार्यालय मे रखी गई थी । बैठक मे कार्यक्रम की रुपरेखा बना कर समिति के सदस्यो को कार्य दायित्व सौंपे गए। इस बैठक मे शहर की अन्य समितियों को भी शमिल कर कार्यक्रम हेतु समन्वय किया गया है ।बैठक मे आदरणीय डॉ. गीता शर्मा जी की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुई बैठक मे सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, रामशरण जैन, संतोष श्रीवास्तव ,श्रीमती सुनीता रावटे, श्रीमती डॉ.पूर्वा शर्मा, श्रीमती डॉ.सीमा परिहार उपस्थित थे। उक्त जानकारी सर्जना महिला साहित्य समिति की मिडिया प्रभारी रीना लारिया के द्वारा दी गई।
———————
03.जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न, अक्षय तृतीया के दिन बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर।

—अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की अध्यक्षता में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत गठित जिला बाल संरक्षण समिति एवं अन्य संबद्ध समितियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़” अभियान के अंतर्गत अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल को बाल विवाह रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य प्राप्ति करने के निर्देश दिए गए।
बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत 18 वर्ष पूर्ण कर चुकी बालिकाओं के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्हें संस्था से विमुक्ति के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देशित किया गया। बाल देखरेख संस्थाओं में रहने वाली बालिकाओं एवं पॉक्सो पीड़ितों को कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। बैठक में बालिका गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के भवनों के उन्नयन एवं मरम्मत कार्य के लिए राशि की व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की गई।
————————
विशेष-
-वर्तमान में शासन द्वारा सीएससी के माध्यम से सरकार की महती महतारी वंदन केवाईसी कराया जा रहा है,जो कि निःशुल्क किया जाना है,लेकिन सीएससी सेंटरों से प्रति हितग्राही 50-50 रूपये लिये जाने की शिकायतें रोज मिल रही है। सीएससी द्वारा हालांकि जो इस प्रकार से अवैध राशि ले रहा है,उसका आईडी ब्लाक किये जाने की बात की गई है,लेकिन उनकी जानकारी में होने के बाद भी देख कर अनजाना बना हुआ है।इस प्रकार ई-केवाईसी के नाम महिलाओं से राशि लिये जाने की हर जगह निंदा हो रही है।
————————
04. नरहरदेव विद्यालय में शिक्षकीय एवं गैर शिक्षकीय पदों पर भर्ती हेतु 08 अप्रैल तथा जिले के अन्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में रिक्त पदों पर भर्ती हेतु 21 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित।
– शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कांकेर में शिक्षकीय एवं गैर शिक्षकीय पदों पर संविदा भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 08 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी https://deokanker.com/recruitment लिंक के माध्यम से उक्त निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।इसी प्रकार कांकेर जिले में स्थित 13 अन्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए 21 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी https://deokanker.com/recruitment new लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कांकेर जिले के वेबसाईट https://kanker.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
————————
05 . पंचायत सचिव भर्ती की चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी, दस्तावेज सत्यापन 09 अप्रैल को
– जिला पंचायत कांकेर द्वारा जिले के ग्राम पंचायत सचिवों (पंचायत कर्मी) के 18 पदों पर भर्ती के लिए कम्प्यूटर कौशल परीक्षा के बाद वरीयता सूची के आधार पर संबंधित अभ्यर्थियों की चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी किया गया है। ग्राम पंचायत सचिवों के लिए चयनित 18 अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज का सत्यापन 09 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से जिला पंचायत कार्यालय कांकेर में किया जाएगा। अभ्यर्थी चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का अवलोकन जिला पंचायत कांकेर के सूचना पटल एवं जनपद पंचायत कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, दुर्गुकोंदल, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा के सूचना पटल पर कर सकते हैं। चयन सूची को कांकेर जिले के वेबसाइट www.kanker.gov.in पर भी अपलोड किया गया है, जिसका अवलोकन किया जा सकता है।
————————
06.महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय भानुप्रतापपुर के छात्रों के मांग के कुछ ही दिनों बाद विधायक सावित्री मंडावी ने कराई पेयजल की व्यवस्था।

-शासकीय महाविद्यालय भानुप्रतापपुर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर छात्रों ने विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी से मुलाकात कर अपनी परेशानी साझा की। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में पानी की कमी के कारण उन्हें दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।छात्रों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक सावित्री मंडावी ने तुरंत संबंधित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। विभागीय स्तर पर तत्काल समाधान संभव न होने पर उन्होंने बिना देर किए निजी स्तर पर बोर खनन कराने का निर्णय लिया और संबंधित ठेकेदार को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
————————
07.ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने कंट्रोल रूम गठित, टोल फ्री नंबर जारी।
-ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, इसके साथ ही जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। जिले के किसी भी ग्राम में पेयजल की समस्या होने अथवा ग्राम में हैंडपंप खराब व बंद होने की शिकायत होने पर टोल फ्री नंबर 1916 अथवा 1800-2330008 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर जयंत कुमार टिकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, उनका मोबाइल नंबर 78049-74088 है, उक्त नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार उप खंड कांकेर राजेश हिरकने, मोबाइल नंबर 91315-97074, विकासखण्ड कांकेर स्तर पर प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 700086-63604, विकासखण्ड नरहरपुर श्रीमती कविता कुलदीप मोबाइल नंबर 93031-54329, विकासखण्ड चारामा प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519, विकासखण्ड एवं उप खंड भानुप्रतापपुर वाय.के. गुरू मोबाइल नंबर 94242-89412, उपखंड अंतागढ़ बलराज दरवाड़े मोबाइल नंबर 82696-59898, विकासखण्ड अंतागढ़ तुलाराम मधुकर मोबाइल नंबर 88270-79979 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 70008-63604 तथा विकासखण्ड कोयलीबेड़ा के लिए कपिल नेताम को नोडल अधिकारी बनाया गया है, उनका मोबाइल नंबर 97709-06721 जारी किया गया है।
————————
08. परिक्षेत्र स्तरीय मां कर्मा जयंती महोत्सव परिक्षेत्र सिरसिदा अंतर्गत ग्राम बारगरी में सम्पन्न हुआ। जहां मुख्य अतिथि के रूप में भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। इस मौके पर कांग्रेस टीम के साथ वो पधारी थी। जिसमें प्रमुख रूप से कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू के साथ पूर्व गौ सेवा आयोग सदस्य नरेंद्र यादव एवं समाज के प्रबुधजन, पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे। आयोजन सामाजिक समरसता के भावों के साथ संदेश दे गया,जिसकी सबने प्रशंसा की।

————————
09 . अलसुबह से तेज धूप उमस के साथ गर्मी के चलते सडकों में लोगों की आवाजाही हुई कम। अप्रेल में बढते तापमान के चलते चारामा विकासखंड के कई गावों में आने वाले समय में पेयजल की समस्या भी गहरायेगी।
————————
10.विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कांकेर वॉलंटियर्स की अनोखी पहल दृ “बर्ड वाटर मिशन 2026” से प्यासे पक्षियों को मिलेगा जीवनदान।

-कांकेर वॉलंटियर्स द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक सराहनीय और संवेदनशील पहल करते हुए आज ’“बर्ड वाटर मिशन 2026”’ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में प्यास से जूझ रहे पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना और उनके जीवन की रक्षा करना है। संस्था के सदस्यों ने इस मौके पर बताया कि हम इंसानों के स्वास्थ्य के प्रति तो हमेशा जागरूक रहते हैं, जो अत्यंत आवश्यक भी है, लेकिन हमें यह भी समझना चाहिए कि पशु-पक्षी भी इस धरती पर उतने ही महत्वपूर्ण जीव हैं और उनके स्वास्थ्य के लिए भी जागरूक होना जरूरी है। गर्मियों के मौसम में लगातार बढ़ते तापमान और सूखते जल स्रोतों के कारण पक्षियों को पानी और भोजन के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में कांकेर वॉलंटियर्स ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों की छत, आंगन, बालकनी या आसपास के सुरक्षित स्थानों पर पानी से भरे बर्तन रखें और नियमित रूप से उन्हें भरते रहें। संस्था ने यह भी बताया कि इस अभियान के अंतर्गत लोग इस नेक कार्य में भाग लेकर उसकी फोटो साझा कर सकते हैं और सत्यापन के बाद प्रतिभागियों को कांकेर वॉलंटियर्स की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

अंत में संस्था ने संदेश दिया कि ’“हम इंसानों के स्वास्थ्य के साथ-साथ पशु-पक्षियों के स्वास्थ्य के प्रति भी जिम्मेदार हैं, एक छोटा सा प्रयास कई जिंदगियों को बचा सकता है।”’ यह पहल समाज में पर्यावरण संरक्षण, संवेदनशीलता और जीवों के प्रति करुणा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





