कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
1 9 नवंबर 2025 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
जब अब की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी पहली दफा मां वैष्णवी मंदिर लखनपुरी आई…

आज 19 नवंबर का इतिहास खास है…..
– आज के ही दिन 19 नवंबर 2022 का यह चित्र लखनपुरी के मॉं वैष्णवी मंदिर का चित्र है,जहां छत्तीसगढ के पूर्व गृहमंत्री रहे एवं तात्कालीन विधायक रहे स्व. मनोज मंडावी की मृत्यु के बाद पहली दफा यहां आयी थी। यहां उन्होंने मां वैष्णवी मंदिर में पहूंच कर भानुप्रतापपुर विधानसभा की प्रत्याशी रही श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने पूजा अर्चना कर माता से अपनी जीत का आशीर्वाद मांगा। तब साप्ताहिक बाजार एवं राजमार्ग में नारों के साथ आम लोगों से भी मुखातिब हुयी। उस वक्त ही मैंने मंदिर परिसर में अपना नाम बताया जिस पर उन्होंने कहा कि आलेख पढ़ी थी और आपसे मिलना चाह रही थी। बतायी कि अरौद का नाम स्व. मनोज मंडावी की जुबां पर हमेशा रहता। मैं भी आपके यहां आउंगी और परिवार से भी मुखातिब होऊंगी। मां वैष्णवी मंदिर परिसर में आगमन पर पूरी तरह भावुक दिख रही थी,आंखों में आंसु स्पष्टया दिखायी दे रही थी। चित्र में पीडा स्पष्ट दिखायी दे रहा है। महिला कांग्रेस की सदस्या बहनों के साथ खुद को ढांढस बंधा कर इस उप चुनाव में पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है उसे पूरा किये जाने पर समर्पण का भाव परिलक्षित हो रहा था। क्षेत्र के आम लोगों ने उनके पास पहुंच कर अपने नजदीकियों का जिक्र कर रहे थे। बेहद सीधे सरल और विनम्र सावित्री मनोज मंडावी जो शिक्षिका रही आज लोगों की सेवा के लिए बड़े बुर्जुगों को प्रणाम करते आगे बढ़ती जिसे देखकर हर लोग संवेदित रहे। चित्र में साथ में संतोषी सिन्हा भी दिखायी दे रही है,जो वर्तमान में जनपद सदस्य है। लेकिन वो अभी कांग्रेस नहीं अपितु भाजपा की नेत्री है।
—✍️मनोज जायसवाल
————————
01. कलेक्टर ने चारामा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण। खरीदी प्रभारी को दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
—कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज चारामा क्षेत्र अंतर्गत चारामा, आंवरी, डोकला और लखनपुरी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।चारामा धान खरीदी केंद्र में आज 14 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए थे और सभी किसानों का धान सुचारु रूप से खरीदा गया। केंद्र में सुव्यवस्थित प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और स्टाफ के सक्रिय कार्य को देखकर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक और खरीदी प्रभारी की सराहना की।धान खरीदी केंद्र आंवरी में आज 06 किसानों का तथा ढोकला केंद्र में 01 किसान का धान खरीदा गया। सभी केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित पाई गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और धान खरीदी प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक केंद्र में सभी प्रबंधन लगातार सक्रिय और संवेदनशील बने रहे।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चारामा नरेन्द्र बंजारा, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार पाटले तथा जनपद पंचायत सीईओ गोपाल कंवर ने सभी उपार्जन केंद्रों की स्थिति, खरीदी की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कांग्रेस के विजय ठाकुर ने कलेक्टर एवं उच्चाधिकारियों के समक्ष बात रखी कि उनकी मानसिकता धान खरीदी के संदर्भ व्यवस्था खराब होने पर किसी तरह विरोध प्रदर्शन का नहीं है‚बल्कि आने वाले तीन दिवस के भीतर ही व्यवस्था दुरूस्त होना चाहिए जिससे किसानों को परेशानियों का सामना ना करना पडे। इस प्रतिनिधी ने आज टांहकापार खरीदी केंद्र का जायजा लिया जहां लेम्पस अध्यक्ष ही यहां मिले। अन्य कर्मचारी नदारद दिखे। इस केंद्र में भी अभी तक बोहनी तक नहीं हुई है।

चित्र—कलेक्टर ने लखनपुरी धान खरीदी केंद्र पहूंच कर व्यवस्था से रूबरू हुए।
——————–
02. अवैध रूप से शराब रखकर परिवहन करने वाला आरोपी को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार ।
—पुलिस जानकारी अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण में उमनि- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर इन्दिरा कल्याण ऐलिसेला IPS के दिशानिर्देशन में समय-समय पर थाना क्षेत्र के अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल IPS दिशा निर्देश अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख द्वारा गठित टीम दिनांक 18/11/2025 को जुर्म जरायम पतासाजी एवं कस्बा भ्रमण के दौरान सूचना प्राप्त हुआ कि ग्राम बसंत नगर नारायणपुर में एक व्यक्ति सफेद रंग का सेंट्रो कार क्रमांक सीजी 04 भी 7213 में अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री करने परिवहन कर रहा था है की सूचना पर थाना भानुप्रतापपुर पुलिस द्वारा उक्त स्थान पर दबिश देकर आरोपी को घेरा बंदी गवाह के समक्ष पूछताछ करने पर आरोपी अपना नाम किशन दास मानिकपुरी पिता लखन दास मानिकपुरी उम्र 32 वर्ष निवासी पोरंडी थाना सिकसोड जिला कांकेर के कब्जे से अवैध रूप से सेंट्रो कार क्रमांक सीजी 04 भी 7213 एवं कार में रखें एक खाकी रंग के कार्टून में 7 नग सिंबा स्ट्रांग बियर,अंग्रेजी शराब प्रत्येक बोतल में 650 एमएल भरी हुई, एवं एवं कार्टून में गोल्डन गोवा 26 नग कुल 9230 एमएल कीमती 16780 रुपए पाए जाने से आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 193/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट कायम किया जाकर आरोपीः- किशन दास मानिकपुरी पिता लखन दास मानिकपुरी उम्र 32 वर्ष निवासी पोरोंडी थाना सिकसोड जिला कांकेर छत्तीसगढ़ के द्वारा अपराध करना पाये जाने से अभिरक्षा फॉर्म भर गया है थाना भानुप्रतापपुर क्षेत्र अंतर्गत अवैध गतिविधि की विधियों की रोकथाम हेतु लगातार दबीश देकर कार्रवाई की जा रही है थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख द्वारा गठित टीम, प्रधान आरक्षक 589 म.प्रधान 30 आरक्षक 1088, आरक्षक 21, आरक्षक 1434, आरक्षक 2320 के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने में विशेष योगदान रहा ।

———————
03.प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त जारी, कांकेर जिले के 79 हजार से अधिक किसानों के खातों में 15 करोड़ 80 लाख रुपए अंतरित।
—केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किश्त आज जिले के किसानों के बैंक खातों में अंतरित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से वर्चुअल माध्यम से देश भर में राशि हस्तांतरित की, जिसके तहत जिले के 79,005 किसानों के बैंक खातों में कुल 15 करोड़ 80 लाख 10 हजार रुपए डीबीटी माध्यम से जमा किए गए।जिले में इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर में वर्चुअल कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि अन्नदाता किसान का विकास केंद्र और राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। किसानों की उन्नति से समाज और देश की प्रगति होगी। उन्होंने आगे कहा कि किसान ही पालनकर्ता हैं, इसलिए केंद्र और राज्य सरकारें दोनों ही किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने किसानों को कृषि के साथ-साथ मिश्रित खेती, नकदी फसलों के उत्पादन तथा मछली पालन, बकरी पालन जैसी वैकल्पिक गतिविधियाँ अपनाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। विधायक श्री नेताम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसानों से धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जिससे खेतिहर परिवारों को बड़ी आर्थिक सहायता मिल रही है। इस दौरान मछली पालन, कृषि विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, लाभ और नवीन और उन्नत तकनीकों की जानकारी दी।कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक बीरबल साहू, उपसंचालक कृषि जितेंद्र कोमरा, मछली पालन एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

———————–
04. एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन की तिथि बढ़ी।किसान अब 25 नवम्बर तक करा सकेंगे पंजीयन और रकबा में संशोधन।
— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत ‘एकीकृत किसान पोर्टल’ में कृषकों का पंजीयन किया जा रहा है। किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल में पंजीयन एवं रकबा संशोधन कराने की अंतिम तिथि में संशोधन किया गया है। इसके अंतर्गत कैरीफारवर्ड, नवीन पंजीयन तथा पंजीकृत फसल, रकबे की पंजीयन की तिथि 25 नवम्बर तक बढ़ाई गई है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि किसान अब तहसील कार्यालय में जाकर आसानी से नवीन पंजीकरण और रकबा संशोधन करा सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर एग्रीस्टेक हेल्पडेस्क 1800-233-1030 अथवा खाद्य विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर सम्पर्क कर सकते हैं।ज्ञात हो कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 धान खरीदी हेतु डुबान, वन पट्टाधारी कृषकों का कैरीफारवर्ड, पंजीयन शेष रहने की जानकारी दी गई है। जिसके परिपेक्ष्य में एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देने तथा शेष डुबान एवं वन पट्टाधारी कृषकों के कैरीफारवर्ड, पंजीयन शेष रहने पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की अपेक्षा की गई है।
———————–
05.जिले के विद्यार्थियों का बायोमैट्र्रिक अपडेशन कैम्प 31 दिसम्बर तक।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यार्थियों का आधार बायोमैट्र्रिक अपडेशन कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिला अन्तर्गत विद्यार्थियों का बायोमैट्र्रिक अपडेशन सातां विकासखण्डों में संकुलवार 70 केन्द्रों में 31 दिसम्बर तक तिथिवार प्रातः 10 बजे से संध्या 4 बजे तक शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की आधार आईडी बनाने हेतु 31 दिसम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य है।जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अब तक आयोजित शिविर में जिले के कुल 5,769 से अधिक छात्र-छात्राओं का बायोमैट्र्रिक अपडेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष विद्यार्थियों के बायोमैट्र्रिक अपडेशन का कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि एक बार आधार आईडी बनने से विद्यार्थियों या उनके अभिभावकों को बार-बार पंजीयन नहीं कराना होगा। विद्यार्थी प्राइमरी से आगे की कक्षाओं की ओर बढ़ता जायेगा, उसका दस्तावेज स्वतः ही प्राइमरी से मिडिल, मिडिल से हाई और हाई से हायर सेकेण्डरी में अपडेट हो जाएंगे। आधार आईडी बिना कोई भी छात्र बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट, जेईई समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं। इसकी सतत मॉनिटरिंग हेतु विकासखण्ड के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, यू-डाईस प्रभारी को अपने विकासखण्ड के विद्यार्थियों की जानकारी संबंधित शिविर स्थल पर उपलब्ध के लिए कहा गया है।
————————
06.पॉलिटेक्निक कांकेर द्वारा 5 दिवसीय डिजिटल मोबाइल बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
—नियद नेल्लानर योजनांतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर द्वारा 5 दिवसीय डिजिटल मोबाइल बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर द्वारा प्रायोजित किया गया। संस्था के प्रभारी विभागाध्यक्ष एवं व्याख्याता डॉ. जयंत कुमार राय ने बताया कि कार्यक्रम का मूल उद्देश्य जिले के नियद नेल्लानर गांव ग्राम पंचायत पानीडोबीर की स्व सहायता समूह की महिलाओं तथा छात्र-छात्राओं को डिजिटल मोबाइल बैंकिंग के प्रति जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल मोबाइल बैंकिंग के बहुत से अवयवों पर चर्चा की गई तथा क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण हिंदी एवं स्थानीय बोली गोंडी में प्रदान किया गया, जिससे कम पढ़ी-लिखी या हिंदी में कम सहज महिलाओं को भी सभी जानकारी सरलता से समझ में आ सके। कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय बोली गोंडी में ग्राम पंचायत पानीडोबीर के सरपंच, कोयलीबेड़ा के प्राचार्य एवं पानीडोबीर के प्रधानपाठक ने स्थानीय बोली गोंडी लोगां को डिजिटल मोबाइल बैंकिंग के विषय पर जागरूक किया। इस अवसर पर कक्षा 6वीं से 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध तथा प्रश्न्नोतरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओ को प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कार प्रदान किया गया।
————————
07. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।
—कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए पखांजूर तहसील के ग्राम खैरकट्टा निवासी 56 वर्षीय कारेबाई की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित श्रीमती सुकोती बाई के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए हैं। स्वीकृत सहायता राशि हितग्राही के बैंक खाता में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
————————
08. दो दिव्यांगों को मिली सहायक उपकरण बैसाखी।
— समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम हेतले ग्राम पंचायत कड़मे के सुरेश दर्रो एवं योगेश दर्रो को बैसाखी प्रदान किया गया। उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि दिव्यांगों द्वारा बैसाखी प्रदाय करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में पैर से दिव्यांग होने के कारण अपनी दिनचर्या एवं चलने-फिरने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सहायक उपकरण मिलने से दोनों आवेदकों द्वारा खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

———————–
09. दुर्गकोंदल में राज्य स्तरीय रिकॉर्डिंग डांस प्रतियोगिता 22 नवम्बर को।
—नवयुवक युवती समिति दुर्गकोंदल द्वारा वर्ष 2025 सीजन-02 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय रिकॉर्डिंग डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 22 नवंबर 2025, शनिवार को उन्मुक्त खेल मैदान दुर्गकोंदल (खुटगांव) में किया जा रहा है। आयोजन समिति ने अत्यंत हर्ष के साथ समस्त क्षेत्रवासियों एवं अतिथियों को इस सांस्कृतिक महोत्सव में सादर आमंत्रित किया है। रात्रि 8:00 बजे से प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। आयोजन समिति ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे क्षेत्र में सांस्कृतिक माहौल और समृद्ध होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सावित्री मनोज मण्डावी (विधायक, विधानसभा भानुप्रतापपुर) उपस्थित रहेंगी।विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती किरण नरेटी (अध्यक्ष, जिला पंचायत कांकेर) शामिल होंगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती शकुंतला नरेटी (सरपंच, ग्राम पंचायत दुर्गकोंदल) द्वारा की जाएगी।इसके साथ ही बड़ी संख्या में विशेष अतिथिगण समारोह की शोभा बढ़ाएंगे, जिनमें, देवलाल नरेटी (सदस्य, जिला पंचायत कांकेर), देवेन्द्र टेकाम (सदस्य, जिला पंचायत कांकेर), गोपी बढ़ाई (अध्यक्ष, जनपद पंचायत दुर्गकोंदल), आनंद तेता (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत दुर्गकोंदल), निखिल राठौर (अध्यक्ष, नगर पंचायत वायत भानुप्रतापपुर), मुकेश नरेटी (सरपंच, ग्राम पंचायत खुटगांव), लालजी दुग्गा (ग्राम पटेल दुर्गकोंदल), मानुराम दुग्गा (ग्राम गायता दुर्गकोंदल), बैजनाथ नरेटी (ग्राम गायता दुर्गकोंदल), जगत नरेटी (ग्राम पटेल खुटगांव), चैनुराम नरेटी एवं मानुराम नरेटी (ग्राम गायता खुटगांव), मुन्ना सिन्हा (अध्यक्ष, व्यापारी संघ दुर्गकोंदल), बिदेसिंह कल्लो (मंडल अध्यक्ष, भाजपा दुर्गकोंदल), सोपसिंह आचला (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, दुर्गकोंदल), रामचंद्र कल्लो (मंडल महामंत्री, भाजपा दुर्गकोंदल), जगत दुग्गा (अध्यक्ष, परिवहन संघ दुर्गकोंदल), शिवचरण सिन्हा एवं आनंद माहवे शामिल हैं।नवयुवक युवती समिति एवं समस्त ग्रामवासी दुर्गकोंदल ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी नागरिकों से भारी उपस्थिति की अपील की है। यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

———————–
10.सरस्वती शिशु मंदिर दुर्गूकोदल में सप्त शक्ति संगम मातृ सम्मेलन संपन्न।
—सरस्वती शिशु मंदिर दुर्गूकोंदल में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की योजना के अनुरूप सप्त शक्ति संगम मातृ सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत दुर्गूकोंदल की सरपंच एवं सरपंच संघ की अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला नरेटी रहीं। विशेष अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास परियोजना दुर्गूकोंदल की सुपरवाइजर सुश्री देवकुमारी परिहार उपस्थित थीं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में सुश्री नलिनी बाजपेई (सेवानिवृत्त व्याख्याता, संबलपुर), सुश्री चित्ररेखा बेसरा (सहायक शिक्षिका) एवं समाजसेवी श्रीमती निर्मला नेताम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

———————–
विशेष—
नगर के नए बस स्टैंड में 68.98 लाख की लागत से बनाये जाने वाले डोम शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन
-आज कांकेर नगर के नए बस स्टैंड में 68.98 लाख की लागत से बनाये जाने वाले डोम शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से किया गया। डोम शेड निर्माण से बाजार हाट में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, बाहर दुरस्थ गावों से आने वाले दुकानदारों को पर्याप्त स्थान मिलेगा, तथा आमजन को सुगम व्यवस्था प्राप्त होगी। इसी उद्देश्य को लेकर यह महत्वपूर्ण कार्य आरंभ किया गया है।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारीगण एवं पार्षदगण सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






