———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 अगस्त 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️
01.क्षेत्र के सातलोर में कांकेर विधायक द्वारा टीना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन, इधर शासकीय कोमलदेव अस्पताल पहूंच कर मरीजों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का हालचाल जाना।

—आज ग्राम सातलोर में टीना शेड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने कहा-ग्राम की आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना ही हमारा संकल्प है। विकास की ओर बढ़ता ग्राम, समृद्धि की ओर बढ़ता क्षेत्र।

आज ही जिला मुख्यालय कांकेर में शासकीय कोमलदेव जिला चिकित्सालय पहूंच कर मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारियां ली।

इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता से चर्चा कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
—————–
✍️ 02. कलेक्टर कुंदन कुमार ने सुदूरवर्ती ग्राम बैहासाल्हेभाट में लगाई चौपाल। ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं

— कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार 25 अगस्त को जिले के सुदूरवर्ती इलाकों का भ्रमण कर अंतिम छोर में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी तथा ग्रामीणों की दीर्घकालिक समस्याओं की जानकारी ली। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम को वे अंतागढ़ विकासखंड के बीहड़ क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत बैहासाल्हेभाट पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई और बारी-बारी से उनकी समस्याओं और मांगों को संजीदगी के साथ सुना।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से रु ब रु होते हुए कहा कि राज्य शासन की जनहितकारी नीतियों का अंतिम छोर में पहुंच सुनिश्चित कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता के साथ हरसंभव ईमानदार प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों को कलेक्टर ने यह भी कहा कि उनके गांव बैहासाल्हेभाट को मॉडल विलेज (आदर्श ग्राम) के रूप में विकसित किया जाएगा और इसके लिए सभी अधिकारियों को ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी प्रत्येक समस्या से अवगत होने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने अंतागढ़ से नारायणपुर सड़क के गुणवत्तापूर्ण निर्माण में तेजी लाने, नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन स्वीकृत करने, नदी पर एनीकट निर्माण, स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने, महतारी सदन स्वीकृत करने जैसी सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक सकारात्मक पहल करने व आवश्यकतानुसार शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री ए एस पैंकरा, एसडीएम अंतागढ़ श्री राहुल रजक सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।
———————–
✍️ 03. अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग मरम्मत कार्य का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश।

—कलेक्टर कुंदन कुमार ने ब्लॉक मुख्यालय अंतागढ़ से नारायणपुर के बीच राजकीय राजमार्ग क्रमांक 05 पर चल रहे चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य का मौका मुआयना किया। उन्होंने अंतागढ़ से रावघाट प्रोजेक्ट मार्ग के बीच चल रहे कार्य का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य में लगी गाड़ियों की संख्या 10 से बढ़ाकर तत्काल 30 करने, साथ ही इन वाहनों को सड़क के प्रारंभिक, अंतिम और मध्य जगहों पर संलग्न करने के सख्त निर्देश कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार को दिए, ताकि निर्माण कार्य द्रुतगति से पूर्ण हो सके। कलेक्टर ने स्थानीय लोगों की आवाजाही की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए सड़क मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिए, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
————————
✍️ 04. शिक्षकों की समस्याओं और स्कूलों की मूलभूत सुविधाएं को लेकर कलेक्टर गंभीर। जिला शिक्षा अधिकारी एवं अपर कलेक्टर को खण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने दिए निर्देश।

— शिक्षकों की समस्याओं और स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं को कलेक्टर कुंदन कुमार ने गंभीरता से लिया है। शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण एवं स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और अपर कलेक्टर कांकेर को खण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा करने तथा उसका रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है।जिला शिक्षा अधिकारी को आज ही सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर शिक्षकों की समस्याओं और स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करने तथा विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया है। इसी प्रकार अपर कलेक्टर कांकेर को जिला शिक्षा अधिकारी,समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा जिला शिक्षा कार्यालय एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में पदस्थ सभी स्थापना प्रभारियों की बैठक लेकर शिक्षकों की समस्या,मांगो तथा स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर समीक्षा करने तथा विस्तृत रिपोर्ट करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।
————————
✍️ 05.जिला कांकेर थाना बांदे के ग्राम कन्हारगांव जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प बरामद। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित करते हुए नक्सल डम्प से विस्फोटक सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद किया गया।

—बद्री नारायण मीणा(भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज के निर्देशन, दीपक तिवारी डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर, निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं सुभाष चंद्र 2ic प्रभारी सेनानी 94 वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा संचालित अभियान के दौरान नक्सल डम्प से-: डेटोनेटर-40 नग‚स्टील टिफिन (लगभग 10 लीटर) -01नग, बारूद भरा हुआ। स्टील टिफिन (लगभग 05 लीटर)-01नग, बारूद भरा हुआ।व अन्य नक्सल सामग्री बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। विस्फोटक पदार्थो को मौके में ही नष्ट किया गया।दिनांक 25.08.2026 को जिला कांकेर थाना बादे के ग्राम कन्हारगांव जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल डम्प से विस्फोटक सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद किया गया। टीम कंमाडर में— 01.विपिन कुमार इंस्पेक्टर बीएसएफ 94 वीं वाहिनी 02.अविनाश कुमार इंस्पेक्टर बीएसएफ 94 वीं वाहिनी 03 रोशन लाल मीणा उप निरीक्षक बीएसएफ बीडीएस टीम कमांडर कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
————————
✍️06.नरहरपुर पुलिस ने धान एवं नगदी चोरी के 02 मामलों का किया खुलासा । चोरी के धान की बिक्री से खरीदे गए मोबाइल, स्मार्ट वॉच एवं कपड़े सहित घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल बरामद। 05 बोरा धान, ₹600 नगद सहित कुल चोरी के माल-मशरूका की बरामदगी।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— प्रार्थिया श्रीमती चेतना साहू, निवासी RES कॉलोनी नरहरपुर, द्वारा थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 31.07.2026 से 22.08.2026 के मध्य उसके खेत में रखे 24 बोरा धान, कीमत ₹24,000, को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 174/2026, धारा 303(2) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई।विवेचना के दौरान संदेहियों को पकड़कर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए धान की बिक्री से खरीदा गया रेडमी मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कपड़े, ₹600 नगद तथा घटना में प्रयुक्त HF Deluxe Hero मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BP 7256 एवं Passion Pro मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BR 4508 बरामद किए गए।आरोपियों द्वारा चोरी किए गए धान कोअलग-अलग तिथियों में बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटने एवं खाने-पीने में खर्च करना बताया गया। पेश किए गए 05 बोरा धान, कीमत 5,000, को भी पुलिस द्वारा जप्त किया गया।इसी प्रकार थाना नरहरपुर के अपराध क्रमांक 173/2026, धारा 303(2) BNS में किराना दुकान एवं कंप्यूटर दुकान से 45,070 नगद एवं स्मार्ट वॉच चोरी करने की घटना में भी उक्त आरोपियों की संलिप्तता पाई गई।आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
————————
✍️07. एटीएम में धातु की प्लेट लगाकर फंसी रकम चोरी करने वाला विधि से संघर्षरत बालक पुलिस अभिरक्षा में । विभिन्न एटीएम से कुल ₹1,15,800/- की राशि चोरी करना पाया गया।सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही।।
— पुलिस से मिली संक्षिप्त जानकारी के अनुसार— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा एटीएम से राशि चोरी करने के मामले में कार्रवाई की गई।दिनांक 25.08.2026 को प्रार्थी हर्ष कुमार रजक, निवासी चारामा, द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह कांकेर शहर में इंडिया वन एटीएम का कस्टोडियन है तथा पीजी कॉलेज के पास जद्दू होटल कॉम्प्लेक्स, ठेलकाबोड़ एवं पंडरीपानी चौक स्थित एटीएम में राशि लोड एवं देखरेख का कार्य करता है एटीएम में राशि लोड करने के दौरान कैश निकलने वाले स्थान पर धातु की प्लेट लगी हुई मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर एक ही व्यक्ति द्वारा अलग-अलग एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट में धातु की प्लेट लगाते हुए पाया गया। उक्त व्यक्ति द्वारा ग्राहकों की रकम एटीएम में फंसाकर उन्हें चोरी किया जा रहा था।जांच में दिनांक 05.08.2026 से 23.08.2026 के मध्य विभिन्न घटनाओं में कुल ₹1,15,800/- की राशि चोरी किया जाना पाया गया। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही की पहचान कर उसे अभिरक्षा में लिया गया।पूछताछ में विधि से संघर्षरत बालक द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया। नियमानुसार सामाजिक पृष्ठभूमि संबंधी प्रपत्र तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में — निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद साहू, आरक्षक ईश्वर साहू, आरक्षक रामूलाल जुर्री एवं आरक्षक पुरन साहू। साइबर टीम में टीआई यशवंत श्याम, टीआई राजेंद्र साहू, एएसआई भाकेश पटेल, एएसआई पुरुषोत्तम कतलाम, प्रधान आर.छेदन सोनकर, आर .प्रणय यादव, आर .जितेंद्र नाग, आर.भूपेश नेताम एवं आर.रामरतन निषाद शामिल हैं।
————————
✍️08. आज राजीव भवन रायपुर में कांग्रेस कार्यकारिणी समिति एवं आदिवासी सलाहकार परिषद की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भुरिया का स्वागत किया गया।

—आज राजीव भवन, रायपुर में आयोजित आदिवासी कांग्रेस कार्यकारिणी समिति एवं आदिवासी सलाहकार परिषद की बैठक में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया का आत्मीय स्वागत किया।बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज , नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत , पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव , पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू , डॉ. शिवकुमार डहरिया एवं अमरजीत भगत सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण एवं वरिष्ठ नेता-पदाधिकारी उपस्थित रहे।इस दौरान आदिवासी समाज के अधिकार, हित एवं सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ।आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना हमारा संकल्प है। कांकेर से श्रीमती गंगा पोटाई‚सरजु शोरी‚ विजय ठाकुर‚ ठाकुर राम कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
————————
✍️09.छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में विशेष बैठक।
—छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की आगामी 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में विशेष बैठक का आयोजन रखा जा रहा है। बैठक में संगठन की मजबूती के साथ आगे की रणनीति बनाई जायेगी।
———————–
✍️
10. बारिश की दगाबाजी से किसान परेशान।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






