आज की टॉप 10 खबर 20 जुलाई 2026 सोमवार

———————–
संपादकीय ✍️मनोज जायसवाल

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
20  जुलाई  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01.चारामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 जुआरी गिरफ्तार। जुआ खेलते 12 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार। 31,510 नगद, 02 कार, 03 मोटरसाइकिल, 09 मोबाइल फोन सहित कुल 5,96,510 मूल्य का मशरूका जब्त। थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक, कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) दिनेश कुमार सिन्हा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की गई।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 157/2026 अंतर्गत धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दिनांक 19.07.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति सीएचसी चारामा के समीप बने शेड में ताश के 52 पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तथा विधिवत रेड कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके से 12 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 09 मोबाइल फोन, 02 चारपहिया वाहन, 03 मोटरसाइकिल, ताश के 52 पत्ते, एक चटाई तथा ₹31,510 नगद जब्त किया गया। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 5,96,510 है। गिरफ्तार आरोपीयों में (01) शिवदत्त निषाद पिता जयसिंह निषाद उम्र 31 साल निवासी शाहवाडा चैकी हल्बा थाना नरहरपुर (02) देवेन्द्र कुमार सेन पिता नंद कुमार सेन उम्र 30 साल निवासी शाहवाड़ा चैकी हल्बा थाना नरहरपुर (03) खेमलाल गजेन्द्र पिता स्व चमरूराम उम्र 59 साल निवासी अरौद चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (04) विरेन्द्र मेश्राम पिता पंचम मेश्राम उम्र 40 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर(05) देवप्रसाद उईके पिता रामभरोस उईके उम्र 52 साल निवासी पलेवा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (06) इन्द्रजीत रामटेके पिता करण लाल रामटेके उम्र 35 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (07) ईश्वर नेताम पिता लीलाराम नेताम उम्र 35 साल निवासी एकता नगर ढेलकाबोड कांकेर थाना कांकेर(08) प्रकाश सिन्हा पिता निर्मल सिन्हा उम्र 32 साल निवासी रूद्री जिला धमतरी(09) डी.के. बंछोर पिता चंदन बंछोर उम्र 36 साल निवासी वार्ड क्रंमांक 10 चारामा थाना चारामा(10) गोविन्द जुर्री पिता रामेश्वर जुर्री उम्र 40 साल निवासी अलबेलापारा कांकेर थाना कांकेर(11) महेन्द्र निषाद पिता अर्जुन निषाद उम्र 35 साल निवासी अकलाडोंकरी जिला धमतरी(12) अरूण मण्डावी पिता विशाल राम मण्डावी उम्र 36 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर हैं।

———————-

✍️ 02.थाना कोयलीबेड़ा जिला कांकेर-नारायणपुर बार्डर ग्राम आलपरस-गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प से एम्युनेशन,बीजीएल सेल काॅर्डक्स वायर सहित अन्य  सामग्री बरामद।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— दिनांक 20.07.2026 को थाना कोयलीबेड़ा जिला कांकेर- नारायणपुर बार्डर ग्राम आलपरस- गुमचुर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल डम्प से एम्युनेशन,बीजीएल सेल सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद किया गया। बीजीएल सेल, डेटोनेटर,काॅर्डक्स वायर को सुरक्षा की दृष्टिकोण से बीडीएस टीम ने मौक पर डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।

  ———————

✍️ 03.आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 22 जुलाई से 05 अगस्त तक किया जाएगा ऑनलाइन आवेदन।  

—लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के निर्देशानुसार शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत निजी (गैर-अनुदान प्राप्त) अशासकीय विद्यालयों के कक्षा पहली में दर्ज 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए जिले में तीसरे चरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त तक संचालित होगी।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में जिले में संचालित 172 अशासकीय विद्यालयों के 640 सीटों के लिए 711 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राप्त आवेदनों के दस्तावेज परीक्षण कर प्रथम चरण की लॉटरी ऑनलाइन के माध्यम से 471 विद्यार्थियों को विद्यालय आबंटित किए गए तथा 01 मई से 30 मई तक आबंटित अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया किया गया, जिसमें जिले में कुल 188 सीटें रिक्त रहीं।इसी प्रकार द्वितीय चरण में 17 जून से 30 जून तक आवेदन संशोधन एवं लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इन विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके तृतीय चरण में कक्षा पहली में कुल 205 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं संशोधन की प्रक्रिया 22 जुलाई से 05 अगस्त तक चालू रहेगी।प्रवेश हेतु ऑनलाइन पोर्टल https://rte.cg.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म आवेदन भरते समय बच्चे की आयु 05 से साढ़े 06 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। पोर्टल पर दूरी के आधार पर विद्यालयों की सूची प्रदर्शित होगी, जिनका चयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विद्यालय के नोडल अधिकारी द्वारा किया जाएगा, सत्यापन उपरांत लॉटरी एवं स्कूल आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। ऑनलाइन आवेदन की पात्रता एवं नियम के लिए आरटीई की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 ————————

✍️ 04. कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने दिए निर्देश

—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। जिला कार्यालय में आज आयोजित जनदर्शन में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अन्त्योदय राशन कार्ड प्रदाय करने, प्रधानमंत्री आवास आवंटित करवाने, उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता, एग्रीस्टैक किसान पंजीयन, अतिथि शिक्षक पद पर भर्ती, अटल आवास आबंटित करने, प्राथमिक शाला भैराडीह हेतु भवन निर्माण जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 ————————

✍️ 05. जिले में अब तक 2537 मिलीमीटर वर्षा दर्ज 

— जिले में 01 जून से अब तक जिले की 11 तहसीलों में कुल 2537.1 मिलीमीटर वर्षा यानी 230.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा कोयलीबेड़ा तहसील में 415.9 मिलीमीटर तथा सबसे कम आमाबेड़ा तहसील में 145.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार कांकेर तहसील में 243.3 मिलीमीटर, भानुप्रतापपुर तहसील में 208 मिलीमीटर, दुर्गूकोंदल में 154.4 मिलीमीटर, चारामा़ में 234.4 मिलीमीटर, अंतागढ़ में 193.1 मिलीमीटर, पखांजूर में 189.8, नरहरपुर में 206.4, सरोना में 216 मिलीमीटर और बांदे में 330.4 मिलीमीटर वर्षा अब तक दर्ज की गई है। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 19.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। 

   ————————

✍️06. विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण से बढ़ी मजदूरी, हितग्राही ने जताया आभार।

— भारत सरकार द्वारा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जीरामजी) के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी दर निर्धारित की गई है, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को आर्थिक मिलेगा। कांकेर विकासखंड के ग्राम बेवरती निवासी श्रीमती धनेश्वरी साहू ने बताया कि पहले उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 261 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी। अब विकसित भारत, रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण के तहत उन्हें 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलेगी।उन्होंने कहा कि मजदूरी दर में हुई वृद्धि से ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी। इस पहल के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह निर्णय ग्रामीण श्रमिकों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। 

   ————————

✍️07. 3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार चोरी का सफल खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार विद्युत लाइन निर्माण में प्रयुक्त 3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी का सफल खुलासा। आरोपी शुभम यादव गिरफ्तार, चोरी गया एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार बरामद। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं त्वरित विवेचना के आधार पर थाना सरोना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर)   दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना सरोना पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विद्युत लाइन निर्माण कार्य में प्रयुक्त एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है।

प्रार्थी मनोज सोनी, निवासी रामपुर वार्ड, जिला धमतरी द्वारा थाना सरोना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी कंपनी द्वारा सीएसपीडीसीएल के विद्युत लाइन निर्माण कार्य हेतु ग्राम मालगांव एवं बरकई के मध्य सड़क किनारे एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार रखा गया था। दिनांक 03.12.2025 से 06.12.2025 के मध्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक ड्रम से 01 नग एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,50,000/- थी, चोरी कर लिया गया।रिपोर्ट के आधार पर थाना सरोना में अपराध क्रमांक 04/2025 अंतर्गत धारा 303(2), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं अन्य जांच माध्यमों के आधार पर संदेही शुभम यादव को चिन्हाकिँत करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। सन्देही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उक्त चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया गया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ योजना बनाकर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी किए तथा उसे एक अन्य फरार आरोपी के घर में सीढ़ी के नीचे रखकर एक विशेष दिवाल चिनवाकर छुपा दिए थे जिसे आरोपी शुभम यादव के निशानदेही पर फरार आरोपी के घर से चोरी के संपूर्ण माल मशरुका 01 नग एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत  3,50,000/- है, बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

   ————————

✍️08. लगभग 1.50 लाख मूल्य के डीजल जनरेटर चोरी प्रकरण का सफल खुलासा, 04 आरोपी गिरफ्तार ।  प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण स्थल से चोरी हुए डीजल जनरेटर की बरामदगी। 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया डीजल जनरेटर, घटना में प्रयुक्त TATA ACE वाहन, जनरेटर लोड करने में प्रयुक्त चैन एवं अन्य सामग्री बरामद।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आशीष बंछोर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक( साइबर) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डीजल जनरेटर चोरी के मामले में त्वरित एवं वैज्ञानिक विवेचना करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है।प्रार्थी बी.बी. वर्मा, इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी, कोरबा द्वारा थाना आमाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पुल निर्माण कार्य किया जा रहा था। निर्माण कार्य के लिए उपयोग में लाया जा रहा डीजल जनरेटर नालाग्राम के समीप कार्यस्थल पर रखा गया था।

दिनांक 17 मई 2026 को कार्य समाप्त होने के बाद जनरेटर को सुरक्षित स्थान पर रखा गया था, किन्तु अगले दिन प्रातः लगभग 06:00 बजे कार्यस्थल पर पहुंचने पर जनरेटर गायब मिला। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 1,50,000/- मूल्य का डीजल जनरेटर चोरी कर ले जाने की सूचना पर थाना आमाबेड़ा में अपराध क्रमांक 24/2026 अंतर्गत धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना आमाबेड़ा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, संभावित मार्गों का परीक्षण किया गया तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट, एवं सक्रिय मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर रखा जनरेटर कई दिनों से उनकी नजर में था। आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उन्होंने पूर्व नियोजित योजना बनाकर रात्रि के समय TATA ACE वाहन से घटनास्थल पहुंचकर लोहे की चैन पट्टियों की सहायता से जनरेटर वाहन में लोड किया और चोरी कर ले गए। बाद में जनरेटर को एक आरोपी के घर के पीछे छिपाकर रखा गया तथा अवसर मिलने पर रायपुर ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया डीजल जनरेटर, घटना में प्रयुक्त TATA ACE वाहन, जनरेटर लोड करने में प्रयुक्त चैन एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

    ————————

✍️09. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार मोटर सायकल बुलेट से अवैध महुआ शराब का परिवहन करते हुए एक आरोपी को किया गिरफ्तार। आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक कार्रवाई की गई।

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति काला कलर के बुलेट 350 रॉयल एनफील्ड क्रमांक CG 19 BU-8575 में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम कराठी के गली की ओर जा रहा हैं। सूचना पर तत्काल PSI फलित राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कराठी के गली के पास घेराबंदी कर मोटर साइकल काला रंग का बुलेट को रोका।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम- फिरतू राम जैन पिता स्वर्गीय श्याम लाल जैन उम्र 58 वर्ष निवासी संबलपुर कराठी थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर का होना बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 02 जरीकेन में कुल 10 लीटर देशी महुआ शराब (कीमत लगभग ₹ 1600 तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकल BULLET 350 ROYAL Enfild क्रमांक CG 19 BU 5875 बरामद की गई।आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

  ———————–

✍️10. थाना कूड़ेकुर्से पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई। आरोपी के कब्जे से 15 पेटी गोवा व्हिस्की, 25 नग खुली गोवा व्हिस्की, 6 पेटी बीयर एवं 3 नग खुली कैन बीयर सहित कुल 213 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹1,08,465/-। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। 

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक  निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत थाना कूड़ेकुर्से पुलिस को दिनांक 15 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सुरुगदोह में एक व्यक्ति अपने खेत (लाड़ी) में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोड़ेकुर्सी पुलिस द्वारा तत्काल एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी गई। पुलिस टीम को मौके पर आरोपी टुकेश्वर कुमार जैन संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 15 पेटी गोवा व्हिस्की, 25 नग खुली गोवा व्हिस्की, 6 पेटी बीयर एवं 3 नग खुली कैन बीयर बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 213 लीटर तथा अनुमानित कीमत 1,08,465/- पाई गई। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, किन्तु वह कोई वैध अनुज्ञप्ति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात पुलिस द्वारा समस्त शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना कोड़ेकुर्सी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया, जिसमें थाना दुर्गूकोंदल में अपराध क्रमांक 2209/2022, धारा 4(क) जुआ एक्ट तथा थाना कोड़ेकुर्सी में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम का मामला दर्ज होना पाया गया।

————————

विशेष-

ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 01नग प्रेशर कुकर IED बरामद।

आज दिनांक 17.07.2026 को थाना कांकेर ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी एंव बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा 01नग प्रेशर कुकर IED लगभग 03 कि०ग्रा० बरामद किया गया। बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।
टीम कंमाडर:-
01.शैलेद्र भास्कर सहायक उप निरीक्षक डीआरजी टीम कंमाडर
02.गोवर्धन कोर्राम सहायक उप निरीक्षक बीडीएस टीम कमांडर
कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है।सुरक्षा बलो द्वारा क्षेत्र मे शांति,सुरक्षा एंव कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 17 जुलाई 2026 शुक्रवार

———————– संपादकीय लड़की लड़का भागने के पीछे का सवाल? – रेत की भुरभुरी ‘बालुई’ सी उड़ रही होती ‘जिंदगी’ सवाल प्यार में पागलपन की हद करते हुए लड़की लड़का के…

आज की टॉप 10 खबर 16 जुलाई 2026 गुरूवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 16  जुलाई  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. कांकेर में पदस्थ आदर्श एवं प्रतिभाशाली डीएसपी कविता धुर्वे ने मास्टर्स 70…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *