आज की टॉप 10 खबर 07 मई 2026 गुरूवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
07 मई   2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

नोट— कांकेर जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत लखनपुरी क्षेत्र में अपरान्ह बाद बारिश हो रही है। खराब मौसम के चलते किसानों की फसल बर्बाद होने की कगार पर है। कई जगह बिजली बंद है। 

———————-

01. वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने ग्राम माकड़ीखूना में आयोजित शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत की ली जानकारी, हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत सामग्री बांटी गई।

— प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी मंत्री   ओ.पी. चौधरी आज जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने अंतर्गत कांकेर विकासखण्ड के ग्राम माकड़ीखूना में आयोजित शिविर में ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत ग्रामीणों को सामग्री वितरित की।सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत ग्राम माकड़ीखूना में आज आयोजित शिविर में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चार दशक से अधिक समय से माओवाद को समाप्त करने के नामुमकिन कार्य को प्रदेश सरकार ने केंद्र के सहयोग से मुमकिन कर दिखाया। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए और मेहनतकश किसानों को उनका हक दिलाया, वहीं महतारी वंदन योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं। मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 5500 रूपए प्रति मानक बोरा की दर से तेन्दूपत्ता खरीद रही है। इस तरह प्रदेश के साथ-साथ कांकेर जिले के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार हर संभव मदद कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में बस्तर में अनेक संभावनाएं हैं, जिसके अनुरूप बस्तर के विकास के लिए सरकार द्वारा कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सांसद  भोजराज नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि लंबे समय तक लाल आतंक का दंश झेल रहे बस्तर को केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश सरकार ने माओवाद को खत्म किया। अब गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान सभी के लिए सरकार योजनाओं के जरिए सतत सर्वांगीण विकास कर रही है। कांकेर विधायक  आशाराम नेताम ने कहा कि बस्तर मुन्ने एवं सुशासन तिहार के अंतर्गत कामकाज को परखने व जानने के लिए सरकार गांव-गांव में दस्तक दे रही है। इसके पहले, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन तिहार और बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत 14 अधोसंरचना और 31 व्यक्तिमूलक योजनाओं के संतृप्तिकरण के लिए गांवों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका लाभ ग्रामीण अवश्य लें।शिविर में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत ग्रामीणों को सामग्री वितरित की। इसके तहत खाद्य विभाग द्वारा 03 हितग्राही श्रीमती ईश्वरी, जयंती और सविता को राशन कार्ड प्रदाय किया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत श्रीमती जितेन्द्री कौशिक को रसोई गैस कार्ड, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत श्रीमती गंगाबाई यादव को मंत्री श्री चौधरी ने आवास की चाबी सौंपी। साथ ही 04 ग्रामीण महिला श्रीमती लक्ष्मी, कविता, भारती और सुरेखा को मनरेगा जाॅब कार्ड तथा 05 अन्य हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण अनुशंसा स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर एसपी  निखिल राखेचा, नगरपालिका अध्यक्ष कांकेर  अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नागरिक  महेश जैन सहित जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर  अरुण वर्मा आदि उपस्थित थे।

निर्माणाधीन नालंदा परिसर का किया निरीक्षण
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कांकेर शहर प्रवास के दौरान घड़ी चौक के समीप निर्माणाधीन नालंदा परिसर (सेंट्रल लाईब्रेरी) का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। उन्होंने इसका निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए। इस दौरान श्री चौधरी ने नगर के हृदय स्थल में स्वच्छ एवं हरियाली युक्त वातावरण में बनाए जा रहे नालंदा परिसर की सराहना की। इस अवसर पर कांकेर नगरपालिका अध्यक्ष अरूण  कौशिक एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

 ———————–

02.उच्चतम न्यायालय में किया जाएगा 21 से 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन।

— उच्चतम न्यायालय द्वारा 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह) का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों का त्वरित, सुलभ एवं आपसी सहमति के आधार पर प्रभावी निराकरण करना है।इस विशेष लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलह योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनमें बैंक संबंधी प्रकरण, चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, सिविल एवं दाण्डिक सुलह योग्य मामले, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, श्रम एवं औद्योगिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी मामले तथा स्थानांतरण याचिकाएं शामिल हैं। इसके अलावा अन्य ऐसे प्रकरण भी लिए जाएंगे, जिनका आपसी समझौते के आधार पर समाधान संभव है। जिन पक्षकारों के मामले वर्तमान में उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं, वे इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का शीघ्र निराकरण करवा सकते हैं। इसके लिए इच्छुक पक्षकारों को निर्धारित गूगल फॉर्म भरकर अपने प्रकरण को लोक अदालत में सूचीबद्ध कराना होगा।इस विशेष लोक अदालत की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की व्यवस्था भी की गई है। इससे देश के विभिन्न स्थानों पर रहने वाले पक्षकार बिना व्यक्तिगत उपस्थिति के अपने अधिवक्ताओं के साथ ऑनलाइन जुड़कर अपने मामलों का निपटारा कर सकेंगे। यह सुविधा समय, धन एवं संसाधनों की बचत के साथ प्रक्रिया को अधिक सरल और सुलभ बनाती है। सभी संबंधित पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं हितधारकों से अपील की गई है कि वे इस विशेष लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाकर अपने लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं सौहार्द्रपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त यदि किसी पक्षकार जिन पक्षकारों के मामले अन्य जिलों, उच्च न्यायालयों अथवा सिविल न्यायालयों में लंबित हैं तथा पक्षकार अन्यत्र निवासरत हैं, वे संबंधित जिले के सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांकेर से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

 ———————

03 जिले के 4 मेधावी छात्र 10 मई को देखेंगे रायपुर में आईपीएल मैच ।

— राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के मेधावी छात्रों को रायपुर के स्टेडियम में 10 मई को आयोजित होने वाले आईपीएल मैच का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसी क्रम में राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के 4 विद्यार्थियों को मैच दिखाने के लिए रायपुर भेजा जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार चारामा विकासखण्ड के हायर सेकण्डरी स्कूल लखनपुरी की कुमारी महेश्वरी, कोयलीबेड़ा के हायर सेकण्डरी स्कूल कन्या कापसी की कुमारी अपर्णा विश्वास और कांकेर विकासखण्ड के पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय नरहरदेव के यश खोब्रागढ़े तथा कक्षा 10वीं में चारामा के निजी स्कूल की एक छात्रा कुमारी ईशा दुर्गाशी को 10 मई को रायपुर भेजा जाएगा। उन्हें लाने, ले जाने के लिए शिक्षकों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

————————

04. ‘डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी’ मोबाईल एप्लीकेशन में और नियोक्ता, ठेकेदारों को पंजीयन कराने की अपील।

— श्रमपदाधिकारी कांकेर द्वारा जिले के समस्त नियोक्ता, ठेकेदारों को ‘डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड कर पंजीयन कराना सुनिश्चित करने की अपील की ग ई है ताकि नियोक्ता को सरलता से श्रमिक एवं श्रमिकों को रोजगार प्राप्त हो सके। गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय द्वारा 28 अप्रैल को ‘डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी’ मोबाइल एप्लीकेशन का शुभारंभ किया गया। यह एप्लीकेशन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल रायपुर द्वारा विकसित एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और नियोक्ताओं, ठेकेदारों को डिजिटल माध्यम से जोड़ते हुए रोजगार उपलब्धता की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाना है।

 ————————

05 .’बस्तर की बौद्धिक राजधानी है कांकेर, जीवन में शिक्षा के जरिए ही सकारात्मक बदलाव संभव’। ’कांकेर के गौरव’ समारोह में वित्त मंत्री श्री चौधरी विद्यार्थियों को दिया सफलता का मूलमंत्र।

—’’कांकेर जिला बस्तर की बौद्धिक राजधानी है, जहां साल-दर-साल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार स्थापित हुए हैं। उत्तीर्ण विद्यार्थियों के मामले में कांकेर जिला राज्य में तीसरे स्थान पर है, वहीं प्रावीण्य सूची में चार बच्चों ने जगह बनाई। जीवन में नये और सकारात्मक बदलाव शिक्षा से ही संभव है, लेकिन यह सफलता का अंतिम पड़ाव नहीं है। इतिहास देखें तो पता चलता है कि अभाव और आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति से ही वास्तविक कामयाबी मिली है।’’उक्त बातें प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित प्रतिभावान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं। अवसर था- स्कूल शिक्षा विभाग ’कांकेर के गौरव’ कार्यक्रम अंतर्गत विद्यार्थियों एवं प्राचार्यो के सम्मान समारोह का। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने सफल जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कुछ बड़ा करना हो तो सोच और लक्ष्य भी बड़ा होना चाहिए। हर सफल व्यक्ति अपने व्यक्तिगत अनुभवों और जीवन की कठिनाइयों से सीख लेकर आगे बढ़ता है और खुद को स्थापित करता है।
कमजोरियों पर विजय पाकर ही मिलती है सफलता
उन्होंने सभी मौजूद विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए आगे बताया कि अपनी मां की प्रेरणा से आगे बढ़ने की राह मिली और सफलता का मुकाम हासिल किया। आज के प्रतियोगी वाले दौर में इनोवेशन और मोटिवेशन दोनों ही बहुत जरूरी है। इसके बिना लक्ष्य हासिल करना असंभव होता है और वास्तव में कामयाबी तभी मिलती है, जब व्यक्ति अपनी कमजोरियों पर विजय पा लेता है। मंत्री श्री चौधरी ने उपस्थित प्राचार्याें को भी नसीहत देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सृजनात्मक एवं आजीविकामूलक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित और प्रोत्साहित करें।इसके पहले, सांसद  भोजराज नाग और विधायक श्री आशा राम नेताम ने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कांकेर जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश में भी अपना और जिले का नाम रौशन करने की बात कही तथा उन्हें सफल बनाने में अथक प्रयास करने वाले शिक्षकों को भी बधाई दी। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्षों की तुलना में कांकेर जिला ने इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन किया गया है तथा ’हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत शिक्षकों के अथक परिश्रम से विद्यार्थियों को बेहतर अंक प्राप्त हुए।जिला प्रशासन के तत्वावधान में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ’कांकेर के गौरव – हाई एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में राज्य तथा जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शत प्रतिशत उत्तीर्ण वाले विद्यालयों के सम्मान समारोह में आज वित्त मंत्री श्री चौधरी द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा जारी प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के चार विद्यार्थी (कक्षा 12वीं की कु. महेश्वरी, कुमारी अपर्णा विश्वास और पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय नरहरदेव के श्री यश खोब्रागढ़े और कक्षा 10वीं की कुमारी ईशा दुर्गाशी) को लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।एकलव्य आदर्श विद्यालय की कु. कृतिका टेकाम देशभर में प्रथमएकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर में कक्षा 10 वीं अध्ययनरत कु. कृतिका टेकाम ने देशभर के 750 एकलव्य आदर्श विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न में प्रथम स्थान पर रहीं। संस्था के प्राचार्य ने बताया कि कु. कृतिका एक मेधावी छात्रा है। उनके पिता का निधन हो चुका हो चुका है, जबकि माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने 97 प्रतिशत अंक के साथ पूरे देशभर में प्रथम स्थान पर रहीं। वित्त मंत्री ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। कु. कृतिका को भी जिला प्रशासन की ओर से लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले क्रमशः 142 हाई स्कूल तथा 63 हायर सेकेण्डरी स्कूलों के संस्था प्रमुखों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी  निखिल राखेचा, नगरपालिका अध्यक्ष कांकेर  अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नागरिक  महेश जैन सहित जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी  रमेश निषाद, डीएमसी  नवनीत पटेल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रमुख और अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

————————

06. उजियारा अभियान में तहत् थाना नरहरपुर पुलिस में अवैध अंग्रेजी एवं देशी प्लेन शराब अधिक मात्रा में परिवहन करने वालों के विरूद्व दर्ज अपराध अलग-अलग 03 प्रकरण में 22 लीटर अंग्रेजी एवं देशी मदिरा शराब के साथ किया गया 03 आरोपीयों को किया गया गिरफ्तार।।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण  इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अति.पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे उजियारा अभियान के तहत् में अवैध शराब बिक्री करने व अधिक मात्रा में परिवहन करने वालों के विरूद्व लगातार कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में थाना नरहरपुर में थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में दिनांक 05-05-2026 को थाना नरहरपुर की टीम द्वारा जुर्म जरायम पतासाजी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर कि 1- राधेश्याम शोरी पिता लखन लाल निवासी नाथियानवागांव थाना कांकेर, 2- हेमंत कुमार उईके पिता देवलाल उईके निवासी भर्रीटोला थाना नरहरपुर, 3. चन्द्रहास शोरी पिता स्व. पुनीत राम शोरी निवासी नवडबरी थाना नरहरपुर के द्वारा अवैध रूप से अंग्रेजी एवं देशी प्लेन शराब अधिक मात्रा में रख कर परिवहन करने कि सुचना पर मुखबीर के बताये अलग अलग स्थानों पर घेराबंदी कर रेड़ कार्य कार्यवाही कर पकड़ गया।

  ————————

07. सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत निर्माण कार्य हेतु 9.79 लाख रुपए की स्वीकृति।

– कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग की अनुशंसा पर कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए अरूणोदय सेवा समिति अघननगर (लट्टीपारा) कांकेर में सामुदायिक हॉल का निर्माण कार्य हेतु 09 लाख 79 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर द्वारा स्वीकृति आदेश की अनुशंसा सांसद निधि पोर्टल ई-साक्षी के माध्यम से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्माण कार्य हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कांकेर को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।

 ————————

08.जिला स्तरीय स्टार्टअप वर्कशॉप 08 मई को

 – स्टार्टअप इंडिया, डीपीआईआईटी भारत सरकार द्वारा संचालित तेजस कार्यक्रम अंतर्गत देशभर के चयनित जिलों में जिला स्तरीय स्टार्टअप वर्कशॉप आयोजित की जानी है। इसी कड़ी में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर द्वारा जिला स्तरीय स्टार्टअप वर्कशॉप का आयोजन 08 मई को जगदलपुर मार्ग स्थित एक निजी होटल में सुबह 11 बजे किया जाएगा। उक्त कार्यशाला में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, महिला स्व-सहायता, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, एमएसएमई एवं आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं लाईवलीहुड कॉलेज के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। इसमें शामिल होने के इच्छुक उद्यमियों को निर्धारित समय व स्थान पर उपस्थित होने कहा गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क कर सकते हैं।

——————–

09. ग्राम पंचायत पिपरौद(चारामा) सचिव रामचंद्र साहू को दी बिदाई  । 

-आज दिनांक 6 मई को ग्राम पंचायत भवन  पिपरौद (चारामा ) में पंचायत सचिव रामचंद्र साहू  का बिदाई सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया था , रामचंद्र साहू   विगत 2010से ग्राम पंचायत पिपरौद में सचिव के पद पर आसीन थे बिदाई समारोह में पंचायत के सरपंच लता संतोष मंडावी ,उप सरपंच घनश्याम नेताम, अर्जुन साहू, विनोद देवांगन,समरौऊ साहू, सागर कुंजाम, भानुमति मंडावी,बिमला ,लक्ष्मी,मुरही,रीना, पलना कुमारी, एवं समस्त पांच रोजगार सहायक ओम प्रकाश साहू, उपस्थित रहे।

———————–

10. भानुप्रतापपुर: कनेचुर में बस्तर मुन्ने शिविर आयोजित शिविर स्थल में ही 3 बच्चों का जाती प्रमाण पत्र बनने से अभिभावकों ने जताई खुशी

-राज्य शासन के मंशानुरूप शासन की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस्तर मुन्ने(अग्रणी बस्तर)कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उक्त शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कनेचुर में बस्तर मुन्ने शिविर का आयोजन किया गया शिविर में विभिन्न विभागों के योजना संबंधी कुल 34 आवेदन ग्रामीणों के द्वारा दिया गया जिसमे से 5 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया एंव शेष 29 आवेदनों का संबंधित विभाग द्वारा समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगागांव के तीन बिटिया यारिका कुमेटी दीक्षा कुमेटी आकांक्षा कुमेटी बच्चों का गांव के शिविर स्थल में जाती प्रमाण पत्र बन जाने से अभिभावकों ने जताई खुशी जाती प्रमाण पत्र बनवाने आए बच्चो के माता पिता ने कहा भीषण गर्मी में शासकीय दफ्तर जाना नही पड़ा गांव में ही शिविर आयोजित करने से हमारे बच्चो का जाती प्रमाण पत्र बनाया गया जिसके लिए हम शासन को धन्यवाद देते है बच्चो के अभिभावकों को सरपंच संतोषी कुमेटी के हाथों जाती प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया, पुनिता पटेल को शिविर स्थल में मिला विवाह प्रमाण पत्र एंव संतलाल गोटा को शिविर स्थल में ही निवास प्रमाण पत्र बनाया गया आवेदनों में नरेगा जॉब कार्ड 9 पीएम आवास 3 उज्वला गैस योजना 2 पीएम किसान सम्मान निधि 2 जल जीवन मिशन 1 खाद्य विभाग राशन कार्ड 8 राजस्व विभाग 9 शिविर में सरपंच संतोषी कुमेटी शिविर नोडल अधिकारी बीरेंद्र कोडोपी पीठासीन अधिकारी नर्मदा साहू ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण कवाची पटवारी गिरजा वट्टी तकनीकी सहायक खेमू भुवार्य पंचायत सचिव रामसजीवन माहला लैम्पस कर्मचारी हरेश कुमेटी पन्नालाल कुमेटी ग्राम पटेल कोटवार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियो की उपस्थिति रही

  ——————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 06 मई 2026 बुधवार

—————–—— संपादकीय- प्रेम धवन(गीतकार) पुण्यतिथी पर सादर नमन…. —पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कला सिने जगत में देश के जानेमाने गीतकार रहे। गीतकार के साथ इन्होंने संगीत भी दिया। छोड़ो कल…

आज की टॉप 10 खबर 05 मई 2026 मंगलवार

—————–—— संपादकीय- गोविंद मुनीस(निर्देशक) —1982 में आई जानीमानी प्रसिद्व रही फिल्म नदिया के पार जिसका निर्देशन गोविंद मुनीस द्वारा किया गया था। फिल्म में सचिन,साधना सिंह,इन्द्र ठाकुर,मिताली,सविता बजाज,शीला डेविड,लीला मिश्रा,सोनी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *