आज की टॉप 10 खबर 14अक्टूबर 2026 बुधवार

———————-

संपादकीय
निरूपा राय(अभिनेत्री)

आज 13 अक्टूबर को पुण्यतिथि पर सादर नमन….

निरूपा राय हिन्दी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री रही।निरूपा राय जी के आज 13 अक्टूबर को पुण्य तिथि पर सादर प्रणाम। मूल नाम कोकिलाबेन था हिन्दी सिनेमा में वह नाम जिन्होंने मां के किरदार को बुलंदियों पर पहूंचाया।गंगा तेरे देश में’, ‘छाया’, ‘शहनाई’, ‘मर्द’, ‘बेताब’, ‘शहीद’, ‘दीवार’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘पाताल भैरवी’, ‘ग़रीबी’, ‘हर हर महादेव’, ‘चालबाज’ ‘पूरब और पश्चिम’, लाल बादशाह सहित कईयों फिल्मों में अभिनय किया। तीन बार फिल्म फेयर पुरस्कार से अलंकृत किया गया। 13 अक्टूबर 2004 को उन्होंने बालीवुड कलाजगत एवं दुनियां से हम सबको अलविदा कह दिया। उनके जाने से बालीवुड जगत में दुखों का सैलाब आ गया। आज भी उनकी कई फिल्में जहां उन्होंने माँ की सशक्त भुमिका में नजर आती है कई दफा दर्शकों के आंसु आ जाते हैं।

आज पुण्यतिथी पर सादर प्रणाम है।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

14 अक्टूबर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

———————-

✍️ 01.जिला खनिज न्यास निधि के कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने के निर्देश। धान खरीदी की तैयारियां 20 अक्टूबर से पहले पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

—कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने जिला खनिज न्यास निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के निर्माण में प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों में सूचना बोर्ड लगाने तथा उसमें निर्माण से संबंधित सम्पूर्ण विवरण का उल्लेख करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि इस योजना के अंतर्गत सभी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन किया जाए तथा निर्माण एजेंसियों की आईडी जनरेट किया जाए। अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि कर्त्तव्य बोध से कार्य करें तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर  अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे एवं   जी.डी. वाहिले सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।

फोटो—कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार

कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों में प्रगति की समीक्षा की तथा इसमें तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। पीएम सूर्य घर की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जनपद सीईओ को भी इसमें सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सभी जिला अधिकारियों एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को भी अपने घरों में पीएम सूर्य घर योजनांतर्गत अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्य में लगे वेंडर की बैठक लेने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए गए। जनपद सीईओ को अपने क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक लेकर उन्हें इस योजना की जानकारी देने और अपने घरों में सोलर पैनल लगाने प्रोत्साहित करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी प्रकार सभी विकासखण्डों में चिन्हांकित गांवों को सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए कहा गया।कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने आगामी माह से शुरू होने वाले समर्थन मूूल्य पर धान खरीदी के लिए किए जा रहे तैयारियों की भी समीक्षा की गई और जिले में धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, 20 अक्टूबर से पूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनपद सीईओ को अपने क्षेत्र के सभी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर केंद्रों तक पहुंच मार्ग को दुरूस्त करने के लिए कहा गया है। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकृत करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है।

———————–

✍️ 02. सड़क दुर्घटना में मृत्यु एवं घायल होने के प्रकरण में आर्थिक सहायता स्वीकृत।

 —अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन के लिए 25 हजार रूपए और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए 10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। चारामा तहसील के ग्राम बड़ेगौरी निवासी टिखेन्द्र कुरेटी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके पिता जितेन्द्र कुमार कुरेटी के लिए 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर तहसील के वार्ड क्रमांक-12 नयापारा भानुप्रतापपुर निवासी श्रीमती सरोजसिंह की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पति  बच्चनसिंह के लिए 25 हजार रूपए तथा ग्राम साल्हे निवासी तातूराम दुग्गा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती सरिता दुग्गा के लिए 25 हजार रूपए, अंतागढ़ तहसील के ग्राम छोटेधौंसा निवासी तुकेश कुमार उर्वशा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती तिजनबाई के लिए 25 हजार रूपए एवं सड़क दुर्घटना में घायल ग्राम भैंसासुर मटियाखार निवासी हरेश कोमरा को 10 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।

———————–

✍️ 03. एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 अक्टूबर को।

—जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 अक्टूबर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 340 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सुरक्षा जवान के 250 पद, सुपरवाईजर के 50 पद, बीमा सखी के 10 और फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना फोन के माध्यम से आवेदक को दिया जाएगा।

————————

विज्ञापन

————————

✍️ 04. शांति समिति की बैठक में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा। नगर में शांति बनाये रखने के लिए बुद्विजीवियों ने भी रखे अपने विचार। नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील।

—नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक कांकेर  आशाराम नेताम, कलेक्टर  कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा एवं नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक सहित विभिन्न नगरीय निकायों के अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।  बैठक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं करने तथा भारतीय परंपरा एवं संस्कृति के अनुरूप तबला, ढोलक, मंजीरा एवं अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग का सामूहिक निर्णय लिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों ने इस पहल को सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और शांतिपूर्ण आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

ध्वनि नियंत्रण संबंधी न्यायालयीन निर्देशों का पालन करने की अपील
बैठक में सर्वाेच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में जारी निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर लागू प्रतिबंध सहित निर्धारित ध्वनि सीमा, अनुमत शोर स्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी आयोजकों से ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग से समाज में जाएगा सकारात्मक संदेश-विधायक श्री नेताम’
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि शांति समिति की बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप प्राचीन और स्थानीय वाद्य यंत्रों का उपयोग करते हुए दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने का निर्णय सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ढोल, मंजीरा एवं तबला जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाए। सभी समाज प्रमुख अपने-अपने समाज एवं दुर्गा समितियों की बैठक लेकर इस निर्णय को अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

सभी विकासखंडों में भी आयोजित होंगी शांति समिति की बैठकें – कलेक्टर
कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने कहा कि बैठक में पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सार्थक चर्चा हुई है। इसी क्रम में जिले के सभी विकासखंडों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें दुर्गा समितियों के सदस्यों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को डीजे के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों तथा सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने दुर्गा समितियों से भारतीय परंपरा के अनुरूप पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की। साथ ही सभी दुर्गा आयोजन समितियों को अपने सदस्यों की जानकारी संबंधित थाना में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विसर्जन के लिए समय एवं मार्ग निर्धारित करने तथा स्वयंसेवक तैनात करने पर जोर
पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा ने सामूहिक निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि कांकेर जिले में हमेशा से शांति एवं सौहार्द्र की परंपरा रही है। इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में डीजे के उपयोग को हतोत्साहित करने और सामाजिक कार्यक्रमों में भी इसके उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए समय एवं मार्ग निर्धारित किया जाए। विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर नहीं चलें तथा प्रत्येक दुर्गा समिति अपने स्वयंसेवक नियुक्त करे, जिनमें युवाओं की भी भागीदारी हो। स्वयंसेवकों के सहयोग से विसर्जन जुलूस को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारीगण और मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

————————

✍️ 05. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति में तेजी लाएं, लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर कुन्दन कुमार

—पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में योजना की प्रगति में तेजी लाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर   कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने योजना में प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं वेंडर्स को कार्य में तेजी लाने तथा हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन वेंडर्स द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है तथा लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे वेंडर्स को भविष्य में जिले में किसी भी कार्य का आवंटन नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, बेहतर कार्य करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें मॉडल सोलर विलेज एवं यूएलए मॉडल के मॉडल प्रोजेक्ट में कार्य करने का अवसर प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहन मिलने से योजना के क्रियान्वयन में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं हितग्राहियों की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। बैठक में सोलर वेंडर्स द्वारा बैंकों में सोलर सिस्टम स्थापना के लिए वित्तीय सहायता एवं ऋण संबंधी प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों के वित्तपोषण से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक परिवार योजना का लाभ लेकर सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली बिल में बचत कर सकें।

————————– 

✍️06. ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के बिना विकास कार्यों की स्वीकृति कैसे? प्रशासन से ठाकुर राम कश्यप का सवाल, पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के पालन की उठाई मांग।

—जिले के   वरिष्ठ आदिवासी व कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता ठाकुर राम कश्यप ने प्रशासनिक स्वीकृति और कार्यादेश जारी होने के बाद भी कार्य को निरस्त किए जाने के आदेश पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी कार्य को नियमानुसार स्वीकृति मिल चुकी हो और कार्यादेश भी जारी हो गया हो, तो उसे निरस्त करने का स्पष्ट कारण सामने आना चाहिए। बिना उचित स्पष्टीकरण के इस तरह का आदेश जारी होना समझ से परे है। ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा हो, मंत्री की घोषणा हो या सांसद-विधायक मद से विकास कार्यों की स्वीकृति का मामला हो, ग्राम पंचायत और ग्राम सभा की भूमिका तथा लागू नियमों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जिला प्रशासन से सवाल किया कि क्या त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के प्रावधानों की जानकारी रखते हुए उनका सही तरीके से पालन किया जा रहा है? जब विकास कार्यों में ग्राम पंचायत के प्रस्ताव और निर्धारित प्रक्रिया की भूमिका है, तो स्वीकृति और निरस्तीकरण के मामलों में नियमों का पालन किस आधार पर किया जा रहा है, यह स्पष्ट होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां पेसा कानून के प्रावधानों और ग्राम सभा के अधिकारों का विशेष महत्व है। ऐसे क्षेत्र में प्रशासनिक निर्णय लेते समय ग्राम सभा की भूमिका की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कार्य को स्वीकृति देने के बाद निरस्त किया गया है, तो प्रशासन को उसका आधार और कारण सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए। ठाकुर राम कश्यप ने इस मामले में पेसा कानून की भावना और त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।उन्होंने कहा कि सरपंच और प्रशासन दोनों जनता के सेवक हैं। कोई भी व्यवस्था व्यक्ति विशेष की मर्जी से नहीं, बल्कि नियम-कानून और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुसार चलनी चाहिए। प्रशासनिक पद और अधिकारों का उपयोग जनहित में होना चाहिए, न कि जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायतों के अधिकारों को कमजोर करने के लिए।ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में जल, जंगल, जमीन और स्थानीय स्वशासन से जुड़े अधिकारों की रक्षा जरूरी है। ग्राम सभा की भूमिका और अधिकारों का सम्मान किए बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निरस्तीकरण आदेश के कारणों की स्पष्ट जानकारी दी जाए और पूरे मामले की नियमों के अनुरूप समीक्षा की जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले का संतोषजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के सरपंच और जनप्रतिनिधि मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को मनमानी निर्णयों के बजाय संवाद और सहमति का रास्ता अपनाना चाहिए। पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में लागू संवैधानिक प्रावधानों, पेसा कानून और ग्राम पंचायतों के अधिकारों का सम्मान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, सरकार के पास जो राशि हैं वो जनता की है, जिला प्रशासन इस राशि में किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत हस्तक्षेप नहीं कर सकता जिला प्रशासन कृपया नियमानुसार चले,नहीं तो हम कानूनी सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

 ————————

✍️07.समान नागरिक संहिता पर सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक 15 अक्टूबर को। 

—छत्तीसगढ़ राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने तथा इसके प्रारूप को अंतिम रूप दिए जाने के लिए शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में एक सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन 15 अक्टूबर दिन गुरूवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। उक्त बैठक में राजनीतिक दलों, सर्वसमाज प्रमुख एवं प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों, सभी धार्मिक संगठन प्रमुख एवं सभी संगठन प्रमुखों को उक्त बैठक मे शामिल होने का अनुरोध किया गया है। 

————————

✍️08. 

 

—
 ———————–

 ✍️09.जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर 14 अक्टूबर को

—छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के उपलक्ष्य में नागरिकों के सम्मान में स्वस्थ नागरिक-स्वस्थ परिवार के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से 14 अक्टूबर बुधवार को आयुष पॉलीक्लिनिक श्रीरामनगर कांकेर में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर (आयुष मेगा कैम्प) का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक किया जाएगा। उक्त शिविर के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक   आशाराम नेताम होंगे तथा अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष  अरूण कौशिक द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, रामनगर के पार्षद   अजय रेणु सहित ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ के सरपंच एवं उप संरपंच मौजूद रहेंगे।शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन के तहत बालिकाओं, युवतियों एवं प्रौढ़ महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार किया जाएगा। शिशुओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वर्णप्राशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सिकल सेल, एनीमिया, सूखा रोग तथा अन्य बाल रोगों के उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था की जाएगी। युवा एवं खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स मेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। वहीं उदर रोग, छाती संबंधी बीमारियों, चर्म रोग और मानसिक विकारों से पीड़ित नागरिक भी चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए गठिया-वात, किडनी, उदर एवं चर्म रोग सहित वृद्धावस्था से संबंधित अन्य बीमारियों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा की मिलेगी सुविधा
आयुष मेगा कैम्प में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में विशेष रूप से पंचकर्म, कपिंग थेरेपी, अग्निकर्म पद्धति और एक्यूपंक्चर चिकित्सा, आयुष प्रदर्शनी, रक्त जांच, नेत्र जांच तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। जिला आयुष विभाग ने जिले के नागरिकों से अपने परिवार सहित शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।

  ———————–

✍️ 10.

—  

————————

विशेष—

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 13अक्टूबर 2026 मंगलवार

———————- संपादकीय निरूपा राय(अभिनेत्री) आज 13 अक्टूबर को पुण्यतिथि पर सादर नमन…. निरूपा राय हिन्दी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री रही।निरूपा राय जी के आज 13 अक्टूबर को पुण्य तिथि पर…

आज की टॉप 10 खबर 12 अक्टूबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 12 अक्टूबर  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ✍️ 01.सुरावड(लखनपुरी) में 11 अक्टूबर को एक दिवसीय सस्वर मानसगान का समापन  देर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *