आज की टॉप 10 खबर 31 अक्टूबर 2026 शनिवार

———————-

संपादकीय—

गरीबी का कारण क्या?
-आर्थिक हालातों से हतोत्साहित न हों कलमकार

—गरीबी का मूल कारण ‘अकर्मण्यता’ ही है। इसके साथ ही उनके नीति और नीयत का साफ न होना भी प्रमुख कारण है। जब तक उनके स्वयं की नीति और नीयत साफ नही होगा वो कैसे आगे बढ़ सकता है! किसी तरह मेहनत कर कमाये धन का अनर्गल शराब,जुए एवं अन्य गलम कार्यों में व्यय उन्हें एक न एक दिन गरीब ही बनायेगा। गलत नीयत से अर्जित संपदा और उस संपदा के चलते उसके व्यवहारों में विकृति आ जाना भी लोगों के पतन का कारण बनता है। जिसका ही परिणाम है कि वो अर्श से फर्श पर पहुंच जाता है। सच के रास्तों पर नहीं चलने की सजा तो एक दिन भुगतना ही पड़ेगा वो भी इसी जिंदगी में। जिस गरीबी की बात कर रहे वो आर्थिक गरीबी का है। लेकिन पारिस्थितिक गरीबी का प्रभाव भी कई लोगों को आर्थिक गरीबी की ओर ले जाता है। बुद्वि की देवी ने यदि किसी को कला प्रतिभा दी है,तो उसका सम्मान करना है,यही उनकी आर्थिक गरीबी भी दूर कर देती है। लेकिन जिनके पास अकूत संपदाएं तो है,लेकिन वो बौद्विक रूप से भी कभी-कभी गरीब होते देखा जा सकता है,जो ही उन्हें अर्श से फर्श पर पहुंचा देती है। समाज में ही देखें कि कैसे जिनके हाथों में पैसा होता है,वो अपनी प्रसिद्वि के लिए यत्र तत्र दान दक्षिणा चंदे देते मंचों पर अपने नाम के उच्चारण की खुशी के लिए पैसे खर्च करता है,लेकिन चुंकि उनकी गरीबी इतना है कि बेचारों का इसके बावजूद नाम नहीं चलता। जिनमें बौद्विक प्रतिभा है,मुख्यतः ‘लेखन’ चूंकि यहां जब कलम लेकर बैठता है तो आर्थिक बातें उनके दिमाग से गौण हो जाती है,जिसका कोई कीमत नहीं है। जिसके चलते ही आर्थिक हालात भी कमजोर होती है,लेकिन यह कड़वी सच्चाई है कि बौद्विक प्रतिभा के ऊपर सरस्वती का वास होने से आर्थिक हालातों के साथ साम्य बना लेती है,इसे हर कलमकार को महसूस किये जाने की जरूरत है। इसलिए किसी भी कलमकार को आर्थिक बातों के तारतम्य कभी हतोत्साहित नहीं होना चाहिए।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

31 अक्टूबर  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. जिला स्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कृषि विज्ञान केंद्र सिंगारभाट में आयोजित, जिले के किसानों को लगभग 16 करोड़ रुपये का मिला लाभ।

 

—प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त की राशि आज प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से अंतरित की गई। इस किस्त के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। देशभर में 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।इस अवसर पर कांकेर जिले में जिला स्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, सिंगारभाट में किया गया। कार्यक्रम में सांसद   भोजराज नाग, विधायक कांकेर   आशाराम नेताम, कलेक्टर   कुन्दन कुमार एवं एसपी शामिल हुए। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। जिले के कुल 78 हजार 973 पंजीकृत किसानों को 24वीं किस्त के तहत लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई। पिछली किस्त की तुलना में इस बार जिले में 1,114 अधिक किसान लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद   भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त किसानों के लिए दीपावली से पहले एक महत्वपूर्ण सौगात है। इसे किसानों के लिए छोटी दीपावली के रूप में भी देखा जा सकता है। प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने, कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कम पानी में बेहतर उत्पादन के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना, जल संरक्षण करना और स्प्रिंकलर जैसी सिंचाई प्रणालियों का उपयोग करना आवश्यक है, जिसका उपयोग किसान कर सकते हैं।

विधायक  आशाराम नेताम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की जरूरतों एवं समस्याओं को लेकर संवेदनशील हैं। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा दलहन, तिलहन, कोदो-कुटकी एवं अन्य मिलेट्स की खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए पशुपालन, बकरी पालन, फल-फूल एवं कंद-मूल की खेती को भी अपनाएं। घर की बाड़ियों में भी सब्जियों एवं अन्य उपयोगी फसलों का उत्पादन कर स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। इससे छोटे एवं सीमांत किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों की संख्या में पिछली किस्त की तुलना में 1,114 की वृद्धि होना उत्साहजनक है। उन्होंने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों की सलाह एवं वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर उन्नत खेती करने, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा कृषि में आधुनिक मशीनों का उपयोग बढ़ाने की अपील की।

कलेक्टर ने चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से किसानों की फसलों को हुई संभावित क्षति के संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय के निर्देशानुसार राजस्व एवं कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति का आंकलन किया जा रहा है। प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगामी धान कटाई के मौसम को देखते हुए किसानों से सतर्कता बरतने और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक   नरेंद्र तायडे़ ने किसानों को तिलहन फसलों की खेती में आधुनिक कृषि मशीनरी के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से फसल की उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और समय की बचत करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जिला खनिज न्यास निधि से जिले के 125 किसानों को उड़ावनी पंखों का वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। सांसद  भोजराज नाग, विधायक  आशाराम नेताम एवं कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया तथा किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, सिंगारभाट की सरपंच श्रीमती कौशल्या नेताम, वरिष्ठ वैज्ञानिक   बीरबल साहू, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

———————–

✍️ 02. तीन दशकों से अधिक की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा का सम्मानपूर्ण समापन : उप निरीक्षक रमेश राम भगत एवं सहायक आरक्षक अस्सी राम कोमरा को कांकेर पुलिस ने दी भावभीनी विदाई।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, डीएसपी (बा.वि.अ.अ.) सुश्री प्रतिभा लहरे एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे की उपस्थिति में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक रमेश राम भगत एवं सहायक आरक्षक अस्सी राम कोमरा के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।समारोह के दौरान दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के दीर्घ सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण का स्मरण करते हुए उन्हें प्रतीक चिह्न, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की। उप निरीक्षक रमेश राम भगत ने दिनांक 09 मई 1994 को आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 32 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जिला गुना (मध्यप्रदेश) एवं जिला उत्तर बस्तर कांकेर के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में पदस्थ रहकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अपने सरल एवं शांत स्वभाव, कर्तव्यपरायणता तथा कार्य के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने अधिकारियों एवं सहकर्मियों के बीच विशिष्ट सम्मान अर्जित किया।सहायक आरक्षक अस्सी राम कोमरा ने दिनांक 02 अगस्त 2011 को सहायक आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 15 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी कर्मठता, अनुशासन एवं समर्पण से पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और उत्तरदायित्व का संकल्प है। दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन कर पुलिस विभाग की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव, अनुशासन एवं सेवाभाव विभाग में कार्यरत भावी पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य लिपिक श्री विजय देवांगन, उप निरीक्षक   हनुमंत जैन, उप निरीक्षक  दयालु राम साहू, उप निरीक्षक डोमार सिंह पिपरिया,प्रशिक्षु सूबेदार रोहित वर्मा एवं प्रशिक्षु सूबेदार संजय ध्रुव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

———————–

✍️ 03. महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में निवेश के नाम पर करीब 70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार। करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अंतागढ़ पुलिस की कार्रवाई। निवेश पर 05 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) एवं डेढ़ वर्ष में रकम दोगुनी करने का दिया जाता था प्रलोभन। प्रकरण में पूर्व में भी 02 आरोपी गिरफ्तार, अब सहयोगी आरोपी अमर कुमार निहाल भी गिरफ्तार।

—पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों एवं सहयोगियों द्वारा कंपनी में पैसा निवेश करने पर 05 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने तथा डेढ़ वर्ष में निवेश की गई रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराए गए थे। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 500 लोगों को अपने झांसे में लेकर करीब 70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों द्वारा पीड़ित सरकारी कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से ऋण लेने के लिए प्रेरित कर ऋण की पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने रकम देना बंद कर दिया और निवेशकों की जमा राशि लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस   संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना अंतागढ़ एवं साइबर सेल कांकेर की टीम द्वारा प्रकरण की विवेचना एवं आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रकरण में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पूर्व में आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका , साजा जिला बेमेतरा तथा आरोपी नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया था। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया जा चुका है।इसी विवेचना के दौरान सहयोगी आरोपी अमर कुमार निहाल को दिनांक। 24.10.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश कर जेल दाखिल किया गया।गिरफ्तार आरोपी का विवरण में—अमर कुमार निहाल, श्री पिता बया निहाल, उम्र 41 वर्ष, निवासी कुआकोंडा, जिला दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़)। पुलिस टीम में— इस प्रकरण में थाना प्रभारी अंतागढ़ कोमल भूषण पटेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नकुलचंद पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप यादव, आरक्षक पुष्कर कश्यप, आरक्षक टिकेश्वर डोंगरे महिला आरक्षक लोकेश्वरी गावड़े सहित थाना अंतागढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

————————

✍️ 04. पुलिस स्मृति सप्ताह के अंतर्गत थाना लोहत्तर में वीर शहीद कृष्णा कोमरा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लोहत्तर में आयोजित किया गया विशेष कार्यक्रम।विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को शहीद के अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान से कराया गया अवगत।

—पुलिस मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के मार्गदर्शन में दिनांक 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पुलिस झण्डा दिवस एवं पुलिस स्मृति सप्ताह के अंतर्गत थाना लोहत्तर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इसी क्रम में थाना लोहत्तर परिसर में वीर शहीद कृष्णा कोमरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया गया। इसके पश्चात शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लोहत्तर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को शहीद कृष्णा कोमरा के जीवन, अदम्य साहस, वीरता एवं कर्तव्यनिष्ठा के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं शहीदों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर थाना लोहत्तरप्रभारी श्री ऋषभ वाजपेयी व अन्य पुलिस स्टाफ, शाला के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शहीद कृष्णा कोमरा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 ——————-

✍️ 05. कांकेर में 31 अक्टूबर को निकाली जाएगी ‘रन फॉर यूनिटी’, राष्ट्रीय एकता का दिया जाएगा संदेश।

—लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय कांकेर में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन कांकेर द्वारा आयोजित एकता दौड़ प्रातः 07 बजे नरहरदेव स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड तक निकाली जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। दौड़ के माध्यम से लोगों को एकजुट होकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। ‘एकता की दौड़, राष्ट्र के नाम’ तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में सहभागिता के माध्यम से नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

 ——————-

✍️06. जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 31 अक्टूबर को।

— खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 31 अक्टूबर दिन शनिवार को प्रातः 10 बजे से नया बस स्टैण्ड डोम कांकेर में किया जाएगा। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा इत्यादि गतिविधियां आयोजित की जाएगी। युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

————————

✍️07.कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा  ने राज्योत्सव स्थल पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

—आगामी 2 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा ने आज नरहरदेव स्कूल मैदान स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   भागवत प्रसाद जायसवाल सहित लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जति कल्याण विभाग, उपसंचालक पंचायत, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

————————

✍️08.हल्बा पुलिस चौकी प्रभारी दीपा सिंह केवट एवं एसआई चेतन साहू पर तत्काल हटाने की कार्रवाई को लेकर चारामा विकासखंड के महानदी परिक्षेत्र के कई ।पंचायत,जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कांकेर को लिखित में शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। 

—आज चारामा विकासखंड के महानदी उस पार के पंचायत जनप्रतिनिधियों,जिनमें कई गांव के सरपंच,जनपद, पंचायत सदस्य के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा को सौंपा। ज्ञापन में जनपद पंचायत क्षेत्र क्रं. 17 के चिंता राम साहू ने अपने आवेदन में लिखा है— यह कि मैं जनपद पंचायत सदस्य, सभापति पूर्व अध्यक्ष दशहरा उत्सव समिति अरौद  क्षेत्र का  जनप्रतिनिधी हूं। यह कि गत 21 अक्टूबर को जब मेरे गृह ग्राम अरौद जहां जिले का ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव मनाया जा रहा था, इस महती दिन में सुरक्षा शांति व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी हल्बा प्रभारी दीपा सिंह केंवट आई थी,जो दशहरा ग्राउंड पर सुरक्षा व्यवस्था पर ड्युटी की छोड मुझे कई लोगों के सामने अभद्र व्यवहार करते हुए जलील किया, चौकी प्रभारी ने मुझसे पैसा का डिमांड करते हुए नहीं देने पर देख लुंगी करके धमकी दी है, जिससे मेरे आत्मसम्मान को ठेस लगा है। घटना के वक्त ग्राम के पुनीत साहू पिता बिसु साहू,श्यामाचरण गजेंद्र पिता जोहर गजेंद्र संतु राम साहू आदि थे। मेरा सम्मान सिर्फ मेरा ही नहीं अपितु आम जनता का अपमान है,विदित हो कि इस पावन दशहरा उत्सव जहां हमारे इस आयोजन में छत्तीसगढ शासन के मंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों का आगमन होता है,ऐसे मौके पर पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा अपमान किये जाने के चलते मैं उन पर तत्काल उचित कार्रवाई की मांग करता हूं। आवेदन की प्रतिलिपी आईजी जगदलपुर बस्तर एवं गृहमंत्री विजय प्रकाश शर्मा को दी जा रही है।

इसी तरह महानदी क्षेत्र के कई ग्रामपंचायतों‚जनपद पंचायतो के जनप्रतिनिधियों द्वारा भी  ज्ञापन सौंपा गया है‚ जिस आवेदन में लिखा है कि— हम कांकेर जिले के चारामा विकाखंड अंतर्गत पुलिस चौकी हल्बा क्षेत्र के जनप्रतिनिधी एवं आम ग्रामीण हैं। यह कि हल्बा चौकी में पदस्थ नवनियुक्त चौकी प्रभारी दीपा सिंह केंवट द्वारा हमारे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ अभी तक समन्वय नहीं बना पा रही है।समय असमय उनके द्वारा गलत व्यवहार के चलते क्षेत्र की जनता उनके कार्य से असंतुष्ट होते उत्तेजित एवं नाराज है। लगातार हमारे पास क्षेत्र में कोई भी रिर्पोट दर्ज कराने या अन्य किसी भी कार्य के लिए चौकी जाने वालों से पैसे की मांग करती है। जिससे लोग आहत एवं  उग्र  है। चौकी प्रभारी दीपा सिंह केंवट के अतिरिक्त एस.आई.चेतन साहू भी लोगों से अवैध वसुली लेनदेन में संलिप्त है,जिन्हें भी तत्काल इस चौकी से हटाने की जरूरत है। भाजपा मण्डल अध्यक्ष हेम मंडावी ने भी अपने लेटर पेड पर लिखित में शिकायत की है। 

हल्बा चौकी  की स्थापना के बाद पहली बार आज इस प्रकार से शिकायत की गई है‚ पूर्व में ऐसा कुछ शिकायत का मौका ही नहीं आया।वैसे भी यह शांत क्षेत्र है।  लेकिन इस बार त्यौहारों पर  क्षेत्र में  यहां के जनप्रतिनिधियों‚पत्रकारों को भी नहीं बुलाया गया। कुल मिलाकर शिकायत में समन्वय नहीं बना पाने की शिकायत की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इधर प्रेस से बात करते हुए सभी ने कहा है कि यदि  कार्रवाई नहीं हुई ताे वे आगे उग्र प्रदर्शन भी कर सकते हैं।  

ये थे,उपस्थित
शिकायतकर्ताओं में प्रमुख रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जागेश्वरी भास्कर एवं महिला जनपद सदस्यों में अनिता बंजारे, गरिमा रावटे,संतोषी सिन्हा तथा चिंता साहू अन्य प्रतिनिधियों में सत्कार पटेल, जगमोहन दर्रो, रूपेश मरकाम, रिकेश्वर हिरवानी,सत्यनारायण साहू, राजेंद्र सलाम, राजेंद्र जैन, रामकुमार रायस्त, मनोज जैन,परमानंद साहू, दीपांकर सिन्हा,घासी पटेल, पुनीत साहू, श्यामाचरण,हेम मंडावी, टीकम साहू, चित्रसेन साहू,विकास मंडावी,रवि, परमेश सिन्हा,गंगासागर,टिकेश साहू आदि रहे।

 ———————–

 ✍️09. अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य डॉ. गीता शर्मा जबलपुर में कादम्बरी सम्मान से अलंकृत होंगी।

—अंतर्राष्ट्रीय संस्था कादंबरी अखिल भारतीय साहित्यकार,पत्रकार सम्मान समारोह 2026 जहां 129 साहित्यकारों का सम्मान 04 लाख 18200 की सम्मान निधी से सम्मानित किया जाना है। कार्यक्रम कल 31 अक्टूबर अपरान्ह 2 बजे,शहीद स्मारक सभागार गोल बाजार जबलपुर में आयोजित है।

इस आयोजन में कांकेर की जानी मानी अंतर्राष्ट्रीय पटल पर ज्योतिष क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करने वाली डॉ.गीता शर्मा(ज्योतिषाचार्य) भाग ले रही है। उनके हाथों स्व. हनुमान प्रसाद शर्मा कादम्बरी सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। यह आयोजन लाईव होगा जिसे देश विदेश में देखा जा सकेगा। डॉ. गीता शर्मा के हाथों कई साहित्यिक विभुतियां सम्मानित होंगे। गौरतलब है कि पिछले ही वर्ष डॉ. गीता शर्मा को कादम्बरी सम्मान से अलंकृत किया गया है।

———————–

✍️ 10.चक्रवाती तूफान अर्नब से धान की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा और फसल बीमा की राशि जल्द देने की मांग, चारामा किसान कल्याण समिति ने उठाई किसानों की समस्याएं

 

—क्षेत्र के किसानों ने धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल करने, एग्रीटेक पंजीयन की अनिवार्यता समाप्त करने और चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। इन मांगों को लेकर क्षेत्रीय किसान कल्याण समिति की ओर से स्थानीय एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने छत्तीसगढ़ शासन से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में धान की खरीदी के दौरान किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाए। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार हर साल धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी करती है, लेकिन राज्य में किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। ऐसे में किसानों को बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलना चाहिए।

एग्रीटेक की अनिवार्यता खत्म करने की मांग

किसानों ने इस साल धान खरीदी के लिए एग्रीटेक पंजीयन को लेकर भी परेशानी बताई। ज्ञापन में कहा गया है कि पंजीकृत किसानों के साथ उनके हिस्सेदारों का भी एग्रीटेक पंजीयन अनिवार्य किया जा रहा है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने इस अनिवार्यता को खत्म करने और सभी पात्र किसानों से धान खरीदी करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि यह नियम जारी रहा तो कई किसान धान बेचने से वंचित हो सकते हैं।

तूफान से खराब हुई फसल का मिले मुआवजा

चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि खराब मौसम और बारिश के चलते उनकी फसल प्रभावित हुई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समिति ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और किसानों को फसल बीमा की सहायता राशि जल्द देने की मांग की है। साथ ही बीमा कंपनी को आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की गई है, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।

किसानों के हित में प्रशासन करे पहल : ठाकुर राम कश्यप

जनपद उपाध्यक्ष चारामा ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि चारामा ब्लॉक में किसान कल्याण समिति की ओर से जनदर्शन के माध्यम से किसानों की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने की अच्छी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं मिल पा रही है, इसलिए बीमा राशि जल्द देने की मांग की गई है। एग्रीटेक पंजीयन के कारण किसानों को परेशानी हो रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। वर्तमान में अतिवृष्टि के कारण किसान परेशान हैं। प्रशासन प्रभावित फसलों की रिपोर्ट तैयार कराकर किसानों को मुआवजा और फसल बीमा की राशि दिलाए। उन्होंने शासन और प्रशासन से किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

त्योहार से पहले किसानों को मिले बीमा राशि : विजय ठाकुर

किसान कल्याण समिति के संरक्षक विजय ठाकुर ने कहा कि चारामा विकासखंड के किसानों की ओर से प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा है, इसलिए प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस साल 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की घोषणा की गई है। किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान मिलना चाहिए। उन्होंने एग्रीटेक पंजीयन की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों और उनके हिस्सेदारों को अलग-अलग पंजीयन कराने में काफी परेशानी हो रही है। शासन से मांग है कि किसानों को त्योहार से पहले फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराई जाए।

किसानों को राहत मिलने का इंतजार

किसान कल्याण समिति ने प्रशासन के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन तक अपनी मांग पहुंचाई है। अब किसानों को इंतजार है कि उनकी समस्याओं पर कब तक कार्रवाई होती है और फसल नुकसान के बदले उन्हें बीमा राशि व मुआवजा कब तक मिल पाता है।

————————

विशेष—

कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने दुर्गूकोंदल स्थित कन्या आवासीय छात्रावास एवं विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से की आत्मीय चर्चा

— दुर्गूकोंदल स्थित कन्या आवासीय छात्रावास में विगत दिनों हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति में एसडीएम भानुप्रतापपुर  अनिकेत फडतरे, डिप्टी कलेक्टर रानू मैथ्यूज़,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री जया मनु, खंड चिकित्सा अधिकारी दुर्गूकोंदल डॉ. मनोज किशोर तथा नायब तहसीलदार कोरर श्रीमती योगिता पात्रे को शामिल किया गया है। समिति घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच कर 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने आज दुर्गूकोंदल स्थित कन्या आवासीय छात्रावास एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की अधीक्षिका से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर शैक्षणिक वातावरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान एक छात्रा के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने एसडीएम को मेडिकल कॉलेज से समन्वय कर छात्रा का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने, चिकित्सकों के भ्रमण तथा आवश्यकता अनुसार मनोचिकित्सक की सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आगामी दिवस में छात्रावास में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के लिए भी कहा।कलेक्टर ने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में सुरक्षा की दृष्टि से गार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा छात्राओं की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई हो।इसके अलावा पेयजल की गुणवत्ता की जांच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के माध्यम से कराने एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों में नियमित निरीक्षण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

किसानों के हित में प्रशासन करे पहल : ठाकुर राम कश्यप

—चक्रवाती तूफान अर्नब से धान की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा और फसल बीमा की राशि जल्द देने की मांग, चारामा किसान कल्याण समिति ने उठाई किसानों की समस्याएं…

आज की टॉप 10 खबर 30 अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————- संपादकीय— खबरों के पेज भी यु पलटते हैं, लोग —वो भी दिन थे, जब कोई खबर समाचार पत्रों में लगा करती थी, तो प्रशासन हिल जाया करता था। वो…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *