आज की टॉप 10 खबर 11 अगस्त 2026 मंगलवार

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
11 अगस्त  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01.मलेरिया नियंत्रण हेतु सघन जांच अभियान चलाएं: कलेक्टर श्री क्षीरसागर। पुल-पुलियों से ऊपर जल स्तर बढ़ने पर आवाजाही बंद हो। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक ।

-कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए जिले में मलेरिया के रोकथाम के लिए संवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। बारिश के दिनों में नदी-नालों में बने पुल-पुलियों के ऊपर जल स्तर बढ़ने पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन तथा सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकृत करने के लिए कहा गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे। समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अंदरूनी क्षेत्रों में भवन विहीन प्राथमिक शाला के लिए भवनों के निर्माण, आंगनबाड़ी, गोदाम सह उचित मूल्य दुकान इत्यादि निर्माण कार्यों के लिए वीबी जी-रामजी योजना अंतर्गत प्रस्ताव भेजने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सीसी रोड, धरसा रोड निर्माण के लिए पात्रतानुसार कार्य स्वीकृत किए जा सकते हैं। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं प्रधानमंत्री आवास का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों से कहा गया है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदन कार्ड की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई, साथ ही शासकीय प्रयोजन के लिए भू-अधिग्रहण के प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया गया। इसी तरह ज्ञान भारतम पांडुलिपि, निष्क्रिय एवं डीफ बैंक एकाउंट, खनिज न्यास निधि के तहत निर्माण कायों, नेल्लानार पंचायतों में विकास कार्य, विशेष केंद्रीय सहायता मद के तहत स्वीकृत कार्य, ग्राम स्वराज अभियान सहित एग्रीस्टैक पंजीयन के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 ———————–

 ———————–

✍️ 02. तिरंगा यात्रा की तैयारियों का कलेक्टर एवं सीईओ ने लिया जायजा।

— जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री  अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में कांकेर विधायक   आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। रंगे के साथ दिया जाएगा एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश  तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्बि देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी। तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासित रूप से मार्च करेंगे। देशभक्ति गीतों, नारों और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण के बीच यात्रा आगे बढ़ेगी। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागी बनें और तिरंगे के सम्मान में एक साथ कदम बढ़ाएं। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू ने आज तिरंगा यात्रा के लिए नरहरदेव विद्यालय प्रांगण और मिनी स्टेडियम में किए जा रहे तैयारियों का अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ जायजा भी लिया।

  ———————

 ———————–

✍️ 03. ध्वजारोहण समारोह स्थल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी

 —स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य ध्वजारोहण समारोह में सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा कार्यपालिक दण्डाधिकारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेशानुसार अनुविभागीय दण्डाधिकारी कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे की व्हीआईपी सेक्टर मंच हेतु ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार शहीद परिवार सेक्टर हेतु नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी कांकेर श्री संजय कुमार राय, मंच व्हीआईपी प्रवेश द्वार हेतु तहसीलदार कांकेर   पौरस वेन्ताल, पत्रकार सेक्टर हेतु नायब तहसीलदार सरोना   अभिषेक देवांगन, अधिकारी सेक्टर के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री आस्था बोरकर, महिला सेक्टर हेतु नायब तहसीलदार कांकेर सुश्री दुर्गावती कुजूर, गणमान्य नागरिक सेक्टर हेतु नायब तहसीलदार कांकेर सुश्री चंदा नाग, पब्लिक सेक्टर हेतु नायब तहसीलदार भानुप्रतापपुर  प्रवीण कुमार नेताम तथा व्हीआईपी पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था के लिए नायब तहसीलदार चारामा   कृष्ण कुमार पाटले की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, आदिवासी विकास, पुलिस, जनसंपर्क, शिक्षा, जल संसाधन, समाज कल्याण, खाद्य, नगरपालिका, क्रेडा, श्रम, महिला एवं बाल विकास तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी समारोह स्थल पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। उक्त अवसर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र कुर्रे कानून व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार पर रहेंगे।

————————

✍️ 04. टी.बी. मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित

— राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिला कांकेर में टी.बी. मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने एवं जिले को टी.बी. मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर   निलेशकुमार क्षीरसागर महादेव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में नए चयनित विकासखंड नोडल अधिकारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों, विभागीय समन्वय, टीबी मरीजों की पहचान एवं उपचार, जन जागरूकता, निक्षय मित्र, सामुदायिक सहभागिता तथा टीबी मुक्त ग्राम, क्षेत्र की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही जिले में टी.बी. उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। टी.बी. उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग जैसे- पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों सहभागिता निभाने के लिए कहा गया है।टीबी के संभावित मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार शुरू करने के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित नोडल चिकित्सक द्वारा बताया गया कि लंबे समय से खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख कम लगना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण पाए जाने पर व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों से अपील की गई कि वे अपने मैदानी अमले के माध्यम से टीबी के लक्षण वाले लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें और टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक में सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे व  ए.एस. पैकरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. के.के.  ध्रुव सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

 ————————

✍️ 05.स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ‘स्वतंत्रता दिवस’ के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इस दिन जिले की समस्त देशी, विदेशी मदिरा (कम्पोजिट) प्रीमियम मदिरा की फुटकर दुकानों, देशी, विदेशी मदिरा (कम्पोजिट) मदिरा के फुटकर दुकान से संलग्न अहातों एवं एफ.एल.4 (क) व्यवसायिक क्लब व एफ.एल.7, सैनिक कैन्टीन को पूर्णतः बंद रखे जाने के लिए आदेशित किया गया है। शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का सम्पूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन व विक्रय पर पूर्णतः नियंत्रण रखने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया है।  

————————

✍️06.ऑनलाइन शॉपिंग एवं डिलीवरी संचालकों की बैठक लेकर कांकेर पुलिस ने दिए सख्त दिशा-निर्देश।संदिग्ध पार्सल एवं संदिग्ध ऑर्डर की पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए डिलीवरी एवं कूरियर संचालकों को किया गया निर्देशित।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ऑनलाइन माध्यम से धारदार एवं प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री और डिलीवरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों, डिलीवरी एजेंसियों एवं कूरियर संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर   जितेन्द्र साहू की उपस्थिति में संबंधित संचालकों एवं प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 डिलीवरी एजेंसियों को दिए गए प्रमुख निर्देश:-
1. संदिग्ध पार्सल पर विशेष निगरानी
चाकू, छुरी, गुप्ती, बटनदार चाकू , एयरगन अथवा अन्य संदिग्ध धारदार वस्तुओं से संबंधित पार्सल पर विशेष सतर्कता बरतें तथा संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

2. संदिग्ध ऑर्डर की तत्काल सूचना
यदि किसी व्यक्ति द्वारा बार-बार अथवा बड़ी मात्रा में ऐसी संदिग्ध वस्तुओं का ऑर्डर किया जाता है, विशेषकर नाबालिगों अथवा असामाजिक प्रवृत्ति के युवाओं द्वारा, तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

3. ग्राहक सत्यापन अनिवार्य
संदिग्ध अथवा संवेदनशील वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान प्राप्तकर्ता की पहचान एवं मोबाइल नंबर का उचित सत्यापन करें तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।

4. लापरवाही पर होगी वैधानिक कार्रवाई
यदि किसी आपराधिक घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार ऑनलाइन माध्यम से मंगाया जाना पाया जाता है और जांच में संबंधित डिलीवरी एजेंसी अथवा संचालक की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 बैठक में शामिल प्रमुख डिलीवरी एवं कूरियर प्रतिनिधि :-
कांकेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत फ्लिपकार्ट, शैडोफैक्स, मीशो, एक्सप्रेसबीज़, अमेज़न,
डीटीडीसी सहित अन्य ऑनलाइन डिलीवरी एवं कूरियर सेवाओं के प्रतिनिधियों को बैठक में आमंत्रित कर आवश्यक समझाइश दी गई।

बैठक में कृष्णा यादव, रोशन नेताम, संदीप यादव, मनोज यादव, डिकेश्वर साहू, कपिल वर्मा, सुरज कुंजाम, अब्दुल कादर सहित संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

————————

✍️07. गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता समारोह।मुख्य अतिथि होंगे राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा

—जिले में स्वतंत्रता समारोह गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री   टंकराम वर्मा होंगे। उनके द्वारा शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि श्री वर्मा द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी। सभी शासकीय कार्यालयों में प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, स्कूलों में ध्वजारोहण पश्चात् बच्चों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली जाएगी।

————————

✍️08.कांकेर विधायक आशा राम नेताम का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया गया।

— कांकेर विधायक आशा राम नेताम का जन्मदिवस पूरे धूमधाम से मनाया गया। मौके पर परिवारजनों, भाजपा पदाधिकारियों एवं आम लोगों के बीच केक काटा गया। दिन भर इस उत्सवी बेला का लोग गवाह बने। उन्होंने सभी जनों का आभार जताया।

————————

✍️09.हर घर तिरंगा अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में ध्वजारोहण एवं बाइक तिरंगा रैली का आयोजन ।

— स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत थाना कोयलीबेड़ा एवं 40वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण एवं बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में 40वीं वाहिनी BSF के अधिकारी एवं जवान, थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों तथा कोयलीबेड़ा स्कूल के शिक्षकगण एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में THQ/COB कोयलीबेड़ा परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात 40वीं वाहिनी BSF के कमांडेंट   आर.एस. गिल द्वारा बाइक तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कमांडेंट श्री गिल स्वयं भी रैली में शामिल हुए। बाइक तिरंगा रैली में 40वीं वाहिनी BSF के कुल 80 अधिकारी एवं जवान, थाना कोयलीबेड़ा के निरीक्षक श्री निर्मल जांगड़े सहित 15 पुलिसकर्मी तथा लगभग 35-40 स्थानीय नागरिकों सहित कुल लगभग 135-140 लोगों ने उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ सहभागिता की।

 तिरंगे के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ निकली बाइक तिरंगा रैली THQ/COB कोयलीबेड़ा से प्रारंभ होकर कोयलीबेड़ा गांव एवं मुख्य बाजार, ग्राम जिरामतराई, ग्राम मुनरार, ग्राम उड़ानपुर तथा ग्राम कामतेरा तक पहुंची। रैली के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देशभक्ति की भावना के लिए प्रेरित किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का संदेश दिया गया।

 ———————–

✍️ 10.विधुत विभाग द्वारा गावों में लाईन विस्तार कार्य पर कई जगहों पर बगैर किसानों की सहमति के लगाये जा रहे पोल। भविष्य में हाईटेंशन लाईन भी बनेंगे परेशानी का सबब।

  ————————

विशेष-
कल 11 अगस्त को पिछडा वर्ग समाज की बैठक कोरर में
पिछडावर्ग समाज परिक्षेत्र कोरर के अंतर्गत आनेवाले समस्त ग्राम प्रमुख एवं ग्राम के समाज संगठन पदाधिकारी ,परिक्षेत्र संरक्षक ,अध्यक्ष एवं अन्य सभी पदाधिकारियों युवा प्रकोष्ठ महिला की विशेष बैठक कल 11 अगस्त दिन मंगलवार को समय 2से स्थान मंडी प्रागंण कोरर मे आवश्यक बैठक रखा गया है ।
———————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 अगस्त 2026 सोमवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 10 अगस्त  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01.मलेरिया नियंत्रण हेतु सघन जांच अभियान चलाएं: कलेक्टर श्री क्षीरसागर। पुल-पुलियों से ऊपर…

आज की टॉप 10 खबर 08 अगस्त 2026 शनिवार

 ———————– संपादकीय— पुछिए परसाई से…. श्री हरिशंकर परसाई जी की पुण्यतिथी पर…..बारंबार प्रणाम है‚ नमन है… दैनिक देशबंधु अखबार में पूछिए परसाई कालम पाठकों को याद होगा। इस स्तंभ के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *