———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
02सितंबर 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कलेक्टर कुंदन कुमार ने कलेक्टोरेट परिसर के विभिन्न कार्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण , कार्यालयीन व्यवस्था एवं अनुशासन सुधारने के दिए निर्देश।

— कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज कलेक्टोरेट परिसर कांकेर स्थित विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था तथा कर्मचारियों की उपस्थिति एवं अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में विभिन्न कार्यालयों में लगे पर्दों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन वातावरण को अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने भू-अभिलेख शाखा एवं राजस्व निरीक्षक नजूल शाखा का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को कार्यों का ईमानदारी, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए। इसके पश्चात कलेक्टर ने जनगणना शाखा का निरीक्षण किया।

उन्होंने शाखा में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की संख्या एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा जनगणना कार्य प्रारंभ होने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने शाखा में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, कार्यालयीन अभिलेखों एवं सामग्री को आलमारियों में व्यवस्थित ढंग से रखने तथा कुर्सी एवं टेबल सहित अन्य कार्यालयीन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालयीन अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने जिला कोषालय कार्यालय का भी निरीक्षण के दौरान कोषालय अधिकारी को कार्यालय के कार्यों, प्राप्त होने वाले बिलों एवं उनके निराकरण सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पेंशन से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा, ताकि पेंशन हितग्राहियों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के स्थापना शाखा का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों को कार्यालयीन अनुशासन एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों को अपने नाम एवं पदनाम का नेम प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यालय आने वाले नागरिकों को संबंधित कर्मचारी एवं उनके दायित्वों की जानकारी आसानी से मिल सके। कलेक्टर कुंदन कुमार ने आबकारी कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा वहां साफ-सफाई एवं कार्यालयीन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शाखाओं में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अनुशासित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन अनुशासन में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक नजूल शाखा के एक राजस्व निरीक्षक, जिला कोषालय के एक सहायक ग्रेड-01 तथा स्थापना शाखा के एक सहायक ग्रेड-03 को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
———————-
✍️ 02. दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 सितंबर तक।
— दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए संचालित दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू है। समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार कक्षा पहली से 12वीं तक के पात्र दिव्यांग विद्यार्थी 30 सितंबर तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। संस्थागत सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तथा जिला स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित है। जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की है।
————————–
✍️ 03. प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए तृतीय काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर तक।
— मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश के लिए तृतीय काउंसलिंग की प्रक्रिया 03 से 09 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। तृतीय काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि संबधित जानकारी विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर उपलब्ध है। आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार पात्र विद्यार्थियों को काउंसलिंग सूची में दर्शाए गए आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में निर्धारित तिथि को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित होना होगा। शासकीय अवकाश दिवस 4 से 6 सितंबर तक काउंसलिंग आयोजित नहीं की जाएगी। सीट रिक्त रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग 10 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार प्रयास आवासीय विद्यालय जिला बीजापुर में बालक एवं बालिकाओं के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 03 से 9 सितंबर तक प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। यहां भी शासकीय अवकाश दिवसों में काउंसलिंग आयोजित नहीं की जाएगी।काउंसलिंग हेतु आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य- काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र शामिल हैं। विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ, विधवा माता की संतान, परित्यक्ता महिला की संतान अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता पाए जाने पर विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
————————
✍️ 04. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को ।
— जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासन के तत्वावधान में एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज कांकेर में किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1023 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 36 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 353 पद, फायरमेन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
✍️ 05. एग्रीस्टेक पंजीयन कार्य का कलेक्टर ने किया समीक्षा, एक सप्ताह के भीतर प्रगति लाने के निर्देश। डिजीटल क्रॉप सर्वे में विशेष सावधानी बरतने दिए निर्देश।

—कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज जिले के सभी राजस्व अधिकारियों सहित कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, जिला विपणन संघ तथा विकास कार्यों से संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर एग्रीस्टेक पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व योजना, भू-आबंटन एवं भू-अर्जन की स्थिति सहित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। एग्रीस्टेक पंजीयन की अनुभाग एवं तहसीलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य का 65 प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर से पहले जिले में एग्रीस्टेक पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। इस कार्य में जनपद पंचायत एवं सहकारिता से जुड़े विभागों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों तथा शहरों से लगे ग्रामों में विशेष सावधानी बरतने कहा, ताकि एग्रीस्टेक पंजीयन में केवल कृषि भूमि ही शामिल हो। कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की और एक सप्ताह के भीतर कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में केवल धान फसल को ही शामिल किया जाए। मक्का, सब्जी, रागी, कोदो-कुटकी आदि अन्य फसलों तथा तालाब जैसी गैर-कृषि मदों को डिजिटल क्रॉप सर्वे में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। बैठक में शासकीय योजनाओं के लिए भू-आबंटन एवं भू-अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने एकता नगर कांकेर में स्थापित होने वाले विद्युत सब स्टेशन कार्य से संबंधित भूमि आबंटन की समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। वहीं चारामा विकासखंड के लखनपुरी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना के लिए सीएसआईडीसी द्वारा विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को लीज पर आबंटित भूमि का यथाशीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े भूमि संबंधी प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने कहा है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर कांकेर जितेन्द्र कुर्रे, अंतागढ़ ए.एस. पैकरा, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, विपणन संघ, कृषि, मत्स्य पालन, विद्युत वितरण कंपनी, लोक निर्माण विभाग एवं उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
————————
✍️06. कौशल प्रशिक्षण से रोजगार की ओर बढ़े कांकेर के युवा, कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने सौंपे नियुक्ति पत्र।

— जिले के सुदूर एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और सकारात्मक पहल सामने आई है। प्रथम हॉस्पिटैलिटी ट्रेनिंग सेंटर, कुरूद में कांकेर जिले के विभिन्न विकासखंडों के 12 युवा विभिन्न रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें हाउसकीपिंग, प्लंबिंग, वेल्डिंग एवं सोलर फिटिंग जैसे क्षेत्रों का प्रशिक्षण शामिल है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के लिए चयनित युवाओं ने आज कलेक्टर कुंदन कुमार से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने अपने प्रशिक्षण एवं अनुभवों के संबंध में कलेक्टर को जानकारी दी। इनमें से 07 युवाओं का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है और उन्हें हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार ने चयनित युवाओं को उनके नियुक्ति पत्र सौंपते हुए बधाई दी साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे ये युवा जिले के अन्य बेरोजगार युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात भगवती नेताम, जयाबती मरकाम, संतोषी वट्टी, रंजला, राजेश्वरी नाग, कुलेश्वरी उसेंडी एवं उमा भारती नुरेटी का हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में चयन हुआ है। इन सभी युवतियों को लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह के वेतन पर रोजगार मिला है। साथ ही उन्हें कार्यस्थल पर भोजन एवं आवास की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इन युवतियों का प्लेसमेंट गुजरात के वडोदरा एवं अंकलेश्वर तथा सिलवासा में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रतिष्ठानों में हुआ है। ये सभी युवतियां कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा, दुर्गूकोंदल, नरहरपुर एवं भानुप्रतापपुर विकासखंडों के विभिन्न जनजातीय एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं में 7 युवतियां शामिल हैं, जिन्होंने कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

सुदूर एवं पूर्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के लिए बनेगी कौशल प्रशिक्षण की कार्ययोजना इस अवसर पर कलेक्टर कुंदन कुमार ने प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के स्कीलिंग कार्यक्रम के संबंध में चर्चा करते हुए कांकेर जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का कौशल प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने विशेष रूप से कोयलीबेड़ा, दुर्गूकोंदल ,भानुप्रतापपुर, विकासखंड के सुदूर गांवों के बच्चों एवं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने कहा। ये क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे हैं और अब यहां विकास, शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो इस दिशा में काम करना हैं। कलेक्टर ने कहा कि इन सुदूर क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं में प्रतिभा एवं क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उचित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रथम फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से ऐसे युवाओं को हाउसकीपिंग, प्लंबिंग, वेल्डिंग, सोलर फिटिंग सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे सुदूर क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण बनने के साथ ही वहां के बच्चों एवं युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित करना आवश्यक है। कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से इन क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
————————
✍️07. प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य कृषक के परिवार को मिली पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता।

—प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य पालन से जुड़े मत्स्यकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से निःशुल्क दुर्घटना बीमा योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत दुर्घटना में बीमित मत्स्यकार की मृत्यु अथवा स्थायी विकलांगता की स्थिति में बीमित व्यक्ति अथवा उसके नामित उत्तराधिकारी को 05 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। वहीं, आंशिक विकलांगता की स्थिति में 2 लाख 50 हजार रुपए तथा चिकित्सा व्यय हेतु अधिकतम 25 हजार रुपए की सहायता का प्रावधान है।मछली पालन विभाग के सहायक संचालक एसएस कंवर ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत तहसील कांकेर के ग्राम भिरवाही निवासी मत्स्य कृषक स्वर्गीय श्री अशोक निषाद की दुर्घटना में मृत्यु होने के पश्चात उनके परिवार को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। श्री निषाद की मृत्यु 24 जनवरी 2024 को भिरावाही पुल से नीचे गिरने के कारण हो गई थी। उनका दुर्घटना बीमा मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से कराया गया था। मत्स्य पालन विभाग के प्रयासों से पीएमएमएसवाई गैस इंश्योरेंस सेल, हैदराबाद द्वारा 01 सितम्बर 2026 को मृतक मत्स्य कृषक की उत्तराधिकारी एवं पत्नी श्रीमती रामकी बाई निषाद के बैंक खाते में बीमा क्लेम की राशि 05 लाख रुपए का भुगतान किया गया। योजना के तहत मिली इस आर्थिक सहायता से दिवंगत मत्स्य कृषक के परिवार को कठिन समय में आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है। मत्स्य पालन विभाग द्वारा जिले के मत्स्य कारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
————————
✍️08. यात्री बस संचालकों की बैठक लेकर यातायात नियमों के पालन एवं यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश। यातायात पुलिस एवं RTO विभाग द्वारा यात्री बसों की नियमित जांच एवं सतत निगरानी । प्रत्येक बस में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश।
—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे )के निर्देशन में जिले के यात्री बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक दीपक साव एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) कांकेर श्री प्रकाश रावटे की उपस्थिति में पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में बस संचालकों को निम्न निर्देश दिए गए—
ओवरस्पीड पर रोक — निर्धारित गति सीमा में ही बसों का संचालन किया जाए।
चालक-परिचालक का सत्यापन — कार्यरत चालक एवं परिचालक का चरित्र एवं आवश्यक सत्यापन कराया जाए।
ड्रेस कोड का पालन — चालक एवं परिचालक निर्धारित ड्रेस/यूनिफॉर्म में ही ड्यूटी करें।
आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करें — बस में चालक एवं बस मालिक का नाम तथा मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए।
निर्धारित स्टॉपिंग का पालन — घड़ी चौक, सेन चौक, बरदेभाटा चौक, ज्ञानी चौक, बस स्टैंड एवं मस्जिद चौक सहित निर्धारित स्थलों पर ही यात्रियों को चढ़ाया एवं उतारा जाए।
किराया सूची अनिवार्य — प्रत्येक यात्री बस में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए।
यात्रियों के सामान की सुरक्षा — सामान रखने के लिए निर्धारित एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
यात्रियों से शालीन व्यवहार — यात्रियों के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें ।
आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था — आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

नियमों के उल्लंघन पर होगी नियमानुसार कार्यवाही:-बस संचालकों को स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का पालन एवं यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बस संचालक, चालक अथवा परिचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।यातायात पुलिस कांकेर एवं RTO विभाग द्वारा यात्री बसों की नियमित जांच एवं सतत निगरानी रखी जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों सहित जिले के समस्त यात्री बस संचालक उपस्थित रहे।
————————
✍️09. थाना नरहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के प्रयास का मामला सुलझा। घर का ताला तोड़कर चोरी करने की कोशिश करने वाला 01 आरोपी गिरफ्तार। घटना में प्रयुक्त गैती एवं टूटा हुआ ताला जप्त।

— पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना नरहरपुर पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने की कोशिश करने वाला 01 आरोपी गिरफ्तार किया। दिनांक 01.09.2026 को प्रार्थिया श्रीमती सत्यभामा कोरेटी, निवासी शीतलापारा कोचवाही, अपने पुत्र के साथ सुबह करीब 08:00 बजे घर में ताला लगाकर खेत में काम करने गई थी।दोपहर करीब 02:30 बजे जब वह घर वापस आई तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर से आवाज आने पर प्रार्थिया ने आसपास के लोगों को बुलाया। इसी दौरान एक व्यक्ति घर से बाड़ी की ओर भागने लगा, जिसे ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय कोरेटी (36 वर्ष), निवासी कोचवाही, थाना नरहरपुर के रूप में हुई। आरोपी द्वारा चोरी करने की नीयत से घर में प्रवेश कर ताला तोड़ने का प्रयास करना स्वीकार किया गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 180/2026, धारा 331(3), 305, 62 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी संजय कोरेटी को दिनांक 01.09.2026 को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में घटना में प्रयुक्त गैती एवं टूटा हुआ ताला जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी में— आरोपी संजय कोरेटी पिता नंदू राम कोरेटी उम्र 36 वर्ष निवासी कोचवाही थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर (छ.ग.) पुलिस बल की टीम में निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल थाना प्रभारी नरहरपुर, सउनि पल्दु राम मण्डावी प्र.आर. खेमराज नेताम,आर. रैन कुमार जैन, आर. हेमराज नेताम आर. रामनाथ ध्रुव।
———————–
✍️
10.मुंबई से वापसी पर राजधानी रायपुर में‚ अजय पप्पू मोटवानी का सम्मान।

—महाराष्ट्र मुंबई से देश के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर द्वारा सम्मानित होकर वापस राजधानी रायपुर आगमन पर। कांकेर की समाजसेवी संस्था जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी का स्वागत किया गया। उन्हें शक्ति बाला फाउंडेशन संस्था के स्थापना दिवस पर सम्मान पत्र भेंट किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे थीं। समारोह की अध्यक्षता रायपुर के विधायक सुनील सोनी द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथियों में संजय श्रीवास्तव अध्यक्ष रायपुर विकास प्राधिकरण ,योगेश अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष फिल्म विकास निगम तथा गोविंद राव चौधरी वरिष्ठ समाज सेवक इत्यादि प्रमुख थे। अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दी थी। सम्मान ग्रहण करते हुए अजय पप्पू मोटवानी ने शक्तिबाला फाउंडेशन सहित समस्त आयोजकों तथा अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और इसे सेवा का सम्मान बताया।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






