आज की टॉप 10 खबर 09 सितंबर 2026 बुधवार

——————

संपादकीय

”बहन पर स्नेह बनाए रखने की चाह”

—अर्थ,भौतिक चकाचौंध ने भी रिश्तों की डोर को कमजोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाई बहन के असीम प्यार को समेटे राखी से लेकर सदियों से मनायी जा रही तीज हरितालिका पर भी स्नेह में अंतर आया है। तीज वैसे तो एक मुख्य पर्व है,जिसकी परंपराएं निर्वहन की जा रही है।
बहन,बेटी के मान सम्मान का पर्व भी है। सम्मान के रूप में साड़ी एक अहम माध्यम बना हुआ है। आज से ज्यादा नहीं तकरीबन तीस वर्ष पूर्व साड़ी की महत्ता पहने जाने वाले परिधान के रूप में थी, जो आज भी है। लेकिन मानव जीवन के हर पर्व पर अब इसकी महत्ता न सिर्फ परिधान आवश्यकता की वस्तु अपितु मान सम्मान की मुख्य वस्तु के नाम पर दर्ज है। आज भी महिलाओं में कोई अवसर पर शिरकत करे तो साड़ी ही सर्वप्रथम बातचीत का माध्यम बनता आ रहा है कि अमूक जगह से,मायके से यह साड़ी दी गयी है।
बहन भाई के बीच रिश्ता सिर्फ साड़ी तक नहीं अपितु स्नेह की अमूल्य भावनाओं और सम्मान का होता है। लेकिन कई दफा कई परिवारों में भाई बहनों में भी आंतरिक कटूता देखने मिलता है। बहन जिनके एक नहीं अन्य दो या चार भाई हैं, तो प्रति वर्ष तीज पर उन्हें लाने पारी बांध दिया जाता है। इस वर्ष इनका तो आने वाले वर्ष उनका पारी है। एक साड़ी की खातिर किस तरह बहनों के स्नेह प्यार को बांट दिया जाता है,यह आप पूरी गंभीरतापूर्वक और यदि आप भाई हैं तो पूरी बेशर्मी से स्वीकार करें। बहन का स्नेह कोई बांटने की चीज नहीं है।
साड़ी रूपी सम्मान सिर्फ तीज पर नहीं राखी से लेकर अन्य अवसरों पर भी आप निभा सकते हैं। इस तरह पारी बांधकर अपनी कर्तव्यश्री निभाने की घटिया वैचारिक सोच किसी तरह साड़ी देकर पीछा छुडाने की नहीं है,आंतरिक स्नेह को बनाये रखना साड़ी देने से कहीं ज्यादा अच्छा है। वैसे भी कोई बहन साडी की भूखी नहीं रहती। कई बहनों को चाहिए जो समाज में देखने मिलता है कि किसी के अधिक भाई होने पर आर्थिक रूप से निर्बल भाई को महत्ता कम देती है। कई जगह तो सबल भाई के यहां जाने में ही ज्यादा रूचि दिखाती है।
समाज में कई बार परिवारों में यह होता है कि कोई बहन पिता की संपत्ति पर बंटवारा ले लेती है जो कि संवैधानिक अधिकार दिया गया है लेकिन अमूमन देखने आता है कि उस दिन से व्यावहारिक रिश्ता टूट सा ही जाता है। भाई बहन तो ऐसे दुश्मन जैसे व्यवहार में देखे जाते हैं कि जैसे भाई बहन नहीं है। कुल मिलाकर अर्थ पर रिश्ता टिकने से दूर रहें। भाई बहन का प्यार अर्थ पर नहीं रूहों का वह बंधन हमे हमेशा सलामत रहे जहां बहन भी चाहे कि उन्हें उन पर स्नेह बनाए रखने की चाह होना चाहिए। किसी भाई की औकात को पैसे से न तौलें, आज भी ऐसे भाई हैं जिनके खुद के बनियान फटे हों लेकिन बहन की सम्मान की खातिर लोक प्रचलित रूप से बहन को ससम्मान साड़ी प्रदान करने कभी पीछे नहीं रहते।
 ✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

09 सितंबर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. बागोड के खेल प्रेमियों को क्रिकेट किट देने कांकेर विधायक आशा राम नेताम का आश्वासन।

—आज अंगना कार्यालय में जनदर्शन में आये बागोड़ गांव के क्रिकेट प्रेमी युवाओ ने ग्राम में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु क्रिकेट किट उपलब्ध कराने का आग्रह किया कांकेर विधायक आशा राम नेताम से किया। उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए युवाओं की मांग एवं उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनकी बातों को गंभीरता से सुना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।क्षेत्र के युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर एवं प्रोत्साहन मिले, इसके लिए निरंतर प्रयासरत हूँ। युवा शक्ति, खेल और सकारात्मक ऊर्जा ही विकसित क्षेत्र की पहचान है।

———————–

विज्ञापन—

———————–

✍️ 02. उल्लास नव भारत साक्षरता का संदेश लेकर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस।आनंद मेले, रंगोली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं साक्षरता प्रमाण पत्र वितरण से बढ़ा नवसाक्षरों का उत्साह।

—कलेक्टर एवं अध्यक्ष   कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपाध्यक्ष   हरेश मंडावी तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव  रमेश कुमार निषाद के कुशल मार्गदर्शन में जिले में जिला स्तरीय ’अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ शासकीय हाई स्कूल करप में गत दिवस 08 सितम्बर को मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक  शिशुपाल शोरी तथा अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्रीमती यशोदा मंडावी ने की।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय में आयोजित ’’आनंद मेले’’ से हुई। मेले में स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए गए। वहीं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर ’’‘उल्लास नव भारत साक्षरता’’’ का संदेश दिया। रंगोली कार्यक्रम स्थल पर विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि श्री शिशुपाल सोरी ने बच्चों की रचनात्मकता एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने साक्षरता से संबंधित ’’भाषा, कविता, पोस्टर प्रतियोगिता, नृत्य एवं गीत’’ के माध्यम से विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों से नवसाक्षरों में उत्साह के साथ पढ़ने-लिखने के प्रति जिज्ञासा जागृत हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अंधविश्वास विषय पर नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से अंधविश्वास से दूर रहने तथा जीवन में विज्ञान की महत्ता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री शिशुपाल शोरी एवं ग्राम सरपंच श्रीमती यशोदा मंडावी द्वारा नवसाक्षरों को साक्षरता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला परियोजना अधिकारी ने साक्षरता से संबंधित बोनस अंक की जानकारी देते हुए गीत के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नवसाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा 10 असाक्षरों को साक्षर करने पर 10 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा उल्लास शपथ लेने के साथ हुआ। इस अवसर पर   लक्ष्मण कावड़े, श्री पोखन सिन्हा (एडीपीओ),   एस.पी. कोसरे (नोडल प्रभारी उल्लास), श्रीमती मीरा आर्ची चौहान (प्राचार्य) सहित ग्रामीण नवसाक्षर, विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक   अनिल सिन्हा द्वारा किया गया।

———————–

विज्ञापन

———————–

✍️ 03. मिनी माता सम्मान, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित।

— छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं अशासकीय संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2026 हेतु मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान), वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।  महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रदान किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित महिला अथवा संस्था को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसी प्रकार महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस तथा आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके तहत चयनित महिला को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत चयनित महिला को 02 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का भी प्रावधान है। उक्त सम्मान हेतु निर्धारित प्रारूप में आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन 25 सितंबर तक कार्यालय कलेक्टर, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कांकेर में जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

————————

✍️ 04. “कांकेर पुलिस द्वारा “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी। किराए के मकान से बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम एवं ढक्कन बरामद। 30 पौवा अंग्रेजी शराब सहित कुल 4,409 नग खाली बोतल/पौवा बरामद।

—पुलिस से मिली संक्षिप्त जानकारी के अनुसार — पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर   शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 08.09.2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर स्थित एक खाली मकान में अंग्रेजी शराब में मिलावट/अवैध पैकिंग में उपयोग की जाने वाली बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम एवं ढक्कन रखे हुए हैं।सूचना पर एसडीओपी भानुप्रतापपुर   शेर बहादुर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम बसंत नगर पहुंचकर उत्तम देवनाथ के किराए के मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक कमरे में बड़ी मात्रा में शराब से संबंधित सामग्री लावारिस हालत में बरामद हुई।

जप्त सामग्री में— 30 नग पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की, प्रत्येक 180 ML — कुल 5.400 लीटर, कीमत 3,600/-। कुल 105 पत्ता स्टीकर/होलोग्राम, विभिन्न ब्रांडों के, अनुमानित कीमत 59,645/-।विभिन्न ब्रांडों की 4,409 नग खाली शराब की बोतल/पौवा/अद्धी, अनुमानित कीमत22,045/-।कार्टून में रखे 170 पेटी खाली पौवा, अनुमानित कीमत₹34,000/-।विभिन्न ब्रांडों के कुल 3,380 नग शराब के ढक्कन। प्रमुख रूप से बरामद सामग्री:-मैकडॉवल नं. 01, रॉयल स्टेज, रॉयल चैलेंज, आर.एस., आर.सी., आई.बी. सहित विभिन्न ब्रांडों के खाली पौवा, बोतल, अद्धी, स्टीकर, होलोग्राम, बारकोड एवं ढक्कन बरामद किए गए हैं।उक्त शराब की खाली बोतलें, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम एवं ढक्कन लावारिस हालत में पाए जाने पर धारा 106 BNSS के तहत समक्ष गवाहों के जप्ती पत्रक के अनुसार जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है।पुलिस द्वारा बरामद सामग्री के वास्तविक मालिक एवं इसके उपयोग तथा संभावित अवैध शराब निर्माण/पैकिंग से जुड़े व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है।पुलिस टीम में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सउनि कैलाश पांडे, psi फलित राम, प्र.आर. 329 रूपेश नरेटी, प्र.आर. 551 विजय कटकवार, आरक्षक 428 गौतम हुपेंडी, आरक्षक 07 हेमंत मरकाम, आरक्षक 2306 फत्तू उसेंडी रहे।

————————

✍️ 05. नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर को। लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते से निराकरण।

—जिला न्यायालय कांकेर एवं जिले के सभी तहसील स्तरीय न्यायालयों में 12 सितंबर दिन शनिवार को वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क निराकरण किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में बैंक संबंधी प्रकरण, बिजली बिल एवं टेलीफोन बिल विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस प्रकरण (धारा 138 एन.आई. एक्ट), सिविल प्रकरण तथा अन्य समझौतापूर्ण प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न बैंकों में लगे टीवी स्क्रीन, जिला न्यायालय परिसर में स्थापित टीवी स्क्रीन तथा नगर पालिका के माध्यम से नेशनल लोक अदालत के आयोजन एवं इसके लाभों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने लंबित एवं समझौतापूर्ण प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें।

————————

✍️06.‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक।सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी

— छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर से सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के समग्र क्रियान्वयन, अंतर्विभागीय समन्वय एवं निगरानी के लिए कलेक्टर   कुन्दन कुमार द्वारा जिला, विकासखंड तथा ग्राम, वार्ड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान की समस्त गतिविधियों के जिला स्तरीय समन्वय एवं अंतर्विभागीय सामंजस्य तथा निगरानी के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी को जिला प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को संध्या काल में जिले के प्रमख स्थलों विभिन्न पर्यटन केन्द्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी उप संचालक पंचायत सुश्री स्टेला खलखो तथा सहयोगी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को बनाया गया है। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक स्कूलों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी सहयोगी अधिकारी होंगे। 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक प्रमुख स्थलों पर नमो सेवा गाथा (नुक्कड़ नाट्य)’ के लिए संस्कृति विभाग के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य सहायक रहेंगे। 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आंगनबा़ड़ी सम्मान एवं मातृत्व संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें माताओं सहित बच्चे आमंत्रित होंगे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा, ’आंगन का उत्सव’ गतिविधि के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहयोगी होंगे।सेवा संकल्प अभियान के सम्पूर्ण अवधि में ‘कहानी बदलाव की’ अंतर्गत लाभार्थियों के वास्तवित कहानियों के लिए जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेन्द्र ठाकुर को नोडल अधिकारी होंगे, जिसमें जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सहयोग करेंगे। अभियान अवधि के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ आयोजित की जाएगी, जिसके लिए जिला पर्यटन अधिकारी, प्रभारी अधिकारी   विनोद अहिरवार को नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य, शासकीय तकनीकी शिक्षा संस्थान और जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सहयोगी होंगे। 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी जिसके लिए जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रकाश रावटे को नोडल अधिकारी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहयोग करेंगे।

————————

✍️07. रूपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखने वाला आरोपी गिरफ्तार । आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, डाट पेन, 2,400 नगद एवं मोबाइल सहित 12,400 की संपत्ति जब्त । थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—  पुलिस अधीक्षक  कांकेर   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी   हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध नशा, जुआ एवं सट्टा के विरुद्ध “उजियारा अभियान” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 08.09.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मोखलामांझी, अन्नपूर्णापारा कांकेर में एक व्यक्ति विभिन्न अंकों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर एक व्यक्ति को विभिन्न अंकों के सामने रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलेश सोनी पिता अशोक, उम्र 41 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर बताया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 03 नग सट्टा-पट्टी, 01 नीले रंग का डाट पेन, 2,400 नगद एवं रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन कीमत 10,000, कुल 12,400 की संपत्ति बरामद कर जब्त की गई।आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध क्रमांक 312/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी द्वारा सट्टा खेलना एवं खेलाना स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

————————

✍️08.गणेश उत्सव को लेकर पुलिस एवं गणेश उत्सव समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित । सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश । शहर के समस्त गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी बैठक में हुए शामिल ।

—गणेश उत्सव के दौरान शहर में सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में प्रशासन – पुलिस विभाग एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।बैठक पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, भापुसे के निर्देशन में , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एसडीओपी श्री हरीश पाटिल एवं एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे तथा थाना प्रभारी कांकेर श्री जितेंद्र कुमार साहू की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में यातायात पुलिस सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा शहर के गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना रहा।

गणेश पंडालों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश:-

गणेश उत्सव समितियों को निर्देशित किया गया कि पंडाल ऐसे स्थान पर स्थापित न किए जाएं, जहां से विद्युत तार गुजरते हों अथवा आसपास ट्रांसफार्मर स्थित हो। आगजनी की संभावना को देखते हुए पंडालों में फायर एक्सटिंग्विशर, प्राथमिक उपचार पेटी एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने कहा गया।बड़े गणेश पंडालों में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में वालंटियर एवं उन्हें पहचान-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वालंटियर तैनात करने तथा भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने कहा गया।पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नजदीकी अस्पताल, पुलिस थाना, फायर ब्रिगेड एवं आवश्यक आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

भीड़ एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था :-

दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रूप से रोटेट करने तथा पंडाल के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने कहा गया। प्रसाद वितरण के लिए अलग स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर:-

गणेश पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं एवं आयोजकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा मुख्य सड़क पर अनावश्यक वाहन पार्क नहीं करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान यातायात बाधित नहीं होना चाहिए तथा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए।

————————

✍️09.पत्नी एवं बच्चों के साथ मारपीट कर घरेलू विवाद करने वाले व्यक्ति पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में किया पेश।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू केमार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर द्वारा कार्रवाई की गई। दिनांक 06.09.2026 को प्रार्थिया द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पति महेश सलाम शराब के नशे में आए दिन घरेलू बातों को लेकर विवाद करता है तथा गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट करता है। आरोपी द्वारा बच्चों के साथ भी शराब के नशे में मारपीट करने तथा पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी देने की बात रिपोर्ट में बताई गई।रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 313/2026, धारा 115(2), 351(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।मामले में आरोपी महेश सलाम के विरुद्ध शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170, 126(2), 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू,प्रधान आरक्षक कौशल साहू प्रधान आरक्षक कुलेश्वर कटेन्द्र ,आरक्षक त्रिलोचन यादव,आरक्षक रविकान्त साहू रहे।
 ———————–

✍️ 10. पिता एवं अन्य से मारपीट कर कटारी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार।आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग कटारी बरामद एवं जप्त।

—पुलिस से मिली संक्षिप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08.09.2026 को शाम लगभग 07:30 बजे आरोपी भरत भूषण विश्वकर्मा शराब के नशे में अपनी पत्नी से खाना नहीं बनाने की बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। परिवार के सदस्यों द्वारा समझाने पर आरोपी ने विवाद करते हुए अपने पिता के साथ मारपीट की । इस दौरान घर का खपरा गिरने से उनके सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा।इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की तथा धारदार हथियार लेकर घर के सामने खड़ी अपने भाई की मोटरसाइकिल के वाइजर एवं टंकी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। आरोपी इसके बाद घर-बाड़ी की ओर भाग गया।इसी दौरान पीछे गली में आ रहे वेदव्यास को आरोपी द्वारा रोकने की आशंका में अपने पास रखी कटारी से उसके दाहिने कान के पास वार कर चोट पहुंचाई गई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
————————

विशेष—

वन क्षेत्र में अवैध कटाई पर दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
—जिले के उप परिक्षेत्र भानबेड़ा के कक्ष क्रमांक आरएफ/256 में अतिक्रमण के उद्देश्य से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। आरोपी रामदेव सलाम एवं प्रेमसिंह सलाम, निवासी ग्राम भुरका पर क्रमशः 19 एवं 83 नग वृक्षों की अवैध कटाई का आरोप है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौका निरीक्षण कर वन अपराध पाए जाने पर भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(क) एवं (ज) के तहत दोनों आरोपियों के विरुद्ध जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में परिवाद प्रस्तुत किया। साथ ही लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को लेख किया गया है। कार्यवाही वनमंडलाधिकारी कांकेर के मार्गदर्शन में की गई।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 सितंबर 2026 गुरूवार

——————–— संपादकीय ”बहन पर स्नेह बनाए रखने की चाह” —अर्थ,भौतिक चकाचौंध ने भी रिश्तों की डोर को कमजोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाई बहन के असीम प्यार…

आज की टॉप 10 खबर 08 सितंबर 2026 मंगलवार

——————–— संपादकीय आशा भोंसले (पार्श्वगायिका)  जन्मदिवस पर बधाई……. दीनानाथ मंगेश्कर की पुत्री आशा मंगेशकर का जन्म आज ही के दिन 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के ‘सांगली’ में हुआ था।आशा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *