आज की टॉप 10 खबर 19 सितंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
19  सितंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

——————— 
संपादकीय—

सरस्वती प्रसाद‚चर्चित लेखिका
आज 19 सितंबर सरस्वती प्रसाद जी की पुण्यतिथि पर सादर….
— आप देश की  चर्चित लेखिका रही हैं। सुमित्रानंदन पंत की मानस पुत्री एवं कवयित्री रश्मि प्रभा की मां है।हिंदी में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया है।’नदी पुकारे सागर’, ‘एक थी तरु’, ‘कादम्बिनी’, ‘साप्ताहिक हिंदुस्तान’, ‘नैन्सी’ आदि पत्र पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित हुई है। 19 सितंबर 2013 को इनकी मृत्यु हुई। आज उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन है….।
—मनोज जायसवाल

——————— 

01.सिद्ध-साधना स्थल वेदमाता माॅं गायत्री एवं माॅं संतोषी मंदिर कचहरी चौक मांझापारा कांकेर में (42वाॅं वर्ष) आश्विनी नवरात्रि महापर्व  कार्यक्रम।

— सिद्ध-साधना स्थल वेदमाता माँ गायत्री एव माँ  संतोषी मंदिर कचहरी चौक मांझापारा कांकेर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी(42वॉं वर्ष) आश्विनी नवरात्रि महापर्व के कार्यक्रम पूरे भक्तिभाव से मनायी जायेगी। नवरात्र कार्यक्रम में 22 सितंबर सोमवार ज्योति कलश स्थापना 11.15 बजे (अभिजित मुहूर्त में) 24सितंबर मंगलवार-रामायण पाठ-महिला रामायण मंडली मांझापारा 4.00 बजे से। 25 सितंबर गुरूवार-रामायण पाठ-श्रीसुन्दरकाण्ड सत्संग समिति द्वारा संध्या 4.00। 26 सितंबर शुक्रवार-पंचमी श्रृंगार पूजन। सितंबर मंगलवार-महाअष्टमी हवनपूजन 11.00 बजे से।01 अक्टूबर बुधवार-कन्या भोजन 12.30 बजे एवं ज्योति कलश विसर्जन बुधवार-संध्या 4.00 बजे है। नित्य आरती प्रातः7.20 बजे संध्या 7.20 बजे ज्योतिकलश प्रज्वलित-करने वालों में -1-श्रीमती रानी शर्मा, 2-श्रीमती दीपा दीपक,3-श्रीमती गीता शर्मा है। उक्ताशय की जानकारी डॉ. गीता शर्मा संस्थापक,व्यवस्थापक ’वेदमाता माँ गायत्री एवं माँ संतोषी मंदिर कचहरी चौक मांझापारा कांकेर’ने दी है। 

चित्र—मांझापारा कांकेर में विराजी माँ गायत्री‚माँ संतोषी।

——————— 

02.“नमो मैराथन” का आयोजन 21 सितम्बर को।विजेता प्रतिभागियों को नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

—सेवा पखवाड़ा के तहत नशा मुक्त भारत अभियान में “नमो मैराथन” का आयोजन 21 सितम्बर रविवार को नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर से प्रातः 8 बजे प्रांरभ होगा। मैराथम प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सुबह 7 बजे सफेद टी-शर्ट व नीले कलर के लोवर में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी व छात्रावास के विद्यार्थियों को विशेष रूप से नमो मैराथन में शामिल किया जाएगा। मैराथन में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाले प्रतिभागियों को 2001 रूपए, 1001 रूपए एवं 501 रुपये तथा शेष 07 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

——————— 

03.महिला आईटीआई कांकेर में 23 सितम्बर को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन। रिलेशनशिप ऑफिसर और सिनियर रिलेशनशिप ऑफिसर के पदों पर होगी भर्ती।

—  शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में आगामी 23 सितम्बर दिन मंगलवार को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्राइवेट कंपनी द्वारा रिलेशनशिप ऑफिसर और सिनियर रिलेशनशिप ऑफिसर के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य ने बताया कि प्लेसमेंट कैंप में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं तथा स्नातक उत्तीर्ण तथा आवेदक की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष तक निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा प्रतिमाह 15 हजार रुपए वेतन तथा 04 हजार रुपए पेट्रोल भत्ता, 02 हजार रुपए से 12 हजार रुपए तक इन्सेंटिव के साथ ही निःशुल्क आवास, पी.एफ. एवं ईएसआईसी सुविधाएँ दी जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को प्रातः 11 बजे शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

——————— 

04.बाल संरक्षण समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

—कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आज जिला बाल संरक्षण समिति, टास्क फोर्स, अवैध प्रवास, विशेषज्ञों का पैनल, बालक कल्याण समिति की पुनर्विलोकन तथा स्पासंरशिप एवं फास्टर केयर अप्रुवल कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के लिए अंतर्विभागीय समन्वय से इस वर्ष 40 प्रतिशत ग्राम पंचायतों (185 ग्राम पंचायत) को बाल विवाह मुक्त करने के संबंध में कार्यवाही करने ग्राम पंचायत स्तरीय एवं वार्ड स्तरीय बाल संरक्षण समिति की सक्रियता एवं उनके भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। देखरेख संस्थाओं में निवासरत अनाथ बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड बनाये जाने में आने वाली कठिनाईयों को दूर करने के संबंध में चर्चा करते हुए. संकटग्रस्त बालकों, भिक्षावृत्ति करने वाले बच्चों तथा दिव्यांग बच्चों के पहचान हेतु पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण कार्य कराये जाने एवं कृषि कार्यों के उपरांत मौसमी एवं अस्थायी पलायन करने वाले परिवारों के सर्वे एवं उनका पंजी संधारण कराये जाने हेतु निर्देश दिया गया। शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 के तहत अनाथ एवं परित्यक्त बालकों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप 25 प्रतिशत सीट आरक्षित कर प्रवेश दिये जाने एवं वंचित बालकों का सर्वेक्षण कराये जाने के निर्देश दिए गये। बैठक में कांकेर जिले से कोरोना काल में माता-पिता को खो चुके 04 बच्चों को पीएम केयर्स योजना के तहत लाभान्वित कर उन्हें स्पासंरशिप योजना, महतारी दुलार योजना एवं अन्य योजना से लाभ प्रदान किया गया है। ऐसे बच्चों को कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के हाथों से स्कूल बैग प्रदान किया गया। बैठक में बालगृह (बालिका), किशोर न्याय बोर्ड, बालक कल्याण समिति की भवनों की मरम्मत तथा चाइल्ड लाइन एवं विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी हेतु भवन के संबंध में चर्चा किया गया। जिले में नवीन बाल सम्प्रेक्षण गृह (बालक)-25 सीट तथा बालगृह (बालक) 25 सीट की स्वीकृति राज्य शासन से स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके संचालन के लिए मुख्य नगरपालिका से भवन की उपलब्धता के संबंध में चर्चा किया गया। समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन, जिला महिला एवं विकास अधिकारी  अनुकूल पाण्डे, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, उपसंचालक, समाज कल्याण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, पुलिस विभाग, आरईएस एवं अन्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

चित्र—बच्चों को स्कूली बैग प्रदान करते हुए कांकेर कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर।

——————— 

05.रेडक्रास जिला प्रबंध समिति की बैठक संपन्न।

— जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित रेडक्रास सदस्यों की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजभारती, राज्य प्रतिनिधि अनुपम जोफर सहित विकासखंड अध्यक्षों एवं सदस्यों को निर्वाचित प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर कलेक्टर   अरुण वर्मा द्वारा बिंदुवार एजेंडा पर चर्चा की गई। इसके बाद जिला शाखा के वार्षिक बजट आय-व्यय एवं ऑडिट को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि वर्तमान वर्ष में 157 सदस्य बनाए गए तथा दानदाताओं से कुल 05 लाख 90 हजार की राशि संग्रहित की गई है। प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण अंतर्गत गत वर्ष दो शिविर का आयोजन किया गया। बैठक में बाढ़ अतिवृष्टि जल भराव में राहत कार्यों पर चर्चा करते हुए रेडकास समिति को आपदा एवं राहत शाखा से जोड़ने की बात कही गई। कॉलेज के यूथ वालिंटियर्स को सीपीआर की ट्रेनिंग देने तिथिवार कार्यक्रम तय करने पर जोर दिया गया।जूनियर रेडक्रास उपसमिति की पुनर्गठन, ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए रक्तदान शिविर के आयोजन हेतु सभी समाज को प्रेरित करने, टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रोगी को पोषक आहार उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने कहा गया। रेडक्रास के माध्यम से मेडिकल स्टोर खोले जाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए, जिससे आम आदमी को सस्ते दामों पर दवाइयां उपलब्ध हो सके। जिला शाखा अंतर्गत जूनियर रेडक्रास एवं यूथ रेडक्रास की वार्षिक कार्ययोजना के निर्माण कर गतिविधियां संपन्न कराने निर्देशित किया गया। जूनियर एवं यूथ रेडक्रास काउंसलर के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, प्राइवेट स्कूल एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा काउंसलर की बैठक आयोजन तथा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण नगर सेवा के द्वारा मॉकड्रील में सम्मिलित होने बैठक में निर्देशित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राज भारती ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेडक्रास शासन के साथ मिलकर अपनी भागीदारी निभाएं। अधिक से अधिक सदस्य बनाएं, मानव सेवा में समर्पित होकर रेडक्रास की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही गई। बैठक में एसडीएम भानुप्रतापपुर जी.डी. वाहिले, एसडीएम अंतागढ़ राहुल रजक, एसडीएम पखांजूर टी.आर. देवांगनमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, अजय पप्पू मोटवानी, अनुराग उपाध्याय, जिला संगठक पवन कुमार सेन सहित रेडक्रास के सदस्य व संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

चित्र— जिला कार्यालय सभाकक्ष कांकेर कलेक्टोरेट में रेडक्रास सोसायटी की बैठक।

——————— 

06धान के अलावा अन्य फसल लेने वाले कृषकों को मिलेगा। 11 हजार एवं 10 हजार रूपए प्रति एकड़।

—राज्य सरकार द्वारा कृषि में पर्याप्त निवेश एवं कास्त लागत राहत देने के लिये ‘‘कृषक उन्नति योजना’’ प्रारंभ की गई है। फसल विविधकरण को प्रोत्साहन देने, दलहन तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा इनके उत्पादन में आत्म निर्भरता के लक्ष्य के साथ योजनान्तर्गत चिन्हित अन्य फसलों पर आदान सहायता राशि दिये जाने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि राज्य का अधिकांश क्षेत्र वर्षा आधारित होने से मौसमीय प्रतिकूलता एवं कृषि आदान लागत में वृद्धि के कारण कृषि आय में अनिश्चितता बनी रहती है, फलस्वरूप कृषक फसल उत्पादन के लिए आवश्यक आदान जैसे उन्नत बीज, उर्वरक, कीटनाशक, यांत्रिकीकरण एवं नवीन कृषि तकनीकी में पर्याप्त निवेश नहीं कर पाते हैं।राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार विगत खरीफ एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत ऐसे कृषक जिन्होंने धान फसल लगाई हो तथा प्रदेश की सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया हो, उन्हें धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल के लिए एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन तथा गिरदावरी में रकबे की पुष्टि उपरांत, मान्य रकबे पर राशि 11 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान किया जायेगा।इसी प्रकार खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, लघु धान्य फसल (कोदो, कुटकी एवं रागी) लेने वाले कृषकों को एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन तथा गिरदावरी रकबे की पुष्टि उपरांत मान्य रकबे पर 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिये कृषकगण अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र में पंजीयन हेतु समिति में आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

——————— 

09.बाढ़ आपदा से निपटने राज्य स्तरीय प्रशिक्षण 23 सितम्बर को।

—भारत सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा राज्य में बाढ़ आपदा को दृष्टिगत रखते हुए 23 सितम्बर को सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाईज एवं 25 सितम्बर को मॉक एक्सरसाईज आयोजित किया जाएगा। जिले में 23 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाईज आयोजित की गई है। उक्त वीसी में संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयावधि में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।

——————— 

10.विभिन्न पदों पर दावा आपत्ति 24 सितम्बर तक।

—अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम 2006 के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर जिला स्तरीय समन्वयक तथा चिन्हित अनुभाग स्तर पर एमआईएस सहायक की नियुक्ति एक वर्ष की अवधि के लिए निर्धारित मानदेय पर किया जाना है। इसके लिए सहायक आयुक्त कार्यालय आदिवासी विभाग द्वारा 10 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किये गए थे, जिसके परीक्षण पश्चात पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई है। जिसका अवलोकन कांकेर जिले के वेबसाईट में किया जा सकता है।उक्त सूची के संबंध में यदि किसी को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करना हो तो वे 24 सितंबर को सायं 04 बजे तक आवश्यक अभिलेख सहित स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि पश्चात प्राप्त दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

——————— 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏

———————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *