कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
17 सितंबर 2025 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————
संपादकीय—

विशेष-
एनएचएम कर्मियों ने चारामा में निकाली रैली
-एनएचएम कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के आज 31वें दिन 17 सितंबर कोप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर कर्मचारियों द्वारा धरना स्थल से रैली निकालकर बीजेपी कार्यालय में अपनी मांगों के संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष चारामा ओम प्रकाश साहू एवं भाजपा के पदाधिकारीयो को अपनी 10 सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। उनके द्वारा मांगों के संदर्भ में प्रमुखता से उच्च स्तर कार्यवाही हेतु प्रेषित करने का आश्वासन दिया गया। एनएचएम कर्मचारी आज हाथों में तख्ती लिये थे,जहां लिखा था, जो वादा किया वो निभाना पडेगा, वादों की बारात लिये थे। इसके साथ ही चारामा में निकाली गई रैली में ग्रेड पे देना होगा, नियमितीकरा करना होगा जैसे नारे लगाये जा रहे थे। इधर कांकेर के मिनी स्टेडियम में धरना स्थल में भानुप्रतापपुर की विधायक पहूंची। जहां सुभद्रा सलाम, अध्यक्ष जिला कांग्रेस, बीरेश ठाकुर,नरेश ठाकुर, महामंत्री नितीन पोटाई,विष्णु नेताम,लोमेंद्र यादव, मृदुला भास्कर, नरेंद्र यादव,हिरवेंद्र साहू आदि थे।
वीडियो—चारामा में एनएचएम कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली।
————–
01.अंदरूनी क्षेत्रों में वांटेड नक्सलियों का पता बताने,बैनर में मय चित्र सुचना देने की अपील।
—आने वाले मार्च 2026 तक देश से माओवादियों के खात्मे की तय तारीख से पूर्व ही खत्म करने की रणनीति पर पुलिस काम कर रही है। सुरक्षा बलों के अभी तक के अभियान में शीर्षस्थ नक्सली मारे गए है। कई नक्सलियों ने उक्त गाईड लाईन की डर से आत्मसमर्पण किया है। रणनीति के तहत जवान कार्य कर रहे हैं। अब बचे हुए वांटेड नक्सलियों के फोटोयुक्त बैनर अंदरूनी क्षेत्रों में लगा कर उक्त बैनर में हिंसा छोडो,मुख्य धारा से जुडो का स्लोगन लिख कर इन नक्सलियों के सुचना देने वालों को नाम गोपनीय रखने एवं उचित ईनाम दिये जाने का बैनर पुलिस द्वारा टांगा गया है। सुचना देने वालों के लिए सम्पर्क पता लिखा गया है। इधर शांति वार्ता की पहल के नाम पत्र भी वायरल होने की खबर है।

चित्र—अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस ने टांगा वांटेड नक्सलियों का मय फोटो बैनर।
————–
02.राज्योत्सव पर दिए जाने वाले पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित।
03.आदि सेवा पर्व और सेवा पखवाड़ा पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का सासंद श्री नाग ने किया शुभारंभ।
—आदि सेवा पर्व और सेवा पखवाड़ा के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर कांकेर में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग और विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशाराम नेताम द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी भी मौजूद थे। सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इसकी सराहना की। इस दौरान अतिथियों को जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित कांकेर जिले के विकास और गतिविधियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक और मासिक पत्रिका जनमन की प्रतियां दी गई। छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की विकसित भारत की संकल्पना, सेवा कार्यों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प और उनके जीवन की प्रेरणादायक यात्रा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में श्री मोदी के बचपन, उनकी शिक्षा, देशभक्ति, तथा प्रधानमंत्री के रूप में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की झलक को सजीव चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद श्री नाग ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल एक दृश्य प्रस्तुति नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की परिकल्पना की नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने इस प्रदर्शनी को केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं और विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री मोदी के दृढ़ संकल्पों, मजबूत फैसलों और एक राष्ट्र, एक लक्ष्य की झलक दिखाई देती है। उनके बचपन से आज तक के सफर को फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में मोदी जी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को खूबसूरती से उकेरा गया है, जैसे उनका बचपन, देशभक्ति की भावना, उनके संघर्षों की कहानी, मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनने की यात्रा और उनके द्वारा देश के विकास के लिए उठाए गए कदम। उपलब्धियों में डिजिटल हुई पहचान, डिजिटल से भुगतान, छत्तीसगढ़ को मिली सौगात, शिक्षा का एक नया अध्याय, एक पेड़ मां के नाम, जल शक्ति, आतंकवाद का मुंह तोड़ जवाब, अंतरिक्ष शक्ति, वर्षो का अंधेरा छटा घर-घर में सूरज उगा और हर गरीब के सिर पर हो अपनी छत जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, आम नागरिकों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिला कार्यालय पहुंचे ग्राम बाबूकोहका के पुनित कोर्राम, जोहन सिंह नरेटी, झिपाटोला से नारद नेताम, गोलकुम्हडा से भानूसिंह जुर्री, मारवाड़ी से रमूला कुरेटी, कुमारी बाई, सिंगारभाट से सुमन उसेण्डी, दसपुर से रिकेश कोसरिया, सोनपुर से छन्नूराम मण्डावी, देवरीबालाजी से पिलूराम नेताम और सुधिर नेताम ने भी छयाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, उन्हें मासिक पत्रिका जनमन का वितरण भी किया गया।

चित्र—छायाचित्र प्रदर्शनी का सासंद भोजराज नाग शुभारंभ करते हुए।
————–
04.कांकेर सांसद भोजराज नाग और विधायक आशा राम नेताम ने किया जिले की मेधावी छात्राओं का सम्मान।
—प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ अभियान तथा छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत जिले की मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग उपस्थित थे, जबकि अध्यक्षता कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशाराम नेताम ने की। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कक्षा दसवीं और बारहवीं में पूरे राज्य तथा जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली 43 छात्राओं को आज अतिथियों के द्वारा चेक एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। इनमें जिले के सभी सातों विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा 12वीं की 21 और 10वीं की 22 छात्राएं सम्मिलित थीं। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी में दर्ज बालिकाओं को निःशुल्क गणवेश वितरित किए गए तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित कैरियर गाइडेंस पुस्तिका ‘नई दिशा‘ का निःशुल्क वितरण किया गया। सम्मान समारोह को संबोधित सांसद श्री नाग ने कहा कि गांव के मेहनतकश किसान से लेकर देश की सीमा पर मुस्तैदी से सेवा देने वाले जांबाज जवान के कल्याण के लिए सदैव चिंता और चिंतन करने वाले प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के सबसे लोकप्रिय व्यक्तित्व हैं जिनका आज अवतरण दिवस है। उन्होंने उपस्थितजनों को बधाई देते हुए कहा कि भारतवर्ष को विकसित और उत्कृष्ट राष्ट्र बनाने में महिलाओं व बेटियों की बड़ी भूमिका होगी। इस अवसर पर कांकेर विधायक श्री नेताम ने कहा कि जिले की बेटियां अपनी कर्मठता, लगन व कड़े परिश्रम से सम्मानित हो रही हैं जो भविष्य में प्रदेश व देश की उच्च सेवाओं में निश्चित तौर पर भागीदारी सुनिश्चित करेंगीं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आदिवासी महिला सुश्री द्रोपदी मुर्मू को सुशोभित करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ही सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने इस मौके पर सभी बेटियों को भविष्य में अपने जीवन की श्रेष्ठता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान विभाग की ओर से सुपोषण प्रदर्शनी आयोजित की गई थी, जिसमें महिलाओं के द्वारा रेडी-टू-ईट से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। सम्मान समारोह में राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक सहित जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व सम्मानित होनी वाली छात्राएं, उनके माता-पिता और शिक्षक उपस्थित थे। प्रतिकूल परिस्थितियों को पछाड़ कु. इशिका बाला बनीं स्टेट टॉपर महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित मेधावी बालिकाओं के सम्मान समारोह में सबसे पहले कु. इशिका बाला को सांसद श्री नाग और विधायक श्री नेताम ने चेक व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि कोयलीबेड़ा जैसे दूरस्थ वनांचल विकासखण्ड के संवेदनशील क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोंडाहुर की मेधावी छात्रा कु. इशिका बाला ने वर्ष 2024-25 में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में पूरे राज्य की मेरिट लिस्ट में 99.17 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रहीं। उनके पिता श्री शंकर बाला ने बताया कि इशिका 2023 से ब्लड कैंसर से पीड़ित है तथा वर्तमान में रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

उन्होंने बताया कि शुरू से ही मेधावी और प्रतिभावान रही बेटी ने बीमारी को कभी गम्भीरता से नहीं लिया और पढ़ाई पर शत-प्रतिशत फोकस करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल किया। कु. इशिका ने यह भी बताया कि वह शिक्षकों के मार्गदर्शन में रोजाना 4-5 घण्टे संपूर्ण एकाग्रता से साथ पढ़ती थीं। माता-पिता ने उन्हें कमजोर या गम्भीर बीमारी से ग्रसित होने की बात बताने के बजाए हमेशा प्रोत्साहित किया, जिसका सकारात्मक और सुखद परिणाम पूरे राज्य में परिलक्षित हुआ। इस तरह प्रतिकूल परिस्थितियों में जहां लोग अपना मानसिक संतुलन खो बैठते हैं, ऐसे में अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व हौसले को बुलंद रखते हुए इशिका ने अपने लक्ष्य को केन्द्रित कर पूरी शिद्दत और मेहनत से पढ़ाई जारी रखी। इस दौरान कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने विशेष तौर पर सराहना करते हुए कु. इशिका को जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित कैरियर गाइडेंस पुस्तिका ‘नई दिशा‘ सौंपी तथा आगे की उच्च शिक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। इन मेधावी बालिकाओं का हुआ सम्मान मेधावी बालिकाओं के सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं बोर्ड में कोयलीबेड़ा से कु. इशिका बाला सम्मानित हुईं। इसी तरह कु. नयन मंडल, माही मजूमदार, कांकेर से काजल साहू, गरिमा, उपासना देवांगन, भानुप्रतापपुर से गरिमा साहू, टिकेश्वरी यादव, खुशी बघेल, अंतागढ़ से प्रिति नेगी, प्रियंका यादव, दिव्या पुड़ो, चारामा से हंसिका निषाद, दीक्षा ठाकुर, दुर्गा सोनकर, अनन्या तिवारी, दुर्गूकोंदल से प्रियांशी, शारदा हिड़को, पिकेश्वरी, नरहरपुर से चंचल साहू, जागृति कोर्राम और होमनिका नेताम। इसी तरह कक्षा 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट अंक अर्जित करने वाली चारामा से कु. दीक्षा यदु, खुशी सिन्हा, माधुरी सोनकर, कोयलीबेड़ा से रिया हालदार, पायल मिस्त्री, ज्योति वैद्य, कांकेर से हेमपुष्पा कुल्हारिया, ज्योतिसना उइके, तृप्ति चेलक, भानुप्रतापपुर से निशा जैन, अनुष्का मिश्रा, खुशबू आहूजा, दुर्गूकोंदल से ममता, चांदनी, वेदिका, अंतागढ़ से इमेश्वरी, फलिमा नेताम, ग्रेसी साहू, नरहरपुर से पूजा मरकाम, जाशमीन साहू और गरिमा कोर्राम को सांसद श्री नाग, विधायक श्री नेताम और कलेक्टर श्रीक्षीरसागर ने सम्मानित किया।

————–
05.अग्निवीर थल सेना भर्ती हेतु निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण के लिए पंजीयन 22 सितम्बर तक।
—भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा उत्तीर्ण आवेदकों को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में शारीरिक दक्षता की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिले के आवेदक जिन्होंने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण किया है, वे 22 सितम्बर तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं, ताकि निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन जल्द से जल्द प्रारंभ किया जा सके। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से संपर्क कर अथवा मोबाईल नंबर 9425516268, 6265087948, 9407761305, 7587183056 पर कॉल करके अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
————–
06आर्थिक सहायता स्वीकृत।
—कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए कांकेर तहसील के ग्राम सुरेली निवासी 11 वर्षीय कुमारी मोन्टी उसेंडी की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता मनोज उसेंडी और श्रीमती सविता उसेंडी के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए हैं। स्वीकृत सहायता राशि हितग्राही के बैंक खाता में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
————–
07.अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को रोजगार स्थापना के लिए ऋण सहायता हेतु आवेदन आमंत्रित।
—जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर के द्वारा जिले में निवासरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार स्थापना के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराया जाएगा। अनुसूचित जाति वर्ग के 48 युवक-युवतियों को अंत्योदय स्वरोजगार योजना अंतर्गत और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 53 युवक-युवतियों को आदिवासी स्व-रोजगार योजना के तहत ऋण सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। आवेदक को संबंधित जाति वर्ग का होना चाहिए और उसे कांकेर जिले का मूल निवासी भी होना चाहिए। उसकी पारिवारिक वार्षिक आय शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 01 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होना चाहिए। उम्र 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए। आवेदन के साथ जन्म तिथि अंकित 5वीं, 8वीं, 10वीं के अंकसूची, आधार, पेन कार्ड, राशन कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र इत्यादि की छायाप्रति के साथ पासपोर्ट साइज की दो फोटो एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति प्रस्तुत करना होगा। ऋण सहायता के लिए आवेदन पत्र 30 सितम्बर तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
————–
08.प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत की संकल्पना में महिलाओं की विशेष भूमिका : सांसद श्री नाग
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारम्भ
—प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान‘ का आज वर्चुअल शुभारम्भ किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में जिला स्तर पर इसका आगाज किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर विधानसभा के विधायक आशाराम नेताम उपस्थित थे। इस अवसर पर सांसद श्री नाग ने उपस्थित मितानिनों को प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान से महिलाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार की अधिकांश योजनाएं महिलाओं के कल्याण और सर्वांगीण विकास पर केन्द्रित हैं।जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज दोपहर को आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के प्रसारण के उपरांत मुख्य अतिथि की आसंदी से श्री नाग ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना की है, उसमें महिलाओं की विशेष और सकारात्मक भूमिका रहेगी। साथ ही प्रधानमंत्री की मंशानुसार स्वदेशी उत्पादों व बाजारों को प्राथमिकता देते हुए प्रोत्साहित करने की बात भी सांसद ने की। उन्होंने प्रधानमंत्री के बताए मार्ग पर चलकर भारत को विश्वगुरू के तौर पर स्थापित करने की भी अपील इस अवसर पर की। विशिष्ट अतिथि की आसंदी से विधायक श्री नेताम ने कहा कि गांवों में चौबीसों घण्टे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली मितानिन दीदियां वास्तव में वंदनीय हैं, क्योंकि वे अंतिम पंक्ति पर मौजूद अंतिम व्यक्ति तक सेवा बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष रूप से मुहैया करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन पर आदि सेवा पर्व का आयोजन किया जाना गौरव की बात है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में भविष्य में दीदियों की बड़ी और महती भूमिका रहेगी। इसके पहले, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि राज्य शासन की विशेष पहल पर कांकेर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने 27 चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पदस्थापना की गई है। उन्होंने जिले में सिकलसेल्स उन्मूलन की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और प्रसव-पूर्व विभिन्न परीक्षण पर भी बेहतर कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक और नागरिक महेश जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आगाज किया, जो आगामी 20 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने अपने उद्बोधन में नारी सशक्तिकरण और कल्याण के लिए केन्द्र सरकार द्वारा बनाई गई कार्ययोजना की संक्षिप्त जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि उक्त अभियान के तहत प्रसवोत्तर देखभाल जैसे प्रसव के बाद माताओं में उच्च जोखिम का पता लगाना और निवारण करना, परिवार नियोजन सेवाएं यथा गर्भनिरोधक साधनों का विकल्प, सभी प्रकार के टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत बच्चों को 12 बीमारियों से बचाने के लिए 11 तरह के टीकों का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका कांकेर के उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. हरेश मंडावी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर सहित काफी संख्या में मितानिनें और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

————–
09.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कोमल देव हॉस्पिटल कांकेर में आयोजित सेवा पखवाड़ा 2025 रक्तदान शिविर में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल होकर सहभागिता निभायी। यहां भर्तीमरीजों से मुलाक़ात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली‚ सभी मरीजों को फल वितरण कर शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।

————–
10.आज 17 सितंबर को शासकीय सामुदायिक अस्पताल चारामा में रजत जयंती कार्यक्रम का आयोजन रखा गया था, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष भूवनेश्वर नागराज, पार्षद उत्तम साहू, पार्षद चंद्रिका देवांगन, भारत पटेल, अजय पंजवानी की उपस्थिति रही। यहां रक्तदान, अंग दान, के बारे में डॉ ओ.पी.शखवार द्वारा विस्तार पूर्वक बताया गया। इस कार्यक्रम में डॉ.लखन जुरी॔ एवं चारामा सीएचसी के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

——————
विशेष—
— दुर्गुकोंदल अंतर्गत ग्राम हाहालद्दी स्थित बजरंग आयरन ओर माइंस (गोयल ग्रुप) में भगवान विश्वकर्मा जयंती का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव से किया गया। खदान क्षेत्र में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी माइंस कर्मचारियों द्वारा पूरे विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान खदान परिसर भक्ति और आस्था के माहौल से गूंज उठा।
—दुर्गुकोंदल अंतर्गत अंतर्गत ग्राम हानपतरी के टागरा मुदिया खेल मैदान में जेबीडी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में पंचायत स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा दिन उमंग उल्लासपूर्ण रहा। खिलाडियों का यह जोश ही है कि अब तक कुल 35 टीमों ने अपना पंजीयन करा लिया है। यह प्रतियोगिता आगामी 20 सितंबर तक चलेगी।
—चारामा में युवा कांग्रेस ने पीएम मोदी के जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाया। वे इस दिवस को लॉलीपॉप बांटकर किया विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जहां भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्य कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया। युवा कांग्रेस नेता महेन्द्र नायक के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया गया, इस दौरान कार्यकर्ता अपने गले में पुट्ठा लटकाए हुए थे जिसमें बेरोजगार दिवस लिखा हुआ था।बताते चले कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। युवाओं को हर साल रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन हकीकत में रोजगार नहीं मिला, सिर्फ खोखले आश्वासन और “लॉलीपॉप” दिए गए। विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस ने “नौकरी चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाए और प्रतीकात्मक रूप से लॉलीपॉप बांटकर अपना विरोध जताया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस नेता महेन्द्र नायक के साथ प्रदेश महासचिव एनएसयुआई छत्तीसगढ़,मंजू सोनकर,अंजू सिंह सुधांशु पांडे, एनएसयुआई के पूर्व जिला उपाध्यक्ष,कैलाश कठोलिया पूर्व शहर अध्यक्ष युवा कांग्रेस,सुरेन्द्र साधवानी, रवि मंगतानी, तेजेन्द्र साहू, समीर बंछोर ,चंद्रकांत ओट्टी,डिकेश कुमार, दुर्गेश,तेजेश्वर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

———————-
शुभ रात्रि…..
———————-






