——————–—
संपादकीय
झूठे रोने वाले बाजी मार जाएंगे !
कुछ लोग इस प्रकार से चाटुकारिता में लगे होते हैं, कि खुद पर ध्यान नहीं होता कि वे क्या कर रहे हैं। सुबह से शाम तक नजदीकी के नाम पर कुछ मध्यमवर्गीय कहीं भौतिक रूप से तो कहीं सोशल में भी लगे होते हैं। खुद का अपने परिवार के किसी सदस्य का या अपने पिता का जन्म दिवस इन्हें याद नहीं होता लेकिन तथाकथित वो बड़े आदमी जिनके नाम होने की शुमार होने की बात इनके मस्तिष्क पटल में बैठ गई है,पीछे लगे होते हैं। खुद की क्या पहचान है और अपने पहचान के लिए ये क्या कर रहे हैं खुद में ज्ञात नहीं होता। कई ऐसे लोग हैं,जो खुद की पहचान किसी सियासी पद से देते हैं। आजीविका के कार्यों से नहीं। जबकि कभी कामकाज किसी के जानने की उत्कंठा हो तो किसी के आजीविका कार्य से होता है। कई बार तो ये लोगों की थोथी प्रशंसा भी कर रहे होते हैं। लोगों को लगता है कि मेरा बडा हितैषी है। संज्ञान लें जब खुद के खून के रिश्ते बेमानी हो जाते हों मित्रता के नाम गद्दारी की खबरें हों वहां हितैषी की बातें कितने प्रतिशत हो सकता है ॽ अनुमान लगाने की बात होगी। सोशल मीडिया में झूठी स्नेह प्यार के कितने किस्से हैं। यह बात न सिर्फ आज का ǃ अपितु कालान्तर में इस बात को भी जाने माने साहित्यकार हरिशंकर परसाई ने भांप लिया था और कहा था कि जब मैं प्राण त्याग करूंगा तब इस बात की आशंका होगी कि झूठे रोने वाले सच्चे रोने रोने वालों से बाजी मार ले जाएंगे। आज के परिपेक्ष्य में यह आशंका सत्य भी साबित हो रहा है। भौतिक रूप से परिजनों से मिलने तक जाने वालों की संख्या नगण्य में है और सोशल पटल पर ऐसे आंसु बहाने वालों की संख्या हजारों में। कहावत में घड़ियाली आंसु बहाने का मुहावरा भी प्रचलन में है। आंसुओं के नाम भौतिक जीवन में बह जाने वाले भी धोखे का शिकार हुए हैं। जिनमें भावनाएं नहीं है, वे इस खेल में माहिर होते हैं।
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
06 सितंबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. शिक्षक दिवस कन्हारपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज क्षेत्र के ग्राम कन्हारपुरी में आयोजित आदर्श ग्रुप के 17वें वर्षगांठ एवं “शिक्षक सम्मान” समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान कर उनके समर्पण को नमन किया। अपने उद्बोधन में आदर्श ग्रुप की 17 वर्षों की सफल यात्रा पर हार्दिक बधाई एवं आने वाले वर्षों के लिए अनंत शुभकामनाएँ। श्रीनेताम ने आगे कहा- शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सक्षम, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाना ही सशक्त समाज की आधारशिला है।
———————–
✍️ 02. कलेक्टर कुंदन कुमार ने कांकेर शहर का किया पैदल निरीक्षण। स्वच्छता एवं विकास कार्यों का लिया जायजा, अनुपस्थित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये।

—कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज कांकेर शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र एवं मेला भाटा का पैदल निरीक्षण कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़कों की नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के बीच बने डिवाइडरों में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई करने तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण करने हेतु एसडीएम, तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया।कलेक्टर कुंदन कुमार ने मेला भाटा के समीप नवनिर्मित 5 हजार लीटर क्षमता की पेयजल टंकी का निरीक्षण किया और शहर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। टंकी का निर्माण पूर्ण होने के बावजूद इससे पेयजल आपूर्ति प्रारंभ नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एक सप्ताह के भीतर टंकी से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित सब इंजीनियर के मौके पर अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को संबंधित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नए बस स्टैंड के समीप स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते समय कलेक्टर की मुलाकात शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं से हुई। छात्राएं शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं। कलेक्टर ने छात्राओं से कविता, पहाड़ा एवं गीत आदि सुनाने को कहा। छात्राओं द्वारा ‘रेला’ पाठ सुनाए जाने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर ने मेला भाटा स्थित दूधावा तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा तालाब विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद कांकेर एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे को कलेक्टर ने शहर में संचालित अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
———————–
✍️ 03. मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से जिले के 24 शिक्षक सम्मानित। शिक्षा दूत पुरस्कार से 21 प्राथमिक शाला शिक्षक और ज्ञानदीप पुरस्कार से 3 माध्यमिक शाला शिक्षक हुए सम्मानित।

—शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कांकेर में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 24 शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें प्राथमिक शालाओं के 21 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा माध्यमिक शालाओं के 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड से 03-03 शिक्षकों का विकासखंड स्तर पर चयन किया गया था। इसी प्रकार ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए माध्यमिक शाला के 03 शिक्षकों का जिला स्तर पर चयन किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 5 हजार रुपये तथा ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 7 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र मोमेन्टो प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 24 शिक्षकों को सम्मानित करते हुए 1 लाख 26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
शिक्षकों को बच्चों का भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए : विधायक श्री नेताम

मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षक पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर आशाराम नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से सम्मानित होना शिक्षकों के लिए गौरव की बात है। शिक्षक बच्चों को गढ़ने का काम करते हैं और आज के कार्यक्रम में बच्चों के भविष्य को गढ़ने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य शिक्षक भी सम्मानित शिक्षकों से प्रेरणा लें और बच्चों का भविष्य संवारने के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य करें।विधायक श्री नेताम ने कहा कि विद्यार्थी अपने शिक्षक को हमेशा याद रखते हैं। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, इसलिए शिक्षकों को अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनका उचित मार्गदर्शन भी करना चाहिए। शासकीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर देते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे सामान्य परिवारों से आते हैं। उन्हें बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को संवारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारे शासकीय स्कूल किसी भी तरह से निजी स्कूलों से कम नहीं होने चाहिए। उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को गढ़ने और उनका भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करते हुए शिक्षक स्वयं को सम्मान का हकदार बनाएं।
शिक्षा के लिए शिक्षक गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य करें : कलेक्टर कुंदन कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि शिक्षा के प्रति शिक्षक गंभीर रहें और समर्पण भाव से कार्य करें। विद्यार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा स्कूल में निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे ग्रामीण परिवेश तथा गरीब एवं सामान्य परिवारों से आते हैं। उन्हें अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार है और बस्तर के विकास का द्वार है। हमें शिक्षा के क्षेत्र में भी कांकेर जिले को अग्रणी बनाना है।कलेक्टर कुंदन कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में जो भी कमियां हैं, वे आज के बाद दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने स्कूलों में शराब का सेवन कर आने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन 90 प्लस के लिए विशेष रूप से कार्ययोजना तैयार करने तथा तीन दिवस के भीतर प्लान बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित 21 शिक्षक
अंतागढ़ विकासखंड से श्रीमती हेमलता मांझी, प्राथमिक शाला भैरगांव; श्री राधेश्याम ठाकुर, प्राथमिक शाला दर्रोखलारी तथा मुकेश कुमार साहू, प्राथमिक शाला कुदुरपाल को शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भानुप्रतापपुर विकासखंड से शेख अमजद, प्राथमिक शाला नयापारा कुंडी; हरिश्चंद्र ठाकुर, प्राथमिक शाला कोकड़े तथा पुरुषोत्तम किरशाने, प्राथमिक शाला आमापारा भानबेड़ा को पुरस्कार प्रदान किया गया। चारामा विकासखंड से श्रीमती सरला सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला चारामा‚ संतोष सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला रंगोपारा मरकाटोला तथा शिव कुमार सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला केकतीपारा को शिक्षा दूत पुरस्कार मिला। दुर्गूकोंदल विकासखंड से नरेंद्र कुमार उयके, शासकीय प्राथमिक शाला मदले; सुकदेव कोड़ोपी, शासकीय प्राथमिक शाला नेलचांग तथा अनिल कुमार साहू, शासकीय प्राथमिक शाला चिहरो को पुरस्कार प्रदान किया गया। कांकेर विकासखंड से श्रीमती भगवती ठाकुर, शासकीय प्राथमिक शाला डुमाली छोटेपारा; श्रीमती त्रिवेणी जैन, शासकीय प्राथमिक शाला सरंगपाल तथा श्रीमती रिया मरकाम, शासकीय प्राथमिक शाला भट्टीपारा देवरी को शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कोयलीबेड़ा विकासखंड से तुमेश्वर कुमार विश्वकर्मा, शासकीय प्राथमिक शाला छिंदटोला; रविंद्रनाथ सरदार, शासकीय पीएमश्री विद्यालय पी.टी.ई. 83 तथा श्रीमती दुर्गामनी नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला ढुढ़ापारा को पुरस्कार प्रदान किया गया नरहरपुर विकासखंड से दिनेश कुमार साहू, शासकीय प्राथमिक शाला मावलीपारा; श्रीमती सविता नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला माखाड़ी तथा झुमर सिंह नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा भिरौद को शिक्षा दूत पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित सभी 21 शिक्षकों को 5-5 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ शाल – श्री फल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान की गई।
ज्ञानदीप पुरस्कार से तीन शिक्षक सम्मानित
ज्ञानदीप पुरस्कार से चारामा विकासखंड की सुश्री खुशबू जैन शासकीय माध्यमिक शाला खैरवाही; कांकेर विकासखंड की श्रीमती रवी नाग शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डुमाली तथा दुर्गूकोंदल विकासखंड के मधुराम नेताम शासकीय माध्यमिक शाला सुखई को सम्मानित किया गया।ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि,शाल -श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो प्रदान की गई।
गोंडी भाषा सीखकर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने वाले शिक्षक मुकेश साहू हुए सम्मानित
शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित अंतागढ़ विकासखंड के प्राथमिक शाला कुदुरपाल के सहायक शिक्षक (एल.बी.) श्री मुकेश कुमार साहू ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी पदस्थापना वर्ष 2010 में कुदुरपाल में हुई थी। उस समय क्षेत्र के अधिकांश बच्चे अपनी स्थानीय गोंडी भाषा में ही बातचीत करते थे तथा उन्हें हिंदी और अंग्रेजी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं था। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उन्हें शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं सबसे पहले गोंडी भाषा सीखी। इसके बाद वे बच्चों से उनकी स्थानीय गोंडी भाषा में संवाद करने लगे और धीरे-धीरे उन्हें हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा का ज्ञान देना शुरू किया। श्री साहू ने बताया कि इस प्रयास से बच्चों में भाषा को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपने गांव से बाहर अन्य स्थानों पर लोगों से बातचीत करने में भाषा संबंधी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ा। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित होने पर मुकेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं कलेक्टर कुंदन कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। शिक्षक सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, शिशुपाल शोरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, महेश जैन, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, श्री राजीव लोचन सिंह, ईश्वर कावड़े, जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
————————
✍️ 04. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को ।
— जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासन के तत्वावधान में एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज कांकेर में किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1023 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 36 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 353 पद, फायरमेन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
✍️ 05. शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘मैं हूँ साइबर शिक्षक’ के तहत साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा जिले में “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत निरंतर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे द्वारा सेंट माइकल स्कूल में लगभग 300 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, साइबर ठगी के नए तरीकों एवं महिला सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।महिला रक्षा टीम द्वारा बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए “अभिव्यक्ति” ऐप डाउनलोड कराया गया तथा ऐप में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर के उपयोग तथा आत्मरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अधिकारी बनकर फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से धमकी, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क एवं सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। छात्रों को विशेष रूप से समझाया गया कि पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट कर पैसे जमा कराने के लिए बाध्य नहीं करती। ऐसे किसी भी कॉल पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें । कार्यक्रम में
म.प्र.आरक्षक 154 सौशिल्या टेकाम‚प्र.आर.766 अभिषेक साहू‚म.आ. 648 -शांति ठाकुर,725- बालेश्वरी नेताम‚1237- नीलू कोमरे ,आर. 2012 मंजित कुमार जुर्री,आर. 2041 विकास शोरी शामिल रहे।इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंच बनाते हुए उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने एवं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
————————
✍️06. “प्रोजेक्ट दक्ष” से स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कांकेर पुलिस : तकनीकी रूप से सक्षम बन रहा पुलिस बल।207 पुलिस जवानों को दिया जा चुका कंप्यूटर प्रशिक्षण, 36 अधिकारी-कर्मचारी वर्तमान में प्रशिक्षणरत।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में जिला पुलिस कांकेर द्वारा पुलिस बल को तकनीकी रूप से दक्ष एवं आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप सक्षम बनाने के उद्देश्य से “प्रोजेक्ट दक्ष” के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। “प्रोजेक्ट दक्ष” का प्रमुख उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन, ऑनलाइन कार्यप्रणाली, कार्यालयीन सॉफ्टवेयर एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।डिजिटल युग में पुलिसिंग की बढ़ती तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस पहल के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता, कार्यक्षमता एवं कार्यालयीन कार्यों की गति को बढ़ाया जा रहा है। इससे विभागीय कार्यों में तकनीक का बेहतर उपयोग होने के साथ-साथ पुलिसिंग को अधिक स्मार्ट, पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।“प्रोजेक्ट दक्ष” के अंतर्गत अब तक कांकेर पुलिस के 207 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफलतापूर्वक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान कर तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा चुका है। इसी क्रम में वर्तमान में 36 अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।“प्रोजेक्ट दक्ष” के तहत पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अधिकारी एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से कंप्यूटर एवं डिजिटल संसाधनों पर अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।कांकेर पुलिस द्वारा लगातार बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपने पुलिस बल को तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पुलिसकर्मी आधुनिक संसाधनों एवं डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए आमजन को त्वरित, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान कर सकें।
————————
✍️07. “जन सहयोग” ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान।

— समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” द्वारा आज शिक्षक दिवस के पुण्य अवसर पर तीन वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान उनके निवास स्थानों में जाकर किया गया। संगठन के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अनुसार वे प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसा ही सम्मान समारोह पहले भी कर चुके हैं तथा भविष्य में भी अपने गुरुजनों का यथायोग्य सम्मान करते रहेंगे। शिक्षक को हमारे देश में राष्ट्र निर्माता कहा गया है, जिनका दर्ज माता-पिता से कम नहीं माना जाता। विद्वानों ने यहां तक कहा है कि “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पाँय, बलिहारी गुरु आपने ,गोविंद दियो बताय,,,,,,,, पहले चरण सेवा गुरु की ही होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने ही ईश्वर से हमें परिचित कराया है। आज “जन सहयोग” द्वारा सम्मानित शिक्षकों में भगवानजी भाई टांक ने अपने अभिनंदन पर अत्यंत अभिभूत होकर कहा कि अजय पप्पू मोटवानी और उनकी संस्था अनेक बड़े सामाजिक कार्य कर रहे हैं, जिनके लिए मेरा आशीर्वाद उनके साथ है । आज उन्होंने अपने साथियों सहित मुझे याद किया है। मुझे भी अपने बचपन के गुरुजन याद आने लगे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त प्राचार्य बहादुर लाल तिवारी का भी सम्मान उनके निवास स्थान पर जाकर किया, जो आजकल अस्वस्थ चल रहे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त अंग्रेज़ी भाषा के शिक्षक सैयद ज़ुल्फ़िकार अली का भी अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मेरी आयु अब 84 वर्ष की है, फिर भी मैं बच्चों को पढ़ाता हूं। सेवा निवृत्ति के पश्चात मैं निजी स्कूलों में भी वर्षों तक शिक्षा प्रदान की है लेकिन इतने लंबे शिक्षकीय जीवन में मुझे अभिनंदन के नाम पर काग़ज़ का एक टुकड़ा भी कहीं से नहीं मिला था, इसीलिए आज आपके द्वारा जो मेरा सम्मान किया गया है, उससे मैं हृदय से अभिभूत हूं ,आप सबको मेरा आशीर्वाद है। आज के इस सादगीमय महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा राजकुमार फव्यानी वरिष्ठ पत्रकार अनुराग उपाध्याय, डॉ श्याम देव, धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव,प्रवीण गुप्ता, शैलेंद्र देहारी, दिलीप कुमार गंजीर, गणेश तिवारी, वसंत ठाकुर वकील साहब, देवेश श्रीवास्तव तथा भूतपूर्व सैनिक टेश्वर जैन आदि वरिष्ठ जनों की उपस्थिति गरिमामय थी। शहर भर में गुरुजनों के अभिनंदन की प्रशंसा की जा रही है।
————————
✍️08.जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग की प्रवेश परीक्षा सफल।कांकेर में 3,099 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग टेस्ट, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन।

—जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन उत्तर बस्तर कांकेर की महत्वपूर्ण पहल के तहत जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन रविवार को जिले के निर्धारित सात परीक्षा केन्द्रों में सफलतापूर्वक किया गया। परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
3,200 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रवेश परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए जिले से कुल 3,200 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें जेईई के लिए 623 तथा नीट के लिए 2,577 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया।
परीक्षा के दिन जेईई में पंजीकृत 623 विद्यार्थियों में से 584 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि नीट में पंजीकृत 2,577 विद्यार्थियों में से 2,515 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार जेईई एवं नीट स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 3,099 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
सात केन्द्रों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा
प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिले के सात निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरेश मंडावी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए थे।विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, परीक्षा केन्द्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय सुविधा
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है, जो जेईई और नीट जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने की क्षमता रखते हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी।
कोचिंग के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप अध्ययन सामग्री तथा आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जिले के विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।
प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में पहल
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग योजना को जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इस पहल से आर्थिक अथवा अन्य कारणों से महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से जिला प्रशासन की इस पहल के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों की सकारात्मक रुचि भी सामने आई है।
————————
✍️09. गांजा तस्करी के फरार आरोपी को कांकेर पुलिस ने सुकमा से किया गिरफ्तार। 20.235 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में था फरार।उजियारा अभियान के तहत अवैध गांजा परिवहन के विरुद्ध कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—दिनांक 27.08.2026 को थाना प्रभारी के आदेश पर पी.एस.आई. जोंटी सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा कांकेर बायपास आवासपारा मनकेशरी चौक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान CG 08 BG 6871 नंबर की संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 20.235 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,21,410/- बरामद किया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण में दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा चुका था, जबकि आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान घटना दिनांक से फरार था।विवेचना के दौरान दिनांक 04.09.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी पट्टनमपारा, सुकमा में रह रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के आदेश से पी.एस.आई. जोंटी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सुकमा जिले के पट्टनमपारा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे दिनांक 05.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।
———————–
✍️
10. पैसे निवेश कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश । महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी।
थाना अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

—महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों द्वारा कंपनी में पैसा निवेश करने पर 05 प्रतिशत का ब्याज (कमीशन) देने एवं डेढ़ साल में रकम दुगने देने का लालच दिया गया। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को झांसा देकर कंपनी में निवेश कराया गया।आरोपियों द्वारा पीड़ित सरकारी कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित कर पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने पैसा देना बंद कर दिया और लोगों की जमा राशि लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भापूसे) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में , एसडीओपी श्री संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।थाना अंतागढ़ क्षेत्र में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में पैसा निवेश करने पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर लगभग 500 लोगों से करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में अंतागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।प्रकरण में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की गई।आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका , साजा जिला बेमेतरा तथा आरोपी नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






