कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
08 जनवरी 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
1. कांकेर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध विशेष अभियान ‘उजियारा’ लगातार जारी ।

—कांकेर पुलिस द्वारा संपूर्ण जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘उजियारा ‘ के तहत कांकेर पुलिस अनुविभाग के थाना चारामा में 13 नग मसाला देशी मदिरा, 25 नग प्लेन देशी मदिरा कुल मदिरा शराब 6.840 लीटर जुमला रकम 3170/- रूपये, एक नग मोटर साइकिल एवं थाना कोरर में 6 लीटर देशी महुआ शराब जुमला रकम 600/- रूपये कुल जुमला शराब 12.840 लीटर कुल रकम 3770/- रूपये जप्त।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री श्रीमाल (भा.पु.से.) भानुप्रतापपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसिन खान के पर्यंवेक्षण में थाना चारामा, कोरर में अवैध शराब, नशीली पदार्थ का सेवन कर उत्पादन करने वाले असामाजिक तत्वों पर सतत् निगरानी रखना आवश्यक कार्यवाही कर असामाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने पुलिस थाना चारामा,कोरर द्वारा लगातार पेट्रोलिंग के दौरान वैधानिक कार्यवाही की जा रही है इसी दौरान दिनांक 07.01.2026 को मुखबिर सूचना पर आवरी चौक राम जानकी मंदिर के पास चारामा में नाकाबंदी करने पर :- (01) वाहन मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 07 LZ 5457 में आरोपी गुलशन सोनी पिता अरुण सोनी उम्र 27 साल निवासी मचांदूर थाना चारामा जिला कांकेर के द्वारा एक सफेद रंग के थैला में 13 नग मसाला देसी मदिरा, 25 नग प्लेन देसी मदिरा कुल मदिरा 6.840 लीटर रकम 3170/- रूपये को अवैध रूप से बिक्री करने परिवहन करते पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर विधिवत कार्यवाही किया गया, सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी चारामा के नेतृत्व में सउनि सागर निषाद, आरक्षक 553, थाना पेट्रोलिंग बल का अहम भूमिका रहा है। (02) आबकारी एक्ट के तहत ग्राम किशनपुरी में आरोपी रोहित कोठारी पिता स्वर्गीय पंडित राम उम्र 42 साल साकिन किशनपुरी थाना कोरर जिला उत्तर बस्तर कांकेर के द्वारा 6 लीटर देशी महुआ शराब रकम 600/- रूपये को आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर विधिवत कार्यवाही किया गया संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोरर निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक 138,334, आरक्षक 1000,1075, महिला आरक्षक 788 का अहम भूमिका रहा है।
————————
02.राज्य के मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यालयों को परफार्मेंस के आधार पर मिलेंगे 02 से 05 लाख रूपए तक अनुदान। मेरिट आने वाले बच्चों को कराई जाएगी हवाई यात्रा

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिले के समस्त विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी जिले की सबसे बड़ी पूंजी होती है और कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम उस पूंजी की गुणवत्ता को दर्शाता है। बोर्ड परीक्षाओं में जिले का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को परिणामोन्मुखी रणनीति के साथ कार्य करना होगा। प्राचार्य केवल प्रशासक नहीं, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता है, उनकी सक्रिय भूमिका से ही परिणाम में परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्य की मेरिट सूची में स्थान दिलाकर जिले की पहचान को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाना भी है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में मेधावी एवं संभावनाशील विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास एवं मानसिक तैयारी प्रदान की जाए। अर्धवार्षिक परीक्षा में कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष सुधारात्मक शिक्षण, अतिरिक्त कक्षाएं, विषयवार अभ्यास तथा सतत मूल्यांकन अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जावे। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वास देना, उनकी क्षमता पर विश्वास जगाना और उन्हें लक्ष्य के प्रति प्रेरित करना हम सभी का दायित्व है। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि प्रत्येक विद्यार्थी सफल होगा और हमारा जिला शिक्षा के क्षेत्र में एक उदाहरण बनेगा।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि वार्षिक परीक्षा के तैयारी के दौरान केवल पाठ्यक्रम पूर्ण कराने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के संतुलित आहार, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य और समय प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। स्वस्थ्य शरीर और स्वस्थ्य मन के साथ किया गया अध्ययन ही श्रेष्ठ परिणाम दे सकता है। इसके लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र एवं नियमित संवाद सुनिश्चित किया जाए। छात्रों के मार्गदर्शन के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 7389562231, 6264092516 का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में जिले के जो शासकीय विद्यालय का विद्यार्थी राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाएगा, ऐसे विद्यालयों को उनके परफार्मेंस के आधार पर 02 से 05 लाख रूपए का अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा मेरिट में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को हवाई जहाज से मुंबई की यात्रा भी कराई जाएगी। शत-प्रतिशत रिजल्ट देने वाले विद्यालय एवं शत-प्रतिशत अंक देने वाले व्याख्याता को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने अनुरोध कार्यक्रम के अंतर्गत अवकाश दिवसों में रिमेडियल क्लास का संचालन करने वाले व्याख्याताओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, डीएमसी नवनीत पटेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।
———————
03.‘बस्तर पण्डुम’ का जनपद स्तरीय आयोजन 16 जनवरी को ग्राम साल्हेभाट में।
—‘बस्तर पण्डुम’ का कांकेर जनपद स्तरीय आयोजन 16 जनवरी को ग्राम पंचायत मांदरी के आश्रित ग्राम साल्हेभाट में किया जाएगा। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी कांकेर अरूण वर्मा की अध्यक्षता तथा सामाजिक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थिति में जनपद पंचायत कांकेर में बैठक आयोजित की गई। जिसमें सामाजिक एवं जनप्रतिनिधियों की व्यवस्था, समाजिक पदाधिकारियों की सूची एवं समाज की ओर से मंच संचालन के साथ ही पारधी, उरांव, ओझा, ध्रुवा समाज को शामिल करने के संबंध में रूपरेखा तय की गई। इस संबंध में अंतिम बैठक 14 जनवरी दिन बुधवार को ग्राम पंचायत मांदरी के आश्रित ग्राम साल्हेभाट में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावडे उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी यादव, राजेश भास्कर, प्रकाश दीवान, चन्द्रहास नेताम, रत्तूराम नेताम, हृदयराम शोरी, सुर्या नेताम, विनोद शोरी एवं समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णयानुसार जनजाति बाहुल्य बस्तर संभाग के स्थानीय कला एवं संस्कृति, परम्परा लोककला, शिल्प, तीज-त्यौहार, खान-पान, बोली-भाषा, रीति-रिवाज, वेश-भूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, नाट्य , व्यंजन-पेयपदार्थ, आंचलिक साहित्य, वन औषधि के मूल स्वरूप के संरक्षण, संवर्धन एवं कला समूहों के सतत् विकास तथा जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से “बस्तर पण्डुम का आयोजन किया जा रहा है।
———————
04. किसानों के लिए रकबा सुधार, कैरीफारवर्ड व नवीन पंजीयन की तिथि बढ़ी। 15 जनवरी तक करा सकेंगे नवीन पंजीयन और रकबा में संशोधन।
— धान विक्रय में किसानों को सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से सरकार द्वारा रकबा सुधार, कैरीफारवर्ड, फसल विवरण की प्रविष्टि, साथ ही छुटे हुए किसानों के नवीन पंजीयन इत्यादि के लिए तिथि बढ़ा दी गई है। सरकार द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार कैरीफारवर्ड, वन अधिकार पट्टाधारी किसानों का पंजीयन, त्रुटिपूर्ण आधार के प्रकरण में पूर्व पंजीयन निरस्त कर नवीन पंजीयन के साथ ही राजस्व विभाग द्वारा की गई गिरदावरी का भौतिक सत्यापन के आधार पर कलेक्टर के अनुशंसा पर नवीन पंजीयन अब 15 जनवरी 2026 तक किए जा सकेंगे। इसके अलावा सभी प्रकार का संशोधन के लिए 31 जनवरी तक समय निर्धारित किया गया है। जिले के किसान इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
———————–
05. चावल उत्सव का आयोजन 09 जनवरी को ग्राम बेवरती में।
— छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर चावल उत्सव का आयोजन 09 जनवरी शुक्रवार को प्रातः 11 बजे से ग्राम बेवरती में अंगना विधायक कार्यालय के सामने किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम होंगे तथा अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी द्वारा किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, महेश जैन, सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति श्री देवेन्द्र कुमार टेकाम और ग्राम पंचायत बेवरती के सरपंच विष्णु नेताम उपस्थित रहेंगे।
–———————
06. एकलव्य आदर्श विद्यालय में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा में शामिल होने आवेदन 07 फरवरी तक। चयन परीक्षा 01 मार्च को।
—जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लामकन्हार अंतागढ़, कांकेर, फरसकोट भानुप्रतापपुर, भण्डारडिगी दुर्गूकोंदल, सुरही नरहरपुर में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र 07 फरवरी तक भरे जा सकेंगे तथा भरे गए आवेदन में त्रुटि सुधार 08 से 10 फरवरी तक किया जा सकेगा। चयन परीक्षा 01 मार्च रविवार को प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन www.eklavya.cg.nic.in के माध्यम से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
———————–
07. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन, विचार और कृतित्व युगों तक भारत को दिशा देता रहेगा – शशि पवार।

—भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री, कवि, लेखक, विचारक, भाजपा के संस्थापक परम् अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने व राष्ट्र विकास में उनके योगदान को याद करते आज कांकेर विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सभा का आयोजन नरहरपुर में किया गया । सभा मे मुख्य वक्ता के रूप में धमतरी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशि पवार , भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन, कांकेर विधायक आशा राम नेताम उपस्थित रहे । मुख्य वक्ता के रूप में शशि पवार ने कहा कि अटल जी एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और प्रखर विचारक भी थे। उनकी कविताओं और भाषणों में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना और जीवन मूल्यों की झलक मिलती है, जो आज भी देशवासियों और युवाओं को प्रेरित करती है।
श्री पवार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का सपना सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक मूल्यों से युक्त भारत का था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी उसी संकल्प को आगे बढ़ा रही है। अटल जी के विचार और आदर्श आज भी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं।
अंत में श्री पवार ने कहा कि अटल जी का जीवन और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रनिर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्मृति सभा को सम्बोधित करते महेश जैन ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान राष्ट्रद्रष्टा थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सुशासन को समर्पित रहा। अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति में शुचिता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता का प्रतीक था। श्री जैन ने कहा कि अटल जी ने विषम परिस्थितियों में भी देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने राजनीति में मर्यादा, संवाद और सहमति की परंपरा को सुदृढ़ किया। विपक्ष के प्रति सम्मान, लोकतंत्र के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना उनके नेतृत्व की विशेष पहचान रही।
विधायक आशा राम नेताम ने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को सामरिक रूप से सशक्त बनाया गया, वहीं स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाओं ने देश के बुनियादी ढाँचे को मजबूती प्रदान की। इन योजनाओं से आर्थिक विकास को गति मिली और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया। आशा राम नेताम ने कहा कि अटल जी की विदेश नीति संतुलित, दूरदर्शी और राष्ट्रहित पर आधारित थी। पड़ोसी देशों के साथ संवाद, विशेषकर बस यात्रा के माध्यम से शांति का संदेश देना, उनके उदार किंतु दृढ़ नेतृत्व को दर्शाता है। वे शांति के पक्षधर थे, परंतु देश की सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं किया।
सभा का संचालन आई टी सेल जिला संयोजक मुकेश संचेती ने व आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री राजा पांडेय ने किया । इस अवसर पर पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, अशोक वलेचा, पूर्व जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल, राजीव लोचन सिंह, संजय सिन्हा, अनिता सोनी, उत्तम जैन, प्रदीप जायसवाल, अरूण कौशिक, संजू गोपाल साहू, तारा ठाकुर, विजय लक्ष्मी कौशिक, टीकेश सिन्हा, मनोज ध्रुव, संतोष भास्कर कन्हैया नेताम , गिरधर यादव, जयंत अटभैया, मीरा सलाम, लक्ष्मी नारायण साहू पुष्पा मंडावी, मंजू सारथी, चित्ररेखा जैन, अनूप शर्मा, पीयूष वलेचा, सपन श्रीवास्तव, संजय जुर्री, आदि उपस्थित रहे ।
———————–
08. आज नरहरपुर चनार रोड के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन ।

— आज नरहरपुर चनार रोड के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा-40.23 करोड़ की लागत से होने वाला यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह उपलब्धि क्षेत्र की जागरूक जनता, सतत प्रयास और जनभावनाओं की जीत है।
———————–
09. जेपरा में ग्रामीणों की मांग पर सामुदायिक भवन हेतु 6.50 लाख रुपए भानुप्रतापपुर विधायक की घोषणा।

—- भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज ने ग्राम पंचायत जेपरा के बांधापारा पहुंचकर बुढ़ादेव स्थल पर पूजा अर्चना कर जेपरा जलाशय का निरीक्षण की,यह जो रखरखाव के अभाव में खस्ताहाल हो चुका है। इसे दुरूस्त कराने की बात कही। तथा बांधापारा वासियों के मांग पर सामुदायिक भवन हेतु 6.50 लाख रुपए की घोषणा की। इस अवसर पर राजेन्द्र सलाम अध्यक्ष कांग्रेस मंडल हाराडूला, देवकुमार ध्रुव, नारायण कोमरा, पुष्कर नेताम,सुरूचि सिन्हा सहित पूरे मोहल्लेवासी उपस्थित थे
———————
10. एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सत्र 2026–27 हेतु कक्षा 6वीं प्रवेश प्रक्रिया शुरू।
—छत्तीसगढ़ राज्य के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु महत्वपूर्ण तिथियों की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय दुर्गूकोदल के प्राचार्य बैजनाथ नरेटी ने बताया कि प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 08 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 07 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो उसके सुधार के लिए 08 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक का अवसर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 01 मार्च 2026 को किया जाएगा, जिसके आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि समय-सीमा का ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें और परीक्षा की तैयारी गंभीरता से करें।
———————-
———————————-
विशेष—
सकारात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है रासेयो – ललित नरेटी

—भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत दिनांक 01 जनवरी से 07 जनवरी तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण बौद्धिक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर के मार्गदर्शन में शासकीय स्व. लच्छन सिंह ठाकुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लारगांव मरकाटोला, विकासखंड नरहरपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़) में संपन्न हुआ। आज 07 जनवरी को शिविर का समापन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ललित नरेटी जी उपस्थित रहे। वे सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य आदिम संस्कृति, कला एवं साहित्य संस्थान के अध्यक्ष हैं। इस अवसर पर उन्होंने NSS स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन के माध्यम से ललित नरेटी जी ने युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया, साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSS युवाओं में नेतृत्व विकास का एक सशक्त माध्यम है, जो उन्हें अपने गांव और समाज को सुधारने की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने स्वच्छता विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया और भारत के संविधान के अनुच्छेद 51(क) (मौलिक कर्तव्य) की जानकारी देते हुए युवाओं से तर्कशील एवं वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान किया।
ललित नरेटी जी ने कहा कि गांव से ही हमारी पहचान जुड़ी होती है, जिस गांव की मिट्टी में हम खेले और जिस गांव का पानी पिया, उस गांव के लिए कुछ करना हमारा दायित्व है। गांव की इज्जत हमारे अच्छे कर्म, अच्छी पढ़ाई और अच्छे व्यवहार से होती है। हमारे व्यवहारों से ही समाज में हमारी पहचान बनती है।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने घर के आसपास के बच्चों को पढ़ाने, तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं और अवसरों से जरूरतमंदों को जोड़ने का कार्य करें, ताकि समाज का समग्र विकास हो सके।

बौद्धिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को विषय की उपयोगिता समझाते हुए NEET की तैयारी पर चर्चा की गई। आर्ट्स वर्ग के विद्यार्थियों को PSC, UPSC एवं CLAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया गया, वहीं कॉमर्स वर्ग के विद्यार्थियों को CA बनने के लक्ष्य के साथ निरंतर अध्ययन करने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि जिस विषय को हमने चुना है, उसी विषय में पूरी लगन और ईमानदारी से आगे बढ़ना चाहिए। खेल और पढ़ाई—दोनों में सही दिशा और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि हम सभी अपने माता-पिता की उम्मीद हैं। उनसे हमारी अनेक अपेक्षाएँ जुड़ी होती हैं, इसलिए हमें उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए, जीवन के प्रत्येक निर्णय में माता-पिता की सहमति और मार्गदर्शन को महत्व देना आवश्यक है।

इस अवसर पर सरपंच पदुम सिंह ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार कोर्राम सहित ग्राम के प्रमुख सियानजन, महिलाएं तथा विद्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।
यह बौद्धिक प्रशिक्षण सत्र तथा सात दिवसीय विशेष शिविर आज 07 जनवरी को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो NSS स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा और युवाओं को अपने गांव, समाज एवं देश के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की दिशा प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






