आज की टॉप 10 खबर 12 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  12  दिसंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

तो महानदी अरौद पुल के संरक्षण पर भी जनांदोलन होगा?

महानदी से अवैध तरीके से रेत उत्खनन के संदर्भ अमूमन बिना रायल्टी ट्रकें बाहर भेजें,तो कभी किसी दूसरे खदान का रायल्टी चलाने सहित, क्षमता से अधिकाधिक वजनी ट्रकों का संचालन आदि विषय होते हैं। जिस पर कार्रवाई का अधिकार विभाग को है,लेकिन कभी-कभी आम जागरूक लोग,जनप्रतिनिधी इसे संज्ञान में लेकर इस पर रोक लगाने प्रशासन को अवगत कराते दिखायी देते हैं।

आज अरौद घाट से ऐसे ही एक 600 फीट रेत से भरी ट्रक सीजी 04 एम बी 8154 जिसका विभागीय निरीक्षकों ने मचांदुर नाके में जांच की तो तकनीकी रूप से खामियां पाई गई। रेत रायल्टी में समय का उल्लेख भी नहीं था। जिस पर केस फाईल किया गया। ड्रायवर द्वारा मिन्नते तो की ही गई पर ऊपर अधिकारी तक यह खबर पहूंचाये जाने सुचना देते कुछ नहीं कर पाने की बातें की जा रही थी।

इधर अरौद जिस जिला पंचायत में आता है,वहां की जागरूक जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा द्वारा लगातार महानदी पुलों के संरक्षण एवं अवैध तरीके से महानदी से रेत उत्खनन को लेकर अरौद घाट गई थी। ठेकेदार से मुखातिब नहीं होने पर जनता के हित में अरौद पुल को बचाने की बातें कही। सख्त रूप से कहा कि इस तरह अवैध तरीके से उत्खनन नहीं चलेगा?

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बातों को उपेक्षित किया गया तो आने वाले सप्ताह भर के उपरांत क्षेत्र के लोगों के साथ अरौद घाट पुल पर प्रदर्शन किया जायेगा जिसमें महानदी पुलों का संरक्षण भी विषय होगा।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01.जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के अंतर्गत जिला उत्तर बस्तर कांकेर की चयन एवं प्रतीक्षा सूची 09 दिसंबर 2025 परीक्षा परिणाम संबंधित शिकायत निराकरण के लिए दिन समय निर्धारित। 

-जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के अंतर्गत जिला उत्तर बस्तर कांकेर की चयन एवं प्रतीक्षा सूची 09 दिसंबर 2025 को जारी की गई है। परिणाम सूची को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर एवं रक्षित केन्द्र कांकेर के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि जिला कांकेर के परीक्षा परिणाम से संबंधित शिकायतों के निराकरण हेतु जिला इकाई स्तर पर एक हेल्प डेस्क गठित किया गया है। हेल्प डेस्क संचालन विवरण के अनुसार – 12 दिसंबर 2025 से 14 दिसंबर 2025 तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में प्रथम पालीः सुबह 10.30 बजे से 12.30 बजे तक अभ्यर्थियों से शिकायत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरी पालीः दोपहर 15.30 बजे से 17.30 बजे तक भर्ती समिति से प्राप्त विवरण के आधार पर शिकायतों का निराकरण एवं संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।

———————— 

02. भानुप्रतापपुर में कल होने जा रहा भव्य हिन्दू सम्मेलन 2025 का आयोजन।

  — जिले के भानुप्रतापपुर नगर में कल 13 दिसम्बर शनिवार को एक विशेष और भव्य हिन्दू सम्मेलन 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन विश्व में शांति, सद्भाव और सामाजिक समन्वय का संदेश देने वाले हिन्दू समाज की एकता, शक्ति और संगठन का प्रतीक बनने जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को जोड़ने, संस्कारों को सुदृढ़ करने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। सम्मेलन में संतों, समाज प्रमुखों, सामाजिक व्यक्तित्वों एवं विविध समुदायों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजन होने जा रहा है। आयोजन काका प्रमुख उद्देश्य समाज को एकता, सहयोग और संगठन की दिशा में मजबूत बनाना है। कार्यक्र में मुख्य वक्ता चन्द्रशेखर, कार्यक्रम के मुख्य वक्त चन्द्रशेखर वर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी (वि.हि.35) होंगे, जो सम्मेलन में उपस्थित जनसमूह को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। 13 दिसम्बर 2025 शनिवार को दोपहर 1.00 बजे से 4.000 बजे तक आयोजन नगर के मानस मंच,विश्राम गृह के सामने भानुप्रतापपुर में होगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं और समाजजनों के उपस्थित होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और समाज के जागरूक लोगों से इस सम्मेलन में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

  ———————

03.  शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय, जैसाकर्रा में स्टूडेंट फार सेवा के के तत्वाधान में गत 11 दिसंबर को एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

—शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय, जैसाकर्रा में स्टूडेंट फार सेवा के के तत्वाधान में गत 11 दिसंबर को एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में पूर्णिमा अस्पताल कांकेर की चिकित्सा टीम डॉ. राकेश साहू, डॉ. उमा भूर्या एवं रेशमी कुंजाम, ने ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की। आवश्यकता अनुसार सभी लाभार्थियों को चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क दवाई वितरण भी किया गया।

शिविर में विद्यार्थियों, स्टाफ एवं स्थानीय नागरिकों सहित कुल 66 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था प्रमुख डॉ. के. के. मरकाम, जनभागीदारी अध्यक्ष अंकित जैन, एवं प्यारे देवांगन, दीपक सोनकर, सत्येन गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।स्टाफ से डॉ. आयशा कुरैशी, प्राध्यापक दीपिका सोम, प्रा. महेश कतलाम, प्रो. चंद्रवंशी सर एवं अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभायी।कार्यक्रम को सफल बनाने में एसएफएस कार्यकर्ता वेदव्यास सिन्हा, हर्ष सिन्हा, युगल किशोर , पीयूष सिन्हा, प्रदीप साहू, राहुल सिन्हा, पंकज पाल का विशेष योगदान रहा।अंत में संस्था प्रमुख ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्टाफ एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

  ———————

04.नेशनल लोक अदालत का आयोजन 13 दिसम्बर को।

— जिला न्यायालय कांकेर एवं सभी तहसील स्तरीय न्यायालयों में 13 दिसम्बर शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बैंक संबंधी प्रकरण, बिजली बिल एवं टेलीफोन बिल विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण,.पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस प्रकरण (धारा 138 एन.आई. एक्ट),सिविल एवं अन्य समझौतापूर्ण प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जिले के नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क निराकरण कराने हेतु नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ। जिले के नागरिकों से उन्होंने आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि को न्यायालय में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का शीघ्र समाधान प्राप्त करें।

———————–

05.ग्राम खमडोढ़की और कापसी में वॉटरशेड महोत्सव आयोजित

— प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वॉटर विकास घटक कोड़ेजुंगा परियोजनांतर्गत ग्राम खमडोढ़की और ग्राम कापसी में वॉटरशेड महोत्सव आयोजन किया गया। इस दौरान वॉटरशेड महोत्सव कार्यक्रम के बारे में जल और मृदा की उपयोगिता पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मृदा वैज्ञानिक द्वारा मिट्टी परीक्षण उपरांत संतुलित उर्वरक के उपयोग एवं जल संरक्षण, दलहन, तिलहन फसलों के उत्पादन, दोहरी फसल एवं पराली (पैरा) प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा जल संरक्षण पर आधारित रंगोली, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस अवसर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्राम सरपंच, कृषि विभाग के अधिकारी तथा वाटरशेड परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी सहित संबंधित ग्रामवासी और विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

———————

06 . बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में बाल विवाह संबंधी दावा आपत्ति आमंत्रित।

— राज्य शासन के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले की 40 प्रतिशत ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त किया जाना है। जिले की 454 ग्राम पंचायतों में से 297 ग्राम पंचायतों एवं 05 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किये जाने हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों व नगरीय निकायों में विगत दो वर्षों से अब तक एक भी बाल विवाह नहीं होना पाया गया है। यदि उक्त अवधि में इन ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में बाल विवाह हुआ हो तो जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग में सूचना प्रकाशन 30 दिसम्बर तक आवश्यक अभिलेखों सहित दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि में दावा आपत्ति प्राप्त न होने पर इन ग्राम पंचायतां-नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने हेतु अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। बाल विवाह मुक्त अभियान हेतु प्रस्तावित ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों की सूची का अवलोकन जिला कार्यालय के सूचना पटल और जिले की वेब साईट www.kanker.gov.in पर किया जा सकता है।
———————–

07.  विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथि में किया गया संशोधन, नवीन तिथि जारी, 21 फरवरी को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।

— भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य प्रारंभ किया गया है। आयोग द्वारा पूर्व में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन करते हुए समय-सीमा बढ़ाकर नवीन संशोधित तिथि जारी किया गया है। संशोधित तिथि के अनुसार मतदाताओं से गणना पत्रक प्राप्त करने की तिथि 11 दिसम्बर से बढ़ाकर 18 दिसम्बर 2025 किया गया है। इसी प्रकार मतदाता सूची का प्रारंभिक (प्रारूप) प्रकाशन 16 दिसम्बर के स्थान पर 23 दिसम्बर तथा 14 फरवरी के स्थान पर समयावधि बढ़ाते हुए 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसी के साथ दावा आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही भी शुरू हो जाएगी। दावा आपत्तियां प्राप्त करने की तिथि 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित किया गया है। ईआरओ द्वारा नोटिस जारी करने एवं सुनवाई 23 दिसम्बर से 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।

 ———————–

08. केशकाल में ट्रेफिक व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन द्वारा रूट चार्ट जारी किया गया है। यह रूट चार्ट राष्ट्रीय राजमार्ग -30 के मरम्मत एवं उन्नयन कार्य के चलते प्रशासन ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। इसमें छोटे वाहन (कार-बाइक) और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। नीचे चित्र में देखा जा सकता है।

———————–

09. चारगांव में जनसमस्या निवारण शिविर में 256 आवेदन प्राप्त । मौके पर 63 आवेदनों का निराकरण ।पोरोण्डी नदी में बनेगा 09 करोड़ 11 लाख रूपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल।

—जिले के सुदूरवनाचल कोयलीबेड़ा विकाखसण्ड के खनिज प्रभावित ग्राम चारगांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शिविर में मौजूद थे। जिनके द्वारा ग्रामीणों की समस्या सुनी गई, साथ ही उनके निराकरण के लिए कार्यवाही की गई। जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों द्वारा 256 आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें 255 आवेदन विभिन्न प्रकार की मांग से संबंधित थे, 01 आवेदन शिकायत से संबंधित, जिनमें से 63 आवेदनों का निराकरण मौके पर किया गया, शेष 193 आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में करने के लिए विभागीय अधिकारियों को कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है।

ग्रामीणोंको संबोधित करते हुए कलेक्टर ने बताया कि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पोरोण्डी नदी में उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। शासन द्वारा इसके लिए 09 करोड़ 11 लाख 64 हजार रूपए की स्वीकृति दिया गया है। पुल निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। इस पुल के निर्माण हो जाने के बाद विकासखण्ड मुख्यालय कोयलीबेड़ा और अंतागढ़ का सीधा संपर्क हो जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उनके द्वारा ग्राम चारगांव के स्कूल में अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक शीघ्र पदस्थ करने की बात कही गई।

कलेक्टर श्रीक्षीरसागर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह क्षेत्र माओवाद प्रभावित रहा है, जो अब अंतिम चरण में है। क्षेत्र की जो भी मूलभूत समस्याएं हैं उनका नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई गांव सोलर आधारित ऊर्जीकृत किया गया है, तो उन्हें परंपरागत ऊर्जा ’ग्रीड’ पद्धति से जोड़ा जा रहा है। ऐसा कोई गांव जो अभी भी सोलर आधारित बिजली से रोशन हो रहा हो उसकी जानकारी जिला प्रशासन को दिया जावे, ताकि उसका निराकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि चारगांव में निर्माणाधीन 50 सीटर कन्या आश्रम भवन का निर्माण भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने डोंगरीपारा चारगांव स्थित शासकीय कन्या आश्रम का निरीक्षण भी किया और अध्ययनरत बच्चों से संवाद करते हुए, उन्हें समय पर भोजन मिलने व पुस्तक की उपलब्धता इत्यादि की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने जनसमस्या निवारण शिविर स्थल में विभिन्न विभागों के स्टॉलों निरीक्षण किया तथा उनके द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।

जनसमस्या निवारण शिविर को जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मण्डावी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का निराकरण के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस अंचल में यह पहला शिविर है, आप अपनी समस्या से अवगत कराएं ताकि उनका विधिवत निराकरण किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शिविर में हितग्राही मूलक, व्यक्ति मूलक के अलावा गांव की सामुहिक समस्या से भी अवगत करा सकते हैं, जिनके निराकरण का प्रयास जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। ंराशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, महतारी वंदन इत्यादि योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में भी उनके द्वारा जानकारी ली गई। शिविर को जिला पंचायत के सदस्य श्रीमती सुनिता मण्डल, जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के उपाअध्यक्ष श्रीमती मंजू सरदार, ग्राम पंचायत चारगांव के सरपंच श्रीमती राजबाई उसेण्डी एवं सरपंच सिकसोड़   लच्छुराम गावडे़, क्षेत्र के 18 ग्राम पंचायतों के अध्यक्ष श्रीमती हेमा हुपेंडी ने भी संबोधित किया। शविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए थे, जिनके द्वारा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों की दी गई। इस अवसर पर अंतागढ़ के अपर कलेक्टर   ए.एस. पैकरा, एसडीएम पखांजूर  टी.आर देवांगन, जनपद सीईओ कोयलीबेड़ा   उदय नाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, पंच-सरपंच, जनपद सदस्य व ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।

———————–

10.जिले में पड रही कडाके की ठंड। ग्रामीण मार्ग शाम होते ही सुने। गावों में जंगली भालु भी शाम होते ही आ रहे हैं गावों की ओर।

———————–

 

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *