आज की टॉप 10 खबर 11 दिसंबर 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  11  दिसंबर  2025 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

‘अन्याय की लपटों में झुलसता बस्तर’

बीते दिनों बस्तर प्रवेश द्वार चारामा से पूरे बस्तर में आदिवासी वर्ग की गतिविधियों को यदि आज के संदर्भ यदि शांत हो गए की बात कोई करता है,तो यह सबसे बडी भूल होगी। अभी तो सिर्फ एक चिंगारी निकली है। अभी सिर्फ आदिवासी वर्ग के नाम आपकी सोच होगी लेकिन अगले दिनों में सर्व समाज के साथ जब एक देखने मिलेगी तो देखने लायक होगा।

वैसे भी जनांदोलन का आगाज और नेतृत्व बस्तर प्रवेश द्वार चारामा से होता आया है। लेकिन अब यहां से ही संभाग की गतिविधियां देखने मिल सकती है। हाल में आदिवासी नेता जीवन ठाकुर की जेल अभिरक्षा में मौत के बाद संपूर्ण बस्तर बंद का आव्हान किया गया जो पूरी तरह सफल रहा। अब आगे का आंदोलन होगा जिसमें सर्व पिछडा वर्ग के सामाजिक नेता रहे स्व. नंदलाल साहू हत्याकांड का मुद्दा फिर से उठ सकता है।बीच-बीच में यह मुद्दा उठता रहा, परिजनों को अभी तक न्याय नहीं मिला।
अपितु इसकी भी न्यायिक जांच की मांग की जाती रही। लेकिन अन्याय की सजा उन्हें मिली जो स्व. नंदलाल साहू हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने,न्याय दिलाने की खातिर उनके गृह ग्राम सरोना से कांकेर तक रैली निकाली उनके लिए केस बनाया गया जहां 29 विभीन्न समाज के प्रतिनिधियों के साथ पत्रकारों को भी लगातार पेशी का चक्कर लगाना पडा। पूर्व सांसद स्व. सोहन पोटाई सहित इसमें से कुछ लोग तो अब इस दुनियां में भी नहीं रहे।
सर्व पिछडा वर्ग यह मामला कतई भूला नहीं है। आने वाले जनांदोलन यदि सर्व समाज को लेकर होता है तो ये तमाम मुद्दे तो उठेंगे यहां का गौण खनिज का मामला भी चारामा से उठता रहा है,फिर अवैध तरीके से हाराडुला घाट पर रेत उत्खनन के चलते महानदी के हाराडुला पुल के टूटने के बाद अब अरौद घाट के जलमग्न पुल पर भी क्षमता से अधिक वजनी हाईवा ट्रकों के लगातार परिचालन के चलते कमजोर होने का अंदेशा को देखते हुए आंदोलन की रूपरेखा में शामिल होगा।
वैसे महानदी के अरौद पुल को लेकर स्थानीय स्तर पर अभी से क्षेत्र के लोग लामबंद हो रहे है, जल्द ही अरौद पुल को बचाने को लेकर मीटिंग होने वाली है। इस मीटिंग में वे लोग नहीं रहेंगे जो रेत का काला कारोबार करते हुए रात दिन महानदी का सीना छलनी कर रहे हैं। जिसको आम जनता अच्छी तरह जानती समझती है। अब देखते रहिये आगे होता है क्या?धर्मांतरण का मुद्दा भी हावी है, आगामी दिसंबर से सर्व पिछडा वर्ग समाज भी प्रत्येक घरों से एक-एक सदस्य को इस मुद्दे पर एक होकर आगे आने का आव्हान कर रही है।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01.आवेदन के अंतिम दिवस सीएमएचओ कार्यालय में बेरोजगारों की भीड।

 

—कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कांकेर में कई पदों पर भर्ती विज्ञापन का आज अंतिम तारीख था,जहां जिले के बेरोजगार काफी संख्या में पहूंचे थे। इसके चलते सेन चौक में काफी भीड रहा। बीचोंबीच मोटरसायकल की कतार के चलते यहां काफी भीड बढ गई। आवाजाही करने वालों को असुविधा का भी सामना करना पडा। वैसे भी सीएमएचओ कार्यालय के आसपास जगह नहीं होने से पार्किंग के लिए दिक्कतें हमेशा होती रहती है।

बेरोजगारों में काफी संख्या में महिला वर्ग से उम्मीदवारों को लाईन में लगे देखा गया। चित्र में देख सकते हैं कि कार्यालय की खिडकी में कैसे लाईन में लग कर अपना फार्म जमा कर रही है।

———————— 

02. मानव अधिकार दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एंव सत्र न्यायाधीश द्वारा किया गया जिला जेल कांकेर का निरीक्षण।

  — मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार 10 दिसम्बर को जिला जेल कांकेर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण   संजीव कुमार टामक के द्वारा जिला जेल कांकेर का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान बंदियों को उनके अधिकार के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया और बंदियों की मानसिक, शारीरिक स्थिति को ध्यान मे रखते हुए व्यायाम करवाने की बात कही गई। साथ ही जिला जेल का निरीक्षण कर टेक्नॉलोजी की उपयोगिता बढ़ाने की सलाह दी गई जिससे बंदियों की समस्याओं का समाधान जल्द हो सके। इस अवसर पर कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर  भास्कर मिश्र, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शान्ति प्रभु जैन सहित न्यायिक अधिकारी, जिला जेल स्टाफ आदि उपस्थित थे।

  ———————

03.  कुटीर उद्योग की स्थापना हेतु बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने आवेदन आमंत्रित।

— छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योग की स्थापना के लिए बैंको के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है। कुटीर उद्योग स्थापना के लिए शासन द्वारा 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। ग्रामोद्योग जिला पंचायत के सहायक संचालक ने बताया कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को सायकल रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, इलेक्टॉ्रनिक रिपेयरिंग ब्यूटी पार्लर, फोटो कॉपी, विडियोग्राफी, मंडप डेकोरेशन, कम्प्यूटर सेंटर होटल इत्यादि के लिये 01 लाख रूपये एवं विनिर्माण क्षेत्र जैसे फेब्रिकेशन, दूध निर्माण, दोना पत्तल निर्माण, मोमबत्ती निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, पशु चारा निर्माण, सिलाई कार्य, मसाला निर्माण, दलिया निर्माण, इत्यादि के लिए 03 लाख रूपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से प्रदान किया जाता है। इसमें 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। इस योजना में हितग्राही को परियोजना लागत का 05 प्रतिशत अनुदान स्वयं को लगाना होता है। आवेदक की आयु सीमा 18 वर्ष से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र की अकंसूची, ग्राम पंचायत द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंक पासबुक, पैन कार्ड इत्यादि की छायाप्रति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। आवेदन पत्र सहायक संचालक छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत कार्यालय कांकेर में जमा किया जा सकता है।

  ———————

04.नेशनल लोक अदालत का आयोजन 13 दिसम्बर को।

— जिला न्यायालय कांकेर एवं सभी तहसील स्तरीय न्यायालयों में 13 दिसम्बर शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बैंक संबंधी प्रकरण, बिजली बिल एवं टेलीफोन बिल विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण,.पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस प्रकरण (धारा 138 एन.आई. एक्ट),सिविल एवं अन्य समझौतापूर्ण प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जिले के नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क निराकरण कराने हेतु नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ। जिले के नागरिकों से उन्होंने आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि को न्यायालय में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का शीघ्र समाधान प्राप्त करें।

———————–

05. गाईडलाईन दरों पर संशोधन हेतु 31 दिसम्बर से पूर्व सुझाव आमंत्रित।

— जिला पंजीयक कांकेर ने बताया कि छत्तीसगढ़ गाईडलाईन दरों का निर्धारण नियम 2000 के उपबंधों में किए गए संशोधन तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। ये भूमि एवं मकान की रजिस्ट्री पर तत्काल प्रभाव से लागू है। मौजूदा 20 नवम्बर 2025 से प्रभावी गाईडलाईन की दरें फिलहाल यथावत रहेंगी। समिति अपने संशोधित प्रस्ताव 31 दिसंबर 2025 तक केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने के बाद इन्हीं प्रस्तावों के आधार पर नई गाईडलाईन दरें तय होंगी। संशोधित नई दरें तभी लागू होंगी जब केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड उन्हें मंजूरी देगा।
जिला पंजीयक ने नागरिकों से अपील की है कि जो व्यक्ति नई दरों को लेकर आपत्ति, सुझाव या दावा देना चाहता है, वे 31 दिसम्बर 2025 से पहले जिला पंजीयक कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी आपत्ति दर्ज कराई जाए, उसमें दो बातें अनिवार्य होनी चाहिए। पहला वर्तमान दर पर आपत्ति का स्पष्ट और उचित कारण और दूसरा जिस दर का प्रस्ताव दिया जा रहा हैं, उसका तार्किक और युक्तिसंगत आधार होना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि संपत्ति मूल्याकन को सरल करते हुए कई राहतें दी हैं। अब नगरपालिका में 37.5 और नगर पंचायत में 25 डिसमिल तक स्लैब दर से मूल्यांकन होगा। बहुमंजिला भवनों में फ्लैट, दुकानों और कार्यालय का मूल्यांकन सुपर बिल्ट-अप के बजाय बिल्ट-अप एरिया से होगा। बेसमेंट व प्रथम तल पर 10 प्रतिशत और दूसरे तल व ऊपर पर 20 प्रतिशत छूट मिलेगी। मुख्य मार्ग से 20 मीटर दूर कमर्शियल संपत्तियों की दर 25 प्रतिशत घटेगी। नजूल, आबादी और परिवर्तित भूमि पर अब हेक्टेयर दर लागू होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवर्तित भूमि पर सिंचित भूमि का ढाई गुना मूल्य जोड़ने, दो फसली भूमि 25 प्रतिशत अतिरिक्त मूल्य, ट्यूबवेल, कुएं, वाणिज्यिक फसलें और वृक्षों का मूल्य जोड़ने की व्यवस्था समाप्त हो गई है। शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में 27 से 37.5 डिसमिल कृषि भूमि का मूल्यांकन वर्गमीटर की जगह हेक्टेयर दर से होगा। तालाब, मछली टैंक वाली भूमि पर 1.5 गुना दर तथा बाऊंड्री वॉल व प्लिंथ लेवल जोड़ने का प्रावधान भी हटा दिया गया है। नगरीय क्षेत्रों में 21 की जगह 2 दरें लागू होंगी।

———————

06 . लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु सिदेसर में विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन।

— कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास अधिकारी द्वारा महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) एवं ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजनांतर्गत लिंग आधारित हिंसा समाप्ति पर 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिदेसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लिंग आधारित हिंसा कारण एवं दुष्प्रभाव तथा इसे समाप्त करने में हमारी भूमिका बारे में जानकारी दी गई। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजनांतर्गत ‘हर बेटी है खास’ विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उक्त प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उपलब्ध विशेष अधिकारों पर चर्चा की गई तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे- महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेन्टर, सखी निवास, शक्ति सदन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, घरेलू हिंसा, सी बॉक्स पोर्टल, पोक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम में महिला सशक्तिरण केन्द्र से जेण्डर विशेषज्ञ, वित्तीय साक्षरता समन्वय विशेषज्ञ, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

———————–

07.नगर पालिका ने लिया त्वरित संज्ञान।

— नगर पालिका परिषद कांकेर के संबंध में विभिन्न विषयों पर दैनिक समाचार पत्र में ध्यान आकृष्ट कराया गया था, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री पवन कुमार मेरिया के मार्गदर्शन में जन समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही की दिशा में विधायक श्री आशाराम नेताम एवं अध्यक्ष नगरपालिका श्री अरूण कौशिक के मार्गदर्शन में शहर के नया बाजार को व्यवस्थित करते हुए बाजार स्थल के पीछे खाली भूमि की साफ-सफाई कराया जाकर मार्ग पर पसरा लगाने वालों को बाजार स्थल में शिफ्ट करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर बाजार को व्यस्थित रूप से स्थापित किया गया।

उन्होंने बताया कि जिले के नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी संघ से संवाद स्थापित कर ई. एस.आई.सी के संबंध में उत्पन्न शंका का त्वरित समाधान करते हुए प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा प्रतिमाह जमा किये जा ई.एस.आई.सी चालान का अवलोकन कराते हुए समस्या का समाधान किया गया। कांकेर शहर के अघन नगर वार्ड में पुराने जर्जर शासकीय मकानों के मलबे में दबे हैण्डपंप के वाटर लेवल का परीक्षण कराकर वाटर लेवल नीचे होने के चलते उक्त हैण्डपंप के बोर को सुरक्षा की दृष्टि से कैप लगाकर बंद कराया गया, साथ ही उक्त वार्ड में निरंतर जल आपूर्ति हेतु जल आवर्धन योजनांतर्गत संचालित पाईप लाईन का मरम्मत कर निरंतर पेयजल आपूति की जा रही है। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था के दौरान टूट गये वाल्व चेंबर के स्थान पर नवीन ढक्कन लगाकर उक्त चेंबर को बंद कराया गया। उन्होंने बताया कि नगरपालिका परिषद द्वारा त्वरित कार्यवाही कर निकाय क्षेत्रान्तर्गत समस्त समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

 ———————–

08.राजाराव पठार में आयोजित वीर मेला में अंतिम दिवस शामिल हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ।

—-आयोजन में मुख्यमंत्री ने मेला स्थल के पास तालाब निर्माण हेतु 15 लाख, मेला आयोजन हेतु प्रदान की जाने वाली राशि को बढ़ा कर 20 लाख रुपए करने तथा देव स्थल में कीचन शेड निर्माण करने तथा 71 लाख 93 हजार के 5 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 3 दिवसीय विराट वीर मेला के अंतिम दिवस पर आज आयोजित शहीद वीर नारायणसिंह श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर अमर शहीर वीरनारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भगवान बूढ़ादेव, राजाराव बाबा और शहीद वीरनारायण सिंह को पूजा अर्चना कर उन्हें नमन किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसाय मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, पूर्व विधायक ब्रम्हानंद नेताम, प्रीतम साहू, वरिष्ट जनप्रतिनिधि यशवंत जैन, चेमन देशमुख, राकेश यादव, वीर मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष उमेंदीराम गंगराले सहित अकबर राम कोर्राम, तुकाराम कोर्राम एवं अन्य समाज प्रमुखों के अलावा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, तथा बडी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित थे।

———————–

09.घर-घर स्वदेशी अपनाने हेतु भाजपा द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया गया ।

—आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी अपनाने हेतु प्रेरित करने घर-घर संपर्क अभियान भारतीय जनता पार्टी शहर मण्डल कांकेर द्वारा आज भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन के नेतृत्व व कांकेर विधायक आशाराम नेताम, आत्मनिर्भर भारत अभियान के प्रदेश सह संयोजक टेकेश्वर जैन की उपस्थिति में शहर के पुराने बस स्टेण्ड से मेन रोड तक चलाया गया।

भाजपा कांकेर शहर मण्डल के तत्वाधान में आत्मनिर्भर भारत-स्वदेशी अपनाओ अभियान के अंतर्गत आज शहर के पुराने बस स्टेण्ड से लेकर मेन रोड स्थित दुकानदारों से जनसंपर्क कर स्वदेशी अपनाने एवं अपने दुकानों में भी स्वदेशी सामानों की बिक्री बढ़ाने की अपील की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन व विधायक आशाराम नेताम, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, पूर्व सांसद मोहन मण्डावी, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन , पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, ने दुकान-दुकान संपर्क कर दुकानदारो से मिलकर स्वदेशी अपनाने हेतु प्रेरित किया और स्वदेशी संकल्प पत्र भी भरवाया गया जिसके अनुसार अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करने और आयातित वस्तुओं की जगह देशी विकल्प अपनाने, घर, काम और समाज में भारतीय उत्पादांे को प्राथमिकता देने और गांव, किसान तथा कारीगरों का समर्थन कर स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देने, युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित कर, नई पीढ़ी तक इसका महत्व पहूंचाने, पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाआंे का प्रयोग करने, पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी और प्रकृति-अनुकुल उत्पादों का प्रयोग करने और देश पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने का संकल्प दिलाया गया।

इस जनसंपर्क कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अरविंद जैन, जिला मंत्री अनिता सोनी, उत्तम जैन, संजय सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष बृजमोहन तिवारी, जिला प्रवक्ता राजीव लोचन सिंह, आत्मनिर्भर भारत के जिला सह संयोजक दीपक खटवानी, जिला मीडिया प्रभारी निपेन्द्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, विरेन्द्र श्रीवास्तव, भूपेन्द्र नाग, गिरधर यादव, जयंत अठभैया, विरेन्द्र साहू, हितेन्द्र खटवानी, विजय लक्षमी कौशिक, शकुंतला जैन, टिकेन्द्र ठाकुर, उगेश्वरी उइके, मीरा सलाम, चित्ररेखा जैन, विकास अंभोरे, ईश्वर कावड़े, मनोज ध्रुव, डॉ ईश्वर सिन्हा, राकेश शर्मा, अनूप शर्मा, सपन श्रीवास्तव, अंशु शुक्ला, घनेन्द्र ठाकुर, प्रवेश चौहान, धर्मेन्द्र ठाकुर, रूपेश्वर सिंह ठाकुर, देवेन्द्र भाउ, शैलेन्द्र शोरी, योगेश साहू,, सुरेश ठाकुर, राकेश नायक आदि उपस्थित रहे ।

———————–

10.एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर हस्ताक्षर अभियान

गत 09 दिसंबर को शासकीय इंद्रु केवट कन्या महाविद्यालय में एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर सभी विद्यार्थियों से मिलकर इस विषय पर बातचीत कर उन्हें अपना समर्थन अपने हस्ताक्षर के माध्यम से देने हेतु आग्रह किया गया ।
आज देश में प्रत्येक वर्ष कहीं ना कहीं किसी न किसी राज्य में चुनाव की प्रक्रिया चल ही रही होती है हम जानते हैं की छत्तीसगढ़ में रहते हुए भी हमें विधानसभा उसके बाद लोकसभा की नगरी निकाय पश्चात पंचायत चुनाव को देखना पड़ता है । इस दौरान लगने वाले आचार संहिता से सारे काम रुक जाते हैं, जिसका नुकसान आमजन को ही चुकाना पड़ता है, और अलग-अलग समय पर होने वाले चुनाव से देश की आर्थिक बर्बादी का आकलन भी किसी से छुपा नहीं है।

सन् 1967 तक एक साथ चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी, किंतु बाद में अलग-अलग राज्यों के विधानसभा भंग होने और अन्य परिस्थितियों के चलते इसमें अंतर आ गया चुनाव की प्रक्रिया में लगने वाला सुरक्षा और अन्य कार्यवाही में होने वाला खर्च यदि एक साथ चुनाव होगा तो निश्चित ही इसका लाभ देश की जनता को मिलेगा वह पैसा जनकल्याणकारी योजनाओं में लग सकेगा। इन सभी बातों को लेकर शासकीय इन्द्रू केवट कन्या महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें मुख्य रूप से इस ष्स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शनष् कार्यक्रम के जिला संयोजक रोशन साहू और अमन जैन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान वन नेशन वन इलेक्शन के जिला संयोजक रोशन साहू, सह संयोजक अमन जैन, भूपेंद्र नाग, अजितेश दत्ता रॉय,योगेश जैन,अंकित टावरी,नितेश सलाम उपस्थित रहे

———————–

 

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *