कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
09 दिसंबर 2025 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
”हाराडुला घाट में नये पुल की स्वीकृति”

✍️मनोज जायसवाल
————————
01. सारवण्डी से पृथक होकर ग्राम ‘साल्हेटोला’ बना नया राजस्व ग्राम।
—छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व विभाग की अधिसूचना के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 90 सहपठित धारा 68 एवं 73 के अंतर्गत राजस्व ग्राम गठन से संबंधित शक्तियाँ जिला बंदोबस्त अधिकारी को प्रदान की गई हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सारवण्डी (प.ह.नं. 08), राजस्व निरीक्षक मंडल दुधावा, तहसील सरोना के ग्राम सारवण्डी से आश्रितपारा साल्हेटोला को पृथक कर नया राजस्व ग्राम घोषित किया गया है।
पूर्व में इस संबंध में प्रारंभिक प्रकाशन की अधिसूचना जारी की गई थी, जिस पर निर्धारित अवधि में किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। इसके पश्चात् भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 68, 69, 70, 72 एवं 73 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अंतिम अधिसूचना जारी कर ग्राम साल्हेटोला को स्वतंत्र राजस्व ग्राम का दर्जा प्रदान किया गया है। यह निर्णय क्षेत्रीय प्रशासनिक सुविधा, बेहतर राजस्व प्रबंधन एवं स्थानीय ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नई अधिसूचना के लागू होने से ग्राम साल्हेटोला अब स्वतंत्र राजस्व ग्राम के रूप में स्थापित हो गया है।
——————–
02. दिव्यांगजन हेतु कृत्रिम अंग निर्माण के लिए चिन्हांकन एवं मापन शिविर 10 दिसंबर को।
—दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग (नकली हाथ-पैर) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, कोदाभाट में ब्लॉक स्तरीय चिन्हांकन-मापन शिविर का आयोजन किया जाएगा। उक्त शिविर में दिव्यांगजन का परीक्षण, चिन्हांकन, मापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं संपादित की जाएंगी।कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा शिविर के सफल संचालन हेतु आदेश जारी कर विभागवार दायित्व सौंपा गया है। जारी आदेश के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिव्यांगजन का चिन्हांकन, प्रमाणीकरण तथा स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान को दिव्यांग छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नगर में माइक के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं दिव्यांगजन की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और समाज कल्याण विभाग को टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कृत्रिम अंग मापन कार्य, परिवहन, भोजन, टेंट, कुर्सी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है।
———————
03. आगामी 10 दिसंबर को कोदाभाट में दिव्यांगजन हेतु कृत्रिम अंग चिन्हांकन, मापन शिविर का आयोजन।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग (नकली हाथ-पैर) उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन 10 दिसंबर को शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, कोदाभाट कांकेर में प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में दिव्यांगजन के कृत्रिम अंग (हाथ-पैर) हेतु चयन, प्रमाणीकरण एवं मापन की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। मापन कार्य पूर्ण होने के बाद रायपुर में चयनित दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराते हुए दैनिक कार्यों हेतु आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड (यदि उपलब्ध हो) एवं पासपोर्ट आकार के 04 फोटो लेकर निर्धारित स्थल पर उपस्थित होने कहा गया है। उक्त शिविर के संबंध में आवश्यक जानकारी के लिए समाज कल्याण विभाग, कांकेर के मोबाइल नंबर 9425261872 पर संपर्क किया जा सकता है।
———————
04.‘आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर’ का आयोजन 19 से 23 दिसम्बर तक रायपुर में।
—छत्तीसगढ़ शासन एवं महावीर इंटरकांटिनेन्टल सर्विस आर्गनाइजेशन रायपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर के आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग कौशल उन्नयन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 दिसम्बर से प्रारंभ होकर 23 दिसम्बर 2025 तक जैनम मानस भवन एयरपोर्ट के सामने रायपुर स्थित भवन में संपन्न होगा, जिसमें अनुमानित 1200 से अधिक श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस अवसर पर उनके बौद्धिक, शारीरिक, आध्यात्मिक विकास के भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।उक्त प्रशिक्षण में जिले के श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित 12 वर्ष से 24 वर्ष के दिव्यांगजनों जिसमें बालक एवं बालिका दोनों शामिल हैं, जो उक्त कौशल उन्नयन प्रशिक्षण में शामिल होना चाहते हैं, उनकी सूची अतिशीघ्र उप संचालक समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगरपालिका अधिकारियों से कहा गया है, ताकि उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा शिविर स्थल तक पहुंचने के पश्चात् समस्त आवासीय, भोजन इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी।
———————–
05. नवीन गाइडलाइन में विसंगतियां दूर, वार्डों में समान दर का निर्धारण। जिला पंजीयक ने दी जानकारी।
—नवीन गाईडलाईन वर्ष 2025-26 के संदर्भ में कतिपय लोगों के द्वारा दरों में वृद्धि से संबंधित भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है, जिससे आम नागरिकों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में जिला पंजीयक कांकेर द्वारा नवीन गाइडलाइन के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी दी गई है। जिला पंजीयक से प्राप्त जानकारी अनुसार कांकेर जिले में पूर्व लागू गाइड लाइन वर्ष 2019-20 से अब तक परिवर्तन नहीं किया गया था। इस लंबे अंतराल में जिले की नगरीय एवं ग्रामीण संरचना में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व गाईडलाईन में कई प्रकार की विसंगतियों विद्यमान थीं। एक ही वार्ड, ग्राम में अनेक दरें लागू थीं। उदाहरण के तौर पर पूर्व में समान क्षेत्र वाले वार्ड की दर में असमानता और भ्रम की स्थिति निर्मित होती थीं, जिसका वर्तमान में बाजार बाहुल्य एवं राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित सभी वार्डों में एक समान दर का निर्धारण किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में नगर पालिका कांकेर की गाइडलाइन में कंडिकाओं की संख्या अधिक होने के कारण नागरिकों और पंजीयन कार्य से जुड़े व्यक्तियों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। कई दरों के विकल्प उपलब्ध होने के कारण कम दर वाली कंडिका का चयन कर अपवंचन की संभावना भी बनी रहती थी, जो शासन की पारदर्शिता एवं राजस्व हित के अनुरूप नहीं था। इस संबंध में बताया गया कि नवीन गाइडलाइन 2025-26 में इन सभी विसंगतियों को दूर करने का प्रयास किया गया है, जिसे तार्किक, न्यायसंगत और सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। समान रूप से विकसित क्षेत्रों के लिए रोड के दोनों ओर एक समान दर निर्धारित की गई है। वहीं दरों के निर्धारण में वास्तविक विकास, स्थानीय आवश्यकताओं जैसे कारकों को प्राथमिकता दी गई है। उल्लेखनीय है कि नवीन गाइडलाइन 2025-26 का उद्देश्य नागरिकों को अनेक प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होंगे। पुरानी गाइडलाइन दरों और वास्तविक बाजार मूल्य के बीच में अंतर कम होने से आम नागरिकों को अधिक ऋण की सुविधा प्राप्त होगी। भूमि अर्जन में किसानों को भी अधिक मुआवजा प्राप्त हो सकेगा। नई गाइड लाइन में बाजार मूल्य की गणना सरल और स्पष्ट होने से पंजीयन से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित करना है, जिससे जिले के पंजीयन कराने वाले नागरिकों, किसानों, निवेशकों तथा व्यावसायिक सभी समुदाय के लोगों को बेहतर सुविधा प्राप्त हो सके।
–———————
06 . कलेक्टर ने दिव्यांगजनों को मौके पर प्रदान किया सहायक उपकरण ।
— कलेक्टर जनदर्शन के दौरान आज चार दिव्यांगजन द्वारा सहायक उपकरण एवं पेंशन हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए थे, जिन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें जनपद नरहरपुर के ग्राम मानिकपुर निवासी श्रीमती थानोबाई को व्हीलचेयर, चारामा अंतर्गत ग्राम लिलेझर निवासी ग्वालाराम को बैसाखी तथा जनपद पंचायत नरहरपुर के निवासी श्रीमती संतोषी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। सभी दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याओं का त्वरित निराकरण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओं हरेश मण्डावी सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
———————–
07.जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन 12 दिसम्बर से।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के आम ग्रामीणजनों की आवश्यकताओं, शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आगामी 12 दिसम्बर से 25 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उक्त शिविरों में सभी जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने शिविरों के सुचारू रूप से आयोजन के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्टेला खलखो को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत चारगांव में 12 शुक्रवार दिसम्बर को शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत चारगांव, छोटेबोदेली, पोरोण्डी, सिकसोड़, सुलंगी, तुरसानी और बदरंगी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार अंतागढ़ विकासखण्ड में शुक्रवार 19 दिसम्बर को हाईस्कूल प्रांगण भैंसगांव में ग्राम बैहासाल्हेभाट, फुलपाड़, कोलर, कोसरोण्डा, मंगतासाल्हेभाट, तालाबेड़ा, ताड़ोकी और बोंदानार तथा दुर्गूकोंदल विकासखण्ड में 26 दिसम्बर शुक्रवार को स्कूल ग्राउंड चेमल में चिहरो, गुलालबोड़ी, आमागढ़, हानपतरी, बोदेली, गुदूम, तुमड़ीसुर, भेजर, हिंगनपुरी और मेरेगांव ग्राम पंचायत के ग्रामीण शिविर में शामिल होंगे। इसके अलावा भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में बुधवार 07 जनवरी को हायर सेकेण्डरी स्कूल कच्चे में ग्राम पंचायत साल्हे, भैंसाकन्हार, ईरागांव, टेढ़ईकोंदल, भैंसमुण्डी, चौगेल तथा मुल्ला, विकासखण्ड कोयलीबेड़ा में बुधवार 04 फरवरी को हाई स्कूल प्रांगण कौड़ोसाल्हेभाट में ग्राम पंचायत जिरामतराई, दड़वीसाल्हेभाट, उदनपुर, कामतेड़ा, कोयलीबेड़ा, केसेकोड़ी और कड़मे के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार 13 फरवरी शुक्रवार को दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के स्कूल ग्राउण्ड मेड़ो में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत चाहचाड़, हाहालद्दी, सिहारी, खुटगांव, दोड़दे, साधुमिचगांव, पड़गाल, भुसकी, पलाचूर, दुर्गूकांदल एवं भुरकागुदूम में, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में 18 फरवरी को शीतला मंदिर मैदान चिचगांव में ग्राम पंचायत भानबेड़ा, डोंगरकट्टा, बयानार, उंचपानी, कुल्हाड़कट्टा, रानवाही, मुंगवाल, बुदेली, दाबकट्टा, जलीनकसा, चिचगांव और रानीडोंगरी, 26 फरवरी को अंतागढ़ विकासखण्ड के माध्यमिक शाला खेल मैदान सरेवाही में ग्राम पंचायत भैंसासुर, टेमरूपानी, मण्डागांव, हिन्दुबिनापाल, कानागांव, बुलावण्ड, मासबरस, जेठेगांव, अमोड़़ी, कोदागांव तथा 13 मार्च को कांकेर विकासखण्ड के कलमुच्चे चौक में ग्राम पंचायत कलमुच्चे, पीढ़ापाल, मुरागांव, तुलतुली, मांदरी, कुरिष्टीकुर, कोकपुर, मालगांव,कोड़ेजुंगा और बारदेवरी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी तरह 18 मार्च 2026 को चारामा विकासखण्ड के पंडरीपानी हाईस्कूल मैदान में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत हाराडुला, हल्बा, भिलाई, पंडरीपानी, भिरौद, करिहा, जेपरा, गितपहर, भानपुरी, रानीडोंगरी, कुर्रूभाट, टांहकापार, किलेपार, कोटेला एवं तुएगहन तथा 25 मार्च 2026 को नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मुसुरपुट्टा मंगल भवन में ग्राम बासनवाही, साईंमुण्डा, मावलीपारा, मांडाभर्री, बांगाबारी, दुधावा, सारवण्डी, मालगांव, दलदली, घोटियावाही, देवडोंगर, शामतरा, धनोरा और भिरौद के ग्रामीण शामिल रहेंगे। उक्त शिविर में कलेक्टर ने अनुभाग स्तर, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देने तथा यथासम्भव शिविर स्थल पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
———————–
08.बाल संरक्षण इकाई तथा चाइल्ड हेल्प लाइन के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित। विभाग द्वारा 30 दिसम्बर तक आवेदन मंगाए गए।।
— महिला एवं बाल विकास के तहत् स्वीकृत जिला बाल संरक्षण इकाई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन में संविदा आधार पर विभिन्न 06 रिक्त पदां की पूर्ति के लिए आगामी 30 दिसम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय बाल संरक्षण समिति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन में संविदा आधार पर विभिन्न रिक्त पदों पर पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से स्पीड पोस्ट, कुरियर या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके तहत् संरक्षण अधिकारी संस्थागत का 01 पद, लेखापाल का 01, आउटरीच वर्कर के 02 (अजजा), इस प्रकार कुल 04 पदों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) अंतर्गत चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर के 01 (अजजा) कुल 02 पद इस प्रकार कुल 06 पदों पर नियुक्तियां की जानी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पदवार पात्रता, अनिवार्य अनुभव आदि की जानकारी जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग कक्ष क्रमांक 09 कलेक्टोरेट परिसर कांकेर के सूचना पटल पर प्राप्त की जा सकती है। साथ ही कांकेर जिले की शासकीय वेबसाइट www.kanker.nic.in पर अवलोकन किया जा सकता है। जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग में आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 30 दिसम्बर निर्धारित की गई है। इसके उपरांत प्राप्त आवेदन पत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
———————–
09.लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में प्रशिक्षण हेतु काउंसिंलिग 11 दिसम्बर को।
—लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में विभिन्न कोर्स के लिए आवासीय प्रशिक्षण हेतु कांकेर जिले के सभी ब्लॉक के युवाओं की काउंसिलिंग का आयोजन आगामी 11 दिसंबर को किया जाएगा। संस्था के प्राचार्य ने बताया कि उक्त काउंसिंलिग सुबह 10 बजे से लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में आयोजित होगी। इसमें बेरोजगार युवाओं के कौशल उन्न्यन के लिए नर्सिंग, सिक्योरिटी गार्ड, अस्सिटेंट इलेक्ट्रिशियन, मोबाइल रिपेयर कोर्स में प्रशिक्षण के लिए काउंसिलिंग की जाएगी। इच्छुक युवाओं को आवश्यक दस्तावेज के साथ उपस्थित होने कहा गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए 92445-68431 नंबर पर संपर्क कर सकते है।
———————–
10. सांसद खेल प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे CEO सुरेंद्र बंजारे।
—दुर्गूकोंदल में चल रही सांसद खेल प्रतियोगिता में मंगलवार को सीईओ सुरेंद्र बंजारे पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के खेल प्रदर्शन को उत्साहपूर्वक देखा और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत संवाद कर कहा कि खेल जीवन को अनुशासित बनाता है और मेहनत व लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। सीईओ बंजारे ने बच्चों से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
———————–
विशेष-
-आज नरहरपुर उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित ग्रामीण एवं विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव तथा महिला व युवा उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने किया। इस अवसर पर भाजपा के तमाम पदाधिकारी,कार्यकर्ता,आमजन शामिल हुए।

———————–
—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय दीपक बैज जी आज ग्राम मयाना पहुँचकर स्व. जीवन ठाकुर जी के शोकाकुल परिवार से मुलाकात किए और उनका दुःख साझा किए। इन क्षणों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष‚जनप्रतिनिधीगण एवं कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं के साथ भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मनोज मंडावी उपस्थित रहे।

———————–
हत्या के प्रयास के आरोपी को थाना दुर्गूकोंदल पुलिस ने किया गिरफ्तार
— पुलिस जानकारी अनुसार प्रार्थी बजनाथ यादव पिता स्व0 दशरथ यादव उम्र 70 वर्ष जाति राउत निवासी गुमड़िड़ीह लाड़ीपारा दिनांक 07/12/2025 को पत्नि बुलको बाई और बेटा नंदलाल, बहू कुमारी के साथ खेत में काम करने गया था कि खेत में बोर का मशीन (मोटर पम्प ) खराब हो गया था, बजनाथ द्वारा खराब बोर मशीन को नंदलाल को बनवाने कहने पर नंदलाल गुस्से में आकर बजनाथ को तुम मां के साथ बाजार में घुमते रहते हो कुछ काम नहीं करते हो हर छोटी मोटी काम के लिए मुझे ही बोलते रहते हो मैं तुमसे तंग आ गया हूं कहकर मां बहन की अश्लील गाली गलौच करते हुये, आज तुमको जान से मार दूंगा कहते हुए हत्या करने की नीयत से अपने हाथ में रखे टंगिया से प्रार्थी बजनाथ के सिर व सीने मारा, घटना को देख कर फुलसिंग और बुलको बाई ने बीच बचाव किया, प्रार्थी बजनाथ यादव की रिपोर्ट पर आरोपी नंदलाल के विरूद्ध थाना दुर्गूकोंदल में अप0 क्र0 46/2025 धारा 296, 109 बीएनएसका अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना किया जा रहा है। प्रकरण के आरोपी नंदलाल यादव ग्राम गुमड़िड़ीह के मिलने पर घटना के बारे में पूछने पर अपराध घटित करना कबुल किया, आरोपी नंदलाल से प्रयुक्त 01 टंगिया जप्त किया गया और आरोपी को आज दिनांक 09/12/2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड़ पर भेजा गया है।

———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






