कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
08 दिसंबर 2025 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
हाराडुला घाट में नये पुल की स्वीकृति जनता के लिए हर्ष का विषय

✍️मनोज जायसवाल
————————
01. महापरीक्षा अभियान अंतर्गत कांकेर जिला में 9765 नवसाक्षरों ने दी परीक्षा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में 90 प्रतिशत असाक्षर हुए शामिल
—कलेक्टर एवं अध्यक्ष निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत रविवार 07 दिसंबर को महापरीक्षा अभियान जिला में आयोजित किया गया, जिसके लिए 426 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे जहां महिला नवसाक्षर 6216 और पुरुष नवसाक्षर 3549 कुल 9765 नवसाक्षर ने परीक्षा दी। इसके अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए 2027 तक शत-प्रतिशत साक्षर किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के सातों विकासखंडों की प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।इस बर परीक्षा में अलग नजारा देखने को मिला जहां एक ही परिवार के कई सदस्यों ने एक साथ परीक्षा दी। उम्रदराज महिला एवं पुरुष शिक्षार्थियों ने भी साक्षर होने के लिए बढ़-चढ़कर परीक्षा दी। इसी क्रम में विधानसभा कांकेर के विधायक आशाराम नेताम द्वारा अन्नपूर्णापारा के प्राथमिक शाला परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। साथ ही प्राथमिक शाला बागोडार के परीक्षा केंद्र का जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने भी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। बताया गया कि जिले के 4 विकासखंडों में क्रमशः परीक्षा केंद्र शासकीय माध्यमिक शाला बेवरती, माध्यमिक शाला पटौद, प्राथमिक शाला करप, प्राथमिक शाला सरईटोला, माध्यमिक शाला करप, माध्यमिक शाला सरंगपाल, माध्यमिक शाला माटवाड़ा मोदी, प्राथमिक शाला तेलगरा, प्राथमिक शाला हिंगनझर का निरीक्षण परीक्षा के दौरान विभाग के अधिकारियों के द्वारा किया गया। इसके अलावा विकासखंड भानुप्रतापपुर में नक्सली पुनर्वास केंद्र मुल्ला में भी विशेष तौर पर 34 असाक्षरों के द्वारा साक्षर बनने के लिए परीक्षा दी गई। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थी परीक्षा दिलाते हुए पाए गए। इसी प्रकार जिले में लक्ष्य के अनुसार 9765 नवसाक्षरों ने परीक्षा में सम्मिलित हुए, जहां नवसाक्षरों की उपस्थिति 90 प्रतिशत रही।

——————–
02. कलेक्टर ने सुशीला मंडावी को प्रदान की सिलाई मशीन।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा आज अलबेलापारा निवासी श्रीमती सुशीला मंडावी को सिलाई मशीन प्रदान की गई। समाज कल्याण की उप संचालक श्रीमती क्षमा शर्मा ने बताया कि हितग्राही द्वारा जनदर्शन में मांग की गई थी, जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कलेक्टर द्वारा संबंधित महिला को सिलाई मशीन प्रदाय की गई। इस पर हितग्राही श्रीमती मंडावी ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

———————
03. ‘गुरू घासीदास जयंती’ के अवसर पर 18 दिसम्बर को शुष्क दिवस घोषित।
— कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा गुरू घासीदास जयंती के अवसर पर आगामी 18 दिसम्बर 2025 को शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इस दिन जिले की समस्त देशी, विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, एफ.एल.4 (क) व्यवसायिक क्लब एवं एफ.एल.7, सैनिक कैन्टीन को पूर्णतः बंद रखे जाने आदेशित किया गया है। कलेक्टर द्वारा शुष्क दिवस को जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन व विक्रय पर पूर्णतः नियंत्रण रखने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को आदेशित किया गया है।
———————
04.‘आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर’ का आयोजन 19 से 23 दिसम्बर तक रायपुर में।
—छत्तीसगढ़ शासन एवं महावीर इंटरकांटिनेन्टल सर्विस आर्गनाइजेशन रायपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर के आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग कौशल उन्नयन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 दिसम्बर से प्रारंभ होकर 23 दिसम्बर 2025 तक जैनम मानस भवन एयरपोर्ट के सामने रायपुर स्थित भवन में संपन्न होगा, जिसमें अनुमानित 1200 से अधिक श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस अवसर पर उनके बौद्धिक, शारीरिक, आध्यात्मिक विकास के भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।उक्त प्रशिक्षण में जिले के श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित 12 वर्ष से 24 वर्ष के दिव्यांगजनों जिसमें बालक एवं बालिका दोनों शामिल हैं, जो उक्त कौशल उन्नयन प्रशिक्षण में शामिल होना चाहते हैं, उनकी सूची अतिशीघ्र उप संचालक समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगरपालिका अधिकारियों से कहा गया है, ताकि उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा शिविर स्थल तक पहुंचने के पश्चात् समस्त आवासीय, भोजन इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी।
———————–
05. नगर पालिका कांकेर के जनकपुर वार्ड क्रमांक 20 में 138.31 लाख की लागत से बनने वाले ओव्हरहेड टैंक निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर कांकेर विधायक आशा राम नेताम, नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक,भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन,सभी पार्षदगण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

–———————
06 . कृषि स्थायी समिति की बैठक अब 24 दिसम्बर को।
— जिला पंचायत के कृषि स्थायी समिति की बैठक 24 दिसम्बर को प्रातः 11.30 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक को सभी संबंधितों को उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
———————–
07.जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन 12 दिसम्बर से।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के आम ग्रामीणजनों की आवश्यकताओं, शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आगामी 12 दिसम्बर से 25 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उक्त शिविरों में सभी जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने शिविरों के सुचारू रूप से आयोजन के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्टेला खलखो को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत चारगांव में 12 शुक्रवार दिसम्बर को शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत चारगांव, छोटेबोदेली, पोरोण्डी, सिकसोड़, सुलंगी, तुरसानी और बदरंगी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार अंतागढ़ विकासखण्ड में शुक्रवार 19 दिसम्बर को हाईस्कूल प्रांगण भैंसगांव में ग्राम बैहासाल्हेभाट, फुलपाड़, कोलर, कोसरोण्डा, मंगतासाल्हेभाट, तालाबेड़ा, ताड़ोकी और बोंदानार तथा दुर्गूकोंदल विकासखण्ड में 26 दिसम्बर शुक्रवार को स्कूल ग्राउंड चेमल में चिहरो, गुलालबोड़ी, आमागढ़, हानपतरी, बोदेली, गुदूम, तुमड़ीसुर, भेजर, हिंगनपुरी और मेरेगांव ग्राम पंचायत के ग्रामीण शिविर में शामिल होंगे। इसके अलावा भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में बुधवार 07 जनवरी को हायर सेकेण्डरी स्कूल कच्चे में ग्राम पंचायत साल्हे, भैंसाकन्हार, ईरागांव, टेढ़ईकोंदल, भैंसमुण्डी, चौगेल तथा मुल्ला, विकासखण्ड कोयलीबेड़ा में बुधवार 04 फरवरी को हाई स्कूल प्रांगण कौड़ोसाल्हेभाट में ग्राम पंचायत जिरामतराई, दड़वीसाल्हेभाट, उदनपुर, कामतेड़ा, कोयलीबेड़ा, केसेकोड़ी और कड़मे के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार 13 फरवरी शुक्रवार को दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के स्कूल ग्राउण्ड मेड़ो में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत चाहचाड़, हाहालद्दी, सिहारी, खुटगांव, दोड़दे, साधुमिचगांव, पड़गाल, भुसकी, पलाचूर, दुर्गूकांदल एवं भुरकागुदूम में, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में 18 फरवरी को शीतला मंदिर मैदान चिचगांव में ग्राम पंचायत भानबेड़ा, डोंगरकट्टा, बयानार, उंचपानी, कुल्हाड़कट्टा, रानवाही, मुंगवाल, बुदेली, दाबकट्टा, जलीनकसा, चिचगांव और रानीडोंगरी, 26 फरवरी को अंतागढ़ विकासखण्ड के माध्यमिक शाला खेल मैदान सरेवाही में ग्राम पंचायत भैंसासुर, टेमरूपानी, मण्डागांव, हिन्दुबिनापाल, कानागांव, बुलावण्ड, मासबरस, जेठेगांव, अमोड़़ी, कोदागांव तथा 13 मार्च को कांकेर विकासखण्ड के कलमुच्चे चौक में ग्राम पंचायत कलमुच्चे, पीढ़ापाल, मुरागांव, तुलतुली, मांदरी, कुरिष्टीकुर, कोकपुर, मालगांव,कोड़ेजुंगा और बारदेवरी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी तरह 18 मार्च 2026 को चारामा विकासखण्ड के पंडरीपानी हाईस्कूल मैदान में शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत हाराडुला, हल्बा, भिलाई, पंडरीपानी, भिरौद, करिहा, जेपरा, गितपहर, भानपुरी, रानीडोंगरी, कुर्रूभाट, टांहकापार, किलेपार, कोटेला एवं तुएगहन तथा 25 मार्च 2026 को नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मुसुरपुट्टा मंगल भवन में ग्राम बासनवाही, साईंमुण्डा, मावलीपारा, मांडाभर्री, बांगाबारी, दुधावा, सारवण्डी, मालगांव, दलदली, घोटियावाही, देवडोंगर, शामतरा, धनोरा और भिरौद के ग्रामीण शामिल रहेंगे। उक्त शिविर में कलेक्टर ने अनुभाग स्तर, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देने तथा यथासम्भव शिविर स्थल पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
———————–
08.कलेक्टर ने किया ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयर हाउस का आंतरिक निरीक्षण ।
— कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयर हाउस का आज आंतरिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी से श्री राजेन्द्र सिंह गौर और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री पुरुषोत्तम पाटिल तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी अनिभा रेणु सोनबेर भी मौजूद थे।

———————–
09.अंतागढ़ में ‘मावा मोदोल’ की तैयारियों का सीईओ ने लिया जायजा, 15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने आज अंतागढ़ में स्थापित ‘मावा मोदोल’ अध्ययन केंद्र की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।‘मावा मोदोल’ जिला प्रशासन की अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को निःशुल्क कोचिंग, पुस्तकें और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘मावा मोदोल’ का संचालन क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षिक अवसर साबित होगा और यह पहल अंतागढ़ के शैक्षिक विकास में नई ऊर्जा लाएगी। निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री मंडावी ने बैठने की व्यवस्था, पुस्तक उपलब्धता, परिसर की सफाई तथा डिजिटल संसाधनों की स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मावा मोदोल केंद्र को 15 दिसंबर तक पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाए। उन्होंने परिसर में अपूर्ण टाइल्स कार्य को तत्काल पूरा करने, भवन परिसर में स्थापित खंभे को हटाने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश सीएसईबी के जेई और अन्य संबंधित विभागों को दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ अंतागढ़, खंड शिक्षा अधिकारी अंतागढ़, सेजेस प्रिंसिपल, उप अभियंता RES सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

———————–
10. कांकेर जिले के चारामा जनपद पंचायत के पुर्व अध्यक्ष एवं सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष स्व.जीवन ठाकुर का जेल प्रशासन की लापरवाही से हुई मौत के विरोध में सर्व आदिवासी समाज एवं पीढ़ित परिजनो ने 09दिसम्बर 2025 को सम्पूर्ण बस्तर बंद का आह्वान किया है।

———————–
विशेष —
—आज नरहरपुर विकासखंड के ग्राम बनसागर में शहीद वीर नारायण सिंह युवा कबड्डी समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम कांकेर के लोकप्रिय विधायक शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी एवं पंचायत जनप्रतिनिधी शामिल हुए।

———————-
अभी अभी नथियानावगाव के पास बाइक मे सवार 3 लड़को का अज्ञात में एक्सीडेंट हुआ हे‚जहां घायलों को हॉस्पिटल भेजे है। हादसे के बाद त्वरित रूप् से हाइवे पेट्रोलिंग द्वारा रोड क्लियर किया गया।बताया जा रहा है कि इस हादसे में 2 मृत 1 घायल है। अस्पताल रिफर किया गया है।

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–







