आज की टॉप 10 खबर 11 नवंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  11 नवंबर  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

मृत्यु की खबर देने इतनी जल्दबाजी क्यों?

देश के नामचीन अभिनेता धर्मेंद्र जी को सादर प्रणाम….

—सोशल मीडिया के पदार्पण के बाद जन्म मृत्यु की खबरें इतनी त्वरित रूप से घर,परिवार,समाज के साथ बडे स्तर पर देश में फैल जाती है। सोशल मीडिया ने त्वरित पत्रकारिता के नये अध्याय को जन्म दिया। मुख्यतः जीवन का अटल सत्य मृत्यु के संदर्भ लोगों में किसी खबर को फैलाने की इतनी जल्दी पडी जिसकी भी एक ख्वाहिश कि उनके द्वारा जानकारी दी गई के नाम हो। लेकिन किसी बडे वीआईपी,लोकप्रिय कलाकार की मृत्यु से पूर्व खबर वायरल हो जाना उस परिवार के लिए कितना दुःखद जो अस्पताल में उनका ईलाज करा रहे हैं,जहां डाक्टर ने मेडिकल बुलेटिन जारी ना किया हो। शायद हिन्दी सिने कला जगत के धर्मेंद्र जी की मृत्यु की खबर भी सोशल पर वायरल के साथ इतना ही नहीं देश के राष्ट्रीय चैनलों में चलने लगी। इस खबर पर धमेंद्रजी की पत्नी हेमामालिनी तथा पुत्री ने इसका खंडन करते इसे बडा खेद कहा। यह पहली ऐसी खबर नहीं इस प्रकार बीते समय में भी इस प्रकार की खबर चला कर बाद में माफी मांगी जाती रही है। पर इतने बडे कलाकार की इस प्रकार फेक न्युज के बाद अब ऐसी सतर्कता जरूरी है कि पुख्ता खबर पर ही सोशल में समाचार वायरल करें।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत धार्मिक स्थलों की कराई जाएगी यात्रा कलेक्टर ने पत्र जारी कर सभी सीईओ और सीएमओ को दिए आवश्यक निर्देश।

—मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत आगामी 27 नवम्बर से 05 दिसम्बर के बीच विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को इस आशय का पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिलावासियों से पात्रतानुसार आगामी 14 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।जारी पत्र में कलेक्टर ने कहा है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत आगामी 27 नवम्बर से 05 दिसम्बर तक कामाख्या देवी मंदिर, नवगृह मंदिर, वशिष्ठ मुनि आश्रम, उमानंद मंदिर, शिवाजी का मंदिर तथा शंकर देव कला क्षेत्र गुवाहाटी की यात्रा प्रस्तावित है। उक्त यात्रा के लिए जिले से 410 तीर्थयात्रीयों का चयन किया जाना है। उन्होंने सभी सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया है कि अपने स्तर पर प्राप्त आवेदनों के परीक्षण उपरांत पात्र हितग्राहियों की सूची निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तैयार करें, साथ ही पात्र हितग्राहियों की 25 प्रतिशत प्रतीक्षा सूची भी संधारित करें। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत जारी दिशा निर्देश के अनुरूप परिष्ठ नागरिक, विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं का नियमानुसार चयन कर एक-एक अनुरक्षक सहित सूची कार्यालय कलेक्टर को हार्ड एवं साफ्ट कॉपी विशेष वाहक के माध्यम से 14 नवम्बर तक अनिवार्यतः प्रेषित करें।

——————–

02. नशामुक्ति पुनर्वास केन्द्र संचालन हेतु आवेदन 14 नवम्बर तक आमंत्रित

—जिले में नशा पीड़ितों के लिए 15 बिस्तरों का एकीकृत पुनर्वास केन्द्र (नशामुक्ति केन्द्र) का केन्द्रीय संचालन किया जाना प्रस्तावित है। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा है कि केन्द्रीय अनुदान प्राप्त उक्त नशामुक्ति केन्द्र का संचालन किए जाने हेतु विभागीय मान्यता प्राप्त स्वैच्छिक संस्था/धर्मार्थ निजी चिकित्सालय अथवा शासकीय चिकित्सालय या अन्य अभिकरण, कार्यालय उप संचालक समाज कल्याण कांकेर से दिशानिर्देश प्राप्त कर आगामी 14 नवम्बर तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं।

 ———————

03.लोककला महोत्सव-2025 के तहत नृत्य प्रतियोगिता 15 नवम्बर को।
 

—शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति लोककला महोत्सव 2025 का जिला स्तरीय आयोजन 15 नवम्बर को किया जाएगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि इसका आयोजन पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें चयनित नृत्य दल, राज्य स्तरीय शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन अम्बिकापुर (सरगुजा) में सम्मिलित होकर अपनी प्रस्तुति देंगे। उक्त कार्यक्रम को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के तौर पर भी मनाया जा रहा है।

———————–

04.ग्राम पंचायत डुमरपानी ने बढ़ाया कांकेर का मान : छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में मिला तृतीय स्थान।

—जल संरक्षण के क्षेत्र में जिला एक बार पुनः गौरवान्वित हुआ है। विकासखंड नरहरपुर की ग्राम पंचायत डुमरपानी को जल शक्ति मंत्रालय के छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार (NWA) 2024 के तहत ’सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत’ श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 

जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवन विभाग द्वारा यह महत्वपूर्ण पुरस्कार जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में डुमरपानी द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी गई है, जिसने देशभर में कांकेर जिले के प्रयासों को अग्रणी रखा है। ज्ञात हो कि यह पुरस्कार ग्राम पंचायत में मनरेगा व अन्य विभागों के अभिसरण के तहत विभिन्न प्रकार के सफल जल संवर्धन के कार्यों की सफलता को प्रदर्शित करता है। 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के वितरण समारोह का आयोजन 18 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया जाएगा।
लगातार दूसरी बार मिली राष्ट्रव्यापी पहचान
जिला पंचायत के सी.ई.ओ.  हरेश मण्डावी ने बताया कि यह कांकेर जिले के लिए जल प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है। डुमरपानी से पहले, पिछले वर्ष (5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2023 में) कांकेर जिले के ही नरहरपुर ब्लॉक की मासुलपानी ग्राम पंचायत को ’सर्वश्रेष्ठ पंचायत’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था। मंत्रालय ने 6वें पुरस्कारों के लिए 09 श्रेणियों में 38 विजेताओं की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रमाण-पत्र और एक ट्रॉफी के साथ-साथ कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में तकनीकी सहयोगी के रूप में जिला पंचायत कांकेर, जनपद पंचायत नरहरपुर, मनरेगा शाखा नरहरपुर एवं गैर शासकीय संगठन ‘प्रदान‘ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय जल पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों के अच्छे कार्यों और प्रयासों पर केंद्रित है, जो देशभर में सरकार के ’जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद कर रहे हैं। ये पुरस्कार लोगों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक मजबूत माध्यम है।
जिला प्रशासन ने दी बधाई
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने हर्ष व्यक्त किया है। जिले के कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी, जिला पंचायत के मैदानी अमला सहित ग्राम पंचायत डुमरपानी के सरपंच व सभी ग्रामीणों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जिले में जनसहभागिता और मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक और सार्थक परिणाम है। मासुलपानी के बाद डुमरपानी को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरी बार सम्मान मिलना यह सिद्ध करता है कि कांकेर जिला जल संरक्षण की दिशा में सही मॉडल पर काम कर रहा है। यह सम्मान भविष्य में जल संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन गतिविधियों को और अधिक सशक्त व मजबूत करने के लिए प्रेरित करेगा।

———————–

05. बस्तर विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत अपूर्ण निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण करें कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश। 

—कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज सुबह समय सीमा की साप्ताहिक बैठक ली, जिसमें उन्होंने बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत किन्तु अपूर्ण निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी शीघ्रता से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी, एसआईआर की प्रगति, बस्तर ओलंपिक, रन फॉर यूनिटी तथा नक्सल पुनर्वास के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आहूत समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए तथा सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसी तरह भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर तक मतदाता सूची तैयार करने के पूर्व मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन कार्य की जानकारी उन्होंने ली। इस कार्य में तेजी लाने के लिए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावा आगामी 12 से 14 नवम्बर तक आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु खेल अधिकारी एवं सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों का कड़ाई से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक से आने वाले खिलाड़ियों के लिए गरिमापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए खेल अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने अनुभाग में गतिविधियों पर निगाह रखने के निर्देश दिए ताकि समय पर कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों में विभिन्न मदों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों के अप्रारंभ एवं अपूर्ण होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्य यथाशीघ्र शुरू कराने अथवा निरस्तीकरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ समाज की मुख्यधारा में लौटे माओवादियों के पुनर्वास के संबंध में प्रदेश के गृह मंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार पुनर्वास कैंपों में प्रशिक्षण कार्यक्रम के अलावा राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न दस्तावेज तैयार करने के लिए संबंधित विभागों को कैंप अनिवार्य रूप से लगाने हेतु निर्देशित किया तथा कहा कि यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की प्रगति के संबंध में कलेक्टर ने समीक्षा की। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर   हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

———————

06. सामान्य सभा की बैठक 17 नवम्बर को ।

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आगामी 17 नवम्बर को अपरान्ह 12 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में आहूत की गई है। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने सर्व संबंधित विभागीय अधिकारियों को एजेण्डावार अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया है।

———————

07. पंचायत सचिव की भर्ती हेतु आवेदन 05 दिसम्बर तक आमंत्रित।

 जिला पंचायत के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिव के कुल 18 रिक्त पदों पर वर्गवार भर्ती के लिए आवेदन 05 दिसम्बर 2025 तक आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा विज्ञापन जारी किया गया है। आवेदन हेतु पात्रता, नियम व शर्ते, आवेदक की शैक्षणिक अर्हताएं, चयन प्रक्रिया आदि से संबंधित जानकारी एवं आवेदन पत्र का विस्तृत विवरण जिला पंचायत कांकेर सहित सभी जनपद पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। साथ ही जिले के वेबसाइट www.kanker.gov.in में अवलोकनार्थ अपलोड किया गया है।

———————

08. हितग्राही   माखनलाल का बिजली बिल पिछले 8 माह से हुआ शून्य, खुशियां हुईं दुगनीप्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ।

—प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना हितग्राहियों के जीवन में नया उजाला बनकर आई है, वहीं उनकी खुशी और उत्साह में चार चांद लग गए हैं। विकासखण्ड मुख्यालय अंतागढ़ निवासी माखन लाल साहू का नाम भी उन लोगों में शुमार है जिन्हें इस योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिला। श्री साहू ने योजना के अपने तहत घर पर नवंबर वर्ष 2024 में 04 किलोवॉट का सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया था। सोलर पैनल लगने के बाद से विद्युत देयक में उल्लेखनीय कमी आई है तथा उपभोक्ता को विद्युत बिल में बड़ी राहत प्राप्त मिली है, जिसके चलते उनकी खुशियां अब दुगनी हो गई हैं।हितग्राही श्री साहू ने बताया कि सोलर पैनल स्थापना से पूर्व उनके घर की बिजली औसतन मासिक बिल लगभग 1885 रूपए आता था, परंतु सोलर पैनल लगने के बाद से माह फरवरी 2025 से उनका विद्युत बिल पूर्णतः शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि माह नवंबर 2024 से सितंबर 2025 की अवधि में कुल 17 हजार 311 रूपए की सोलर रिबेट (छूट) प्राप्त हुई है। विशेष रूप से सितंबर 2025 माह में श्री साहू को 2 हजार 511 की सोलर रिबेट मिली। यह दर्शाता है कि सोलर पैनल के माध्यम से न केवल बिजली बिल में बचत हो रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह उदाहरण प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की सफलता का प्रतीक है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हो रहा है। श्री साहू ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट किया है कि इस योजना के चलते उन्हें बड़ी राहत मिली है।

———————–

09.  बीएसएफ द्वारा आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का सातवां जत्था कांकेर से हैदराबाद रवाना ।

—सीमा सुरक्षा बल   द्वारा संचालित 17वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत जिला कांकेर के अति दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से चयनित 20 युवक एवं युवतियों का सातवां जत्था आज हैदराबाद (तेलंगाना) के लिए रवाना हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी युवाओं को अन्य राज्यों की सांस्कृतिक विविधता, जीवन शैली, शैक्षणिक अवसरों और नवीन सामाजिक वातावरण से अवगत कराना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हो सके।प्रतिभागी युवा हैदराबाद में अन्य राज्यों से आए आदिवासी युवाओं के साथ रहकर खान-पान, रहन-सहन, परंपरा, लोक कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को प्रत्यक्ष रूप से जानेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक नृत्य, पारंपरिक संस्कृति प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।युवा दल को हैदराबाद के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत स्थलों, विज्ञान केंद्रों, संग्रहालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों के शिविरों का भी भ्रमण कराया जाएगा। इस माध्यम से युवाओं को रक्षा, प्रशासन, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और करियर के संभावित अवसरों के बारे में जानकारी मिलेगी।यह पूरा कार्यक्रम भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

———————–

10. गोयल ग्रुप की बजरंग लौह अयस्क खदान में खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ।

—गोयल ग्रुप की  बजरंग आयरन ओर माइंस, हाहालद्दी में आज खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह (MEMC Week) का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित खनिज एवं पर्यावरण संबंधी संस्थानों के प्रतिनिधि निरीक्षण दौरे पर पहुँचे और खदान में पर्यावरणीय संरक्षण उपायों की समीक्षा की।आयोजन में पारंपरिक एवं लोक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्यरत अंदरूनी क्षेत्रों के कराटे खिलाड़ी संदीप नेताम को खदान प्रबंधन द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया। प्रबंधन ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन देना कंपनी की सामाजिक उत्तरदायित्व की प्राथमिकता है।कार्यक्रम के दौरान स्वागत एवं संचालन की जिम्मेदारी श्री प्रवीण सिन्हा द्वारा निभाई गई, जिनकी सरस प्रस्तुति और व्यवस्थापन की निरीक्षण दल ने विशेष तारीफ की।इस अवसर पर बजरंग माइंस के कर्मचारी, स्टाफ, कामगार तथा स्थानीय ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम का हिस्सा बने।

———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। शुभ रात्रि… 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *