कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
03 नवंबर 2025 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
रेशमा(पाकिस्तानी लोक गायिका)
लंबी जुदाई…चार दिनों का…!

आज पुण्यतिथी पर सादर….
— भले ही रेशमा जी पाकिस्तानी लोक गायिका थी, पर हमारे देश में सिने कला जगत में फिल्म निर्माता निर्देशक सुभाष घई की ”हीरो” आई तब उसमें लंबी जुदाई वाले गीत सबके लोकप्रिय हुए। यहां संगीत के चाहने वाले सभी आज भी इस सुर के कायल होते हैं। देश के विभाजन पर यह ‘प्रतिभा’ भले ही पाकिस्तान चली गई हो पर अल्प आयु में ही उन्होंने अपनी कला का लोहा मनवाया। ओजपूर्ण आवाज के साथ लाल मेरी…वाला गीत आज भी उतना ही जवां है। सितारा ए एम्तियाज लीजेंड्स आफ पाकिस्तान से अलंकृत इस सुर साधिका की अन्य कई गीत प्रसिद्व हुए। कठिन आर्थिक संघर्ष करते हुए अपना सशक्त मुकान बनाने वाली इस गायिका ने आज के ही दिन 3 नवंबर 2013 को पाकिस्तान के कराची में सिने कला संगीत जगत सहित दुनियां को अलविदा कहा। आज भी संगीत श्रोता उनकी आवाज के कायल होते हैं। कई टीवी शो पर आज भी नवोदित कलाकार उनके गाये गीतों को संगीत देते दिखायी देते हैं।
—✍️मनोज जायसवाल
————————
01. गंभीर रूप से हादसे में घायल श्रीनिषाद को चारामा सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया।
—अभी-अभी देर शाम तकरीबन 5.45 बजे चारामा कांकेर राजमार्ग 30 कानापोंड केरा रपटा नाला पूर्व हार्वेस्टर का ट्राला जो तेलगरा के प्रदीप साहू पिता ग्वाल राम साहू ने घटना के बाद आकर पुलिस को बताया कि उन्होंने सडक किनारे खडा किया था। इस ट्राला से जो अंधेरे में था, रेडियम भी नहीं लगा था, दिखायी नहीं देने के चलते टांहकापार सब स्टेशन के लाईन मेन श्रीनिषाद जो अपनी ड्युटी से वापस अपने घर शांति नगर कानापोंड आ रहा था,जबर्दस्त टक्कर होने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पैर फ्रेक्चर होने के चलते सडक पर काफी खुन बहा। गनीमत है कि जिस ट्राला से टकराया उसके निकले लोहे से नहीं लगा जिसे लोगों ने फोल्डिंग होने से ऊपर उठाया। अंधेरे में खडी ट्राला में रेडियम भी नहीं लगी थी। लोगों की भीड के बीच 108 को काल किया हाईवे पेट्रोल वाहन भी कुछ देर में पहूंची। लोगों ने हो रही देरी को देखते हुए एक निजी वाहन कार से चारामा ले जाया गया। पुलिस भी देर से सही पहूंची और कार्रवाई प्रारंभ की। क्षतिग्रस्त स्कूटी को बिजली आफिस में ले जाया गया। हार्वेस्टर के ट्राला को जब्ती की कार्रवाई पुलिस कर जांच में लगी थी। कुछ देर तक वाहनों की कतार भी लग गई। मौके पर लखनपुरी सब स्टेशन के कनिष्ठ यंत्री एवं अन्य विद्युत विभाग के कर्मचारी पहूंचे। चारामा से उचित ईलाज के लिए संभवतया आगे रिफर किया जायेगा। लोगों ने कहा कि हाईवे पुलिस को सडक किनारे बेतरतीब खडी वाहनों पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग पर नाराजगी भी जतायी है। यह जगह भी दुर्घटनाजन्य जगह है‚जहां गांव के ही एक युवक की इसी स्थान पर एक सडक हादसे में मौत भी हो चुकी है।

चित्र—घटना स्थल पर अंधेरा छाये होने के चलते चित्र स्पष्ट नहीं।
———————–
02. 25 साल में जिले के क्रमिक विकास को जीवंत कर रही जनसम्पर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी।
—पृथक छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, जिसे राज्य शासन द्वारा हर्षोल्लास के साथ रजत वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में राज्योत्सव-2025 का जिला स्तरीय तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा कांकेर जिले में पिछले 25 वर्षों में हुई प्रगति और चरणबद्ध विकास को प्रदर्शित किया गया है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जनसम्पर्क विभाग की ओर से छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें जिले में 25 सालों की प्रगति को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रमुख रूप से इंदिरा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन, भानुप्रतापपुर जैसे बीहड़ एवं दूरस्थ अंचल में रेलवे स्टेशन की स्थापना एवं विस्तार, सुशासन तिहार में लोगों की समस्याओं का समाधान, जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल कोचिंग संस्थान व सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए व्यापक सुविधा आदि का प्रदर्शन किया गया है। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान करने नाथियानवागांव में पॉलिटेक्निक, नए पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित होता धारपारूम, नगर में नालंदा परिसर की स्वीकृति, ड्रोन एवं लखपति दीदी, बस्तर पण्डुम में जिले का सम्मान, जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना, महतारी वंदन योजना के तहत आर्थिक समृद्धि व आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होतीं महिलाएं, मछली उत्पादन के क्षेत्र में अव्वल कांकेर जिला, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से घरों पर बिजली उत्पादित करते जिलावासी, संवेदनशील इलाकों में विकास की इबारत लिखतीं नवनिर्मित सड़कें, नियद नेल्ला नार योजना से दुरूह क्षेत्रों के चिन्हांकित ग्रामों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती विकास की किरणें सहित अनेक विषयों को छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। विभाग के उक्त स्टॉल को नगरवासियों का बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। आगंतुक जिज्ञासावश अपने जिले के सिलसिलेवार विकास और प्रगति को बेहद आसानी से फोटो के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। प्रदर्शनी का शुभारम्भ कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग और कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने सोमवार 02 नवम्बर को किया तथा इसका अवलोकन कर मुक्तकण्ठ से सराहना करते हुए कहा कि जनसम्पर्क विभाग द्वारा जिले के 25 वर्षों के क्रमिक विकास को छायाचित्रों के माध्यम से बेहतर ढंग से संजोने का प्रयास किया गया है। इस दौरान उन्हें व सभी आगंतुकों शासन की योजनाओं पर आधारित विभिन्न पुस्तकें, ब्रोशर और पॉम्पलेट भी विभाग की ओर से निःशुल्क वितरित किया जा रहा है।

चित्र—जनसंपर्क विभाग कांकेर की प्रदर्शनी स्टाल में पाठ्य सामग्रियों का अध्ययन करते युवा।
———————-
03. महतारी वंदन योजना की 14 हजार हितग्राहियों का ई-केवायसी कराने महिलाओं से की अपील।
— राज्य शासन के द्वारा सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत् लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों का ई-केवायसी कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। उक्त निर्देश के अनुक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की महतारी वंदन योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों का ई-केवायसी कराया जाना है। कांकेर जिले में महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह औसतन 180001 महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इनमें से लगभग 1 लाख 64 हजार महिलाओं का सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत् राशन कार्डधारी होने के कारण खाद्य विभाग के द्वारा ई-केवायसी किया जा चुका है तथा इन्हीं महिलाओं को महतारी वंदन के तहत लाभान्वित किये जाने के आधार पर दोनों योजनाओं के कॉमन हितग्राही होने के कारण इन्हें महतारी वंदन योजना के तहत् पृथक से ई-केवायसी कराये जाने की आवश्यकता नहीं है। इस प्रकार कांकेर जिले में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित शेष लगभग 14 हजार महिलाओं का ही ई-केवायसी कराया जाना है क्यांकि इनका ई-केवायसी खाद्य विभाग द्वारा नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं के नाम/सूची संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओें के महतारी वंदन एप के लॉगिन आईडी में उपलब्ध हैं। केवल इन्हीं महिलाओं का ई-केवायसी निकट के कॉमन सर्विस सेन्टर में जाकर निःशुल्क कराया जा सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा राज्य स्तर से चिप्स को नोडल एजेंसी बनाते हुए उनके अधीनस्थ संचालित कॉमन सर्विस सेन्टर के माध्यम से उक्त कार्य निःशुल्क कराये जाने के निर्देश दिये जा चुके हैं। अतः महतारी वंदन योजना से लाभान्वित ऐसी समस्त महिलाएं जिनका ई-केवायसी खाद्य विभाग द्वारा नहीं कराया जा सका है, केवल वे महिलाएं ही आवश्यक अभिलेखों सहित निकट के कॉमन सर्विस सेन्टर सीएससी में उपस्थित होकर अपना ई-केवायसी तत्काल पूर्ण करायें, ताकि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत निरंतर लाभांवित किया जा सके। यह विशेष रुप से उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिन महिलाओं का ई-केवायसी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत् खाद्य विभाग द्वारा कर लिया गया है। उन्हें पृथक से महतारी वंदन योजना के तहत् ई-केवायसी कराये जाने की आवश्यकता नहीं है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए निकट की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षक से सम्पर्क किया जा सकता है।
———————–
04.मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य कल से, बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण।
— भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 (एसआईआर) के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य मंगलवार 04 नवम्बर से प्रारंभ हो जाएगा। आयोग द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को सभी बीएलओ बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें, इसे लेकर आज बीएलओ (बूथ लेबल ऑफिसर्स) को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उनके दायित्वों के संबंध में आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों और निर्देशों की जानकारी दी गई। आज सुबह 11 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उपस्थित सभी बीएलओे को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में भी विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें बीएलओ की महती एवं महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन सभी बीएलओ पूरी सजगता और गंभीरता से करें। आयोग द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी को किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कहा कि एसआईआर के प्रत्येक कार्य के लिए समय-सीमा तय है। बीएलओ को सभी मतदाताओं के घर जाकर निर्धारित प्रारूप में सत्यापन कराना बेहद महत्वपूर्ण और आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्यापन के संबंध में फील्ड में किसी प्रकार का संशय होने की स्थिति में बीएलओ अपने उच्चाधिकारियों से परामर्श अवश्य लें। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा बीएलओ के दायित्वों की विस्तारपूर्वक जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी गई। इस दौरान उन्हें घर-घर जाकर गणना, पते का मानकीकरण, गणना पत्रक प्रारूप का उपयोग करना, फॉर्म का निष्पादन- प्रक्रिया एवं समय-सीमा, पर्यवेक्षण एवं जांच, दस्तावेज अपलोड करने के लिए वेबसाइट, ई-रोल मैपिंग डाटा, व्यावहारिक सुझाव, प्रारूप नामावली का प्रकाशन आदि के संबंध में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी से सभी बीएलओ को अवगत कराया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार कुर्रे ने बीएलओ की ओर से पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया और आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने हेतु निर्देशित किया।उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य हेतु तिथिवार कार्यक्रम घोषित किया गया है, जिसके तहत 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर तक बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची में प्रविष्टि मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। बी.एल.ओ, (बूथ स्तरीय अधिकारी) नए मतदाता को शामिल करने के लिए फॉर्म 6 और घोषणा पत्र एकत्र करेंगे और मिलान/लिंकिंग (आधार से जोड़ना) में सहायता करेंगे। मतदाता को ई.एफ. (इलेक्टोरल फॉर्म) भरने में मदद करेंगे उसे एकत्र करेंगे और ई.आर.ओ./ए.ई.आर.ओ. को जमा करेंगे। प्रत्येक मतदाता के घर का कम से कम 3 बार दौरा करेंगे। मतदाता, विशेषकर शहरी मतदाता/अस्थायी प्रवासी, ई.एफ. ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान करेंगे। ईआरओ/एईआरओ को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक छूटा नहीं हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति का नाम उसमें शामिल न हो। इस अवसर पर नरहरपुर एवं कांकेर ब्लॉक के बीएलओ तथा निर्वाचन से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
———————–
05. ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक भर्ती परीक्षा 09 नवम्बर को। 498 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त।
— छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक भर्ती परीक्षा आगामी 09 नवम्बर दिन रविवार को पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 498 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक जिला शिक्षा लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उक्त परीक्षा के आयोजन के लिए शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर एवं शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही रोड अलबेलापारा कांकेर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
———————–
06. जिला स्तरीय राज्योत्सव में 13 हितग्राहियों को परिवार सहायता से किया गया लाभान्वित। सांसद भोजराज नाग द्वारा किया गया चेक वितरण।
—छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा 02 से 04 नवम्बर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राज्योत्सव का शुभारंभ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग और कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा पिछले 25 वर्षों में जिले में हुए विकास पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। प्रदर्शनियों की उन्होंने मुक्तकंठ से सराहना की और जिले की शासकीय गतिविधियों को करीब से जाना। इस अवसर पर उनके द्वारा समाज कल्याण विभाग के प्रदर्शनी स्टॉल में 13 हितग्राहियों को परिवार सहायता योजनान्तर्गत 20 हजार रूपए का चेक वितरित किया। मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले एवं शिशुपाल शोरी, महावीर सिंह राठौर, आलोक ठाकुर, सतिश लाठिया, महेश जैन, टेकेश्वर जैन, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी, एसडीएम कांकेर नरेन्द्र बंजारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
———————–
07. रजत महोत्सव में विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं स्टालों का सांसद श्री नाग और विधायक श्री नेताम ने किया अवलोकन।
—छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा रजत महोत्सव 2025 का तीन दिवसीय आयोजन आज से किया जा रहा है। राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग और कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने आज शाम को किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा पिछले 25 वर्षों में जिले में हुए विकास पर आधारित प्रदर्शनी और स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनियों की मुक्तकंठ से सराहना की और जिले की शासकीय गतिविधियों को करीब से जाना।नरहरदेव पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने स्टाल में विभागीय योजनाओं का आकर्षक ढंग से प्रस्तुतीकरण किया। जनसंपर्क विभाग द्वारा पिछले 25 सालों में जिले में हुए विकास पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें प्रमुख रूप से मावा मोदोल कोचिंग संस्थान, नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, दुर्गम क्षेत्रों में सड़कों का जाल, लखनपुरी क्षेत्र में औद्योगिक विकास, नियद नेल्लानार योजना, भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन, कृषि विज्ञान केंद्र, सुशासन तिहार महतारी वंदन योजना, बस्तर पण्डुम, पीएम सूर्यघर, मछली उत्पादन, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना पर आधारित है। उक्त छायाचित्र प्रदर्शनी का सांसद एवं विधायक ने सराहना की। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग मावा मोदोल, पूना पर्रियान, मावा मोदोल, सेंट्रल लाइब्रेरी, उल्लास साक्षरता, पीएम श्री स्कूल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास (जिला पंचायत) द्वारा आजीविका मिशन, लखपति दीदी, स्व सहायता समूहों द्वारा उत्पाद निर्माण, बांस से निर्मित पारंपरिक सूपा, टुकना, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन, पोषण अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कृषि विभाग द्वारा फसल विविधीकरण, मिलेट उत्पादन कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा सीताफल प्रसंस्करण और इसकी नवीन उन्नत प्रजाति, कड़कनाथ पालन लाख के उत्पाद, कोदो कुटकी आदि की प्रदर्शनी को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।इसके अलावा पशुधन विकास विभाग की ओर से पशु रोग एवं टीकाकरण, उद्यानिकी विभाग द्वारा सब्जी वर्गीय जैविक पैदावार, रेशम विभाग द्वारा कोसा और तसर निर्माण तथा रेशम कीट का जीवन चक्र, कौशल विकास द्वारा आजीविकामूलक प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत, आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद पद्धति से उपचार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जलजीवन मिशन तथा जल संसाधन विभाग की ओर से परलकोट जलाशय की वृहत सिंचाई परियोजना को आकर्षक ढंग से मॉडल के जरिए प्रदर्शित किया गया। इसी तरह ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग द्वारा अधोसंरचना निर्माण कार्य, नगरीय निकाय (नगरपालिका कांकेर) द्वारा नालंदा परिसर का मॉडल, विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता, समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय पेंशन योजना, क्रेडा विभाग की ओर से सौर सुजला, वन विभाग द्वारा लघु वनोपज, आदिवासी विकास विभाग द्वारा देवगुड़ी की जीवंत झांकी तथा जनजातीय वेशभूषा, उद्योग विभाग द्वारा नवीन उद्योग नीति, विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्यघर योजना डाक विभाग द्वारा विभागीय गतिविधि और पुलिस विभाग की ओर से माओवाद पुनर्वास पर आधारित झांकी का प्रस्तुतीकरण किया गया।इस अवसर पर मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, कांकेर विधायक आशाराम नेताम आदि उपस्थित थे।
———————–
8.एसडीओ को हटाने सरपंच संघ की मांग, ज्ञापन सौंपकर दिया आंदोलन का अल्टीमेटम। दुर्गूकोदल में सरपंच संघ ने उठाई कार्रवाई की मांग, 4 दिनों में निराकरण नहीं तो आंदोलन।
—दुर्गूकोदल में सरपंच संघ ब्लॉक दुर्गूकोदल द्वारा जनपद पंचायत में पदस्थ एसडीओ अश्ववतकुमार कुमार मंडावी को तत्काल हटाने की मांग को लेकर आज तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। सरपंच संघ ने आरोप लगाया है कि एसडीओ अपनी सेवाओं में लापरवाही बरतते हैं, लगातार कार्यस्थल से अनुपस्थित रहते हैं, और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं।सरपंच संघ के अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला नरेटी, उपाध्यक्ष बलराम टेमरिया एवं राम गावड़े, तथा सचिव मुकेश कुमार गावड़े ने बताया कि एसडीओ द्वारा न तो फाइलों का समय पर सत्यापन किया जा रहा है और न ही फोन कॉल रिसीव किए जाते हैं। परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण ग्रामीण विकास कार्य, टीएस स्वीकृतियाँ, भुगतान प्रस्ताव तथा आधारभूत कार्य योजनाएँ रुकी पड़ी हैं, जिससे विकासखंड के अनेक पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। सरपंच संघ ने कहा कि जनपद पंचायत में एसडीओ का व्यवहार जनप्रतिनिधियों के प्रति अनादरपूर्ण है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार दिनों के भीतर एसडीओ को हटाने की कार्रवाई नहीं की जाती, तो सरपंच संघ सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से कुबेर दर्रो, मुकेश नरेटी, रामशिला कोयला, साधना सहारे, अनुपा कोवाची, मनीषा मंडावी, नीलिमा मरकाम, सोमनाथ नेताम, प्रेम पुडो, धनसाय हुरा, रमूला नरेटी (जनपद सदस्य एवं सभापति वन), मनकुंवर बोगा, मानिक कडियाम, जवाहर ठाकुर सहित अन्य अनेक सरपंच उपस्थित रहे।
———————–
09. शासकीय कन्या हाई स्कूल दुर्गूकोदल में सदेसिंह कोमरे ने किया प्राचार्य पद का पदभार ग्रहण।
—विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत शासकीय कन्या हाई स्कूल दुर्गूकोदल में नव पदस्थ प्राचार्य श्री सदेसिंह कोमरे ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी संभाल ली है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विद्यालय में उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बैठक आयोजित कर विद्यालय संचालन, शिक्षण व्यवस्था एवं छात्रहित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए।
———————-
10. कलार समाज के ईष्टदेव राज राजेश्वर भगवारन सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती जेपरा में धुमधाम से मनायी गयी।
—कलार समाज के ईष्टदेव भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती चारामा विकासखंड के महानदी क्षेत्र में शोभायात्रा के साथ धूमधाम से मनायी गई। इस आयोजन में जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष डडसेना कलार समाज बस्तर संभाग -महेश जैन थे, विशिष्ट अतिथि- तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा, जनपद सभापति -रेणुका परमेश सिन्हा के साथ ही ग्राम के सभी स्वजातीय एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधीगण मौजूद रहे।

——————-
विशेष—
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने जिला भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा की
— भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव व भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने भाजपा जिला कार्यकारिणी की घोषणा की । कार्यकारिणी में 6 जिला उपाध्यक्ष बृजेश चौहान, अशोक वलेचा, राजा देवनानी, अरविंद जैन, दीपांकर दत्ता, रामबाई गोटा, 2 जिला महामंत्री राजा पांडेय, जितेंद्र सलाम, 6 जिला मंत्री अनूप राठौर, संजय सिन्हा, अनिता सोनी, उत्तम जैन, अमिता बंजारे, हेमप्रभ कटबेर, कोषाध्यक्ष बृजमोहन तिवारी, सह कोषाध्यक्ष नंद कुमार ओझा, प्रवक्ता राजीव लोचन सिंह, दीपक खटवानी, कार्यलय मंत्री प्रदीप जायसवाल, सह कार्यलय मंत्री उगेश्वरी उइके, मीडिया प्रभारी निपेन्द्र पटेल, सह मीडिया प्रभारी मनोज जैन, शंकर सरकार, सोशल मीडिया जिला संयोजक टिकेंद्र दुग्गा, सह संयोजक प्रवीण ठाकुर, देव बैरागी, आई टी सेल संयोजक मुकेश संचेती, सह संयोजक अंकित जैन व संकेत नशीने को बनाया गया है । नवीन जिला कार्यकारिणी को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, लोकसभा सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी, आशाराम नेताम, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, हस्तशिल्प विकास बोर्ड अध्यक्ष शालिनी राजपूत, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, शिशुपाल सोरी, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, पूर्व जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल सहित जिले के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवीन दायित्व के लिये बधाई, शुभकामनाएं दी है ।

———————–
— कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने आज कांकेर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक वलेचा से उनके निज निवास पर मुलाकात कर उनके स्वस्थ का हालचाल जाना। काफी देर तक स्वास्थयिक चर्चा के बाद सियासी चर्चा भी निकल ही गई।

———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। शुभ रात्रि… 🙏
———————–






