कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
30 अक्टूबर 2025 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
अपनी प्रोफेशन का पालन करें
—यदि कोई महिला अविवाहित है, तो वह अपने कारणों से अविवाहित है। यदि कोई विवाह के बाद बगैर पति के जीवन निर्वहन कर रही है तो वह अपने कारणों से है। ठीक इसी प्रकार पुरूष भी। लेखन क्षेत्र से यदि आप किसी ऐसी हस्ती से मुखातिब हो रहे हैं,तो आप उसके कार्यों पर जानकारी अर्जित कीजिए। ना कि किसी की निजी जीवन में जाने की ना सोचें। वे हस्ती स्वमेव होकर कुछ जानकारीया शेयर करे तो बात अलग है। विषयों से जुदा इंटरव्यु में आपके प्रश्न आपकी खुद की विषयों से भटकाव की भावनाएं इंगित करने काफी है। ठीक अपना ख्याल रखते जो इंटरव्यु देते मुखातिब हो रहे हैं,उन्हें भी इंटरव्यु लेने वाले पत्रकार को इन बातों के तारतम्य एक शब्दों मे उनके इन बातों को काटते खत्म कर देनी चाहिए। निश्चित रूप से जिनका इंटरव्यु लिया जा रहा है,उनकी अपनी निजता है,जिसका सम्मान करना जरूरी है। जिन पहलूओं पर वह ना चाहे उन्हें जोर देते खुलासा लिखते उनकी अंतस दुखाने का भी क्या। निचले स्तर पर पत्रकारिता क्षेत्र में देखें तो लोग जाने से पूर्व ही तरह-तरह की बातें करते उन बेबुनियाद कहानियां लिखने की सोच रहे होते हैं,कि खुद के जीवन के रास्तों में कभी मोड़ नहीं आएगा। गंभीरता से इस पर मंथन करते समाज में उन महिलाओं की जीवन व्यथा को समझने का प्रयास करें। कैसे किसी पति की मौत के बाद महिला अंदर से टूट कर बेबसी की जिंदगी इन सुदूर अंचलों में निर्वहन कर रही होती है। कैसे पति के रहते प्रगति के पथ पर चलते एक दिन ऐसा मोड़ आ गया कि पति के जाते बर्बाद हो गए। अर्श से फर्श और फर्श से अर्श आते जाते यहां देखा जा सकता है। उन बातों को खोद कर किसी को याद दिलाना भूलने का प्रयास करती किसी महिला के लिए कम दुःख की बात नहीं है। अपनी प्रोफेशन का पालन कीजिए। इंटरव्यु पर जिन विषयाें पर आपकी कलम चलायी जा रही है वहां ही ध्यान दें।
—✍️मनोज जायसवाल
x—–विज्ञापन———–x




x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x

x—–विज्ञापन———–x
01. जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों की बैठक लेकर दी एसआईआर की जानकारी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की
बताया- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी 26 को।
— भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 (एसआईआर) के संबंध में तिथिवार कार्यक्रम घोषित किये जाने के पश्चात् कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उन्हें सम्पूर्ण कार्यक्रम एवं प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा घोषित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बुधवार 29 अक्टूबर की शाम को आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत की जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर प्रदान करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक एवं अद्यतन बनाना है। कलेक्टर ने बताया कि जारी कार्यक्रम के तहत 3 नवम्बर तक प्रशिक्षण कार्य, 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर जाकर सत्यापन, 9 दिसम्बर को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन, 8 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज की जाएगी। इसके बाद 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कलेक्टर ने इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि पुनरीक्षण के दौरान वे अपने बूथ स्तरीय एजेंटों के माध्यम से निर्वाचन आयोग के कर्मचारियों को पूरा सहयोग करें, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़े जा सके और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सके। कलेक्टर ने बैठक में बताया कि बी.एल.ओ, (बूथ स्तरीय अधिकारी) नए मतदाता को शामिल करने के लिए फॉर्म 6 और घोषणा पत्र एकत्र करेंगे और मिलान/लिंकिंग (आधार से जोड़ना) में सहायता करेंगे। मतदाता को ई.एफ. (इलेक्टोरल फॉर्म) भरने में मदद करेंगे उसे एकत्र करेंगे और ई.आर.ओ./ए.ई.आर.ओ. को जमा करेंगे। प्रत्येक मतदाता के घर का कम से कम 3 बार दौरा करेंगे। मतदाता, विशेषकर शहरी मतदाता/अस्थायी प्रवासी, ई.एफ. ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान करेंगे। गणना चरण के दौरान ई.एफ. के अलावा, ई.एफ. के साथ कोई अन्य दस्तावेज एकत्र करने की आवश्यकता नहीं है। ईआरओ/एईआरओ को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक छूटा नहीं हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति का नाम उसमें शामिल न हो। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे सहित मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
———————–
02.युवाओं और नव उद्यमियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
—जिला उद्योग विभाग छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रैम्प योजना के तहत युवाओं और नव उद्यमियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत सभागार, कांकेर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी ) के महाप्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक करना और उन्हें एमएसएमई योजनाओं से जोड़ना था, ताकि वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सके।कार्यशाला के दौरान उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं जैसे- उद्यमिता, एमएसएमई, सरकारी योजनाओं की जानकारी, ई-मार्केट की भूमिका, योजनाओं का लाभ तथा 90 दिनों की उद्यमी कार्ययोजना इत्यादि के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा प्रश्नोत्तर सत्र एवं फीडबैक सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर भी मिला। ट्रेनर के रूप में उद्यमी डॉ. मनोज नाग एवं उद्यमी सुश्री सुस्मिता ने युवाओं को उद्यमिता से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की और सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने उद्यमिता को एक सशक्त कैरियर विकल्प के रूप में स्वीकार किया तथा कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर शासकीय महाविद्यालय कांकेर के प्राचार्य, कंसल्टेंसी सर्विस से पलाश पांडे एवं राकेश तिवारी उपस्थित रहे।
———————–
03. प्राकृतिक आपदा पीड़ित 06 परिवारों को 24 लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए कुंआ में डूबने, सर्प काटने, तालाब एवं गड्ढा में डूबने से मृत्यु होने के 06 प्रकरण में मृतकां के आश्रितों को चार-चार लाख रूपए के मान से 24 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी है।अंतागढ़ तहसील के ग्राम अमोड़ी निवासी 30 वर्षीय दिनेश पोटाई की कुंआं में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित श्रीमती सुगन्तीन के लिए चार लाख रूपए स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार आमाबेड़ा तहसील के ग्राम आलानार की 18 वर्षीय हीरसिंग की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम गुडउराम कोमरा हेतु चार लाख रूपए, दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम उइकाटोला के 46 वर्षीय शामसिंह शोरी की सर्प काटने से मृत्यु होने से उनकी पत्नी श्रीमती कारोबाई को चार लाख रूपए, पखांजूर तहसील के ग्राम पिनकोड़ो निवासी 74 वर्षीय फगनी बाई कड़ियाम की डबरी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके निकटतम आश्रित शिवा कड़ियाम के लिए चार लाख रूपए, दुर्गूकोंदल के 05 वर्षीय जैनसिंग कोर्राम की कुंआनुमा गड्ढे में गिरने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता श्रीमती जागेश्वरी एवं किशोर कोर्राम को चार लाख रूपए तथा आमाबेड़ा तहसील के ग्राम कोहबेड़ा निवासी 50 वर्षीय श्रीमती कज्जे बाई वड्डे की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित संतुराम वड्डे के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। उक्त स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान संबंधित हितग्राहियों के बैंक खाते में डीबीटी के द्वारा संबंधित तहसीलदारों के माध्यम से किया जाएगा।
———————–
04.राष्ट्रीय एकता दिवस 2025 का आयोजन कल 31 अक्टूबर को नरहरदेव मैदान में।
— राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कल 31 अक्टूबर को प्रात:07:30 बजे कांकेर नरहरदेव स्कूल ग्राउंड से नया बस स्टैंड डोम तक राष्ट्रीय एकता दौड़ (“एका मिर्राना”) का आयोजन किया गया है।
———————–
05. चक्रवाती तुफान मोंथा का असर चारामा क्षेत्र में भी दिखायी दे रहा है‚जहां आज सुबह से मौसम खराब रही। अलसुबह से मार्निंग वाक में निकलने वाले नदारद दिखे। इसके चलते नगर में व्यापार व्यवसाय में भी मंदी छा गई है। किसान एक ओर बेमौसम बारिश से अपनी ऊपज को बचाने मशक्कत कर रहे हैं‚तो दूसरी ओर एग्रीस्टेक पंजीयन में उनके खसरा एड नहीं हो पाने सहित धान बेचने हेतु तमाम परेशानियों के चलते राजस्व कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं।
———————–
06. आगामी 02 अक्टूबर को पत्रकारों का बिलासपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन।
—आने वाले 02 नवंबर को छत्तीसगढ की न्यायधानी बिलासपुर में अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है‚जिसकी वृहत स्तर पर तैयारी हो रही है। इस मौके पर सभी प्रदेशों से पत्रकार आयेंगे। छत्तीसगढ के सभी जिलों से पत्रकार शामिल होकर प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानुन की एकमात्र आवाज को बुलंद करेंगे। साथ ही पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों का सम्मान किया जायेगा। कांकेर से अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति जिला इकाई से जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल सहित तमाम पत्रकार शामिल होंगे।
———————–
07.”बस्तर ओलंपिक के दूसरे दिन रोमांच और उत्साह का दिखा संगम”। दुर्गूकोंदल में दिखा उत्साह।
—बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज 30 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल में खेल में उत्साह देखा गया। 100 मीटर दौड़ में जूनियर वर्ग के लड़के और लड़कियां ट्रैक पर दौड़ते हुए दिखे, जहां हर कदम पर गति और तकनीक का अद्भुत संयोजन नजर आया। सीनियर पुरुष वर्ग में एक खिलाड़ी ने मात्र कुछ सेकंडों में फिनिश लाइन पार कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया, जबकि महिला वर्ग में प्रतिस्पर्धा इतनी कड़ी थी कि अंतिम क्षणों तक विजेता का फैसला लटका रहा। इसी क्रम में 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ ने भी दर्शकों को अपनी सीटों से उठने पर मजबूर कर दिया। सुरेंद्र कुमार बंजारे सीईओ,विप्लव कुमार डे बीईओ, आर डी ठाकुर, आर के किशोरे , बाबूलाल कोमरे,लतीप सोम ,श्री अशोक जैन पिछड़ा वर्ग जिला उपाध्यक्ष ,भाजपा कार्यकर्ता, हुमन मरकाम विधायक प्रतिनिधि विभिन्न खेल संयोजक एवं प्रभारी प्रकाश गोस्वामी, निर्मल कुमार, अजय नेताम,देवलाल चुरेंद्र, राजेंद्र आवड़े, चिंताराम ठाकुर, मनीषा सिन्हा , कुमुद ध्रुव, हरीश साहू, बिरेंद्र रावटे, थानेश्वर प्रसाद चंद्राकर, हेमंत श्रीवास्तव, राजकुमार चंदाकर, किशोर विश्वकर्मा , शंकर नागवंशी, टिकेश्वर साहू, हेमलाल खरे, तुलसी केमरो आदि उपस्थित रहे। वहीं अंतागढ के उन्मुक्त खेल मैदान में एक बडी लापरवाही की बात भी सामने आ रही है‚जहां बच्चों को मालवाहक पिक अप वाहन में ठूंस ठूंस कर लाया गया‚जो खिलाडी बच्चों की सुरक्षा पर एक बडा प्रश्न चिन्ह है।
———————–
8. कल 31 अक्टूबर को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का फरसगांव आगमन हो रहा है। वे यहां कलार समाज के ईष्टदेव राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती समारोह में भाग लेंगे। तय प्रोटोकाल के अनुसार अपरान्ह 12.30 बजे फरसगांव पहूंच कर आयोजन में भाग लेंगे। यहां से 2.30 बजे कार से कांकेर प्रस्थान करेंगे जो कि 4.30 बजे चारामा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्रूटोला के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

———————–
09.—गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों के तहत् 31 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर “एका मरम” कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर परिसर में किया गया।कार्यक्रम में उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. एलिसेला (IPS) के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण सम्मिलित हुए।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल आप्स) गिरजा शंकर साहू, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या), विंकेश्वरी पिंदे , तथा आरआई गोविंद वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।“एका मरम” कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को स्मरण किया।
———————–
10.छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में अखिल भारतीय हिंदू परिषद का बड़ा ऐलान। प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडेय और संगठन महामंत्री गणेश तिवारी ने किया रायपुर बंद का पूर्ण समर्थन — कहा, “मातृभूमि का अपमान अब और नहीं सहेंगे”
—छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से छेड़छाड़ और अपमानजनक कृत्य के विरोध में प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया है। इस गंभीर घटना को लेकर अब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर अपनी भावनाएँ प्रकट कर रहे हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ इकाई ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना द्वारा घोषित 31 अक्टूबर (शुक्रवार) को रायपुर बंद का पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। इस संबंध में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडेय एवं संगठन महामंत्री गणेश तिवारी ने क्रांति सेवा प्रमुख अंमित बघेल को आवेदन पत्र सौंपते हुए कहा कि

“छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता और गौरव की प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा से छेड़छाड़ पूरे छत्तीसगढ़ की आत्मा पर प्रहार है, और इसका विरोध हमारा धर्म और कर्तव्य दोनों है।” आलोक पांडेय ने कहा कि परिषद का यह समर्थन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा हेतु है। उन्होंने आगे बताया कि परिषद से जुड़े सभी सदस्य एवं पदाधिकारी कल अपने-अपने प्रतिष्ठान, संस्थान और कार्यालय स्वेच्छा से बंद रखेंगे। उन्होंने कहा, “मेरी स्वयं की दुकान — हमर सोलर’ (वी.आई.पी. चौक, बेबीलॉन टावर, प्रथम तल) — भी मातृभूमि के सम्मान में पूर्णतः बंद रहेगी। यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि हमारी महतारी के प्रति श्रद्धा और निष्ठा का प्रतीक है।” संगठन महामंत्री गणेश तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, और इसका उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि “छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लें और छत्तीसगढ़ की संस्कृति व अस्मिता की रक्षा करें। इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदू परिषद के पदाधिकारी, सदस्य और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने क्रांति सेना के नेतृत्व में होने वाले इस बंद को जनजागरण का प्रतीक बताते हुए इसे पूरी तरह सफल बनाने की अपील की। आवेदन पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि परिषद का यह कदम छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और मातृशक्ति के गौरव के प्रति समर्पित है। आंदोलन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि आने वाली पीढ़ियाँ भी यह सीखें कि —

“महतारी के सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं।”
31 अक्टूबर को रायपुर शहर में सभी प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान और सामाजिक संगठन इस बंद का समर्थन करेंगे। प्रशासन से भी अपील की गई है कि इस दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने में सहयोग प्रदान किया जाए। इस प्रकार अखिल भारतीय हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ इकाई का यह निर्णय न केवल विरोध की आवाज़ है, बल्कि प्रदेशवासियों की भावनाओं, श्रद्धा और स्वाभिमान का प्रतीक बन गया है।
“मातृभूमि का अपमान सहन नहीं — छत्तीसगढ़ महतारी अमर रहें!”
———————–
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। शुभ रात्रि… 🙏
———————–






