आज की टॉप 10 खबर 26 फरवरी 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  26  फरवरी  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

  01. सुरेवाही में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 62 आवेदन प्राप्त ग्राम पोरोण्डी में 895 लाख 62 हजार रूपए की लागत से बनेगा वृहद पुल।

—अंतागढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल में स्थित ग्राम सुरेवाही में गुरूवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद   भोजराज नाग, जिले के कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़   ए.एस. पैकरा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तर के अधिकारी इस शिविर में मौजूद रहे। शिविर मे 62 आवेदन प्राप्त हुए जिसके विधिवत निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए सांसद  भोजराज नाग ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में माओवाद प्रभावित रहा है, जिसके कारण विकास कार्यों में बाधाएं आईं। मूलभूत सुविधाएं जैसे पुल-पुलिया, सड़क एवं निर्माण कार्य से यह क्षेत्र वंचित रहा, लेकिन अब माओवाद समाप्ति की ओर है।

सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 तक माओवाद समाप्त करने का संकल्प लिया गया है, इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी। शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है, इसी कड़ी में आज इस सुदूर अंचल में  जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विभागों का स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं। यदि किसी को आवेदन देना हो तो वे संबंधित विभाग को दे सकते हैं। आवेदन लिखने के लिए गांव के युवा या सचिव की सहायता भी ली जा सकती है। शिविर में जो भी आवेदन प्राप्त होंगे उनका विधिसम्मत निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों को सलाह देते हुए सांसद श्री नाग ने कहा कि गांव में होने वाले कोई भी सार्वजनिक एवं शासकीय निर्माण कार्यों की निगरानी उसी प्रकार से करें, जिस प्रकार स्वयं के निर्माण कार्यों की निगरानी करते हैं, इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील भी की।

कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने शिविर में आम लोगों की समस्याओं का निराकरण करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीण अपनी समस्यायें प्रशासन तक नहीं पहुंचा पाते, इसलिए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसे जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंच कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कर रही है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में मुख्यतः छात्रावास, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं भवन निर्माण से संबंधित मांगें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें शासन स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पोरोण्डी में वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, इसके लिए शासन द्वारा लगभग 895 लाख 62 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है, आगामी मार्च महीने से इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पोरोण्डी में पुल के बन जाने से क्षेत्र के लगभग 20 से 25 गांव के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि टेमरूपानी से कोदागांव सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है तथा चारगांव में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की पहल भी की जा रही है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर के सभी निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को एजेंसी बनाया जाता है तथा इन कार्यों की स्वीकृति सांसद, विधायक सहित जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा से मिलती है। इसलिए ऐसे सभी कार्य ग्राम पंचायत के माध्यम से ही कराए जाए, किस ठेकेदार के माध्यम से नहीं, इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।

जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी ने जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित है। ग्रामीणजन अपनी समस्या, मांग से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें। व्यक्तिगत मांग जैसे-राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास इत्यादि से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्राथमिकता के आधार पर उनका निरारण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निरारण पात्रतानुसार सुनिश्चित किया जाए।जनसमस्या निवारण शिविर में सांसद श्री नाग द्वारा ग्राम सुरेवाही निवासी  रायसिं दुग्गा को प्रोटिनयुक्त आहार (फुडबॉक्स) प्रदाय किया गया तथा ग्राम नवागावड़े गांव के मंशाराम तथा ग्राम धुमर के सुद्धूराम और झाडूराम को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपा गया एवं सुरेवाही के श्रीमती राजोन्तीन बाई, गांडोराम, मोहन लाल तथा बृजलाल को समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण प्रदाय किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत जिले के 11 हजार बालिकाओं का बैंक खाता खुलवाने का लक्ष्य रखा गया है। जनसमस्या निवारण शिविर को जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ श्रीमती मनोरमा मण्डावी एवं ग्राम पंचायत के सरपंच श्री श्रवण दुग्गा ने भी संबोधित किया। शिविर में नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष  राधेलाल नाग, जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष कुबल भुसाखरे, क्षेत्र के जनपद सदस्य, सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

  ———————— 

02. कलेक्टर ने अंतागढ़ क्षेत्र में स्कूल और निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण।

-कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिले के अंतागढ़ विकाखण्ड के ग्राम पंचायत सुरेवाही में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत कोतकुड़ के आश्रित ग्राम बागझर में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहां पदस्थ दिव्यांग सहायक शिक्षक  गणेश गोटा उपस्थित पाए गए। पूछे जाने पर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बताया कि सहायक शिक्षक श्री गोटा अपनी ड्यूटी पर नियमित रूप से उपस्थित होकर सतत अध्यापन कार्य कराते हैं। कलेक्टर ने उक्त शिक्षक की सराहना की। साथ ही निरीक्षण के दौरान इसी शाला में पदस्थ नीलम ध्रुव अनुपस्थित पाई गई। उन्होंने उक्त सहायक शिक्षक को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी को दिए।तदुपरांत कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने ग्राम बड़ेपिंजोड़ी से बागझर पर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। साथ ही धनेली से बोड़ागांव के मध्य सेतु निर्माण संभाग द्वारा तैयार किए जा रहे पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता सेतु निर्माण श्री राजेन्द्र सोनकर को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे। तत्पश्चात कलेक्टर ने ग्राम धनेली के समीप पीएम जनमन के तहत चलाए जा रहे जागरूकता रथ (मोबाइल मेडिकल यूनिट) का औचक निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों द्वारा कराए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में मेडिकल स्टाफ से जानकारी ली। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए उक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट को कारगर बताया।

———————

03. मोतियाबिंद के चिन्हांकित वृद्ध मरीजों को ऑपरेशन हेतु एम्स रायपुर भेजा जाएगा

—कलेक्टर कांकेर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा मोतियाबिंद के ऑपरेशन हेतु चिन्हांकित जनो को प्रथम चरण में 27 फरवरी शुक्रवार को रायपुर एम्स हेतु रवाना किया जाएगा। केन्द्र सरकार द्वारा संचालित अटल अभ्युदय योजना अंतर्गत वृद्धजनों मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन एम्स रायपुर में किया जा रहा है। उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि इसके लिए 50 वृद्धजनों के निःशुल्क ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके प्रथम चरण में नरहरपुर एवं भानुप्रतापपुर ब्लॉक के 15 वृद्धजनों को समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ऑपरेशन हेतु भेजा जाएगा जहां उनके आवासीय एवं भोजन सहित आवश्यक जांच पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के पश्चात 7 दिनों के बाद फॉलोअप के लिए भी ले जाया जाएगा। सभी हितग्राहियों को निर्धारित स्थल पर निःशुल्क वाहन व्यवस्था की गई है। भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के चिन्हांकित वृद्ध मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र कोरर तथा नरहरपुर विकासखण्ड चिन्हांकित मरीजों को जनपद पंचायत कार्यालय में सुबह 08 बजे उपस्थित रहने कहा गया है।

———————— 

04. कांकेर पुलिस एवं BSF सुरक्षा बलों से आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास के लिए संपर्क कर उनके समक्ष उपस्थित हुए 

— दिनों में कांकेर जिला अंतर्गत Communist Party of India (Maoist) की उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी के माओवादी कैडर डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम ने कांकेर पुलिस एवं BSF सुरक्षा बलों से आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास के लिए संपर्क कर उनके समक्ष उपस्थित हुए। डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम द्वारा साझा की गई जानकारी तथा समाज के वरिष्ठजन एवं मीडिया के साथियों के सहयोग से दिनांक 25 फरवरी को एक अन्य महिला माओवादी कैडर मासे AK-47 Rifle के साथ आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास हेतु संपर्क कर पुलिस के समक्ष उपस्थित हुई। निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक, कांकेर ने बताया कि इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रयास लगातार जारी हैं। शासन की ओर से पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज,  सुन्दरराज पट्टलिंगम ने डीवीसीएम मल्लेश, पार्टी सदस्य रानू पोडियाम तथा मासे के हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने के निर्णय का स्वागत करते हुए बस्तर रेंज में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से भी हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील एक बार पुनः दोहराई। उन्होंने कहा कि जो कैडर शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आगे आएंगे, उन्हें पुनर्वास नीति के अंतर्गत सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी। DVCM मल्लेश, पार्टी सदस्य रानू पोडियाम तथा मासे के सामाजिक मुख्यधारा में पुनःएकीकरण तथा हथियारों की औपचारिक सुपुर्दगी इत्यादि कार्रवाई संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात आगामी दिनों में आयोजित की जाएगी। 

  ———————–

 05. विभीन्न पर्वों के लिए सद्भावना बनाए रखने शांति समिति की बैठक आहूत। 

आगामी मार्च माह में होलिका दहन, होलिकोत्सव, रंग पंचमी, माता कर्मा जयंती, गुड़ी पाड़वा, चेट्रीचंड्र, ईदुल फितर, रामनवमी, महावीर जयंती सहित अप्रैल माह में डॉ. अम्बेडकर जयंती, चैत्र नवरात्रि एवं गुड फ्राइडे जैसे पर्व के दौरान कानून एवं शांति सद्भाव बनाए रखने के लिए परिचर्चा एवं शांति समिति की बैठक शुक्रवार 27 फरवरी को दोपहर 12 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आहूत की गई है। 

  ———————–

06. अंतागढ़ में श्रमिक सम्मेलन आयोजित, जिले के 7930 श्रमिकों को किया गया लाभान्वित

— छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग के निर्देशानुसार श्रमिक सम्मेलन-2026 का आयोजन सामुदायिक भवन अंतागढ़ में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद  भोजराज नाग उपस्थित थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष   राधेलाल नाग द्वारा की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल एवं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अन्तर्गत विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से जिले के श्रमिक व उनके परिवार के सदस्यों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी.) के माध्यम से राशि हस्तांतरित कर लाभान्वित किया गया।श्रमिक सम्मेलन में उपस्थित सांसद श्री नाग ने सभी उपस्थित श्रमिकों और उनके परिजनों को विभाग में संचालित योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही योजनाओं के संबंध में जागरूक होने की बात कही। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नाग ने भी श्रमिकों को संबोधित करते हुए शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों के द्वारा लाभार्थी श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक वितरित किए गए। श्रम पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि श्रमिक सम्मेलन में जिले के कुल 7930 श्रमिकों को कुल 02 करोड़ 29 लाख 17 हजार 100 रूपये से लाभान्वित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 101 हितग्राहियों को 20 लाख 20 हजार रूपए, मिनीमाता महतारी जतन योजनांतर्गत 89 महिला हितग्राहियों को 17 लाख 80 हजार रूपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना में 50 हितग्राहियों को 02 लाख 59 हजार 100 रूपये, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजनांतर्गत 28 हितग्राहियों को 05 लाख 60 हजार रूपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 19 श्रमिकों के उत्तराधिकारियों को 01 करोड़ 90 लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजनांतर्गत 04 श्रमिकों को 04 लाख रूपए, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजनांतर्गत 01 महिला हितग्राही को 01 लाख रूपये डायरेक्ट बेनीफिट ट्रान्सफर (डी.बी.टी.) के माध्यम से प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं अतिथिगण तथा श्रम पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रमिकगण मौजूद थे।

   ———————–

07.आत्मसमर्पित माओवादियों को कृषि विभाग द्वारा चौगेल कैंप में दिया जा रहा प्रशिक्षण।

– जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम चौगेल कैंप में आत्मसमर्पित 40 महिला एवं पुरुष माओवादियों को ड्राइविंग, सिलाई, काष्ठशिल्प इलेक्ट्रिशियन के साथ-साथ कृषि आधारित आजीविका पर कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि समाज की मुख्यधारा में लौटने के बाद वे रोजगार से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें। इसी कड़ी में कृषि विभाग द्वारा कृषि क्षेत्र में आजीविका के साधन के उद्देश्य से 25 से 27 फरवरी तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण आत्मसमर्पित माओवादियों को दिया जा रहा है।उप संचालक कृषि जितेंद्र कोमरा ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि कृषि विभाग में संचालित विभिन्न रोजगारमूलक योजना जैसे राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना, कृषक उन्नत्ति योजना, बीज उत्पादन योजना, कृषि यंत्र उपकरण, एग्रीकल्चर सब मिशन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, लाभकारी फसलें दलहन, तिलहन, रागी, कोदो, कुटकी एवं मक्का की आधुनिक खेती शामिल है। इसी प्रकार सब्जी उत्पादन, फूलों की खेती, पशुपालन विभाग अंतर्गत मुर्गी पालन, शूकर पालन, बकरी पालन, दुग्ध व्यवसाय, मछलीपालन इत्यादि आजीविकामूलक गतिविधियां शामिल हैं।

   ———————–

08. चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।   

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए भानुप्रतापपुर तहसील अंतर्गत ग्राम ऊंचपानी निवासी 70 वर्षीय बरतनीन की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित मेहतर, केश कुमार, रमेश कुमार को संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। हितग्राहियों को संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार द्वारा डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।

———————–

  09.जनगणना-2027 पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण   

-आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन आज किया गया। उक्त कार्यशाला में जनगणना से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी चार्ज अधिकारियों को दी गई, साथ ही विभिन्न प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया।जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला के प्रथम दिवस में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना अधिनियम 1948 तथा 1990 में विहित धाराओं तथा उपधाराओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। इसके अलावा स्वगणना मकान सूचीकरण (एचएलओ) का निर्माण, ग्राम एवं नगर के चार्ज रजिस्टर में प्रविष्टियां, मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) का नजरी नक्शा तैयार करना, स्वगणना की प्रक्रिया, पोर्टल का उपयोग करना, प्रगणकों की नियुक्ति आदि के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना दो चरणों में पेपरलेस यानी ऑनलाइन पद्धति से ही सम्पन्न होगी। प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई के बीच सम्पन्न होगी, जिसमें प्रगणकों द्वारा भवनों का चिन्हांकन एवं सूचीकरण कर संख्या निर्धारित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनगणना की जाएगी। इसके अलावा प्रथम चरण की जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। कार्यशाला में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे, विभिन्न अनुभागों के अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारीगण उपस्थित थे।  

  ———————

10. अरौद पुल से चिनौरी होते राजमार्ग 30 तक प्रधानमंत्री सडक की क्षमता से अधिक वजनी ट्रकों के परिचालन से उडती धूल के गुबार से परेशान क्षेत्रवासी कलेक्टर को करेंगे शिकायत।  

-चारामा विकासखंड के  ग्राम अरौद से लेकर राजमार्ग 30 तक इन दिनों लोग प्रधानमंत्री सडकों की क्षमता से अधिक  बडी बडी हाईवा ट्रकों के परिचालन से उडती रेत एवं  कंकडयुक्त धूल से परेशान हो गए है। आलम यह है कि शाम को जब लोग वापस अपने घरों में काम से लौटते हैं तो ये हाईवा वाले इस एकांगी मार्ग में साईड भी नहीं देते। बासनवाही, टांहकापार,अरौद की ओर से राजमार्ग तक इस स्थिति के चलते लोग धूल धूसरित हो रहे हैं। रात्रि के अंधेरे में इन खराब सडकों के चलते हमेशा हादसों की आशंका बनी रहती है। मजबूत सेटिंग के खेल में आम लोगों    को  सुविधाओं से दूर किया जा रहा है। चिनौरी बस्ती में विगत महीने ही पीडब्यूडी विभाग द्वारा सडक का मरम्मत किया गया था, जो कि अभी की स्थिति में खस्ताहाल हो चुकी है। लोग कोसते हुए चलने बेबस हैं। करें तो करें क्या? लेकिन अब संभवतया कल ही क्षेत्र के लोग पार्टी के नेता कलेक्टर को ज्ञापन सौंप सकते हैं,क्योंकि उडती धूल से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड रहा है।हमेशा क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो रही है,जो शांति व्यवस्था में बाधक है। इसे लेकर भी पुनः लोग लामबंद हो रहे हैं। अरौद पुल की स्थिति वैसी ही है, इसे देखने वाला कोई नहीं है तभी तो यह पुल लगातार परिचालन से धूल मिट्टी से सन गया है।

 ———————

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 25 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   25  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— विशेष- ”महिलाओं के लिए सराहनीय बजट” —सभापति-जनपद पंचायत चारामा  श्रीमती  रेणुका सिन्हा ने छत्तीसगढ़ सरकार…

आज की टॉप 10 खबर 24 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   24  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ‘भेंट मुलाकात, के साथ ‘ चिंतन ‘ का भी वक्त” —चलो यह खबर है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *