‘संपादकीय-
”संवेदना को खोज रहा हूं ”मैं”
-मैं उन संवेदना को खोज रहा हूं,सोच कर कि आखिरकार कहां बची है, यह ! शहरों में खुन की बोतलों के दलाल। और अस्पतालों में निरीह मरीज जो मंहगे इलाज के चलते दम तोड देते हैं। लाश को न दिये जाने की खबर सिर्फ यहां ही मिलता है। आइसीयु अपने को जी भर कर देखने की सुविधा नहीं,कि जो पर्ची दी जा रही उसे अपने अपनों को खिलायी भी जा रही कि नहीं? क्योंकि प्रतिदिन एक-एक ट्रे अंग्रेजी दवाईयां जो ले जाया जा रहा है। यह भी सोचता हूं कि आपके अपने जो कोमा पर है, ना बोल सकता,ना उनका मस्तिष्क काम कर रहा है, ना खा सकता, ना हाथ पैर हिला नहीं रहा है,आखिर…आखिर इतनी दवाईयां वह खा कैसे रहा है?मैं सवाल भी नहीं कर सकता! बंधा हूं अपनी उस असीम मजबुरी से कि जो हमसे जा रहा है,जाने दीजिए लेकिन बहुमूल्य जीवन तो मिल जाये। पर एक दिन वो खबर आती है,जब पूर्वजों के छोडे जमीन,जायदाद,स्वर्ण आभूषण भी चला जाता है,लेकिन बावजूद इसके जीवन भी नहीं मिलता।
समाज में प्रतिदिन नर पिशाप अबोध बच्चियों को उन बलात्कारियों को पशुता दिखाते। उस स्थान पर जहां राक्षस भी डरा करते हैं मंदिरों में पुजा की छोड अन्यत्र विचारने से भी उसी मंदिर में ये राक्षस से भी आगे निकले पिशाची नहीं बक्शे। आज मैं सोचता हूं। मैं खोजता हूं संवेदना शुन्य वातावरण में कहीं संवेदना बची भी है कि नहीं? ऐसा नहीं है कि इसी पुरूष समाज के पुरूष उन घटनाओं पर चुपचाप हैं। अपितु यह भी कडवा सच है कि संवेदना के चलते कई पुरूष चुप इसलिए हैं कि बोलें तो बोलें क्या? लिखने भर से तो सुधार नहीं आना है। व्यक्त करें तो किसे करें। सब कुछ समझ से परे।महिलाओं के साथ अब शादी के बाद उन बेटों की भी चिंता जहां कुछ महिलाओं ने उन्हें उनकी मॉं से अलग कर दिया। खैरǃ पर राह में अब भी मैं संवेदना को खोज रहा हूं….
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
13 अप्रेल 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पूर्व अम्बेडकर चौक परिसर में कांकेर विधायक सहित भाजपा पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान चलाया।

-कल 14 अप्रेल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर कांकेर नगर के अम्बेडकर चौक में कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम,नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक, चेम्बर ऑफ कामर्स के अनुप शर्मा,राजा देवनानी के साथ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं,समाजसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए सफाई की। मौे पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने कहा-बाबा साहब ने हमें जो संविधान, समानता और न्याय का मार्ग दिखाया, उसे आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
———————–
02. आज नरहरपुर मुख्यालय में मदरसा कमेटी द्वारा आयोजित ईद मिलन समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंन कहा- ईद का यह पावन अवसर हमें एकता, सद्भाव और मिलजुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आयोजन में काफी संख्या मे समाजवासी उपस्थित हुए। ।

———————
03.उजियारा अभियान के तहत नशे के विरुद्ध कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।अवैध रूप से गांजे की बिक्री करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में ।आरोपी के कब्जे से 2.170 किलो ग्राम गांजा कीमती 1,08000 रू. जप्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर भानुप्रतापपुर के पर्यवेक्षण में दिनांक 10.04.2026 को मुखबीर सूचना प्राप्त होते ही भानुप्रतापपुर पुलिस द्वारा घटना स्थल ग्राम बंधियापारा शाहकट्टा आरोपी द्वारा किलो ग्राम 2.170 ग्राम मादक पदार्थ गांजा अवैध रूप से रखकर बिक्री करने हेतु ग्राहक तलाश करते हुए रंगे हाथो पकड़ा गया तत्पश्चात पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्र. 77/2026 धारा 20(b)NDPS ACT के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया।
————————
04. गांव चलो – बस्ती चलो अभियान के तहत कांकेर नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक ने पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं के साथ नगर के एमजी वार्ड में घर-घर जनसंपर्क कर जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से मिलकर उन्हें योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा वार्ड की प्रमुख समस्याओं का स्थल पर निरीक्षण किया गया।

————————
05 . कांकेर पुलिस की मोर मितान अंतर्गत एक और पहल।#जन मनोरंजन एवं स्वास्थ्य हित हेतु पुलिस द्वारा क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट का किया गया वितरण।थाना कोतवाली अंतर्गत गांवो में हुआ कार्यक्रम का आयोजन।

– थाना प्रभारी प्रतिक बनसोडे दादासाहेब(भापुसे0) के नेतृत्व में आज दिनांक 11.04.2026 को ग्राम पंचायत हटकोंगरा एवं ग्राम कुरना,पुष्वाड़ा,पुसावन ,सतलोर में जाकर मोर मितान के तहत् चलित थाना एवं जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें ग्राम के वरिष्ठ नगरिकों , ग्रामवासियों एवं महिलाओं की उपस्थिति में थाना प्रभारी के द्वारा ग्रामीण युवाओं के मनोरंजन,रोमांच व शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य व विकास के लिए क्रिकेट और वॉलीबॉल किट का वितरण किया गया इसके साथ ही उनकी सुरक्षा हेतु निम्न बिन्दुओं पर जानकारी दी गई…
1.सायबर के माध्यम से होने वाले फ्राड के बारे में बताकर उससे बचने के उपाय और सावधानी के बारे में लोगों को सरल शब्दों में समझाकर सायबर हेल्फलाईन नम्बर, व सूचना हेल्फलाईन नम्बर के बारे में लोगों को विस्तार से बताया गया।
2.महिला सुरक्षा टीम की त्वरित करवाही व सतत निगरानी तथा महिला हेल्पलाइन नंबर के संबंध में जानकारी।
3.यातायात नियमों का पालन करते हुए अपनी और दूसरे की यात्रा को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
4.चिटफण्ड संबंधी अपराध।
5.किरायेदार एवं गांव में बहारी व्यक्तियों से सतर्कता के संबंध में जानकारी।
6.नशा एवं मादक पदार्थों के सेवन जैसे सामाजिक बुराई से परिवार एवं समाज में पड़ने वाले दुष्प्रभाव से अवगत कराना।
7.ग्राम में किसी संदीग्ध व्यक्ति के होने पर तत्काल पुलिस बीट आरक्षक को सूचना देने।
8.बालविवाह,मानवतस्करी,जैसे अन्य सामाजिक अपराध के बारे में जानकारी।
9.ग्राम के नगरिकों को पुलिस के साथ जुडे रहने व्हाटसप ग्रुप बनाने के संबंध में एवं आम जनता को पुलिस से जुडकर अपनी समस्याओं को रखने तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक कर अन्य जानकारी दी गई।
————————
06.कांकेर पुलिस को चोरी के चंद घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने में मिली बड़ी सफलता। आरोपियों द्वारा सेन चौक के मिलन मार्केट के दुकान का ताला तोडकर जुमला 27,050 रूपये के समानो की,की गयी थी चोरी। अपराध में संलिप्त दो नफर आरोपियों के कब्जे से चोरी सुदा सम्पति सिगरेट,पान मसाला,पराग बरामद की 100% की गई बरामदगी ।

-पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी मिलन देवांगन पिता रामनन्दन देवांगन उम्र 36 वर्ष निवासी संरगपाल थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि 09.04.2026 के रात्रि 10.00 बजे अपने दुकान बंद करके अपने घर संरगपाल चला गया था, दूसरे दिन दिनांक 10.04.2026 को सुबह लगभग 10.00 बजे अपने दुकान में आकर देखा उसके दुकान का ताला टूटा हुआ था और दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरा भी टुटा हुआ था दुकान में रखे सिगरेट पान मसाला व सामानो एवं गल्ले में रखे नगद 1200.00 रूपयें कुल जुमला 27050.00 रूपयें का सामान अज्ञात चोर द्वारा चोरी करने के प्रार्थी कि रिपोर्ट पर अपराध क्रमांकः- 133/2026 धारा-331(4),305(ए) बीएनएस, कायम कर विवेचना में लिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर योगेश कुमार साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर नोडल) दिनेश कुमार सिन्हा, एसडीओपी मोहसिन खान एवं थाना प्रभारी कांकेर बनसोडे प्रतिक दादासाहेब (भापुसे) त्वरित कार्यवाही कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं माल मशरूका की बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया। इस हेतु साइबर सेल कांकेर एवं थाना कांकेर की संयुक्त रूप से एक विशेष टीम गठित की गई। टीम के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन किया गया एवं साइबर सेल से तकनीकी सहायता प्राप्त किया गया. इस दौरान टीम को घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी कैमरा एवं साइबर के तकनीकी विवरणों के आधार पर आरोपियों के संबंध में अहम् जानकारी प्राप्त हुई। टीम को प्राप्त साक्ष्यों आधार पर आरोपियों 01. शिवा बाल्मिकी, 02. भरत साहू होना बताने पर घेराबंदी कर पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। आरोपियों से घटना के संबंध में पुछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि दिनांक 09.04.2026 व 10.04.206 के रात्रि 02-02.30 बजे के मध्य प्रार्थी के दुकान का ताला तोडकर थैला में सिगरेट, पान मसाला व खाने के सामान एवं चिल्हर पैसे को चोरी करना और चोरी का समान सिगरेट, पान मसाला, पराग व खाने पीने का सामान को दोनों ने आपस में बाटकर उक्त सामान को छुपाया गया था. जो दोनों आरोपियों के द्वारा शांतिनगर कांकेर आंगनबाडी के पीछे खण्डहर बाथरूम(स्कूलपारा) क्र.04 से निकाल कर आरोपी शिवा बाल्मिकी एवं आरोपी भरत साहू के पेश करने पर एक- एक थैला(झोला) के अन्दर जुमला किमती 27,050.00 रूपयें का सिगरेट,पान पराग, पान मसाला, का सम्पत्ति को बरामद किया गया। प्रकरण के आरोपी शिवा बाल्मिकी थाना कांकेर में कुल 10 अपराध पंजीबद्ध हैं एवं आरोपी भरत साहू का कुल 01 अपराध दर्ज हैं व आरोपी शिवा बाल्मिकी थाना कांकेर के गुण्डा बदमाश की सूची में नाम दर्ज हैं। आरोपियों के विरूद्ध विधिवत् कार्यवाही कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।
————————
07.श्रीसत्य साई दर्शन पुट्टपर्ती दर्शन को जा सकेंगे युवा।
-आगामी 12, 13 एवं 14 जून 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य की “युवा पर्ती दर्शन यात्रा” प्रशांति निलयम में आयोजित की जा रही है। इस पावन यात्रा में भगवान श्री सत्य साई बाबा के आश्रम, उनके द्वारा स्थापित अस्पताल एवं अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। यह अवसर विशेष रूप से उन युवा भाई-बहनों के लिए है—जो कभी प्रशांति निलयम नहीं जा पाए हैं।जो किसी कारणवश प्रशांति सेवा या अन्य सेवाओं में सम्मिलित नहीं हो सके।तथा वे सभी युवा भी जो अभी तक श्री सत्य साई सेवा संगठन से नहीं जुड़े हैं।
आगमन: सभी युवा दर्शनार्थी 12 जून 2026 सुबह तक पहुँचें।
प्रस्थान: 14 जून 2026 को सायंकाल प्रस्थान किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण सूचना:
आने-जाने का ट्रेन किराया स्वयं वहन करना होगा। वहाँ रहने, भोजन एवं भ्रमण की व्यवस्था संगठन द्वारा की जाएगी।
ट्रेन मार्ग एवं अन्य जानकारी हेतु संपर्क करें
एम. साई प्रताप – 8099240300
भानु चंद्र यादव – 9907934466
एस. श्याम सुंदर साई – 9131309897
जितने भी इच्छुक युवा भक्त है वह नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण करावे।
पंजीकरण लिंक: https://forms.gle/1N3wPCFuniAMWMj17
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 30 अप्रैल 2026
————————
08. महिला माओवादी रूपी ढेर। सरेंडर करने के किया था इंकार। डीकेएस जेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो मानपुर-मोहला मुठभेड में मारा गया था।
वीडियो-मुठभेड पर जानकारी देते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक कांकेर, निखिल राखेचा।
-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरणस इस प्रकार है- पुलिस अधीक्षक, जिला कांकेर निखिल राखेचा ने बताया कि जिला कांकेर के छोटेबेठिया-परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित माचपल्ली-आरामझोरा-हिडूर क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना के आधार पर पुलिस बल द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस बल और माओवादियों के बीच माचपल्ली इलाके में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के पश्चात सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा एक महिला माओवादी कैडर का शव बरामद किया गया। मुठभेड़ में बरामद माओवादी कैडर के शव की पहचान महिला माओवादी कमांडर । रूपी के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि रूपी, डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जिसकी वर्ष 2025 में जिला मानपुर, मोहला में एक मुठभेड़ के बाद शव बरामद किया गया था।
यह भी उल्लेखनीय है कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी। मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान मृत महिला माओवादी के शव के साथ एक पिस्टल हथियार, गोला-बारूद तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के सामने आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर देते हुए शासन की ओर से लगातार अपील की जाती रही है, जिसके प्रभाव से विगत महीनों में काफी बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने पुनर्वास का मार्ग अपनाया है। किंतु रूपी जैसे कुछ कैडरों ने पुनर्वास के मार्ग को छोड़कर हिंसात्मक रास्ता अपनाया, जिसका परिणाम आज उनके अंत के रूप में सामने आया है।
आईजीपी बस्तर ने शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से अपील की कि उनके पास अब बहुत सीमित समय शेष है। वे सभी हिंसा के मार्ग को त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करें।
——————–
09 .जनगणना-2027: प्रथम चरण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश।
– जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा, जबकि स्व-गणना की अवधि 16 से 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में जनसामान्य की सहभागिता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सभी अनुभागों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों को उपलब्ध निःशुल्क प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों में लगे ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले और नोटिस बोर्ड पर जनगणना से जुड़े वीडियो एवं स्लोगन प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों, चौराहों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय केबल नेटवर्क और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रचार-प्रसार को और सशक्त बनाने के लिए स्कूलों, बस स्टॉप, ग्राम पंचायतों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रिंट एड, पोस्टर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। जनगणना से संबंधित स्लोगन, वीडियो, जिंगल/ऑडियो एवं अन्य प्रचार सामग्री गूगल लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रचार-प्रसार से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी, फोटो एवं वीडियो सहित प्रेषित करें, ताकि उसे संकलित कर निदेशालय को भेजा जा सके।
————————
10. जनगणना-2027: प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण तिथियां निर्धारित ,उपस्थिति अनिवार्य।
—जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु तहसील कांकेर (ग्रामीण) में नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विभिन्न तिथियों में चार बैचों में संपन्न होगा, जिसमें प्रत्येक बैच में 50-50 प्रशिक्षार्थियों को शामिल किया गया है।तहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार 13 से 15 अप्रैल को प्रातः 09.30 से सायं 05 बजे तक प्रथम बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर में तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।इसी प्रकार 18 से 20 अप्रैल तक उपरोक्त समयानुसार तृतीय बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर और चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की उक्त प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य किया गया है। संबंधित संस्था प्रमुख, संकुल समन्वयक, प्राचार्य एवं प्रधान अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित कर्मचारियों को अन्य सभी कार्यों से मुक्त रखते हुए प्रशिक्षण में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






