कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
06 मार्च 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय-
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए सर्प काटने, नदी एवं तालाब में डूबने से मृत्यु होने के 05 प्रकरणों में मृतकों के निकटतम आश्रितों को चार-चार लाख रूपए की मान से 20 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। कोयलीबेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम कटगांव निवासी 45 वर्षीय चैतुराम की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती मंगलीबाई आंचला के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम वाला निवासी 38 वर्षीय मानकू राम पुड़ो की नदी में डूबने से मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती प्रमिला पुड़ो के चार लाख रूपए स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार बांदे तहसील के ग्राम पी.व्ही.110 मणिपुर निवासी 42 वर्षीय श्रीमती अंजना मल्लिक की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित बिमल मल्लिक के लिए चार लाख रूपए, भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम घोठा की हेमंत धु्रव के तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके माता-पिता श्रीराम और श्रीमती दामिनी को संयुक्त रूप से चार लाख रूपए तथा पखांजूर तहसील ग्राम पिनकोड़ो निवासी 17 वर्षीय रामकुमार कोला की तालाब में डूबने से उनके निकटतम आश्रित देवसूराम कोला और श्रीमती जननी कोला के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रूपए कलेक्टर द्वारा राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान हितग्राहियों को संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार द्वारा डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
————————
02. जिले के 14 बुजुगों की आंखो मे लौटी रोशनी ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ अंतर्गत रायपुर एम्स में किया गया सफल ऑपरेशन।

— समाज कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजना ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ जिले के बुजुर्गों के लिये वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत कांकेर जिले के 14 वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद के निःशुल्क उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक तकनीक से उनका सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी हितग्राहियों की दृष्टि में उल्लेखनीय सुधार आया है और उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई गई है। इस पूरी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए समाज कल्याण विभाग ने पहले स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी की।कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने योजना के सफल क्रियान्वयन पर जिले के सभी विकासखंडों में सर्वे कर पात्र वृद्धजनों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऑपरेशन के बाद नियमित फॉलोअप और दवा वितरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पहल के माध्यम से बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें एक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन दिया जाए। समाज कल्याण के उप संचालक ने बताया कि लाभान्वित होने वालों वरिष्ठ नागरिकों में गिरवर नांदिया, मनराखन कुंजाम, मोहन कोर्राम, रामकुवंर टेकाम, प्रेमबती सलाम, इतवारिन कोर्राम, उजारो बाई, रजेल सिंह नेताम, सुंदरी नेताम, तुलाराम टेकाम, रामलाल दर्रो, हरिचंद दर्रा, कमला दर्रो, कामताप्रसाद विश्वकर्मा सहित नरहरपुर और भानुप्रतापपुर क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
———————
03.छत्तीसगढ़ महिला आयोग द्वारा प्रकरणों की सुनवाई 13 मार्च को जगदलपुर में।
—छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव, नारायणपुर, बीजापुर एवं सुकमा जिलों से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई आयोग की गठित न्यायपीठ की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक एवं आयोग के सदस्यों द्वारा 13 मार्च को कलेक्ट्रेट भवन जगदलपुर के प्रेरणा सभा कक्ष में प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। कांकेर जिले के आवेदिका एवं अनावेदक को भी उक्त सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
————————
04. जिला कांग्रेस कमेटी का हुआ विस्तार।
—त्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन में जिला कांग्रेस कमेटी का विस्तार किया गया है। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लॉक और मंडल स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिला कांग्रेस कमेटी में जिम्मेदारी दी गई है।जारी सूची के अनुसार दुर्गूकोंदल क्षेत्र से भी कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिला स्तर पर महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें श्रीमती अमिता उयके को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि धनीराम ध्रुव धर्मेंद्र नेताम, बालमुकुंद सिन्हा और नीरज कोसमा को जिला सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही पार्वती सोरी को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।

———————–
06.आज नवा रायपुर विधानसभा भवन में आयोजित विधायक दल की बैठक में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यसभा प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा से सौजन्य मुलाकात कर शुभकामनाएं प्रेषित की।

———————–
07.जिले के चारामा थाना अंतर्गत सराधु नवागांव के स्कूल मे ंचोरी का मामला सामने आ रहा है। सरपंच सहित ग्रामीणों ने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
———————–
08. होली त्यौहार के बाद आज दूसरे दिन चारामा,लखनपुरी,कांकेर,भानुप्रतापपुर आदि नगरों में सन्नाटा दिखायी दिया। कई होटल एवं अन्य प्रतिष्ठान नहीं खुले।
———————–
09. जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा को अरौद के रेत ठेकेदार श्रीकांत सोनी द्वारा धमकी चमकी का मामला जिसकी शिकायत जिले के पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई थी,जांच के लिए चारामा थाने भेजा गया था,जहां दोनों पक्षों ने बयान दर्ज कराया है। इसके बाद श्रीकांत सोनी ने अरौद जो कि हल्बा चौकी में आता है,वहां जाकर आवेदन दिया है,जिस पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा के पति गब्बर सिन्हा ने भी आज अपना बयान दर्ज किया। अभी भी मामला शांत होते नहीं दिख रहा ।
———————
10. जिले में भी तेज गर्मी तपिश की शुरूआत हो चुकी है। इसके साथ गावों में बिजली के लौ वोल्टेज की समस्या भी नजर आ रही है।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






