आज की टॉप 10 खबर 05 सितंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
05  सितंबर  2025  शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————— 
संपादकीय—
”शिक्षक दिवस पर शिक्षक पुत्र होने का  गर्व”

 —कांकेर जिले कें चारामा क्षेत्र में लंबे समय से शिक्षक रहे हमारे पुज्य पिता श्री अभय राम जायसवाल जिनके पढ़ाए कई लोगों ने कई जगह शिक्षक तो उच्च प्रशासनिक सेवा जैसे पदों पर सेवा दी। इसके साथ ही पिछले कुछ दशकों में इनके कई छात्रों ने जो पदों पर सेवा देते दिवंगत भी हुए। चारामा विकासखंड के जेपरा स्कूल से प्रधान अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हमारे पिता जो आज 108 वर्ष बाद भी तंदुरूस्त हैं, को देखने लगातार कई लोग आते रहे हैं। हमें गर्व है कि आज भी इतने वर्षों बाद भी क्षेत्र के सबसे पुराने बुर्जग के रूप में आज वे स्वयं चल फिर पा रहे हैं। शिक्षक दिवस पर हम पिता के कार्यकाल पर उस स्वर्णिम अतीत को याद करते यादों में खो जाते हैं। अध्ययनकाल में अतीत में छत्तीसगढ़ के साहित्य जगत के महान साहित्यकारों से मित्रता और शिक्षकीय काल मे सबसे साम्य बना कर रखते हुए स्कूल समय पूर्व पहूंचकर स्कूल की स्वयं साफ सफाई और अध्यापन कराना। छत्तीसगढ के महान साहित्यकार स्व. नारायण लाल परमार के परम मित्र थे। साहित्यिक लेखन के प्रति रूचि की छाप शायद मुझ पुत्र मनोज जायसवाल में भी पडी। लिखने को तो और भी काफी कुछ पर आज शिक्षक दिवस पर आपको सादर प्रणाम..

—मनोज जायसवाल

—————— 

01.राठी ट्रेडर्स के संचालक अशोक राठी,श्रीमती संध्या राठी हमारी शान अवार्ड से पटाया,थाईलैंड में सम्मानित।

—आज 05  सितंबर को थाईलैंड के पटाया शहर के इंटरनेशनल होटल में अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा आयोजित ‘डीलर सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन में राठी ट्रेडर्स कांकेर के संचालक अशोक राठी एवं श्रीमती संध्या राठी को  ”हमारी शान” अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रीजनल हेड अमिताभ पांडे, रीजनल हेड आलमसर, छत्तीसगढ़ हेड आशीष भूरे, सी.के. सर सेल्स आफिसर श्रीकश्यप के द्वारा इस भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कई अन्य डीलर भी सम्मानित किये गये हैं। ज्ञात हो कि अशोक राठी छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष भी है। उन्हें यह सम्मान प्रदान किये जाने पर अल्ट्राटेक सीमेंट के सभी परिवार जनों का उन्होंने आभार व्यक्त किया है।

चित्र—कांकेर नगर के अशोक राठी‚श्रीमती संध्या राठी विदेश में पुरस्कार से सम्मानित होते हुए।

—————— 

02.सरस्वती शिशु मंदिर गढपिछवाडी,कांकेर में तीन दिवसीय विभाग खेल समारोह प्रारंभ हुआ।

– सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी, कांकेर में तीन दिवसीय विभाग स्तरीय खेल समारोह प्रारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अमित कामले पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर एवं कार्यक्रम अध्यक्ष के तौर पर छग मत्स्य बोर्ड एवं कांकेर शिक्षा समिति के अध्यक्ष भरत मटियारा जी उपस्थित हुए थे। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात विभागीय समारोह का ध्वज उत्तोलन हुआ। जिला खेल प्रमुख विजय बेसरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज खेलों का भविष्य अत्यधिक उज्जवल है। खेल से खिलाड़ी अपनी पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना रहे हैं। हमें यदि हार भी मिले तो निराश नहीं होना चाहिए। पुनः जीत का लक्ष्य लिए खेलना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर प्रसिद्ध खिलाड़ी डोनाल्डो का उदाहरण भी दिया और उनका खेल के प्रति जो निरंतर अभ्यास होता था उसे व्यक्त किया। विभागीय खेल संयोजक सोमदेव नायक ने कहा कि हमें खेल सदैव खिलाड़ी भावना से खेलना चाहिए । नीचे से ऊपर उठना व सदैव गतिमान रहना चाहिए। खेल से शरीर स्वस्थ होता है एवं यह निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा गोला फेंक प्रतियोगिता का श्री गणेश किया गया। स्थानीय विद्यालय में संपन्न होने वाले इस आयोजन में प्रमुख रूप से पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित काले, कांकेर शिक्षा समिति के अध्यक्ष माननीय भरत मटियारा, उपाध्यक्ष राम शरण जैन, सह व्यवस्थापक अजय जैन, कोषाध्यक्ष राजगोपाल कोठारी, भानुप्रतापपुर के प्राचार्य थानूराम सिंन्हा,सुश्री नलिनी प्रभा बाजपेयी व समस्त अतिथियों का आभार विद्यालय के स्थानीय प्राचार्य कैलाश कुमार तारक ने व्यक्त किया एवं खिलाड़ियों से अपेक्षा की कि वे तीन दिवसीय इस खेल समारोह में अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए खेल भावना लिए हुए खेल खेलेंगे व अपना एवं विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। खेल प्रमुख द्वारा इस समारोह के उद्घाटन अवसर पर सभी खिलाड़ियों को खिलाड़ी भावना की शपथ दिलवाई गई। विभाग समन्वयक संगम पांडे ने जानकारी दी कि इस विभाग स्तरीय खेल कूद समारोह में कांकेर कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले के समस्त विद्यालयों के प्रतिभागी शामिल है। उद्घाटन अवसर पर समस्त, भैया बहन, संरक्षक आचार्य दीदी एवं व्यवस्था में लगे आचार्य दीदी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अभिलेख प्रभारी संत लाल यादव एवं जीवन लाल गंगबेर ने किया।

चित्र—सरस्वती शिशु मंदिर गढपिछवाडी‚कांकेर में तीन दिवसीय खेल समारोह उद्घाटन अवसर पर अतिथिगण।

—————— 

03.मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण से सम्मानित हुए जिले के उत्कृष्ट शिक्षक। 

– शिक्षक दिवस के अवसर पर आज जिले के 38 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत 03 शिक्षक को ज्ञानदीप पुरस्कार तथा 21 शिक्षक शिक्षादूत पुरस्कार और 07 उत्कृष्ट प्रधान पाठक माध्यमिक स्तर एवं 07 उत्कृष्ट प्रधान पाठक प्राथमिक स्तर से सम्मानित किए गए। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं रजत जयंती महोत्वस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक भी पुरस्कृत किए गए।

सम्मान समारोह का आयोजन शहर के न्यू कम्युनिटी हॉल में किया गया, जहाँ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग उपस्थित थे, जबकि समारोह की अध्यक्षता कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने की। सांसद श्री नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता-पिता के बाद सबसे बड़ा दर्जा शिक्षक को प्राप्त है क्योंकि शिक्षक ही विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, ज्ञान और दिशा प्रदान करते हैं। हमारी परंपरा के अनुसार गुरू को भगवान से ऊपर माना गया है। समाज के निर्माण में शिक्षकों का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि हमारे आश्रम छात्रावासों में बच्चों को परंपरा और रीति-रिवाजों की जानकारी छोटी उम्र से ही दी जानी चाहिए, ताकि विकसित भारत के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।विधायक श्रीनेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। समाज और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। आज का यह सम्मान समारोह उन शिक्षकों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का प्रमाण है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने का कार्य किया है। कार्यक्रम को मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा एवं हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के तहत ज्ञानदीप पुरस्कार से नरहरपुर विकासखंड के संतराम ठाकुर,  कुंदन लाल साहू तथा चारामा के हरिशचन्द्र साहू को प्रशस्ति पत्र और 07-07 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक वितरित किए। इसी प्रकार शिक्षादूत पुरस्कार के अंतर्गत अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गुकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर विकासखंड के 21 शिक्षकों को प्रत्येक को 05-05 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रधान पाठक (प्राथमिक स्तर) की श्रेणी में कांकेर, कोयलीबेड़ा, दुर्गुकोंदल, नरहरपुर, चारामा, भानुप्रतापपुर एवं अंतागढ़ विकासखंड के 07 प्रधान पाठकों को प्रत्येक को एक एक हजार रुपए के चेक से सम्मानित किया गया।

वहीं माध्यमिक स्तर पर अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गुकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर विकासखंड के एक – एक प्रधान पाठक यानी 07 को भी प्रत्येक एक-एक हजार रुपए के चेक और प्रशस्ति पत्र स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से प्रदाय किए गए। इसके अतिरिक्त रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिले के 25 उत्कृष्ट शिक्षकों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुश्री मृदुला भास्कर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक, पार्षदगण तथा छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

—————— 

04.जिला खनिज न्यास निधि की शासी परिषद की बैठक में 350 करोड़ रूपए की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन।

– जिला खनिज संस्थान न्यास निधि की शासी परिषद की बैठक में 350 करोड़ रूपए की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। कांकेर लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद  भोजराज नाग, विधायक अंतागढ़ विक्रम उसेण्डी, विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मंडावी, विधायक कांकेर आशाराम नेताम की उपस्थिति तथा कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्य योजना के अनुमोदन के साथ ही रावघाट परियोजना, अंजरेल ब्लॉक से प्राप्त राशि का नारायणपुर जिले को अंतरण तथा कांकेर जिले में पूर्व में घोषित खनन प्रभावित क्षेत्र, ग्रामों, नगरीय क्षेत्रों के निर्धारण के संबंध में चर्चा की तथा बताया गया कि आगामी समय में खनिज प्रभावित क्षेत्रों का पुनः निर्धारण किया जाएगा। सांसद श्री नाग ने जिला खनिज संस्थान न्यास निधि की शासी परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि डीएमएफ की राशि का उपयोग खनिज प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता से किया जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम सभा की मंशा के अनुरूप कार्य स्वीकृत किए जाए। पूर्व में स्वीकृत सभी अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। क्षेत्र के विकास के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपना बेहतर प्रदर्शन करें। अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेण्डी, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने भी अपने विचार रखे। शासी परिषद की बैठक में उच्च प्राथमिकता के क्षेत्रों जैसे- स्वास्थ्य एवं देखभाल, पोषण (महिला एवं बाल कल्याण), कृषि एवं अन्य संबंद्ध गतिविधियां, शिक्षा पेयजल, स्वच्छता, वृद्ध एवं निःशक्तजन के कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सतत् आजीविकापार्जन, आजीविका (कौशल विकास एवं रोजगार) और कल्याणकारी योजनाओं के लिए 248 करोड़ 70 लाख 74 हजार रूपए के विकास कार्यों का अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों जैसे-सिंचाई, युवा गतिविधियों को बढ़ावा देना, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण, ऊर्जा और जल विभाजगक विकास, भौतिक अधोसंरचना, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, बुनियादी सेवाएं और राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर निर्देशित कोई अन्य कार्य के लिए ¬101 करोड़ 29 लाख 26 हजार रूपए की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया।बैठक में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा एवं हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, डीएफओ कांकेर  रौनक गोयल, जिला पंचायत सीईओ   हरेश मण्डावी सहित जिला खनिज संस्थान न्यास निधि की शासी परिषद के सदस्यगण उपस्थित थे।

—————— 

05.ई-मार्केटिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग पर कार्यशाला  का आयोजन। स्थानीय उद्यमी डिजिटल माध्यम से भी कर सकते हैं बाजार का विस्तार।

-जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर द्वारा आज जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमो (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, स्व सहायता समूहों (एसएचजी) और पारंपरिक कारीगरों को डिजिटल माध्यम से बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम भारत सरकार की रैम्प येजना के अंतर्गत हुआ। कार्यशाला का शुभांरभ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र उत्तर बस्तर कांकेर के महाप्रबंधक टंकेश्वर देवांगन द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को डिजिटल मंचों से जोड़कर राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है। कार्यशाला में ई कॉसर्स प्लेटफार्म के डायरेक्टर व सीईओ एवं अन्य डिजिटल प्लेटफार्म के प्रतिनिधियों तथा राज्य परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी के प्रतिनिधियों ने व्यवसाय से व्यवसाय और व्यवसाय से उपभोक्ता हेतु विक्रेता पंजीकरण, उत्पाद सूचीकरण, प्रचार-प्रसार, और डिलीवरी व्यवस्था की जानकारी दी गई। डिजीटल मार्केटिंग स़त्र में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर विक्रेता पंजीकरण के साथ-साथ सोशल मीडिया और मोबाइल ऐप्स के माध्यम से कम लागत में उत्पादों की ब्रांडिंग व बिक्री बढ़ाने के सरल उपाय बताए गए। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग, आकर्षक विवरण और ग्राहकों से नियमित संवाद स्थानीय उत्पादों को वैश्विक ब्रांड बनाने में सहायक होते हैं। राज्य परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी सीएसआईडीसी रायपुर के प्रतिनिधि द्वारा राज्य में चल रही रैम्प येजना की गतिविधियों जैसे उद्यमिता जागरूकता, निर्यात प्रशिक्षण, डिजिटल विपणन और वित्तीय पहुॅच पर विस्तार से जानकारी दी गई। सभी स़त्रों के बाद उद्यमियों के साथ सवाल-जवाब किया गया तथा उद्यमियों के शंका का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमी, महिला उद्यमी समूह सदस्य, पारंपरिक कारीगर और स्थानीय एमएसएमई प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर के सभी प्रबंधक व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

—————— 

06.“अल्टरनेट फाइनेंस“ विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला 09 सितम्बर को।

– छत्तीसगढ़ में रेजिंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस योजना के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कांकेर द्वारा 09 सितम्बर को एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एमएसएमई महिला उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं पारंपरिक कारीगरों को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, एनएसई, सिडबी एवं इनवॉइस मार्ट के सहयोग से “अल्टरनेट फाइनेंस“ के बार में जानकारी दिया जाएगा। महाप्रबंधक टंकेश्वर देवांगन ने बताया कि यह कार्यशाला विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, महिला उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूह, हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज आधारित उद्यम तथा ऐसे कारीगर एवं उत्पादक जो ऑनलाइन बिक्री के इच्छुक हैं, उनके लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि आनबोर्डिंग हेतु 03 वर्ष पुरानी इकाई जिसकी औसत वार्षिक टर्न ओवर राशि 30 करोड़ रूपए से अधिक होना चाहिए। उन्होंने जिले के एसे सभी इच्छुक उद्यमियों एवं लाभार्थियों को इस कार्यशाला में उपस्थित होने के लिए आग्रह किया गया है। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।

—————— 

07.  अंधे कत्ल का खुलासा। हत्या कर फरार 01 आरोपी को गिरफ्तार करने में मिली सफलता।  नवाखाई के दिन ग्राम मर्दापोटी में छोटे बेटे द्वारा अपने माँ की किया गया था हत्या। आरोपी ने हत्या कर साड़ी के फांसी के फंदे से शव क़ो लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का किया था कोशिश।

— कांकेर पुलिसे की जानकारी मुताबिक मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी दिनेश सलाम पिता जय सिग सलाम उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम मरदापोटी थाना कांकेर जिला कांकेर के हमराह राजेश भास्कर ने थाना आकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 01.09.25 को शाम 07.00 बजे ग्राम सरपंच राजेश भास्कर फोन कर बताया कि श्रीमती द्रोपती सलाम अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी है, तब मैं गांव के सरपंच, कोटवार एवं अन्य ग्रामीणो के साथ घर के अंदर जाकर देखा तो मेरी चाची घर परछी में मृत हालत में पड़ी थी उनके माथा में चोट का निशान था और जमीन में खुन फैला हुआ था। उसकी चाची की मौत अज्ञात कारण से हुआ है कि रिपोर्ट पर थाना कांकेर के मर्ग क्रमाक 132/25 धारा 194 बीएनएसएस की कायमी पश्चात जांच दौरान मृतिका द्रोपति सलाम पति स्व.जय राम सलाम उम्र 45 वर्ष निवासी मरदापोटी के शव पचनामा कार्यवाही पश्चात शव का पीएम कराया गया पी एम रिपोर्ट में मृतिका द्रोपति सलाम की मृृत्यु हत्या प्रकृति का होना लेख किया गया। मर्ग जांच में मृतिका की मौत अज्ञात व्यक्ति के द्वारा हत्या करना पाया गया। अज्ञात आरोपी का कृत्य अपराध धारा 103 (1) बीएनएस का पाये जाने से अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 320/2025 धारा 103(1) का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया। विवेचना कार्यवाही के दौरान श्रीमान उ.म.नि./वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के.एलिसेला (भा.पु.से.) उ.ब.कांकेर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित कर अधिक अंधेकत्ल का शीघ्र खुलासा करने हेतु निर्देशित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार सिन्हा द्वारा घटना स्थल पहुंचकर कर वस्तुस्तिथि का जायजा एवं घटनास्थल का मुआयना कर टीम क़ो आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर ग्रामिणों, परिजनों से गहन पूछताछ के दौरान एवं मौके पर उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर छोटे बेटे के प्रति संदेह होना पाया गया। संदेही अन्नु सलाम पिता स्व. जयराम सलाम उम्र 21 वर्ष निवासी मरदापोटी थाना जिला कांकेर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पुछताछ करने पर प्रारम्भ में पुलिस को बहुत अधिक गुमराह करते रहा परंतु अंततः अपराध घटित करना स्वीकार किया। जिसने पूछताछ पर बताया कि वह अपनी मां क़ो नवा खाने अपने बड़े पिताजी के घर नहीं जाने के नाम पर झगड़ा-बहस होने से एवं पूर्व में लगातार होते रहे झगड़े के कारण गुस्से में आकर आरोपी अनु सलाम अपनी मां के सिर में लकड़ी से वार कर एवं साड़ी से गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया गया,जिसे आज दिनांक 05.09.2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड लिया गया सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर,सायबर प्रभारी निरीक्षक राम कुमार साव के नेतृत्व में, उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, सउनि भुनेश्वरी भगत, प्रआर ओप्रकाश कृषान, आरक्षक शैलेन्द्र शोरी, शक्ति सिंह, बीरबल कोड़ोपी का अहम भूमिका रहा है।

—————— 

08.थाना भानुप्रतापपुर में NDPS एक्ट के तहत अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री करने ग्राहक तलाश रहे की सूचना पर 01आरोपी गिरफ्तार।

— पुलिस जानकारी मुताबिक मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि श्रीमान उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर आई.के. एलिसेला(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे) भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में एवं अनु. अधिकारी पुलिस श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में शहर में दिन में पैदल, बाईक गस्त एवं रात्रि गस्त पेट्रोलिग बढ़ाकर शराबियों, नशेड़ी, गजेड़ियो, अवैध शराब बिक्री, नशीली पदार्थ का सेवन कर उत्पात करने वाले असामाजिक तत्वो पर सतत् निगरानी रखने एवं जुआ-सट्टा पर आवश्यक कार्यवाही कर शहर में निरन्तर पुलिसिंग गस्त कार्यवाही कर असमाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने पुलिस थाना भानुप्रतापपुर द्वारा लगातार नागरिकों से संपर्क स्थापित कर शहर में गस्त के दौरान वैधानिक कार्यवाही किया गया – (1) NDPS एक्ट के तहत् ग्राम चवेला खंडी नदी पुलिया हनुमान मंदिर के पास मेन रोड में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है की सूचना पर आरोपी सुजीत साहा के कब्जे से कुल 5.290 किलो ग्राम गांजा कीमती लगभग 50,000 रुपए व एक कार क्रमांक CG- 19 BT- 2715 कीमती लगभग 8,00,000 रूपये को बरामद किया गया आरोपी सुजीत साहा के विरूध थाना भानुप्रतापपुर में धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत प्रकरण में आरोपी सुजीत साहा पिता शंकर साहा उम्र 34 वर्ष पता ग्राम इरपानार बाजारपारा थाना बांदे जिला कांकेर को गिरफ्तार कर विद्यिवत कार्यवाही किया गया सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर निरीक्षक रामेश्वर देशमुख के नेतृत्व में सउनि कैलाश पांडे, प्रआर.- 551 विजय कुमार कटकवार, आरक्षक – 21 टोमन साहू , आरक्षक- 1385 प्रणय यादव का अहम भूमिका रहा है।

——————

09.  आगामी  अक्टूबर को  जिले के भानुप्रतापपुर में  सर्व पिछडा वर्ग का स्थापना दिवस मनाया जायेगा। इधर जिले का ऐतिहासिक अरौद दशहरा पर्व 04 अक्टूबर को  मनाया जायेगा। अभी से तैयारी प्रारंभ। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम की होगी प्रस्तुति।

—————— 

10. किसानों की समस्या दूर होने वाली है। खबर कि कई लेम्पस में युरिया पहूंच रही है।

—————— 

शुभ रात्रि…….

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 11 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *