आज की टॉप 10 खबर 02 अगस्त 2025 शनिवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
02  अगस्त  2025 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

——————– 
संपादकीय—
ऐसे भी उत्कृष्ट रचनाओं का क्या?
कितने ही उत्कृष्ट गजल हो या अन्य आलेख। यदि आम पाठकों की समझ से बाहर हो तो आपकी कलम की अहमियत क्या है,यह विचार करने वाली बात है। अंतिम सिरे के व्यक्ति की तो बात ही छोड़ो। कितनी सरल,धाराप्रवाह लाईनें आप लिखते हैं। जिन मुद्दों पर लिखते हैं वह किसी सामाजिक असमानता को ठोकर मार रही है कि नहीं। किसी को तंज लग रहा है कि नहीं। यदि इन बातों को दरकिनार आपका कोई आलेख रचना जिसे शब्दों से सजासंवार कर कितनी ही अच्छी प्रस्तुती दी जाय उसके कोई मायने नहीं है। कई लोग अपनी अपनी विधा वालों को आजकल के वाट्सएप ग्रुप में एड किए होते हैं। यथा कोई साहित्य पत्रकार वाला ग्रुप है तो उसमें इससे जुड़े व्यक्तियों को एड किया जाता है। खुद को पता है कि इसमें आपके ही बिरादरी के लोग जुड़े हैं, हां में हां मिलाया जाएगा फिर जो लेखन सामग्री डाली जाएगी वो तो आपके अपनों तक सीमित हो गया। फायदा तो तब है जब उसमें अन्य लोग भी जुड़े हों। अपनी विधा अपनों के लिए ही परोसने का क्या? कोई आयोजन में जब तक आम लोगों की जन उपस्थिति न हो तब इस आयोजन का क्या? आपके जैसे ज्ञानी के आयोजन में कौन ज्ञान ग्रहण करेगा। अतएव अपनी विधा पर गर्व न कर आम लोगों को महत्व दें जो जनबल से भी आपको सम्मान देते मान बढ़ाते हैं। वरन ज्ञानियों की टोलियों में तो सकारात्मक नहीं आपकी लाईनों में नकारात्मक भाव के पीछे पड़े होते हैं। महत्व उन लाईनों का ज्यादा है,जो आम लोगों तक की समझ में आ जाए। उत्कृष्टता के नाम आम लोगों की समझ में न आने वाली लाईनों का प्रयोग खुद में जरूर गदगद हों पर बाहरी दुनियां में बड़ा औचित्य नहीं है।
— मनोज जायसवाल
——————— 

01.किसान सम्मान निधि की 20 वीं किश्त की राशि हस्तांतरण कार्यक्रम जनपद पंचायत चारामा में आयोजित था। कई पंचायतों में भी यह कार्यक्रम होने से कृषि विभाग के कई आरईओ यहां उपस्थित नहीं हुए। तो आम किसानों की उपस्थिति क्षीण ही रही। आयोजन में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता ही ज्यादातर नजर आए। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय मण्डावी इंडोर व्यवस्था और किसानों की अल्प उपास्थिति पर कृषि विभाग के एसडीओ श्रीनेताम पर नाराजगी जाहिर किया। आने वाले समय में वृहद स्तर पर हाल से बाहर कार्यक्रम के आयोजन पर जोर दिया गया। शायद आने वाले समय में नजर आए।

चित्र—किसान सम्मान निधी 20 किश्त हस्तांतरण मौके पर जनपद सभागार में आयोजित कार्यक्रम।

——————— 

02.डा प्रफुल्लचंद्र राय जन्मोत्सव विज्ञान दिवस के रूप में सरस्वती शिशु मंदिर उमा विद्यालय कांकेर में मनाया गया । 

—उपरोक्त अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर शिक्षा समिति के माननीय व्यवस्थापक  अशोक राठी जी उपस्थित थे। उनके मार्गदर्शंन में विद्यालय में प्रति शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ किया गया। जिस अवसर पर उपस्थित  रमाकांत तिवारी ने हनुमान चालीसा का पाठ भैया बहनों व आचार्यों को करवाया।विज्ञान दिवस पर प्रफुल्ल चंद्र राय की विज्ञान के संबंध में योगदान को विद्यालय के प्राचार्य श्री कैलाश तारक ने बतलाया। जिसके तहत उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल चंद्र राय का विज्ञान के क्षेत्र में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मलेरिया जो की एक असाध्य रोग तब था, उसका उपचार प्रफुल्ल चंद्र राय ने दिया। और भी चिकित्सीय एवं अन्य क्षेत्रों में राय के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता।भैया बहनों में से बहन महिमा जैन ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में हम उनके योगदान को पढ़ते हैं और उनसे सीख लेते हैं। जो हमें विज्ञान के क्षेत्र में तमाम जानकारी उपलब्ध कराता है।मुख्य अतिथि के तौर पर व्यवस्थापक अशोक राठी ने कहा कि आज हम डॉक्टर प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती अवसर पर उनके विज्ञान के क्षेत्र में किए गए कार्यों से भैया बहनों को अवगत कराते हैं। यह निश्चित ही एक सराहनीय प्रयास है ।विज्ञान से ही हम तमाम समस्याओं का हल पाते हैं। इस दिशा में यह एक सार्थंक प्रयास है।उपस्थित अजय जैन ने भी इस अवसर पर अपना मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम का संचालन कर रहीं रेणुका जैन ने डॉक्टर प्रफुल्ल चंद्र राय के विज्ञान के क्षेत्र में योगदान को संक्षिप्त रूप में व्यक्त करते हुए विज्ञान दिवस के महत्व को इंगित किया।इस अवसर पर विज्ञान मॉडल प्रदर्शित किया गया एवं विज्ञान संबंधित चार्ट की प्रदर्शनी भी भैया बहनों के द्वारा आयोजित की गई।

——————— 

03.शासकीय हाईस्कूल आवरी(चारामा) में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

आज विद्यार्थियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला संबंधी अपराध, साइबर फ्रॉड और यातायात नियमों को लेकर बच्चों को जरूरी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में चारामा थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार साहू ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें इन विषयों की गंभीरता को समझाया।

चित्र—चारामा थाना प्रभारी जितेंद्र साहू हाईस्कूल आंवरी में छात्रों को जानकारी देते हुए।

उन्होंने बताया कि महिलाएं और बच्चियां समाज का सम्मान हैं, उनके साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार अपराध की श्रेणी में आता है, और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होती है।साइबर अपराध पर बोलते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, पासवर्ड सुरक्षित रखें और ऑनलाइन ठगी से बचें।यातायात नियमों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने हेलमेट पहनने, सड़क पर सावधानी से चलने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की।विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की और इसे बेहद उपयोगी बताया।

——————— 

04. शहर में अपराध पर अंकुश लगाने 08 आरोपीगणों पर कार्यवाही।  लोक स्थानों के आस-पास असमाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी कार्यवाही।

—मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि  उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर  आई.के. एलिसेला(भा.पु.से.) के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमान आकाश  श्री माल ( भा पु से ) तथा अति. पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अनु. अधिकारी पुलिस   मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में शहर में दिन में पैदल, बाईक गस्त एवं रात्रि गस्त पेट्रोलिग बढ़ाकर नशेड़ी, गजेडियो,नशीली पदार्थ का सेवन कर उत्पात करने वाले असामाजिक तत्वो पर सतत् निगरानी रखने एवं आवश्यक कार्यवाही करने के आदेश पर शहर में निरन्तर पुलिसिंग गस्त कार्यवाही कर असमाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने पुलिस थाना  कांकेर  द्वारा लगातार नागरिकों से संपर्क स्थापित कर शहर के कड़ी सुरक्षा के दौरान दिनांक 02.08.2025 को जरिये मोबाईल फोन के सूचना पर शहर के मोहल्लों सुभाष वार्ड, एम.जी.वार्ड, आमापारा, राजापारा, अन्नपुर्णापारा, संजयनगर, उदयनगर एवं टिकरापारा में सूचना पर एक्शन लेकर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर रेड कार्यवाही कर आरोपीगण 1.भरत साहू पिता सदाराम साहू उम्र 23 वर्ष पता एमजी वार्ड 2. रोहित भंडारी पिता मेहतरू उम्र 30 वर्ष पता सुभाष वार्ड 3. कुणाल यादव पिता जागेश्वर उम्र 20 वर्ष पता आमापारा 4. अजीत कुमार चौहान पिता स्व. सागुरी उम्र 29 वर्ष पता राजापारा 5. संतोष कुमार सरोज पिता सुरज राम्र उम्र 19 वर्ष पता अन्नपुर्णापारा 6. आयुस कुमार महावीर उम्र 25 वर्ष पता अन्नपुर्णापारा 7. इमरान खान पिता मो. फरीद उम्र 33 वर्ष पता संजयनगर एवं 8. अविनाश सोलंकी पिता मोहन उम्र 37 वर्ष पता उदयनगर के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एसडीएम न्यायालय में पेश किया किया गया, जिन्हें न्यायालय द्वारा जेल वारंट देने पर जिला जेल कांकेर दाखिल कराया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रेम प्रकाश अवधिया, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर, निरीक्षक राम कुमार साव के नेतृत्व में उप निरी. मनोरथ जोशी, उप निरी. रामेश्वर चतुर्वेदी, सउनि वेदन सलामे,प्र आर. मनीरामभोई.प्रआर. हितेश्वरी चेलक,प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश कृषान, प्रआर.गीतेश्वर कुलदीप, आरक्षक राकेश बघेल एवं थाना  कांकेर  पेट्रोलिंग टीम आरक्षक अरूण मंडावी, लक्ष्मीनारायण सोरी का महत्तवपूर्ण भूमिका रही ।

——————— 

05.प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वें किस्त जारी। कांकेर जिले के 81781 किसानों के खाते में 20.22 करोड़ रूपये हस्तांतरित।

—प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के रूप में 20,500 करोड़ की राशि किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया, इसमें छत्तीसगढ़ के भी 25 लाख से अधिक किसान शामिल हैं। इस योजना के तहत कांकेर जिले के 81,781 किसानों के खाते में 20.22 करोड़ रूपये हस्तांतरित की गई है। लाभान्वित किसानों को इससे खेती-किसानी में मद्द मिलेगी। कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग कांकेर के संयुक्त तत्वाघान में आज शनिवार को प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि योजना के 20वें किस्त के अंतरण का सीधा प्रसारण किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष   भरत मटियारा, कांकेर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद  मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक  शिशुपाल शोरी एवं श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मण्डावी, जनपद पंचायत कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती पुर्णिमा कावड़े, पूर्व अध्यक्ष श्री रामचरण कोर्राम, राजीवलोचन सिंह, जनपद सदस्य एवं सरपंचगण सहित बडी संख्या में कृषकगण कार्यक्रम में मौजूद थे। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वें किश्त के अंतरण पश्चात किसानों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा ने कहा कि यह योजना केन्द्र सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसे प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 मे शुरू किया गया था। यह योजना पात्र किसान परिवारों को उनके कृषि संबंधी खर्चों के लिए वार्षिक 06 हजार रूपए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। प्रधानमंत्री ने आज इस योजना के 20वें किश्त की राशि 9.7 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 20,500 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों की दशा सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रहीं है। छत्तीसढ़ सरकार द्वारा मोदी की गारंटी को पूरा किया जा रहा है। पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 01 हजार रूपए की मदद दी जा रही है। गरीबों के लिए पक्के आवास बनाए जा रहे हैं। सरकार द्वार स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत घर-घर शौचालय का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गांव में अब स्वच्छता साफ-साफ दिखाई देता है। श्री विष्णु देव की सरकार ने तेंदुपत्ता संग्राहकों के लिए चरण पदुका की योजना को फिर से शुरू किया है। तेदुंपत्ता की राशि भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने का अनुरोध किसानों से किया। पूर्व सांसद  मोहन मण्डावी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के 20वें किश्त की राशि जारी होने पर किसानों को बधाई देते हुए कहा कि किसान अन्नदाता हैं। जिले के किसान खेती-किसानी अच्छे ढ़ग से करें। कहीं भी खेती करें, तरीका से करें। खेती के साथ-साथ उससे जुड़े हुए अन्य व्यवसाय जैसे- पशुपालन, बकरी पालन, मछली पालन, मुर्गी पालन भी करें, जिससे उनकी उन्नति हो। किसानों को लाख पालन की खेती करने की समझाइश भी उनके द्वारा दी गई। विवादों का निपटारा गांवों में ही करने तथा कोर्ट-कचहरी से बचने की सलाह दी गई। कार्यक्रम को पूर्व विधायक  शिशुपाल शोरी एवं श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पुर्णिमा कावड़े, पूर्व अध्यक्ष श्री रामचरण कोर्राम और राजीवलोचन सिंह ने भी संबोधित किया तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 20वें किश्त जारी होने पर पात्र सभी किसानों को बधाई और शुभकामनाएं भी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 20वें किश्त के अंतरण कार्यक्रम के साथ ही किसान मेला का भी आयोजन किया गया, जिसमें कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीरबल साहू एवं कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह किसानों दी गई। कार्यकम में प्रतीक स्वरूप पांच किसानों को उड़द बीज तथा पांच किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का प्रमाण पत्र और मृदा कार्ड प्रदाय किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र में एग्रीड्रोन का डेमोस्ट्रेशन भी किया गया। योजना से मिली राशि से खाद-बीज की खरीददारी-कृषक हेमलाल जैन और रमेश कुमार साहू- पीएम किसान सम्मान निधि योजना के 20वें किश्त के अंतरण कार्यक्रम में पहुंचे ग्राम हाटकोंगेरा के किसान  हेमलाल जैन ने कहा कि योजना शुरू होने के बाद से उन्हें नियमित रूप से इसका लाभ मिल रहा है, जिससे वे खाद-बीज की खरीदारी करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। इसी तरह ग्राम धनेलीकन्हार के किसान  रमेश कुमार साहू ने बताया कि सालाना उन्हें 6000 रूपये की किसान सम्मान निधि मिलती है, जिसका उपयोग वे कृषि कार्यों के लिए दवाइयाँ व खरपतवारनाशक खरीदने में करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद प्रकट किया है।

——————— 

06.परीक्षा केन्द्र में गहन फ्रिस्किंग के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश। नियमों को लेकर व्यापम हुआ सख्त। परीक्षार्थियों से आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने कहा गया।

—छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा विभिन्न विभागों में भर्ती हेतु परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। परीक्षा के संबंध में अभ्यर्थियों के लिए व्यापम द्वारा नए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका अनिवार्यतः पालन करने कहा गया है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व अभ्यर्थियों के हैण्डहेल्ड मेटल डिटेक्टर से तथा हाथों से तलाशी फ्रिस्किंग की जाए। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में आबंटित एक पुरुष एवं एक महिला पुलिस कर्मी से फ्रिस्किंग का कार्य किये जाने परीक्षा प्रारंभ होने से 2.30 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति देने के निर्देश हैं। साथ ही महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी से ही कराए जाने के लिए निर्देशित किया है। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद पुलिस कर्मी बारी-बारी से परीक्षा केन्द्र परिसर एवं केन्द्र के बाहर का निरीक्षण करते रहेंगे ताकि संदिग्ध गतिविधि न हो सके। डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा की नोडल ऑफिसर ने इस संबंध में बताया कि परीक्षा केन्द्र में अभ्यर्थी परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचे ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। यह भी बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्यद्वार बंद कर दिया जाएगा। उदाहरण के लिए यदि कोई परीक्षा प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हो रहा है तो मुख्य द्वार प्रातः 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, इसलिए समय का विशेष ध्यान रखा जाए।  आधी बांह की शर्ट ही पहन सकेंगे परीक्षार्थी  उन्होंने व्यापम द्वारा जारी नए निर्देशों का उल्लेख करते हुए बताया कि हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आये। साथ ही फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें और कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट लें और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट करें, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा हो जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, उसका एक मूल पहचान पत्र परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा जिसके लिए अम्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केंद्र में जाएं। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बॉल पॉईंट पेन को ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग में लाएं। उन्होंने कहा कि चयन परीक्षा प्रवेश के समय प्रवेश पत्र मांगा जाता है, इसे सुरक्षित रखें। व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेश पत्र जारी नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जाएगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

——————— 

07. चारामा विकासखंड में इन  दिनों किसान खासे परेशान है‚कि उन्हें डीएपी‚युरिया खाद नहीं मिल रहा है। यही हाल इस तहसील में अन्य सेंटरों का है। लखनपुरी में किसानों ने इस प्रतिनिधी को बताया कि खाद की काफी कालाबाजारी चल रही है‚जहां 950 रूपये में उन्हें युरिया मिल रहा है। कुछ किसानों ने बताया कि खाद लेना इतनी मजबूरी है कि मत पूछो। युरिया के नाम पर अन्य प्राडक्ट लादन के नाम पकडाया जा रहा है। चारामा मुख्यालय से कुछ दूरी पर लगे पंडरीपानी में किसान आंदोलन को मुखर है। उत्तेजित किसानों के सामने कोई जनप्रतिनिधी जाने तैयार नहीं है‚उन्हें खाद की उपलब्धता के अतिरिक्त कुछ नहीं सुनना। इधर विभाग की कहें तो आज ही यह खबर सुनी जा रही है कि बालोद में  मालगाडी रैक नहीं उतरा है। रैक के आने पर ही समस्या दुरूस्त होगी।

——————— 

08. नेटवर्किंग बिजनेस खत्म हो जाने के बाद अब कई प्राडक्ट के नाम इस प्रकार का धंधा चलाया जा रहा है। कई किसानों को विदेशी पेंड लगाने के नाम भरमाया जा रहा है‚जो यहां का वातावरण स्वीकार ही नहीं सकता। जब सीताफल चारामा तक सीमित है‚ सरई के पौधे केशकाल तक सीमित है‚तो कैसे विदेशी पौधे  यहां ग्रोथ कर किसानों को लाभ पहूंचा सकता है विचारणीय है। कुछ किसानों ने यह भी कहा कि  किसान का भला हो या  ना हो पर पेंड के नाम पर बेचने वाले नेटवर्किंग वाले को जरूर लाभ होगा।

——————— 

09. किसान  युनियन शक्ति का एलान।

—छत्तीसगढ़ के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए भारतीय किसान यूनियन शक्ति ने एक बड़ा ऐलान किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे एवं प्रदेश प्रवक्ता   गणेश तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह स्पष्ट किया है कि यदि किसी किसान को बैंक लोन, होम लोन या किसी भी प्रकार के लोन लेने में अधिकारियों द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, तो यूनियन पूरी मजबूती से उसके साथ खड़ी रहेगी और उसे हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।प्रवक्ता गणेश तिवारी ने कहा कि आज भी कई किसान, बैंकों और वित्तीय संस्थानों से लोन लेने के लिए जब आवेदन करते हैं, तो उन्हें विभिन्न प्रकार की जटिल प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। कई बार अधिकारियों की लापरवाही या भ्रष्टाचार के कारण किसानों को अपमानित भी होना पड़ता है, जिससे उनका मनोबल टूटता है। उन्होंने कहा कि अब ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

———–
पुरूषोत्तम सिंह सेन
कृषि उपज मंडी समिति कांकेर में पदस्थ मंडी निरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह सेन का सड़क दुर्घटना मे आकस्मिक निधन आज दिनांक को हो गया है। अंतिम संस्कार का कार्यक्रम कल 03अगस्त को गृह ग्राम -चारामा जिला-काकेर में दोपहर 11 बजे होगा। श्रद्वांजलि…सादर नमन….
——————— 

टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏

——————-

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 06 अगस्त 2025 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से…. 06  अगस्त  2025  बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————  संपादकीय- समय चक्र आप पर भी आयेगा…. प्राकृतिक आपदाएं कभी बता कर नहीं आती, गाज कहीं…

आज की टॉप 10 खबर 05 अगस्त 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से…. 05  अगस्त  2025  मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————  विशेष— जिले मे लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओ मे कमी लाने हेतु यातायात पुलिस कांकेर द्वारा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *