आज की टॉप 10 खबर 25 अगस्त 2025 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
25  अगस्त  2025  सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

——————-

01.कांकेर नगर को मिली 471 लाख रूपए के नालंदा परिसर की सौगात, उप मुख्यमंत्री श्री साव ने किया भूमिपूजन।

—प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खेल एवं युवा कल्याण और जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव आज जिला प्रवास के दौरान कांकेर नगर पहुंचे, जहां पर उन्होंने नगर घड़ी चौक के समीप 04 करोड़ 71 लाख रूपए की लागत से नालंदा परिसर (सेंट्रल लायब्रेरी सह रीडिंग जोन) का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भोजराज नाग ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक   आशाराम नेताम भी मौजूद रहे। आज अपरान्ह में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव ने विधिविधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर नालंदा परिसर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। तत्पश्चात् उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है और सुविधाओं में सतत् विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के नगरीय निकायों को स्वच्छता में रैंकिंग में 07 अवॉर्ड प्राप्त हो चुके हैं जो आमजनता की जागरूकता और नगरीय प्रशासन की कटिबद्धता को प्रदर्शित करता है। श्री साव ने यह भी बताया कि पिछले एक साल में प्रदेश भर के नगरीय निकायों को 07 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि आबंटित की गई है, जिसमें कांकेर नगरपालिका परिषद को भी 21 करोड़ रूपए विभिन्न विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए जारी किए गए हैं।

केबिनेट मंत्री श्रीसाव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की जांच कराकर युवाओं के साथ न्याय किया गया। इसी तरह मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान अंतर्गत स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया जिससे प्रदेश भर के 300 से अधिक शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षक पदस्थ किए गए तथा 5 हजार एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अध्यापकों की व्यवस्था की गई। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि ‘सिटी डेवलपमेंट प्लान‘ के तहत आगे भी विकास कार्यों के लिए जिले के नगरीय निकायों को शासन द्वारा राशि का प्रावधान किया जाएगा। इस दौरान श्री साव ने उपस्थित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नालंदा परिसर का लाभ लेने और अपना भविष्य संवारने की बात कही। इस दौरान उन्होंने नालंदा परिसर के निर्माण हेतु अनुबंधित एजेंसी को समय से पहले गुणवत्तायुक्त परिसर का निर्माण करने तथा शहर की गरिमा के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित किया।इसके पहले, कांकेर सांसद  भोजराज नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय पूरा कर रहे हैं। प्राचीनकाल में तक्षशिला और नालंदा विश्वविद्यालयों की तर्ज पर प्रदेश सरकार प्रतिभाओं को आगे लाने और अवसर प्रदान करने लगातार प्रयास कर रही है। विधायक श्री नेताम ने जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित मावा मोदोल कोचिंग सेंटर की उपलब्धियों तथा यहां के बच्चों का होमगॉर्ड में चयनित होने के बारे में बताया। साथ ही नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीसाव द्वारा कांकेर नगर के विकास के लिए बजट में प्रावधान करने पर आभार प्रकट किया। नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक ने भी नगरपालिका में अब तक हुए कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने नालंदा परिसर निर्माण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए इसकी स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा और सकारात्मक परिवर्तन बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती ताराबती ठाकुर, नगरपालिका कांकेर के उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व विधायक द्वय श्रीमती सुमित्रा मारकोले एवं शिशुपाल शोरी सहित जिला पंचायत के सी.ई.ओ. हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं वरिष्ठ नागरिकगण मौजूद थे।

——————-

02.उप मुख्यमंत्री  अरूण साव ने किया ग्राम कोरर में मावा मोदोल लाइब्रेरी का शुभारंभ।

—प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम कोरर में मावा मोदोल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। उक्त 75 सीटर लाइब्रेरी में चार बैच में 300 छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं- जैसे लोक सेवा आयोग, व्यापम, शिक्षक, वन विभाग, पुलिस विभाग इत्यादि की तैयारी कर सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा लाइब्रेरी के लिए निःशुल्क पाठ्य सामग्री, फर्नीचर, बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा के लिए सीसी टीव्ही, वाई-फाईयुक्त परिसर और डिजिटल क्लास रूम की व्यवस्था की जा रही है। लाइब्रेरी के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बच्चों से संवाद कर बेहतर भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा मुकाम हासिल कर जिले व राज्य का नाम रौशन करने के लिए प्रेरित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लाईब्रेरी के विजिर्ट्स रजिस्टर में अपना हस्ताक्षर भी किया। इस अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग, विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मंडावी, विधायक कांकेर आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर जीडी वाहिले सहित जनप्रतिनिधिगण व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद थे।

——————-

03.बस्तर के आदिवासियों की चिंता केंद्र और राज्य दोनों सरकारें कर रहीं : उप मुख्यमंत्री श्री साव। जिले के प्रभारी मंत्री ने ग्राम हाटकोंदल में दी 7.32 करोड़ रुपए के 04 निर्माण कार्यों की सौगात।

— प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर जिलेवासियों को सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने भानुप्रतापपुर ब्लॉक के ग्राम कोरर में मावा मोदोल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने ग्राम हाटकोंदल में क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित 03 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं 01 निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर ग्रामीणों को सौगातें दीं। इस अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम प्रमुख रूप से उपस्थित थे। ग्राम हाटकोंदल के हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि यहां के विद्यार्थियों को सर्वसुविधायुक नवीन स्कूल भवन की सुविधा मिली है, जिससे वे बेहतर माहौल में शिक्षा ग्रहण कर देश-दुनिया में अपना भविष्य संवार सकें। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को तीज पर्व और गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी समय में माओवाद का गढ़ कहलाने वाला बस्तर अब सतत् विकास की दिशा में बढ़ रहा है। यहां के आदिवासियों की चिंता राज्य के विष्णुदेव साय की सरकार ही नहीं, अपितु केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार भी कर रही है और बस्तर में शांति स्थापित करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय सरपंच की मांग पर ग्राम हाटकोंदल से भीरावाही मार्ग पर छोकरा नाला में पुल निर्माण की घोषणा की, साथ ही ग्राम हाटकोंदल में रंगमंच निर्माण के लिए पांच लाख रुपए प्रदाय करने की भी घोषणा किया। उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने हाटकोंदल में 07 करोड़ 32 लाख 93 हजार रुपए के 04 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, इनमें 04 करोड़ 60 लाख 54 हजार रुपए के तीन निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 02 करोड़ 72 लाख 93 हजार रुपए के एक निर्माण कार्य का भूमिपूजन सम्मिलित है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव ने दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम आमाकड़ा में 01 करोड़ 62 लाख 76 हजार रुपए की लागत से 50 सीटर आदिवासी कन्या आश्रम के निर्माण कार्य तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटकोंदल में 01 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपए से निर्मित स्कूल भवन तथा जाड़ेकुर्से नाला पर 01 करोड़ 76 लाख 85 हजार रुपए की लागत से निर्मित उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने कंगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय दुर्गुकोंदल में राशि 02 करोड़ 72 लाख 39 हजार रुपए की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरयुक्त छात्रावास भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी सहित कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया तथा ग्रामीणों को बधाई दी व बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, एसडीओपी एवं प्रशिक्षु आईपीएस आकाश, एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा, एसडीएम भानुप्रतापपुर जीडी वाहिले सहित काफी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और ग्रामीण मौजूद थे।

——————-

04.प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु तृतीय प्रतीक्षा सूची की काउंसिलिंग 29 एवं 30 अगस्त को।

—नवीन प्रयास आवासीय विद्यालय जिला राजनांदगांव एवं बलरामपुर में शिक्षण सत्र-2025-26 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों की वर्गवार मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची आदिवासी विकास विभाग की वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर अपलोड की गई है। सहायक आयुक्त से प्राप्त जानकारी अनुसार तृतीय प्रतीक्षा सूची में दर्शित विद्यार्थी प्रयास बालक आवासीय विद्यालय सड्डू उरकुरा मार्ग व्ही.आई.पी. सीटी कॉलोनी के सामने रायपुर में काउसिंलिंग किया जाएगा, इसके लिए काउसिंलिंग तिथि 29 एवं 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सायं 05 तक उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह (पीव्हीटीजी) और अनुसूचित जाति वर्ग की बालक एवं बालिकाएं का काउंसिंलिंग 29 अगस्त को तथा अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की बालक-बालिकाओं की काउंसिलिग 30 अगस्त को किया जाएगा। काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आना अनिवार्य है। विद्यार्थी का प्रवेश पत्र, सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी निवास एवं स्थायी जाति प्रमाण पत्र, वर्ष 2024-25 में कक्षा 8वीं प्रथम श्रेणी मे उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, यदि परिवार नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित है तो इस आशय का संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र, शाला स्थानांतरण या शाला छोड़ने का प्रमाण पत्र, विद्यार्थी का मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र, सिकल से जांच प्रमाण पत्र के साथ 02 रंगीन पासपोर्ट साईज फोटो लाना होगा। मेरिट सूची में दर्शित विद्यार्थी के साथ एक अभिभावक, पालक को काउंसिलिंग स्थल में प्रवेश की पात्रता होगी। निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में रिक्त सीट के आधार पर संस्था आबंटित की जाएगी।

——————-

05.आश्रम-छात्रावासों हेतु चयनित नगर सेना महिला अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग 01 सितम्बर से।

—जिले में महिला आश्रम-छात्रावासों में नगर सेना में चयनित महिला अभ्यर्थियों को जिला सेनानी कार्यालय में 01 से 10 सितम्बर तक ज्वाइनिंग लिया जाएगा। इस संबंध में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि ज्वाइनिंग के समय अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र की मूल प्रति एवं एक सेट छायाप्रति लेकर उपस्थित होना अनिवार्य है। साथ ही चिकित्सकीय प्रशिक्षण एवं पुलिस चरित्र सत्यापन के समय अयोग्य पाए जाने पर सेवा से पृथक कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी को अपने साथ शपथ पत्र भी लाना अनिवार्य होगा।

——————-

06.जिला स्तर पर खेल दिवस का आयोजन 29 अगस्त को।

—खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तर पर खेल दिवस का आयोजन 29 अगस्त को दोपहर 01 बजे से शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया जाएगा। उक्त आयोजन में जिले के खेल संघ के पदाधिकारीगण, खिलाड़ियों तथा जिला मुख्यालय के सभी स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। खेल दिवस के अवसर पर हॉकी, फुटबॉल एवं बैडमिंटन इत्यादि खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

——————-

07.सोलर तकनीशियन कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 27 अगस्त को।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने एवं उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार से जोड़ने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30 सीटों में सोलर पैनल इंस्टालेशन तकनीशियन (सूर्यमित्र) में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। केन्द्र सरकार के द्वारा ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत् 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली प्रदाय करने की योजना है, जिससे सोलर पैनल तकनीशियन कोर्स में रोजगार एवं स्व-रोजगार की संभावना बढ़ गई है।लाइवलीहुड कॉलेज के परियोजना अधिकारी ने बताया कि रोजगार एवं स्व-रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने के लिए यह प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिये 27 अगस्त को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

——————-

08. जिले में अब तक 10564 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
—जिले में 01 जून से अब तक कुल 10564.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा दुर्गूकांदल तहसील में 1292.6 मिलीमीटर तथा सबसे कम कांकेर तहसील में 642.3 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर तहसील में 1231.4 मिलीमीटर, चारामा़ में 840.7 मिमी., अंतागढ़ में 1072.8, पखांजूर में 830, नरहरपुर में 688.2, सरोना में 649.4, आमाबेड़ा में 1143., कोयलीबेड़ा में 1188.4 और बांदे में 985.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में भानुप्रतापपुर तहसील में सबसे अधिक 43.5 मिलीमीटर और कांकेर तहसील में सबसे कम 7.5 मिलीमीटर वर्षा आंकी गई है।

——————-

09. सड़क सुरक्षा जीवन सुरक्षा के विकास खण्ड कांकेर स्तरीय वाद विवाद प्रतियोगिता में विकास खण्ड से तेरह स्कूल से 130 बच्चे अपने प्रभारी शिक्षक के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी कांकेर केजू राम सिन्हा, सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी व नोडल दीपक ठाकुर, सहायक नोडल देव करण भास्कर, जिला नोडल एपीसी पुष्पांजलि ठाकुर, के साथ जिले के यातायात प्रभारी दीपक साव ने भी अपना बहुमूल्य समय दिया, और उपस्थित सभी को यातायात के नियमों से अवगत कराया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक गण प्राचार्य हायर सेकंडरी मूरडोंगरी हरीश साहू, प्राचार्य हाई स्कूल माकड़ी राजेश सिंह देव, प्राचार्य हाई स्कूल इरादाह गुरुवर रहे। पंजीयन प्रभारी व्याख्याता हाई स्कूल कोकानपुर चंद्र शेखर महलवार व संकुल समन्वयक रोमन जैन रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमेंद्र साहसी संकुल समन्वयक सिदेसर व व्याख्याता आर बी दादरा ने किया ।

——————-

10.तीजा पर्व एवं गणेश चतुर्थी को देखते हुए आज  25 अगस्त  को थाना कांकेर से ऊपर नीचे रोड तक यातायात पार्किंग एवं नाली निर्माण कार्य देखा गया शहर के व्यापारी बंधु को अपील की गई है कि अपने ग्राहकों को सही तरीके से वाहन लगवाने साथ ही साथ अपने स्वयं के वाहन को बस स्टैंड के पीछे लगाने समझाइए दिया गया एवं शहर की व्यवस्था अच्छी रहे इस हेतु घड़ी चौक की ओर से आने वाली सभी छोटी बड़ी वाहन सेन चौक से बरदेभाटा ज्ञानी चौक होकर शहर के अंदर आएगी एवं ज्ञानी चौक से आने वाले सभी छोटी-बड़ी वाहन मैं बस स्टैंड पुराना बस स्टैंड बस स्टैंड मस्जिद चौक होते हुए ऊपर नीचे रोड की ओर आगे निकलेगी l

——————-

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————-

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 11 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *