
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
11 अगस्त 2025 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
—————-
संपादकीय
नो कमेंट बोलिये…..
निंदा सिर्फ महिलाएं ही नहीं करती,वरन कई पुरूष भी निंदा में लगे होते हैं। पान ठेले,खोमचे पुरूषों के वे सेंटर हैं,जहां से नगर की अमूमन खबरें बगैर किसी मीडिया के मिल जाया करती है। चाय की चुस्की के साथ में ना जाने तमाम किस्से यहां सुने जा सकते हैं। राजनीतिक टीका टिप्पणियां, कौन से नेता कैसा सलूक कर रहे हैं, कौन से अधिकारी मृदुभाषी हैं,काम करते हैं,तो कुछ काम नहीं करते यहां से जाना जा सकता है। ऐसी बात नहीं कि यदि लोग निंदा कर रहे हैं, तो वे गलत हैं,वरन ऐसे ऐसे लोग हैं,जो इसलिए निंदा करते हैं,कि उनकी दमदारी इनका महत्व कम कर देती है। संभवतया कुछ लोगों की आदत होती है, कि वे दूसरों की निंदा करें तो इनका महत्व बढे। लेकिन दरअसल ऐसा कुछ होता नहीं है। देर सवेर जिनके बारे में निंदा की जाती है,पहूंचती है तो आपका सम्मान सदैव के लिए खत्म हो जाता है। इसलिए यदि किसी के प्रशंसा के लिए शब्द नहीं है तो बुरे शब्द भी ना निकालिये। निंदा कहानी शुरू होने से पहले ही इंग्लिश में नो कमेंट्स….जैसे शब्द होने चाहिए। ताकि आपके बुरे शब्द किसी को आहत ना करे।
-मनोज जायसवाल
————–
01.कांकेर से रायपुर की ओर जा रही यात्री बस क्रमांक सीजी 19 एफ 2277 जो आज अलसुबह 4 बजे ग्राम कोचवाही में राजमार्ग से लगे हिरवानी कृषि केंद्र दुकान में घुस गयी। इस टक्कर में घर के बाहर खडी ट्रेक्टर एवं ट्राली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। बस का आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इस वक्त गहरी नींद में लोग सो रहे थे, आवाज पर उठे। बस में बैठे एक व्यक्ति के चोटिल होने तथा सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की खबर है।
—————-
विशेष-
सावधान! पुलिस सामने है…..
गत दिनों लखनपुरी में पेट्रोल पंप के पास राजमार्ग 30 में उडीसा के एक युवक की किसी बडी वाहन की ठोकर से स्पाट पर मौत हो गई थी। यहां के सीसीटीवी में चित्र स्पष्ट नहीं हो रहा था। चारामा पुलिस की मुस्तैदी कि तत्काल चारामा से आगे टोल नाके पर सीसीटीवी खंगाला गया जहां उक्त ट्रक पकड में आ गया,जिस पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई। ऐसी जानकारी लोगों के लोकप्रिय पोर्टल ”सशक्त पथ संवाद” को मिली। निश्चित ही आए दिन इस प्रकार के हादसों पर चारामा पुलिस की सख्त कार्रवाई से लोगों में लोगों में कई गुना विश्वास जगा है। जिले में गत दिनों रामवाटिका में हुई घटना पर आरोपियों को त्वरित गिरप्तार कर जेल दाखिल किया गया। इस तरह अब तो चारामा नगर,लखनपुरी में भी पुलिस द्वारा प्रत्येक वार्ड में हिंदु देवी देवताओं मंदिरों की सुरक्षा हेतु लोगों के बीच जाकर बैठक कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात में तत्पर दिखायी दे रही है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा पर पुलिस की इस तरह सरोकार को अच्छा कदम बताया है और सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए उम्दा कदम बताया है।
—————-
02.हाथ में रखे लोहे के चाकू को हवा में लहराते हुये धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार।
—मामले संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 11अगस्त को जरिये मुखबीर सूचना मिला कि उपर नीचे रोड माहुरबंदपारा कांकेर के पास एक व्यक्ति आने जाने वाले लोगो को मां बहन की अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुये अपने हाथ में रखे लोहे के चाकू को हवा में लहराते हुये धमकी दे रहा है कि सूचना पर हमराह पेट्रोलिंग पार्टी के साथ रवाना होकर उपर नीचे रोड माहुरबंदपारा कांकेर के पास पहुंचकर घेराबंदी कर एक व्यक्ति को लोहे के चाकू के साथ पकड़े आरोपी कृत्य धारा 296, 351 (2), बीएनएस, 25, 27 आम्र्स एक्ट का पाये जाने पर थाना-कांकेर में अपराध के 278/2025 धारा-296, 351(2), बीएनएस, 25, 27 आम्र्स एक्ट, कायम का विवेचना में लिया गया विवेचना के दौरान त्वारित कार्यवाही करते हुऐ कांकेर पुलिस ने आरोपी सौरभ सारथी पिता स्व.गन्ना राम सारथी उम्र 27 वर्ष निवासी संजय नगर कांकेर थाना जिला उत्तर बस्तर कांकेर को उपर नीचे रोड माहुरबंदपारा कांकेर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कांकेर में न्यायिक अभिरक्षा हेतु पेश कर जेल दाखिल किया गया सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में प्रआर.कौशल साहू प्रआर.फलेश्वर कुदराम एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग पार्टी का अहम भूमिका रहा है।
चित्र—चाकू लहराते आरोपी का वह चित्र जो तेजी से वायरल हुआ था।
चित्र—पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते अल्प समय में आरोपी को तत्काल गिरप्तार किया।
————–
03.श्रीराम वनगमन पथ राम वाटिका नाथियानवागांव कांकेर में हिन्दु देवी देवताओ के मूर्तियो के साथ घोर आप्पति जनक कृत्य करते हुये वीडियो बनाकर सोशल मिडिया में वायरल करने वाले 01 विधि से संघर्षरत बालक एवं 05 आरोपियों को कांकेर पुलिस ने तत्काल किया गिरफ्तार। लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी की तारीफ की।
— पुलिस जानकारी मुताबिक मामले संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी अखिलेश मिश्रा पिता दिनेश प्रसाद मिश्रा उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम मरकाटोला फतेचंद जिला कांकेर ने थाना आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 10.08.25 को सोशल मिडिया में कुछ असामजिक तत्वों के द्वारा श्री राम वनगमन पथ राम वाटिका नाथियानवागांव कांकेर में हिन्दु देवी देवताओ के मूर्तियो के साथ घोर आप्पति जनक कृत्य करते हुये विडियो बनाकर सोशल मिडिया में वायरल किया गया था जिससे हिन्दू देवी देवताओ का अपमान हुआ है और हिन्दू धर्म मानने वालो की भावनाओ को ठेस पहुंचा है कि प्रार्थी के लिखित शिकायत पर से थाना कांकेर में अपराध क्रमांक धारा 196,298,299,302,3 (5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उ.म.नि./वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के.एलिसेला (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पताशाजी एवं गिरफ्तारी हेतु फरसगांव,कोंडागांव के लिए टीम रवाना किया गया। जो कोण्डागांव एवं कांकेर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की 01 विधि से संघर्षरत बालक एवं आरोपीगण 1.संजू मरकाम पिता हिरामन मरकाम उम्र 21 वर्ष, 2. शिललाल कोर्राम पिता साधूराम कोर्राम उम्र 26 वर्ष, 3.लोचन कुमार चक्रधारी पिता सरवन सिंह चक्रधारी उम्र 25 वर्ष, 4.महेश कोर्राम पिता गैदी कोर्राम उम्र 26 वर्ष,सभी निवासी मांझापारा आलोर थाना फरसगांव जिला कोण्डागांव को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कांकेर में न्यायिक अभिरक्षा हेतु पेश कर किया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक रामकुमार साव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी प्रआर.ओमप्रकाश कृषान, आर.शाक्ति सिंह एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग पार्टी का अहम भूमिका रहा है।
चित्र—चारों आरोपियों को जेल दाखिल करते कांकेर पुलिस।
————–
04.स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन 14 अगस्त को।
—प्रतिवर्ष की भॉति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को प्रातः 07 बजे से शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इस दौड़ में जिला मुख्यालय के सभी स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, मीडिया प्रतिनिधि के अलावा गणमान्य नागरिक और आम-जनता भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि दौड़ का आयोजन शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए ऊपर-नीचे रोड, भारतीय स्टेट बैंक, गिल्ली चौक, पुराना बस स्टैण्ड, शासकीय कोमलदेव जिला चिकित्सालय के पास जय स्तंभ चौक से पुनः वापस होकर शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में समाप्त होगी।खेल अधिकारी ने बताया कि उक्त स्वतंत्रता दौड़ जिला मुख्यालय के विभिन्न विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छा़त्राएं, एनसीसी कैडेट, स्काउट गाइड कैडेट, एनएसएस के छात्र-छात्राओं को शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में सुबह 07 बजे के पूर्व उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
—————-
05.औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश हेतु पंजीयन प्रारंभ।
— जिले के समस्त औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में सत्र अगस्त 2025-26 एक वर्षीय पाठ्यक्रम एवं वर्ष 2025-27 द्वि वर्षीय व्यवसायों में प्रवेश के लिए संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण के विभागीय वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in के ऑनलाईन आवेदन 2025 पर क्लिक कर अपना पंजीयन एवं प्रवेश के लिए व्यवसाय का चयन कर सकते हैं। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर के प्राचार्य ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि 12 अगस्त से 16 अगस्त 2025 तक निर्धारित की गई है। आवेदकों के पंजीयन के लिये वेबसाइट पर यूजर मैन्युअल दिया गया है, जिसका अवलोकन किया जा सकता है।
—————-
06.स्वतंत्रता दिवस समारोह कांकेर में सांसद श्री नाग करेंगे ध्वजारोहण।
— राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह कांकेर में लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण पश्चात उनके द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा।
—————-
07.मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान की पहली सफलता- नगर सेना भर्ती परीक्षा में 30 बालिकाओं का हुआ चयन। जिले में कुल 70 पदों में से 30 पदों पर मावा मोदोल की बालिकाएं हुईं चयनित। मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर में द्वितीय चरण में प्रवेश हेतु स्क्रीनिंग टेस्ट 17 अगस्त को होगी आयोजित।
—जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय कांकेर में प्रारंभ किये गये मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान नवम्बर 2024 से डाईट कांकेर एवं बीआरसी भवन कांकेर में प्रारंभ किया गया था जिसे नवीन भवन कचहरी प्रांगण कांकेर में शिफ्ट किया गया है। इस कोचिंग संस्थान के सुखद परिणाम अब प्राप्त हो रहे हैं, अभी हाल ही में आयोजित नगर सेना चयन परीक्षा में मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान के 30 बालिकाएं चयनित हुईं हैं। चयनित छात्राओं के अथक प्रयास से ही यह संभव हो पाया है। मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान द्वारा चयनित छात्र-छात्राओं को प्रारंभ से ही लिखित परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। मावा मोदोल कोचिंग संस्थान के साथ ही साथ सेन्ट्रल लाइब्रेरी में भी निःशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि बच्चे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर सकें। चयनित बालिकाएं आर्थिक रूप से कमजोर एवं किसान परिवार से हैं, मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान भानुप्रतापपुर से 06 बालिका तथा मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर से 24 बालिकाएं चयनित हुए हैं। अनारक्षित वर्ग से 05 छात्राएँ क्रमशः- सुश्री साक्षी शुक्ला, रूचि रामटेके, रेखा नेताम, हेमा निषाद, पल्लवी जुर्री, अन्य पिछड़ा वर्ग से 01 छात्रा सुश्री युगेश्वरी, एससी संवर्ग से 03 छात्रा आरती बघेल, मेघा बघेल, अमिता गायकवाड तथा एसटी संवर्ग से 21 छात्राएं- सुश्री थानेश्वरी, टिकेश्वरी, उपासना मरकाम, बम्लेश्वरी, कविता कोला, दामिनि तारम, यास्मीन सलाम, मेघा कोर्राम, उपासना तारम, ममता भुवार्य, गीता कोरेटी, ममता कोरेटी, अरूणा कतलाम, सुभाषिनी सलाम, गीतांजली नेताम, पवित्रा नेताम, निकीता, रेवती नेताम, रजंतीन नेताम का चयन हुआ है। मावा मोदोल के छात्रों के इस उपलब्धि पर कलेक्टर कांकेर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने चयनित बालिकाओं एवं उनके पालकों को बधाई देते हुए कहा कि यह आपके जीवन की अंतिम परीक्षा नहीं है, सतत् प्रयास करते रहें। सेवा के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी करते रहें और उच्च पदों पर आसीन होकर अपने माता-पिता, अपने गांव और अपने जिले का नाम रौशन करें।जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने कहा कि नगर सेना चयन परीक्षा में चयनित छात्रों ने ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त किया है, अब रोजगार की प्राप्ति होने से ये अपने घर परिवार का पालन पोषण भी आसानी से कर सकेंगे, भविष्य के लिए शुभकामनायें। चयनित बालिकाओं ने जिला प्रशासन कांकेर को धन्यवाद ज्ञापित किया है। चयनित छात्राओं ने कहा कि यह हमारी प्रारंभिक प्रगति है, हम अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी मावा मोदोल में कर रहे हैं, आगे भी हम उच्च पदों के लिए चयन हेतु प्रयास करेंगे, जिला प्रशासन कांकेर को धन्यवाद। जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने बताया कि मावा मोदोल निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग संस्थान में वर्तमान में सीजी पीएससी परीक्षा हेतु 100 छात्र तथा पुलिस भर्ती परीक्षा जो माह सितम्बर में आयोजित होगा, उसके लिए 65 प्रतिभागी तैयारी कर रहे हैं। मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर में भी 200 सीट का अध्यापन कक्ष उपलब्ध है। माह सितम्बर 2025 में इसे बढ़ाकर 300 सीट कर दिया जावेगा इसके लिए कक्ष भी तैयार हो चुके हैं। मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान में प्रवेश हेतु स्क्रीनिंग टेस्ट दिनांक 17 अगस्त दिन रविवार को जिला मुख्यालय में चार परीक्षा केन्द्रों में आयोजित किया जाएगा चयनित छात्रों को मावा मोदोल प्रतियोगी परीक्षा निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर में प्रवेश देने की कार्यवाही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निःशुल्क कोचिंग संस्थान में प्रवेश लेने के लिए 03 हजार से अधिक छात्र पंजीकृत हो चुके हैं, यह संख्या 04 हजार तक जा सकती है। निःशुल्क कोचिंग संस्थान में प्रवेश चाहने वाले छात्रों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट का आयोजन 17 अगस्त 2025 को प्रातः 11 बजे से 01 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए चार परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, जिसमें शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट विद्यालय कांकेर, जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान कांकेर, मावा मोदोल परीक्षा केन्द्र कचहरी प्रांगण कांकेर तथा शासकीय शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस परीक्षा केन्द्र में भाग लेने वाले इच्छुक छात्र गुगल लिंक एवं जारी बार कोड के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। 14 अगस्त 2025 को सभी पंजीकृत प्रतिभागियों के ईमेल में रोल नम्बर जारी कर परीक्षा केन्द्र की जानकारी दी जाएगी। स्क्रीनिंग टेस्ट में चयनित छात्र अपने साथ आधार कार्ड एवं बाल पेन के साथ उपस्थित होंगे अन्य प्रतियोगी परीक्षा के तर्ज पर ही यह स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा तथा इसका रिजल्ट भी तत्काल जारी कर दिया जावेगा। मेरिट के आधार पर मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग हेतु छात्र-छात्राओं का चयन होगा। चयनित छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग के पश्चात मावा मोदोल कोचिंग में प्रवेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर स्क्रीनिंग टेस्ट में भाग लेवें।
—————-
08.प्राकृतिक आपदा पीड़ित दो परिवारों को 08 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।
—कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए तालाब और गड्ढे में डूबने से मृत्यु होने के दो प्रकरण में उनके निकटतम आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपये की मान से 08 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। कलेक्टर द्वारा 25 वर्षीय प्रीतम उईके की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम वारिस भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम सेलेगांव निवासी कीर्तन उईके और श्रीमती केशरबाई के लिए चार लाख रूपए तथा आमाबेड़ा तहसील के ग्राम बड़ेतेवड़ा निवासी 55 वर्षीय श्रीमती बजायबाई मंडावी की गड्ढे में गिरकर डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित रामसिंह के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
—————-
09. दुर्गूकोंदल, 10 अगस्त 2025: विकासखंड दुर्गूकोंदल में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी को लेकर एक अभिनव पहल शुरू की गई है। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, और राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और चयन संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक प्राथमिक और माध्यमिक शाला में एक विशेष कालखंड निर्धारित किया गया है। इस पहल का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी एस. पी. कोसरे, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी, और खंड स्रोत समन्वयक लतीफ द्वारा किया जा रहा है।
—————-
10.मुड़ा क्षेत्र डुडुम्बहारा गोंडवाना समाज नरहरपुर के तत्वावधान में ग्राम भनसुली में विश्व आदिवासी दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
—इस अवसर पर गोंडवाना समाज के हजारों समाजजन देवी-देवताओं के साथ कलश रैली में शामिल हुए। रैली के पश्चात समाज प्रमुखों की अगुवाई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रकृति शक्ति, पेन पुरखा, बुढ़ादेव तथा ग्राम की शीतला माता की सेवा-अर्जी की गई। कार्यक्रम में युवाओं द्वारा मांदरी नृत्य, धुल्की नृत्य, रेला नृत्य और डाडा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता सरजू शोरी ने समाजजनों को संबोधित करते हुए विश्व आदिवासी दिवस का महत्व बताया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश की प्रगति में आदिवासी समाज के योगदान को रेखांकित किया तथा शहीद भगवान बिरसा मुंडा जी, वीर शहीद गुंडाधुर जी जैसे समाज जननायकों के बलिदान को याद किया। साथ ही उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, आदिवासी समाज के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया। अपने संबोधन में श्री शोरी ने शिक्षा, नशामुक्ति, एकता और संस्कृति संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम सहित आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की और समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग व संगठित रहने का आह्वान किया। आयोजन में आदिवासी समाज की एकता और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष गोंडवाना समाज क्षेत्र डुडुम्बहरा रामलाल कावडे, उपाध्यक्ष शंकर शोरी, कोषाध्यक्ष गंदेव टेकाम, सचिव सुमितराम शोरी, संरक्षक गंगाराम कोडोपी, सहसचिव सिमान्त मण्डावी, सलहकार रामचंद मण्डावी, रोहिदास शोरी, हलाल राम नेताम, जोहिर राम शोरी, रवि कुंजाम, जनपद सदस्य मोनिका नेताम, जनपद सदस्य रीना नेताम, गिरजा नेताम सरपंच दबेना, मिना कुंजाम सरपंच भनसुली, कचरी बाई नेताम सरपंच कुरालठेमली, पियारबती नेताम सरपंच धौराभठा, शेखर सलाम युवा नेता, महिपाल वट्टी युवा नेता, रवि कुंजाम, मनीराम सिन्हा आदि समाज जन उपस्थित थे।
वीडियो—नरहरपुर क्षेत्र के डुडूमबहरा में पूरे धूमधाम से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस।
—————-
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————