———————–
संपादकीय-
‘खुद सामाजिक बहिष्कृत हो तब पता चलेगा’
-समय चक्र का पहिया घुमता है, जब अदालत की कुर्सी पर बैठकर फैसला सुनाने वाली पूर्व जज गिरिबाला सिंह सेंट्रल जेल में एक कैदी के रूप में नाम दर्ज हो गया है। कहा जाता है कि समय पडने पर जज को भी वकील करने पड जाते है, कहावत चरितार्थ हो गई है। इनके ही फैसलों से कई अभी भी जेल में होंगे, लेकिन कृत्य के चलते खुद जेल चली गई है।”समाज” में ठीक ऐसा ही हाल अब उन समाजसेवियों की होने जा रही है। सामाजिक सत्ता के चुनाव में जीत जाने के बाद समाज के दूसरे लोगों को तुच्छ और अपने को प्रभावशाली मान कर सत्ता से सांठगांठ करते हवा में उडने वालों की जो खुद के समाज के अंतिम व्यक्ति का जब कोई सामाजिक केस होता है,तो उसे तरह-तरह की ज्ञान देते सामाजिक रूप से विच्छेद कर दिया जाता है।
कई बार ”समाज” के अंदर इस प्रकार सामाजिक विच्छेद के चलते लोगे आत्महत्याएं तक कर चुके हैं। तो कई बार अपने को बडे समाजसेवी कहलाने वाले भी जेल की हवा भी खा चुके हैं। सामाजिक ढांचा आज व्यवहारिक रूप से संचालित है। समाज में किसी व्यक्ति विशेष को विच्छेद के नाम बाहर करते समय लिख कर भी नहीं दिया जाता। बावजूद इसके लोग जागरूक होते हैं,तो बगैर लिखे भी अपनी लडाई जारी रख उन्हें जेल में पहूंचाने काफी होता है।और वैसे भी जिस प्रकार से एकपक्षीय कार्रवाई करते जागरूक लोगों पर समाज के नियम कानून की दुहाई देते हुए सामाजिक रूप से बहिष्किृत किया जाता है,तो समय आने वाले उस समाजसेवी का भी यही हश्र किया जाना चाहिए। जब वो वित्तीय अनियमितता,सामाजिक केस में फंसा हो तो उनके लिए भी यही सजा होना चाहिए। तब समझ में आए कि सामाजिक बहिष्किृत होने का दर्द कैसा होता है? अपने को बडे अमीरी समझने वाले तो सबसे बडा ही गरीब होता है,क्योंकि अंतिम व्यक्ति तो अपने मेहनत का ही खाता है,पर ये कुछ लोग समाज में किसी के दुःख दर्द से कहराते हुए की स्थिति में दंड के नाम पैसे उगाही में लगे होते हैं।
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
03 जून 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01. ग्राम हिदूर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 03 नग टिफिन IED बरामद। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित करते हुए IED बरामद ।
— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के निर्देशन में , दीपक तिवारी, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर, निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं अरूण सिंह गंगवार सेनानी 83वीं वाहिनी बीएसएफ पखांजूर के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा संचालित अभियान के दौरान 03 नग टिफिन IED लगभग 03-03 कि० ग्रा० बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आज दिनांक 03.06.2026 को थाना छोटेबेठिया जिला कांकेर ग्राम हिदुर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा 03 नग टिफिन IED लगभग 03-03 कि०ग्रा० बरामद किया गया। बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।
———————–
02. कांकेर जिले में नरेगा और ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान से संवर रही ग्रामीण अंचलों की सूरत आजीविका डबरी निर्माण में कांकेर जिला प्रदेश में अव्वल

—आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के ग्रामीण अंचलों में पर्यावरण और जल संरक्षण की दिशा में हुए अभूतपूर्व कार्यों को रेखांकित किया जाएगा। राज्य शासन की मंशानुसार कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण और ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के तहत जल संरक्षण व वृक्षारोपण किया जा रहा है।इसके तहत विगत वर्ष जिले के शासकीय परिसरों, तालाबों के बंड (मेड़) और मुख्य सड़कों के किनारों पर व्यापक स्तर पर फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया था। इस बार प्रशासन द्वारा केवल पौधे लगाने पर ही नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने की दर (survival Rate) को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। जिले में स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के महिलाओं के निजी भूमि पर आजीविका डबरी में फलदार पौधों (जैसे आम, अमरूद, जामुन) के रोपण के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आमदनी में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर को सुधारने और पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने के लिए चलाया जा रहा ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान जिले के लिए वरदान साबित हो रहा है। ग्राम पंचायतों में मनरेगा और अन्य योजनाओं के सहयोग से कुल 11495 भूमिगत जल स्तर को बढ़ाने के लिए संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इसमें गौरव की बात यह है कि जिले में 2,597 आजीविका डबरी का निर्माण किया गया है, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक (शीर्ष) है। इसके अलावा जल संरक्षण से संबंधित निर्मित संरचनाओं में मुख्य रूप से शामिल हैं, जिसमें मिनी परकोलेशन टैंक, नया तालाब निर्माण, तालाब गहरीकरण, ब्रशवुड निर्माण, लूज बोल्डर, चेक डैम निर्माण, गैबियन स्ट्रक्चर, अर्दन डेम, सोक पिट, रिचार्ज पिट, परकोलेशन टैंक तथा जल संरक्षण से संबंधित अन्य कार्य शामिल हैं। ये सभी संरचनाएं स्थानीय किसानों को सुरक्षित सिंचाई प्रदान करके उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग कर रही हैं।इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि मनरेगा और मोर गांव, मोर पानी अभियान केवल रोजगार देने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये हमारे गांवों को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति सुरक्षित बनाने की नींव हैं। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के इस मौके पर लोगों से अधिक से अधिक पौधे रोपण किए जाने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-भागीदारी और मजबूत हो सके।
———————
03.असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 04 जून को।
—जिले के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार स्व-रोजगार से जोड़कर उन्हंे सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30 सीटों में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है।सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिये 04 जून को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
————————
04. रोजगार मेला का आयोजन 08 जून को
— जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 08 जून को सुबह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 242 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त रोजगार मेला में सिक्युरिटी गार्ड के 100 पद, असिस्टेंट सुपरवाइजर के 20 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 10, मार्केटिंग एक्सक्यूटिव के 08, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 100, काउंसलर के 01 और टीचर के 03 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला में उपस्थित होकर या ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
05. मुख्यमंत्री श्री साय ने मछुआ कल्याण बोर्ड के दिवंगत अध्यक्ष श्री मटियारा के निवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मुलाकात कर व्यक्त की गहरी संवेदना

— मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कांकेर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के दिवंगत अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) स्वर्गीय भरत मटियारा के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस कठिन समय में परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय मटियारा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री मटियारा का जीवन समाजसेवा, जनकल्याण और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने मत्स्यपालक समुदाय सहित समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। श्री मटियारा के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी, कर्मठ और जनप्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है।मुख्यमंत्री ने परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि स्वर्गीय श्री मटियारा ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। वे सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे तथा सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े रहे। उनके कार्य और विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।उल्लेखनीय है कि 63 वर्षीय स्वर्गीय श्री मटियारा का गत 17 मई को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। वे कांकेर जिले सहित प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। वे छत्तीसगढ़ प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के दो बार अध्यक्ष रहते हुए मछुआरा समुदाय के कल्याण एवं आजीविका संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। इससे पूर्व वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में भी राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। इस अवसर पर अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
————————
06. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महावीर सिंह राठौर को दी श्रद्धांजलि, कांकेर पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मिले मुख्यमंत्री, कहा— प्रदेश ने एक दूरदर्शी और जनसेवी नेतृत्व खोया
-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत अपने बस्तर प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय कांकेर पहुंचकर नगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित नागरिक स्वर्गीय श्री महावीर सिंह राठौर को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कांकेर शहर के श्रीराम नगर स्थित उनके निवास पहुंचकर दिवंगत राठौर के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत श्री राठौर के पुत्र राजकुमार एवं अनूप सिंह राठौर सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें इसे कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय महावीर सिंह राठौर का निधन केवल कांकेर जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री महावीर राठौर ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज, सहकारिता, व्यापार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। वे ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने सदैव समाजहित को सर्वोपरि रखा। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और संगठन क्षमता का लाभ प्रदेश को लंबे समय तक मिलता रहा और उनकी भूमिका सदैव अविस्मरणीय रहेगी।सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका को सदैव स्मरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कांकेर शहर के वरिष्ठ नागरिक, प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं अपेक्स बैंक के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय महावीर सिंह राठौर का 14 मई 2026 को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सहकारिता, सामाजिक सेवा तथा व्यापार जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई।
————————
07. रूद्र सेना छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार, नई टीम की घोषणा। कांकेर के गणेश तिवारी बनाये गये प्रदेश महामंत्री।

—रूद्र को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने और सामाजि सेना छत्तीसगढ़ राज्य ने संगठनक, सांस्कृतिक तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की है। संगठन द्वारा जारी सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। नई नियुक्तियों के साथ संगठन ने आगामी दिनों में प्रदेशव्यापी विस्तार अभियान चलाने की रणनीति भी तैयार की है।
प्रदेश उपाध्यक्षों को मिली अहम जिम्मेदारी
संगठन द्वारा रायपुर के विपिन प्रसाद तिवारी और रितेश चंद्रवंशी को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अंबिकापुर के अतुल शर्मा, जगदलपुर के नवीन सिंह भदौरिया तथा बलौदाबाजार के राजीव अवस्थी को भी प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। संगठन नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी पदाधिकारी अपने अनुभव और कार्यक्षमता के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
महामंत्रियों को सौंपा गया संगठन विस्तार का दायित्व
कांकेर के गणेश तिवारी को प्रदेश महामंत्री एवं संगठन प्रभारी बनाया गया है। वहीं बिलासपुर के उत्कर्ष सिंह गरेवाल को युवा एवं छात्र संगठन गठन का प्रभारी नियुक्त किया गया है। महिला प्रकोष्ठ संगठन की जिम्मेदारी बबीता ताम्रकार को दी गई है, जबकि महासमुंद के अनुपम त्रिपाठी को सामाजिक संगठन गठन का दायित्व सौंपा गया है। अनामिका यादव को महिला प्रकोष्ठ गठन का सहप्रभारी तथा मयंक हनुमंता को रायपुर संभाग गठन की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन का मानना है कि इन नियुक्तियों से विभिन्न प्रकोष्ठों की गतिविधियों में तेजी आएगी।

प्रदेश मंत्रियों और कार्यकारिणी सदस्यों को मिला प्रतिनिधित्व
प्रदेश मंत्री के रूप में अग्निवेश शर्मा को मीडिया एवं युवा छात्र प्रकोष्ठ गठन की जिम्मेदारी दी गई है। आदित्य ताम्रकार को सामाजिक संगठन गठन का सहप्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा संदीप पाण्डेय, स्वप्निल तिवारी, गायत्री चंदेल, अरविंद तिवारी और हेमलता कश्यप को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कंचन शर्मा, ज्ञानेश्वरी जाधव, सौम्य गुप्ता, भागवतदास माणिकपुरी, पुष्पा सिंह, उर्मिला साहू, चंचल कुशवाहा, किरण सिंह और रोहिणी वर्मा को शामिल किया गया है। संगठन ने विभिन्न क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।
प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर रूद्र सेना छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि समाज सेवा, संस्कृति संरक्षण, राष्ट्रहित और जनजागरण का एक सशक्त अभियान है। नई जिम्मेदारियां पाने वाले सभी पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव लेकर पहुंचेंगे।
आलोक पांडे ने कहा कि रूद्र सेना का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, महिलाओं को सशक्त बनाना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं में निहित है और सभी मिलकर रूद्र सेना को प्रदेश के अग्रणी सामाजिक संगठनों में स्थापित करेंगे।
————————
08. भारतीय सेना के सूबेदार चंद्रशेखर मंडावी हुए सेवानिवृत्त।

-जिला कांकेर के ग्राम गढ़पिछवाड़ी निवासी सूबेदार चंद्रशेखर मंडावी भारतीय सेना की 15 कुमाऊँ रेजिमेंट से 23 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर दिनांक 31 मई 2026 को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए।वर्ष 2003 में भारतीय सेना में भर्ती होने के पश्चात उन्होंने दो वर्षों का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। वर्ष 2005 में उनकी प्रथम नियुक्ति पठानकोट (पंजाब) में हुई। इसके पश्चात उन्होंने देश के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं दुर्गम सैन्य क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उनके सेवा काल की प्रमुख नियुक्तियों में पठानकोट, जम्मू, लेह-लद्दाख, जोधपुर (राजस्थान), श्रीगंगानगर (राजस्थान), डिंजांग (असम), दिल्ली तथा मेरठ (उत्तर प्रदेश) शामिल रहे।
सूबेदार चंद्रशेखर मंडावी ने अपने सैन्य जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम एवं उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के बल पर निरंतर प्रगति की। सेवा के लगभग 14 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने पदोन्नति हेतु आयोजित एचएमटी (HMT) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने पदोन्नति की सीढ़ियां तेजी से तय करते हुए कम आयु में ही सूबेदार जैसे प्रतिष्ठित पद को प्राप्त किया। यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है, क्योंकि उनके साथ सेवा प्रारंभ करने वाले अनेक सैनिक आज भी इस पद तक नहीं पहुंच सके हैं।अपने 23 वर्षीय सैन्य करियर के दौरान उन्होंने राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि रखते हुए हर जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने उत्कृष्ट कार्य, व्यवहार कुशलता एवं नेतृत्व क्षमता के कारण वे अधिकारियों, सहकर्मियों तथा जवानों के बीच सदैव सम्मानित रहे।उनकी सेवानिवृत्ति पर परिवारजनों, इष्ट-मित्रों, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए स्वस्थ, सुखमय एवं सफल द्वितीय जीवन की शुभकामनाएं दी हैं। ग्राम गढ़पिछवाड़ी एवं जिला कांकेर के लिए यह गर्व का विषय है कि क्षेत्र के एक सपूत ने भारतीय सेना में दीर्घकाल तक उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश, प्रदेश एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संघ परिषद, कांकेर द्वारा सूबेदार चंद्रशेखर मंडावी के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों तथा क्षेत्रवासियों ने उनकी गौरवपूर्ण सैन्य सेवाओं की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सूबेदार चंद्रशेखर मंडावी ने 23 वर्षों तक भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देकर राष्ट्र, समाज एवं अपने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
————————
09.पिपरौद के डबरी तालाब में गहरीकरण से ग्रामवासियों को पेयजल के घटते जल स्तर से भी मिलेगी निजात।

-चारामा वि.खं. के लखनपुरी से लगे ग्राम पिपरौद के डबरीपारा में इन दिनों मनरेगा के तहत गहरीकरण कार्य चल रहा है। ग्राम के डबरी तालाब जो कि गांव से लगा हुआ है, गहरीकरण से अब पानी रूकने लगा है,जिसके चलते ग्राम में पेयजल स्तर का सुधरता नजर आ रहा है। यह तालाब अब निस्तारी का मुख्य केंद्र रहेगा। भविष्य में यहां सौंदर्यीकरण किया जाय तो ग्राम के लिए उठने बैठने शांति का मुख्य केंद्र बन सकता है। संतोष मंडावी ने वर्तमान में इस तालाब के अग्रणी स्वरूप की तारीफ की है।
———————–
10.जिले में रबी के धान की 99 प्रतिशत फसल कटाई हुआ पूरा। राशि कम होने से किसानों में नाराजगी। तनाछेदक के चलते कम हुआ उत्पादन।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






