
11 फरवरी 2025 मंगलवार🙏
✍️मनोज जायसवाल
01. नगर की सरकार बनाने चुनाव मतदान आज शांतिपूर्ण एवं पूरे जोश के साथ सम्पन्न हुआ। सर्वाधिक मतदान चारामा नगर पंचायत में हुआ जो मतदाताओं की जागरूकता बयां करती है। अब प्रत्याशियों को परिणाम का इंतजार है,जो 15 फरवरी को मतगणना से स्पष्ट होगी।

02. कांकेर नगर में सभी 21 वार्ड में लोगों ने मतदान करते हुए अपने अधिकार का प्रयोग किया। इस बार यहां चुनाव त्रिकोणीय कहा जा रहा था,लेकिन कांग्रेस के जितेंद्र ठाकुर तथा भाजपा के अरूण कौशिक से सीधा टक्कर रहा। नगर पालिका चुनाव में इतिहास में पहली दफा प्रचार प्रसार के अंतिम रोज इतनी बडी रैली एवं नगर की व्यस्तता देखी। पर लोगों को अतीत के वो चुनाव बिल्कुल याद है, जब नगर के नजीब कुरैशी प्रत्याशी थे,जो काफी लंबी बैलगाडी रैली का आयोजन किया हालांकि तब उन्हें भी हार का सामना करना पडा पर नगर के लोग बैलगाडी यात्रा को आज भी नहीं भूले हैं।
03. शहर की सरकार के बाद अब गांव की सरकार त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार प्रसार जोरों पर है। अन्य पिछडा वर्ग को आरक्षण ना मिला हो पर कई सामान्य सीटों पर वे मैदान में किस्मत आजमा ही नहीं रहे अपितु जबर्दस्त मेहनत भी कर रहे हैं।
04. नगर के प्रत्येक मतदान केन्द्र में बुजुर्ग, निःशक्त, बीमार और कमजोर मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदाता मित्र के तौर पर स्काउट गाईड्स एवं कैडेट्स की तैनाती की गई है। मतदाता मित्रों के द्वारा बुजुर्गों एवं निःशक्त मतदाताओं को व्हीलचेयर पर बिठाकर उन्हें प्राथमिकता के क्रम में मतदान कराया गया। इसके अलावा मतदाता सूची में भाग संख्या, नाम और सरल क्रमांक ढूंढने तथा कतार में लगे मतदाताओं को पानी पिलाने जैसे सेवा के कार्य स्काउट गाईड्स के द्वारा किया गया, जिसकी सराहना मतदाताओं ने भी की। इसके अलावा आदर्श मतदान केन्द्रों में प्रतीक्षालय, सेल्फी जोन, प्राथमिक उपचार केन्द्र सहित विभिन्न प्रकार की व्यवस्था की गई है।

05. नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025 के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने नगर के माहुरबंदपारा वार्ड स्थित आदर्श मतदान केन्द्र में पहुंचकर आज सुबह कतार में लगकर मतदान किया। इस दौरान उनकी पत्नी ने भी पंक्ति में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने शहरी मतदाताओं को पुनः अपनी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग बिना किसी भय, प्रलोभन और निष्पक्षता के साथ करने की अपील की।

06. शरीर की अशक्तता मन की शक्ति को पराजित नहीं कर सकती है। आज यह जज्बा कांकेर शहर के के जवाहर वार्ड की वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती कुंवर बाई ध्रुव ने। लकवा रोग से ग्रसित श्रीमती ध्रुव का शरीर काफी अशक्त और निष्क्रिय है, बावजूद इसके उन्होंने सुबह से ही व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचीं और पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया। श्रीमती कुंवर बाई ने यह सिद्ध कर दिया कि शारीरिक अक्षमता मताधिकार का प्रयोग करने के आड़े नहीं आती।

07. नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत आज सुबह 08 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। इसी क्रम में कांकेर नगर के माहुरबंदपारा वार्ड स्थित आदर्श मतदान केन्द्र में पहली बार मतदान करने कु. आस्था नेताम और कु. रानू गुप्ता पहुंची थी। मतदान करने के बाद उन्होंने पूरे उत्साह के साथ बताया कि वे ’’फर्स्ट टाइम वोटर’’ हैं तथा नगरीय निकाय चुनाव में पहली बार वोट करने आई हैं। कु. आस्था ने यह भी बताया कि वह शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय जगदलपुर में सिविल ब्रांच के साथ अध्ययनरत हैं और मतदान के प्रति जागरूकता और अपने पसंदीदा अभ्यर्थी का चयन करने वह कांकेर आई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एक-एक वोट अमूल्य है, जो भविष्य की दशा और दिशा को तय करता है। इसी तरह 18 वर्षीय कु. रानू गुप्ता ने बताया कि वह भी पहली बार वोट करने यहां आई हैं और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने आज सुबह मतदान किया।
08. शहर के कन्या हाई स्कूल मांझापारा के मतदान केन्द्र में भंडारीपारा निवासी 89 वर्षीया फूलबासन बाई अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि चाहे विधानसभा चुनाव हो, लोकसभा चुनाव हो या नगरीय निकाय, हर बार वह अपना वोट देती हैं। लगभग 09 दशक की आयु पूर्ण कर चुकीं श्रीमती फूलबासन ने यह भी कहा कि हर बार की तरह इस बार भी बिना किसी के प्रलोभन या बातों में आए वह अपनी पसंद के अभ्यर्थी को वोट दिया। उन्होंने बताया कि उनकी उम्रदराजी इसमें बाधा नहीं बनती। इसी तरह अघननगर वार्ड के शहीद रामकुंवर कन्या शाला मतदान केन्द्र में वोट देने पहुंचे 72 वर्षीय श्री जयलाल यादव को स्काउट गाईड्स के द्वारा व्हील चेयर पर बैठाकर मतदान कराया गया। श्री जयलाल ने कहा कि स्थानीय निकाय के निर्वाचन में वह वोट डालने पहुंचे हैं और अपनी पसंद के अभ्यर्थी को आज वोट दिया। इसके अलावा माहुरबंदपारा वार्ड मतदान केन्द्र में माधवसिंह ठाकुर अपनी पत्नी श्रीमती लेमन ठाकुर दम्पति ने बूथ पहुंचकर एक साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया।

09. नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025 के तहत आज जिले की नगरपालिका परिषद कांकेर सहित नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर के मतदाताओं ने उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। आज जिले के सभी नगरीय निकायों में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला के मार्गदर्शन में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न हुई। नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत जिले के कुल 38275 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 18638 पुरूष मतदाता, 19634 महिला और 03 तृतीय लिंग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह नगर पालिका परिषद कांकेर में 80.49 प्रतिशत यानी 17193 मतदाताओं ने वोट किया। इनमें 8224 पुरूष और 8969 महिला मतदाता शामिल थे।
स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त मतदान के अंतिम आंकड़े के अनुसार नगर पालिका परिषद कांकेर के अलावा नगर पंचायत चारामा में सर्वाधिक 88.42 (6580 मतदाता) प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 3391 पुरूष और 3189 महिला मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। इसके अलावा नगर पंचायत भानुप्रतापपुर में 4811 मतदाता (78.32 प्रतिशत) ने वोटिंग की, इनमें 2318 पुरूष और 2493 महिला मतदाता शामिल हुई। इसी प्रकार नगर पंचायत अंतागढ़ में 3935 मतदाताओं (81.18 प्रतिशत) ने वोट किया। इनमें 1857 पुरूष और 2078 महिला मतदाता शामिल रहे। इसके अलावा नगर पंचायत पखांजूर में 77.92 प्रतिशत अर्थात 5756 वोटरों ने मतदान किया, जिनमें 2848 पुरूष मतदाता, 2905 महिला मतदाता और 03 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे। इस प्रकार जिले के कुल 81 वार्डों में 38275 मतदाता (81.13प्रतिशत) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके अध्यक्ष एवं पार्षद के पदों के लिए मतदान किया, जिनमें 18638 पुरूष मतदाता, 19634 महिला मतदाता और 03 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल रहे। इस प्रकार जिले में मतदान करने वाले पुरूष मतदाताओं का प्रतिशत 83.36, महिला मतदाता 79.13 और 37.50 प्रतिशत तृतीय मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
10. नगर के समस्त सम्माननीय मतदाताओं को अपना अमूल्य समय निकालकर मतदान कर लोकतंत्र का मान बढ़ाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में खडे प्रत्याशी कांग्रेस के जितेंद्र सिंह ठाकुर‚ भाजपा के अरूण कौशिक आम आदमी पार्टी के मोहन सेनापति ने धन्यवाद ज्ञापित करते आभार जताया है।
टीप- 1. खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।