आज की टॉप 10 खबर 06 अक्टूबर 2025 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
06 अक्टूबर 2025 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

——————— 
संपादकीय—

स्त्री भक्ति का परिचय देते चाटुकारिता की पराकाष्टा

कुछ फेंटाधारी नेताओं के इर्दगिर्द या अधिकारी जो स्त्री भक्ति का परिचय देने से नहीं चुकते वो कुछ स्त्रियां इन क्षणों में फोटो खिंचवाते ऐसे पोस्ट कर रही होती है,दूसरों के लिए मानो यह कह रही हों कि हमारी पहूंच यहां तक है। कुछ पुरूष” भी ऐसे ही जमात में होते हैं। लेकिन इसका संदेश दूसरी आम स्त्रियां किन अर्थों में लेती हैं,इसका पता नहीं होता। दो लाईनी पोस्ट में इसके सिवाय वो क्या लिख सकती है। प्रतिभा होती तो ये झुठी शान ना दिखाती। किसी वीआईपी लोगों के पास बैठ कर फोटो खिंचाकर पोस्ट कर देने से हम उस तुल्य नहीं हो जाते। स्वयं की औकात तो आपकी लेखन,आपकी कला,आपकी टैलेंट परिचय कराती है। आप कितना स्वमेव सशक्त है,कितनी संकीर्णता की छाया है,नहीं है। किसी प्रतिभा के लिए तो देख दिखावे की जरूरत नहीं होती। जैसे सुर्य का प्रकाश घने जंगलों में भी धरती तक पहूंच पाता है,वैसा ही आपका टैलेंट आपको पहूंचाता है। दुनिया में यदि अर्थ ही सब कुछ होता तो ग्लैमर जगत में आने के लिए इतना तामझाम नहीं किया जाता। कई जिनके पास अथाह धन संपदा है,जिन्हें किसी भी तरह हाथ पैर मारने की जरूरत नहीं है,इस प्रकार सियासी मैदान में नहीं आते। लेखन जगत,कला जगत में जहां अपनी अदद प्रतिभा को निखारने नहीं चले आते, जहां वो बिना टेंशन एसी कक्ष में बैठ कर सुकुन की जीवनचर्या बिताते वे इस संघर्षमय जीवन में नहीं आते। दरअसल खुद में कुछ कर गुजरने का जज्बा जो उनके दिलों में होता है। बात-बात में अपने किसी मित्र किसी नेता किसी प्रतिभा का रिफरेंस देकर बात नहीं करते। सोषल के लाइक कमेंट ही किसी प्रकार के अच्छाई का पैमाना है,तो यहां कई सियासी पार्टियों के एक अदद कार्यकर्ता बन जाते जहां हजारों उसी अनुकुल लोग मिलेंगे और सोशल में हजारों में लाइक आएंगे। लेकिन बात उन गंभीर लेखन जगत की जिसका उनके सामने कोई मोल नहीं है,उनसे पसंद का विचार करना ही गलत है। उस जगत में आपकी विद्वता के कोई मायने नहीं है। सो उन्हें आपको देखने की जरूरत नहीं कि अल्प शिक्षित लोगों के एक ऐरे गैरे पोस्ट पर हजारों लाईक? यह न सोचें। आप साहित्य जगत से हैं, आप आगे पीछे सोचने विचारने वाले लोग हैं। मैंने एक उच्चाधिकारी से बात की जहां उनके यहां मैडम भी जानीमानी साहित्य हस्ती है। मैंने कहा सर हम लोग छोटे आदमी है। उन्होंने जवाब दिया-लिखने वाला कभी छोटा नहीं होता, वो हमेशा बड़ा ही होता है। आप सोच सकते हैं कि उनके दिलों में साहित्य के प्रति कितनी आस्था है,कितनी कीमत है। उन्हें उनके कार्य और वेतनमान इतना कि कोई भी भौतिक चीजों रहन सहन और यहां तक कि दूसरों के लिए भी वे सहयोग कर दें। लेकिन उन्होंने हमारी वो लेखन की दुनिया जहां उन समर्थ व्यक्ति ही नहीं जीजिविषा के लिए संघर्ष कर रहे हैं,उनकी बिरादरी में सरोकार रखने का क्या? निश्चिंत रूप से हमें किसी वीआईपी,कला हस्ती के किनारों से अपनी पहचान पर जाना चाहिए। प्रणाम करिये किसी प्रतिभा की उस टैलेंट का। प्रणाम कीजिए किसी की शुभ भावनाओं का। किसी स्त्री का भूगोल ना देखें।देखना है ताे उनका गणित देखें। उनका विज्ञान देखें। उनकी बोली देखें। उनका व्यवहार देखें। दुनिया में बुरे लोग घटनाएं वारदात मिलेंगी पर इसी दुनिया में अच्छे लोगों का भी कोई कमी नहीं है। अपने स्थान पर आप रहें,फोटो खिंचना खिंचाना तलख समय के लिए जरूर अच्छा लगे पर आपका वजूद अपना टैलेंट आपको दुनिया सलाम करता है, प्रणाम किया जाता है,यही कला ईश्वर का रूप है। जिसके सामने सभी डिग्रियां फीकी है। आपकी डिग्रियां,आपका दौलतमंद होना नहीं पूछा जाता।

✍️मनोज जायसवाल

——————

———————

01.  आगामी  17 अक्टूबर को जिले के भानुप्रतापपुर मुख्यालय में सर्व पिछडा वर्ग का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाये जाने की तैयारियां है। तत्संबंध में  भानुप्रतापपुर में गत दिनों बैठक रखी गई जिसमें आयोजन को लेकर इस वृहत आयोजन जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों को आमंत्रण संबंधी चर्चाएं हुई। अब जिले में सर्व पिछडा वर्ग द्वारा ब्लाक स्तरीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

——————-

02.मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का जिले में शुभारंभ, दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की सुविधा।  विधायक  आशा राम   नेताम ने हरी झंडी दिखाकर किया बस को किया रवाना।

— प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय द्वारा बस्तर एवं सरगुजा संभाग के अंदरूनी व दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों के आवागमन की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना’ प्रारंभ की गई है। इसी तारतम्य में जिले में उक्त योजना का आज शुभारंभ किया गया, जिसमें कांकेर विधायक  आशाराम नेताम ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा, कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, पूर्व सांसद   मोहन मंडावी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले प्रमुख रूप से उपस्थित थे। विधायक श्री नेताम ने प्रदेश सरकार की इस उत्कृष्ट पहल के लिए जिलावासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस योजना से दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा में विस्तार होगा तथा उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इससे शहरों और ग्रामों के बीच की दूरियां सिमटेंगी। कलेक्टर ने बताया कि इसके तहत वर्तमान में जिले में कुल 05 रूटों में यात्री बसें आज से जो प्रमुख संपर्क मार्गों से होते हुए दूरस्थ विकासखण्डों में चलेंगी। वर्तमान में 05 विभिन्न रूटों में आज से बस संचालित की जा रही है, जिसमें प्रथम रूट में चारामा से आमाबेड़ा (व्हाया चांवड़ी, बड़कछार, लिलेझर, जामबाहरा, बागडोंगरी, पोटगांव, कोदागांव, कुरिष्टिकुर, साल्हेभाट, तुलसी, खड़कागांव, बेलोदी तथा सुकलापा) के बीच बस चलाई जाएगी। इसी तरह कोरर से डौंडी (व्हाया किशनपुरी, सेलेगांव, भोथा, पुरी, आमाडुला, चिहरी, मंगलतराई, बेलोदा, परसोदा, भर्रीटोला) के मध्य बस संचालित की जाएगी। इसके अलावा कांकेर से अंतागढ़ रूट में मर्दापोटी, मलांजकुडूम, गुमझीर, उसेली, नीलझर और बाड़ेजोरी मार्ग में बस चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कोयलीबेड़ा से आलपरस के बीच ग्राम मरकानार, केसेकोड़ी, डुडरा, गुड़ाबेड़ा, चिलपरस, पानीडोबीर मार्ग पर बस संचालित होगी। इसके अलावा कांकेर से आमाबेड़ा के बीच ग्राम गुमझीर, उसेली, तुमनार, राजपुर, टिमनार, चोंगोड़ी, कुर्रूटोला, भर्रीटोला, कोदागांव, आमाबेड़ा व पीढ़ापाल मार्ग से बस चलाई जा रही है। जिला परिवहन अधिकारी एवं योजना के नोडल अधिकारी बताया कि भविष्य में 07 अन्य रूटों पर भी बसें संचालित करने की योजना है जो शीघ्र ही प्रारंभ की जाएगी।

———————

03.अवैध तरीके से गौ तस्करी के मामले में 01 संलिप्त फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।  कुल 18 कृषक मवेशियों को पुलिस द्वारा संजय नगर कांकेर में स्थित कांजी हाउस में सुरक्षार्थ रखा गया है।

—  पुलिस जानकारी मुताबिक मामले संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी शैलेंद कुमार साहू पिता रामेश्वर सिंह साहू उम्र 35 वर्ष निवासी गोविंदपुर थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर ने दिनांक 08.09.25 को गौ तस्करी के संबध में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वाहन क्रमाक सीजी 05 एएस 9764 और सीजी 04 पीडी 6388 वाहन पीकअप सफेट रंग का बहुत तेजी से चालक के द्वारा चलाते हुये पटौद ओर भागने लगा उपरोक्त गाडी में मवेशियों का परिवहन कर रहे है कहकर हम लोग अपने नीजी वाहन से गाड़ियों को पीछा करके ओवरटेक कर ग्राम पटौद के पास गाड़ियों को घेरकर रोके उसके बाद दोनो गाड़ी ढका हुआ था खोलकर देखने पर वाहन क्रमाक सीजी 05 एएस 9764 में 10 नग गाय, सीजी 04 पीडी 6368 वाहन पीकअप सफेद रंग के वाहन में 08 नग गाय था कृर्षि पशु को धमतरी से अवैध रूप से आंध्रप्रदेश के लिये ले जा रहे है कि रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध 331/2025 धारा 6.10 छ.ग.कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, धारा 11 (1)घ पशु कुरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संलिप्त आरोपी विकास आडिल पिता स्व.लोकनाथ आडिल उम्र 22 वर्ष साकिन पाईकभाटा थाना सिहावा जिला धमतरी।का पता किया गया जिसे पाईकभाटा थाना सिहावा जिला धमतरी से दिनांक 06.10.2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु पेश किया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर, के नेतृत्व में, सउनि सोमेन्द्र सिंह, प्रआर गितेश्वर कुलदीप, आरक्षक लोकेश पोटाई, अनिल मरकाम का अहम भूमिका रहा है।

———————

04.युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु “बस्तर ओलंपिक 2025” का होगा भव्य आयोजन।  प्रतियोगिता 25 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक सम्पन्न हो।

— बस्तर संभाग के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को निखारने तथा बस्तर क्षेत्र की जनता का शासन से प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से “बस्तर ओलंपिक 2025” खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।यह आयोजन संभाग के सभी जिलों में विकासखंड स्तर से लेकर संभाग स्तर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स (100 मी., 200 मी., 400 मी. लम्बी कूद, उंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4ग्100 मी. रिले रेस), तीरंदाजी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कराते, वॉलीबॉल तथा महिला सीनियर वर्ग के लिए रस्साकसी सहित जिला हॉकी एवं वेट लिफ्टिंग की प्रतियोगिता की आयोजित की जाएगा। प्रतियोगिता में दो वर्ग होंगे जूनियर वर्ग 14 से 17 वर्ष बालक-बालिका और सीनियर वर्ग महिला-पुरुष जिसमें आयु सीमा नहीं रखी गई है। विकासखंड स्तर से चयनित खिलाड़ी जिला स्तर की बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता में भाग लेंगे।विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 अक्टूबर से 05 नवम्बर के मध्य संपन्न किया जाएगा। आयोजन के पश्चात् दो दिवस के भीतर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों के पंजीयन फॉर्म, प्रतिभागियों की सूची, अंक विवरण तथा संबंधित अभिलेख जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, इण्डोर स्टेडियम कांकेर को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

———————

05.सांसद निधि से जिले के विकास कार्यों को मिली मंजूरी। 34 लाख 79 हजार रुपए जारी ।

—कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद   भोजराज नाग की अनुशंसा पर कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सांसद निधि से विभिन्न विकास कार्यों के लिए 34 लाख 79 हजार 400 रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी किया गया है। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम हाटकोंगेरा में कलार समाज भवन के पास टीना शेड निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपए और सांस्कृतिक भवन के पास भंडारीपारा कांकेर में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य हेतु 04 लाख 94 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दिया गया है। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोयलीबेड़ा में सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक शाला के पास कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रूपए एवं भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत केंवटी में केंवटी शिक्षण समिति सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के पास कक्ष निर्माण के लिए 09 लाख 85 हजार 04 सौ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दिया गया है।

———————

06.प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना : रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने सरकार दे रही सब्सिडी। सोलर प्लांट स्थापना हेतु 565 आवेदकों ने किया विक्रेता चयनित।

—केंद्र शासन द्वारा 15 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्यधर मुफ्त बिजली योजना की औपचारिक घोषणा के साथ ही यह योजना प्रारंभ की गई है, जिसके लिए घरों में छत पर रूफटॉप सोलर पंप स्थापित करने के लिए शासन द्वारा सब्सिडी की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिसका फायदा जिले के निवासी उठा सकते हैं। एक किलोवाट रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए केन्द्र शासन द्वारा 30 हजार रुपए और राज्य शासन द्वारा 15 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। इसी प्रकार 02 किलोवाट सोलर संयंत्र क्षमता के लिए केन्द्र शासन द्वारा 60 हजार रुपए एवं राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तथा 03 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केन्द्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। उक्त सब्सिडी उपभोक्ता द्वारा चयनित सोलर प्लांट के ब्रांड पर निर्भर है। तीन किलोवाट से अधिक क्षमता का प्लांट लगाने पर अधिकतम 01 लाख 08 हजार रुपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए pmsuryaghar.gov.in या pmsuryagharmobile App  पर पंजीयन कर लॉगिन आईडी प्राप्त किया जा सकता है। तद्पश्चात स्वयं वेंडर का चुनाव कर वेब पोर्टल पर आवेदन पूर्ण किया जाता है। निर्धारित अनुबंध हस्ताक्षरित होने के पश्चात वेंडर द्वारा छत पर संयंत्र की स्थापना एवं डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित किया जाता है। स्थापित प्लांट के सत्यापन पश्चात शासन द्वारा सब्सिडी ऑनलाइन सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाती है। यदि उपभोक्ता इच्छुक हो तो शेष राशि की व्यवस्था बैंकों से 06 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर 10 वर्षों के लिए अधिकतम 02 लाख रुपए तक ऋण प्राप्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत जिला उत्तर बस्तर कांकेर में अब तक 1069 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से 565 आवेदकों ने सोलर प्लांट स्थापना हेतु विक्रेता चयन कर लिया गया है तथा 50 आवेदकों के छतों में सोलर प्लांट की स्थापना की जा चुकी है, जिसमें से 36 आवेदकों के परिसर में डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित किया जा चुका है और आवेदकों को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है।

———————

07.कुर्रूभाट‚रानी माई देवी स्थल पर मेला के आयोजन पर काफी भीड रही। लोगों ने पूजा अर्चना के बाद देर शाम तक मेले का भी आनंद   लिया। कांकेर सांसद पर सवार देवी‚जमकर झुमे।

—आज शरद पुर्णिमा के पुनीत अवसर पर चारामा विकासखंड के महानदी क्षेत्र के ग्राम कुर्रूभाट पहाडी में स्थित रानी माई देव स्थल में एक दिनी मेले का आयोजन किया गया। यह मेला वर्ष 2012 से किया जा रहा है। आसपास के 12 गांव की देवी मानी जाती है,जो अतीत में क्षेत्रवासियों को संकटों से बचाती आई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद भोजराज नाग शामिल हुए। इसके साथ भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी के साथ ही मत्स्य आयोग के अध्यक्ष भरत मटियारा जिला पंचायत सभापति श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा,नरेंद्र यादव,पूर्व गौ सेवा आयोग सदस्य,जागेश्वचरी भास्कर अध्यक्ष जनपद पंचायत,संजय ध्रुव अध्यक्ष नगर पंचायत अंतागढ,रमशीला मंडावी, सभापति जनपद पंचायत , चारामा, चिंता साहू जनपद सदस्य, करूणा कश्यप, सरपंच टांहकापार,टिकेश्वरी शोरी सरपंच कोटेला,लक्ष्मी कोडोपी, सरपंच रानीडोंगरी, समिति संरक्षक नाथिया राम शोरी, पदाधिकारी चिंताराम लोन्हारे,जगन्नाथ नेताम,गोविंद पटेल,मनराखन नेताम,नरेंद्र शोरी,विजय दर्रो सतनारायण साहू,हेमलाल पटेल,दिलीप दुग्गा, रानी मां समिति के अध्यक्ष रमणीक मंडावी, उपाध्यक्ष दायाराम शोरी एवं हेम मंडावी,चित्रसेन साहू, हेमचंद साहू क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता रघुनंदन साहू‚ भाजपा मंडल अध्यक्ष हेम मंडावी‚ वासुदेव जैन आदि उपस्थित रहे। आयोजन में काफी भीड रही। समिति एवं  चारामा विकासखंड के मांझी परगना श्रवण दर्रो  द्वारा मांग आवेदन  पर मंच से विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने रानी मॉं स्थल पर हाई मास्ट की घोषणा की। मंच का संचालन कांशी राम जैन ने किया।

———————

08. बीती पांच अक्टूबर की रात्रि  चारामा विकासखंड के महानदी तटीय गावों में भारी बारिश हुई इसके चलते खेती खार पानी से लबालब हो गए । काफी गरज चमक के चलते रात्रि में लोग घरों में दुबक गये। सडकें सुनी हो गई। नदी नालों में जल स्तर बढ गया है। किसानों के खेतों में धान की फसलें गिर गई है। 

———————

09. लखनपुरी  क्षेत्रांतर्गत टांहकापार सब स्टेशन से शायद फाल्ट नहीं सुधर रही है‚ यही कारण है कि कल 05 अक्टूबर की पूरी रात लोगों को अंधेरे में गुजारनी पडी वहीं आज भी मौसम ठीक होने के बाद भी अंधेरा छाया हुआ है। बिजली कर्मचारियों को समस्या बताए जाने पर लोगों को लापरवाहीपूर्वक जवाब दे रहे हैं कि वे क्या कर सकते हैं‚ आप ही आदमी दो तो बनेगाॽ जगह जगह सब स्टेशन बन गया। टांहकापार सब स्टेशन में गावों की संख्या कम हो गई फिर भी यह हालात है। सबसे ज्यादा लोगों के लिए तकलीफदेह टांहकापार सब स्टेशन बन गया है। घंटों बिजली बंद होने से लोगों को निस्तारी पानी के लिए तकलीफों का सामना करना पड रहा है‚ वहीं रात्रि में अंधेरा व्याप्त होने से जंगली जानवरों से भी खतरा बढ गया है। 

——————–

10. सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला कांकेर के निर्देश अनुसार सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला कांकेर के द्वारा  17 अक्टूबर को  स्थापना दिवस मनाया जाना है उक्त अवसर पर  मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय जी छत्तीसगढ़ शासन का आगमन होना है इस संबंध में 09 अक्टूबर दिन गुरुवार समय 12:00 बजे तहसील साहू सदन जैसाकर्रा चारामा में  बैठक  रखा गया  है ।

———————–

विशेष —
जिले के 33 मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण, भारत निर्वाचन आयोग ने दी स्वीकृति।  विधानसभा क्षेत्र अंतागढ़ के 15, भानुप्रतापपुर के 04 और कांकेर के 14 केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण। 

— मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण के तहत जिले के कुल 33 मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इसके अनुमोदन एवं स्वीकृति प्रदान की गई है। आयोग द्वारा अनुमोदित 33 मतदान केन्द्रों का अंतिम प्रकाशन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा किया गया है। निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-79 अंतागढ़ (अजजा) के 15 नवीन मतदान केन्द्र, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-80 भानुप्रतापपुर (अजजा) के 04 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 81 कांकेर (अजजा) से 14 नवीन मतदान केन्द्र बनाये जाने हेतु प्रेषित प्रस्ताव का भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदन एवं स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार जिले में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़कर 767 हो गई है, जिसके अनुसार अंतागढ़ में 236 मतदान केन्द्र, भानुप्रतापपुर में 270 और कांकेर में 261 मतदान केन्द्र सम्मिलित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 79-अंतागढ़ के तहत 2-राधानगर में पूर्व माध्यमिक शाला राधानगर पीव्ही. 47, 18-पी.व्ही. 19 में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पीव्ही 19, 26- पीव्ही 36 नवीनपल्ली में प्राथमिक शाला पीव्ही 36 नवीनपल्ली, 49-पखांजूर रविन्द्रपल्ली में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम शा. अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक शाला पी.व्ही.116 कक्ष क्र.2, 76-शंकर नगर में प्राथमिक शाला पी.व्ही.84 शंकर नगर, 78- नेताजी नगर में प्राथमिक शाला पी.व्ही.86 (नेताजी नगर), 80-पी. व्ही. 103 आशुतोष नगर में प्राथमिक शाला पी.व्ही. 103 आशुतोष नगर, 100-वनश्री नगर में प्राथमिक शाला वनश्री नगर, 115-मदले में प्राथमिक शाला मदले, 134- धरमपुर में माध्यमिक शाला पी.व्ही.92, 138- उलिया में माध्यमिक शाला उलिया, 141-जोनावार में प्राथमिक शाला रोड़पारा जोनावार, 169-कोलर-2 में माध्यमिक शाला देहारीपारा कोलर, 196-ईराबोड़ी में प्राथमिक शाला ईराबोड़ी, 236-देवगांव में प्राथमिक शाला देवगांव में युक्तियुक्तकरण किया गया है। इसी तरह 80-भानुप्रतापपुर (अजजा) अंतर्गत- 89-भानुप्रतापपुर 8 में जनपद प्राथमिक शाला कक्ष क्र. 02, 108-नारायणपुर में माध्यमिक शाला नारायणपुर, 110-कन्हारगांव 2 में बालक आश्रम कन्हारगांव, 214-चारामा 10 में शा.कन्या उ.मा.शाला चारामा कक्ष क्र. 02 शामिल है।
इसी तरह विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 81-कांकेर (अजजा) अंतर्गत 6-तालाकुर्रा में माध्यमिक शाला तालाकुर्रा, 8-दबेना (बाबू) 2 में माध्यमिक शाला बाबूदबेना, 22-मरकाटोला (फत्तेचंद) 2 में प्राथमिक शाला मरकाटोला (फत्तेचंद), 64-कांकेर उदयनगर में शासकीय महिला औद्योगिक संस्थान उदयनगर कांकेर, 116-सिंगारभाट 3 में हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, 132-सरंगपाल 2 में माध्यमिक शाला सरंगपाल, 134-माटवाड़ा मोदी में प्राथमिक शाला माटवाड़ा मोदी, 138-हाटकांगेरा 2 में प्राथमिक शाला आवासपारा हाटकोंगेरा, 154-डुमरपानी 2 में माध्यमिक शाला डुमरपानी, 158-देवीनवागांव 2 में प्राथमिक शाला देवीनवागांव कक्ष क्र. 2, 166-नरहरपुर 4 में पूर्व माध्यमिक शाला भवन नरहरपुर, 212-धनेसरा 2 में प्राथमिक शाला हटवारापारा धनेसरा, 235-गट्टागुडूम में माध्यमिक शाला गट्टागुडूम और 256-मांडाभर्री 2 में माध्यमिक शाला मांडाभर्री कक्ष क्र. 2 में युक्तियुक्तकरण किया गया है। इस प्रकार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 33 नवीन मतदान केन्द्रों के अनुमोदन उपरांत जिले में मतदान केन्द्रों की संख्या 734 से बढ़कर कुल 767 हो गई है।
————————

रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में कौशल विकास विभाग द्वारा विशेष सप्ताह का आयोजन
— छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के निर्देशानुसार 06 से 12 अक्टूबर तक “विशेष कौशल सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शासकीय लाईवलीहुड कॉलेज कांकेर एवं अंतागढ़ में संचालित होगा, जिसमें जिले के सभी वीटीपी, प्रशिक्षण संस्थान एवं आईटीआई सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सप्ताह भर चलने वाले इस विशेष आयोजन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें शिक्षित हितग्राहियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह कौशल पखवाड़ा में 14 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा तथा कौशल योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसी तरह उद्यमिता एवं लोन से संबंधित कार्यशाला एवं रोजगार मेला आयोजित कर युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधा एवं सरकारी योजनाओं से अवगत कराया जाएगा, साथ ही इच्छुक युवाओं से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसी तरह उद्योग विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं को करियर एवं कौशल विकास के मार्गदर्शन देंगे। युवाओं का कौशल प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं द्वारा अपने कौशल का प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अंतरविभागीय संगोष्ठी आयोजित कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय एवं बेहतर क्रियान्वयन हेतु संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय, खादी ग्रामोद्योग, जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित जिले एवं राज्य के विभिन्न नियोक्ताओं की सहभागिता रहेगी। नियोक्ताओं से रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं वीटीपी संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।  

————————–

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।शुभ रात्रि… 🙏

—————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 05 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   05  दिसंबर  2025 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— ख्यातिप्राप्त और सुन्दर अभिनेत्रियों में से एक ”नादिरा”  आज  जन्म दिवस पर सादर ….…

आज की टॉप 10 खबर 04 दिसंबर 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   04  दिसंबर  2025 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— 60–70 के दशक में धुम मचाने वाले मशहुर अभिनेता शशि कपुर  आज 8 वीं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *