आज की टॉप 10 खबर 23 दिसंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  23  दिसंबर  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

जहँ जहँ चरण पड़े रघुवर के
  भले ही हम भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए उत्तरप्रदेश कुच करते हों, पर भगवान श्रीराम का ननिहाल जो राजधानी मुख्यालय से लगे चंद्रखुरी में स्थित है, मां काैशिल्या की भुमि धाम। इसके साथ भगवान श्रीराम के वनगमन अवधि में बिताए समय वो जगह जो आज साक्षात हमें स्वर्णिम इतिहास का दर्शन कराती हैं। कांकेर जिले के चारामा तहसील से सटे रामपुर जुनवानी हो या दक्षिण बस्तर के पुरातात्विक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की अंधेरी गुफाएं।जहां अधिकाधिक समय भगवान राम ने अपने 14 वर्ष के वनवास की अवधि में बिताए जाने की बातें कही गई है। तो बडे डोंगर जैसे जगहों पर मां दुर्गा के महिषासुर राक्षस के संहार पत्थरों पर पडी निशानियां आज भी उस स्थलों में जिज्ञासुओं की जिज्ञासा और भी बढा देती है। चहूंओर बिखरे पुरातात्विक मुर्तियां घने जंगलों के बीच वो स्थल निश्चित ही आपको सोचने विवश कर देगी। लखनपुरी से लगे उडकुडा की पहाडियों में वो स्थल जहां महाभारत की रचना हुई महर्षि वेदव्यास की तपोस्थली, तो गांडागौरी में मां दुर्गा की जीवंत लीलाओं की निशानियां मन को भा जाती है। भले ही हम इस स्थल पर रहते हैं और यह स्थल पर्यटन के विकास न होने के चलते विकसित न हो पाए हों पर दूर से आये किसी लोगों को दिखायें तो निश्चत ही उन्हें उन मानव निर्मित बनाये गये स्थलों से ज्यादा ही रोमांचकारी यह स्पाट लगेगेे। यही कारण है कि इसी क्षेत्र के कई लोग भले ही अपने जगह की इन छुपी पुरातात्विक महत्व के इन स्थलों के दर्शन भी न कर पाए हों लेकिन शोध छात्रों के लिए यह काफी कुछ सीख देने वाला रहा है। नेट पर सर्च कर विदेशी सैलानी आम ग्रामीणों की मदद से कईयों दफा इन स्थलों का दर्शन करने आते रहते हैं। पुरातात्विक धरोहरों को समेटे हुए यह धरती अद्भुत रूप से अतीत की बयां करते स्वयं नजर आती है। छत्तीसगढ़ में कहां आंध्र प्रदेश से लगे सुकमा कोंटा,और दूसरे छोर पर सरगुजा। कई ऐसे हैं,जो अब तक छत्तीसगढ़ ही नहीं देखा भले ही दूर पड़ोसी प्रदेश देख लिया हो।पर्यटन,धार्मिक आस्था,लोक संस्कृति सारी संपदाएं भरी है, छत्तीसगढ़ में। आप जरूर इनसे रूबरू होने पधारें।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. कल 24 दिसम्बर को प्रस्तावित बंद के दौरान शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील। कलेक्टर ने बैठक में सोशल मीडिया में अफवाहों व अपुष्ट खबरों को फॉरवर्ड नहीं करने की बात कही। 

— आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कांकेर मेला, नववर्ष एवं त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए आज कलेक्टर  की अध्यक्षता तथा कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम की उपस्थिति में जिला पंचायत के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बुधवार 24 दिसम्बर को सर्व समाज द्वारा प्रस्तावित बंद को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति व्यवस्था व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील कलेक्टर ने जिले के नागरिकों की।

बैठक में विधायक श्री नेताम ने कहा कि कांकेर जिला में पूर्व की भांति शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों को भी समन्वित एवं साझा प्रयास करना होगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि प्रस्तावित बंद के दौरान के जिले में शांति का वातावरण बनाए रखें। साथ ही आगामी माह जनवरी में आयोजित होने वाले कांकेर मेला के दौरान साफ-सफाई एवं यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए विशेष तौर पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर ने जिले में प्रस्तावित बंद के दौरान सभी वर्गों से शांति एवं संयम बरतने व सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट खबरें अथवा भ्रामक व अफवाहों की जानकारी मिलने पर उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बिना पुष्टि के आगे फारवर्ड नहीं करें तथा उसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को दी जाए। बैठक के अंत में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने नववर्ष 2026, त्यौहार एवं कांकेर मेला को सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने का अनुरोध किया। शांति समिति की बैठक को नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, श्री महेश जैन एवं श्री सुनील गोस्वामी ने भी संबोधित किया एवं अपने विचार रखे। इसके अलावा विभिन्न समाज के पदाधिकारियों द्वारा भी विचार साझा किए गए।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष   भरत मटियारा, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   दिनेश सिन्हा एवं सर्व समाज के प्रमुख व सामाजिक पदाधिकारी व मीडिया के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।

 ———————— 

02.जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की प्रारंभिक सूची का प्रकाशन। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की बैठक लेकर दी जानकारी।

  — भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर  के निर्देशानुसार 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य प्रारंभ किया गया। इसके तहत मतदाताओं के सत्यापन एवं एसआईआर के डिजिटाइजेशन हेतु 04 नवम्बर से 18 दिसम्बर (संशोधित तिथि) के बीच बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पूर्ण किया गया। आयोग के निर्देशानुसार आज एसआईआर के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज राजनैतिक दलों की बैठक एवं मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आहूत कर निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में विधानसभावार मतदाताओं की संख्या एवं इससे संबंधित जानकारी दी गई। 

प्रारंभिक सूची में कुल 5,35,364 मतदाताओं के नाम दर्ज, दावा-आपत्ति 22 जनवरी तक आमंत्रित
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली के आज प्रारंभिक प्रकाशन के उपरांत दावा-आपत्तियां 22 जनवरी तक आमंत्रित की गई है। प्रारंभिक सूची में सम्मिलित मतदाता दावा एवं आपत्ति 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा ईआरओ द्वारा नोटिस जारी करने एवं सुनवाई की समय-सीमा आज से 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी तरह मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली की प्रारंभिक सूची में जिले के अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79, भानुप्रतापपुर क्रमांक-80 तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 (सभी अजजा) में कुल 05 लाख 35 हजार 364 मतदाताओं के नाम सम्मिलित हैं। इनमें 02 लाख 63 हजार 037 पुरूष मतदाता, 02 लाख 72 हजार 318 महिला मतदाता और 09 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं। अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 66 हजार 923 मतदाता, भानुप्रतापपुर में 01 लाख 94 हजार 415 तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 74 हजार 026 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची में दर्ज किया गया है। उन्हांने यह भी बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन के पूर्व जिले में कुल 05 लाख 69 हजार 601 मतदाताओं के नाम दर्ज थे, जिनमें 02 लाख 77 हजार 317 पुरूष मतदाता, 02 लाख 92 हजार 284 महिला मतदाता तथा 18 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल थे। 
एसआईआर में 11,375 ‘नॉटमैप्ड’ इलेक्टर्स पाए गए
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि एसआईआर के दौरान कुल 11 हजार 375 नॉटमैप्ड इलेक्टर पाए गए जिनकी संख्या कुल निर्वाचक नामावली के 02 प्रतिशत हैं। इनमें नॉटमैप्ड इलेक्टर्स की संख्या अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 06 हजार 386, भानुप्रतापपुर में 02 हजार 245 तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 02 हजार 744 हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार उक्त 11 हजार 375 ‘नो मैपिंग इलेक्टर्स’ को नोटिस जारी किया जाएगा। 
दावा-आपत्ति की सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट में अपलोड
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए मतदाताओं के नाम केवल एक ही स्थान पर शामिल किए जाएंगे। दावा-आपत्ति की सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट में भी अपलोड की जाएगी। साथ ही बीएलओ एवं बीएलए संबंधी बैठकों का कार्यवाही विवरण और फोटोग्राफ्स जिले के वेबसाइट kanker.gov.in  में अपलोड की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि दावा-आपत्ति की सूची का प्रदर्शन ईआरओ के द्वारा फॉर्म 09, 10, 11, 11ए एवं 11बी में प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान अब तक प्राप्त फॉर्म-6 की कुल संख्या 05 हजार 034 है, इनमें अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 1469, भानुप्रतापपुर में 1660 तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 1905 फॉर्म प्राप्त हुए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री क्षीरसागर ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन की सूची प्रदान की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी   जितेन्द्र कुमार कुर्रे, एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। 

  ———————

03.  ग्राम चेमल में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित।

— उत्तर बस्तर कांकेर, 23 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चेमल के स्कूल ग्राउण्ड में शुक्रवार 26 दिसम्बर को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।

  ———————

04.दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 24 दिसम्बर को। सांसद श्री नाग होंगे मुख्य अतिथि।

– जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन 24 एवं 25 दिसम्बर को नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल परिसर में किया जाएगा। उक्त महोत्सव के शुभारंभ एवं समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग मौजूद रहेंगे। समापन दिवस के दौरान 25 दिसम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्चुअली तौर पर संबोधित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेण्डी, केशकाल विधायक   नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, छ.ग. हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर सहित जिला एवं जनपद पंचायत तथा नगरपालिका/नगर पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।

———————–

05. राष्ट्रीय पेसा दिवस 24 दिसम्बर को, विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश।

—राष्ट्रीय पेसा दिवस का आयोजन बुधवार 24 दिसम्बर को किया जाएगा, जिसके तहत अनुसूचित क्षेत्र के ग्रामों में उक्त तिथि को विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने दिए हैं। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र जारी कर राष्ट्रीय पेसा दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं।कलेक्टर ने संचालक पंचायत से जारी निर्देशों का हवाला देते हुए उक्त पत्र में निर्देशित किया है कि 24 दिसम्बर को विशेष ग्रामसभा का आयोजन कर पांचवी अनुसूची क्षेत्र के पेसा ग्रामों में इसके अधिनियम/नियम के तहत विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाए। साथ ही पेसा नियमों के बारे में नागरिकों को जागरूक करने विभिन्न वीडियो, पाम्प्लेट, बैनर, पोस्टर, दीवार लेखन एवं संचार प्रौद्योगिकी सामग्री के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए। इसमें राजस्व, आबकारी, वन, पुलिस, खनिज जैसे विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने एजेण्डा अनुसार कार्यवाही पूर्ण कर अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त करके विशेष ग्रामसभा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और इसके तहत आयोजित गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्रामसभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड सुनिश्चित कर निर्धारित प्रपत्र में 25 दिसम्बर को अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए हैं।‘विकसित भारत- रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देशकलेक्टर ने उक्त दिवस को आयोजित होने वाली ग्रामसभा में अतिरिक्त एजेण्डा के रूप में नवीन योजना ‘विकसित भारत- रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (व्हीबी-जी राम जी) का प्रचार-प्रसार करने एवं योजना के संबंध में जनजागरूकता के लिए विशेष ग्रामसभा आयोजित किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जारी पत्र के माध्यम से निर्देशित किया है कि विशेष ग्रामसभा के लिए गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाए। इसकी तिथि एवं समय का विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अलावा ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति परिवारों और कमजोर समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा ‘विकसित भारत- रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (व्हीबी-जी राम जी) के अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों एवं 2047 में विकसित भारत के विजन पर चर्चा व मार्गदर्शन करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।

———————

06. जिले में अब तक 17 लाख 91 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी पूर्ण

—राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 17 लाख 91 हजार 817 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 17 लाख 69 हजार 926 क्विंटल मोटा धान तथा 20 हजार 661 क्विंटल पतला और 01 हजार 228 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। इस संबंध में बताया गया कि किसानों को अपना धान बेचने के लिए ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए अब सप्ताह के सभी सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से टोकन कटाने की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा धान उपार्जन केन्द्रों में जाकर भी टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा धान के अवैध परिवहन, भण्डारण तथा विक्रय को रोकने गठित टीमों के द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।

 ———————–

07. कलेक्टर ने आदेश जारी कर अधिकारियों के दायित्वों में किया परिवर्तन। अपर कलेक्टर अंतागढ़ जिला कार्यालय में पदस्थ, कुणाल सरवैया आमाबेड़ा के नए तहसीलदार।

— कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से राजस्व अधिकारियों के दायित्वों में आंशिक परिवर्तन किया म है।
जारी आदेश के अनुसार श्री अंजोर सिंह पैकरा, अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अन्तागढ़ को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त करते हुए आगामी आदेश पर्यन्त अपर कलेक्टर, जिला कार्यालय कांकेर में पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर  राहुल रजक, डिप्टी कलेक्टर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अन्तागढ़ का संपूर्ण प्रभार आगामी आदेश पर्यन्त सौंपा गया है।
इसी क्रम में श्री सुधीर कुमार खलखो तहसीलदार आमाबेड़ा को उनके वर्तमान दायित्व से पृथक करते हुए उन्हें नजूल पट्टों की जांच एवं नवीनीकरण कार्य हेतु तहसीलदार नजूल (जिला नजूल शाखा) में अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त पदस्थ किया गया है। उनकी जगह श्री कुणाल सरवैया तहसीलदार (संलग्न जिला नजूल शाखा, जिला कार्यालय कांकेर) को तहसील आमाबेड़ा का संपूर्ण प्रभार आगामी आदेश पर्यन्त सौंपा गया है।

 ———————–

08. एग्री स्टिक, रकबा और टोकन ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें, मोदी की गारंटी पर उठे सवाल।

—रकबा घटने, एग्री स्टिक की त्रुटियां, खरीदी लिमिट और टोकन जारी न होने के कारण किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। इसी कड़ी में देवलाल दुग्गा, पूर्व विधायक एवं पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष, किसानों की समस्याओं को लेकर दुर्गूकोंदल पहुंचे और तहसील कार्यालय दुर्गूकोंदल के सामने स्वयं चटाई बिछाकर धरने पर बैठ गए।
पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा ने करीब एक घंटे तक धरना प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

———————–

09.लयोर महादेव मंदिर प्रांगण में मानस गान का भव्य आयोजन, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी रहीं मौजूद।

—दुर्गकोंदल विकासखंड अंतर्गत ग्राम हाटकोंदल के झिटकाटोला स्थित इमली मोड़ पर मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से ओत-प्रोत मानस गान का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन कांकेर जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम झिटकाटोला में स्थित लयोर महादेव मंदिर के प्रांगण में लयोर महादेव सेवा समिति चेलिक दाहरा के तत्वाधान में आयोजित किया गया।इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।  

———————-

10. आज कांकेर के इंदिरा गांधी कृषि विज्ञान केंद्र, सिंगारभाट में किसान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल होकर किसानों से मुखातिब हुए। उन्होंनेेकर अन्नदाता किसानों से संवाद किया। जिला पंचायत सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता,किसान उपस्थिति हुए।

 ———————-

सांसद भोजराज नाग व विधायक की मौजूदगी में पलाचूर जलाशय जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन, 1300 एकड़ को मिलेगा सिंचाई लाभ

—विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत ग्राम पलाचूर में आज पलाचूर जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा होने पर हर्ष का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भोजराज नाग सांसद लोकसभा क्षेत्र कांकेर तथा क्षेत्रीय विधायक विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने किसान भाइयों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।

 ———————-

निखिल अशोक कुमार रखेचा(भा.पु.से.) पुलिस कप्तान के रूप में पदभार ग्रहण किये।

—आज दिनांक 23. दिसंबर को निखिल अशोक कुमार रखेचा (भा.पु.से.) ने जिला उत्तर बस्तर कांकेर के नये पुलिस कप्तान के रूप में पदभार ग्रहण किये। निखिल अशोक कुमार रखेचा वर्ष 2019 भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी है। इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के रूप में पदस्थ रहे है।

 ———————-

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *