
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
17 जून 2025 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
01.राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत वॉक-इन-इंटरव्यू 27 जून से 02 जुलाई तक।
—राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जिला स्वास्थ्य समिति कांकेर अंतर्गत विभिन्न रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 27 जून से 02 जुलाई तक किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी देते हुए बताया कि कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर यू.एच.डब्ल्यू.सी., एम.पी.डब्ल्यू. (मेल)- यू.एच.डब्ल्यू.सी., जुनियर सेक्रेट्रेरियल असिस्टेंट-एल.डी.सी. यू.एच.डब्ल्यू.सी., चतुर्थ श्रेणी यू.एच.डब्ल्यू.सी., फिजियोथेरिपिस्ट एन.यू. एच.एम., लैब असिस्टेंट एन.आई.डी.डी.सी.पी. एवं एन.टी.ई.पी. आया बाई एस.एन.सी.यू., क्लीनर एस.एन.सी.यू. फिडिंग डिमान्सट्रेटर एन.आर.सी., लैबोरेटरी टेक्नीशियन आर.बी.एस.के. एवं डेंटल सर्जन एन.ओ.एच.पी. के रिक्त पदों पर संविदा भर्ती हेतु वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 27 जून से 02 जुलाई तक किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यार्थी उक्त संविदा भर्ती के संबंध में विस्तृत जानकारी जिले के वेबसाईट www.kanker.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।
————————
02. अग्निवीर भर्ती के लिए कम्प्यूटर आधारित निःशुल्क लिखित परीक्षा हेतु पंजीयन 20 जून तक।
—संचालनालय रायपुर के आदेशानुसार एवं जिला प्रशासन के सौजन्य से भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए कम्प्यूटर आधारित लिखित परीक्षा हेतु जिले के पंजीकृत आवेदकों को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया जाना है। जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिले के आवेदक जिन्होंने आवेदन पत्र जमा नहीं किया है, ऐसे अभ्यर्थी 20 जून 2025 तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कांकेर में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा लें, ताकि सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा कार्यशाला का आयोजन जल्द से जल्द प्रारंभ किया जा सके। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कांकेर से संपर्क कर अथवा मोबाईल नंबर 9425516268, 6265087948, 9407761305, 7587183056, 9691372436 पर संपर्क कर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
————————
03. शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेश हेतु ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन 25 जून तक।
—जिले के समस्त शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में सत्र अगस्त 2025-26 एवं 2025-27 में प्रवेश हेतु संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण के विभागीय वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in के ऑनलाईन एप्लिकेशन 2025 पर क्लिक कर अपना पंजीयन एवं प्रवेश हेतु व्यवसाय का चयन कर सकते हैं। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदकों के पंजीयन के लिये वेबसाइट पर यूजर मैन्युअल दिया गया है, जिसका अवलोकन किया जा सकता है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि 25 जून तक निर्धारित है।
————————
04.निर्यात प्रक्रियाओं और दस्तावेजों के विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
—जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर के सहयोग से भारतीय विदेश व्यापार संस्थान, कोलकाता द्वारा आज सिटी सेंटर कांकेर के कॉन्फ्रेन्स हॉल में निर्यात प्रक्रियाओं और दस्तावेजों के विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भारतीय विदेश व्यापार संस्थान कोलकाता के डॉ. नमन शर्मा सहायक प्राध्यापक एवं डॉ. रघुवीर नेगी सहायक प्राध्यापक के द्वारा चरणबद्ध तरीके से उत्पादों और संभावनाओं के आधार पर संबंधित जिलों से निर्यात, निर्यात प्रक्रिया के संबंध में निर्यात के लिए उत्पादों और विदेशी बाजारों की पहचान के साथ-साथ निर्यात हेतु आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिले के उद्योगपति एवं नवीन निर्यातक युवाओं को विदेशी निर्यात हेतु विशेष रूप से आईईसी पंजीयन करने व निर्यात दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा उद्योगपतियों के निर्यात से संबंधित समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी व सदस्य, कांकेर चेम्बर ऑफ कामर्स के पदाधिकारी व सदस्य, विभिन्न्न उद्योग संघ, उद्योगपति, चार्टड एकाउण्टेंट्स सहित जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर के महाप्रबंधक सम्मिलित हुए।
————————
05. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : जिला स्तर पर ‘योग संगम’ की थीम पर होगा कार्यक्रम आयोजित।ग्राम स्तर पर हरित योग के रूप में मनाया जाएगा, अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व।
—11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तर पर सामूहिक योग दिवस का कार्यक्रम पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में ‘योग संगम’ के थीम पर आयोजित किया जाएगा। सामूहिक योग कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी विकासखण्ड के नगरीय निकायां, ग्राम पंचायतों में ‘हरित योग’ के संदेश को प्रोत्साहित करने विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस आयोजन में गणमान्य नगरिकों, दिव्यांगजन, उभयलिंगी व्यक्ति, वंचित समूह, विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति समूह, समस्त आयु वर्ग के महिला, पुरूष, एनजीओ, विभिन्न संस्थाओं एवं छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया जाएगा। कलेक्टर ने उक्त सम्पूर्ण कार्यक्रम हेतु जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
————————
06.मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु कलेक्टर ने दिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश। स्टॉप डायरिया कैम्पेन के तहत स्वास्थ्य अमले की कार्ययोजना की जानकारी ली।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज मौसमी बीमारियों से बचाव, रोकथाम व नियंत्रण के लिए अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने वर्षा ऋतु में संक्रामक बीमारियों के बढ़ने की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम करने तथा ग्राम स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरी सतर्कता बरतने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि डायरिया एवं संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सहित सभी तैयारियां पूर्ण रखें। पांच वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों में दस्त रोग के कारण मृत्यु की संख्या को शून्य करना है। इसके अलावा दस्त से ग्रसित बच्चों में ओआरएस और जिंक के उपयोग की उच्च कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष तौर पर स्वच्छ पेयजल और ताजा भोजन को लेकर आमजनता को जागरूक करने के लिए हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सांडिया को निर्देशित किया। इसके अलावा स्टॉप डायरिया कैम्पेन के तहत 16 जून से 31 जुलाई तक चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए जिला स्तर पर तैयार की गई रणनीति, उच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सघन जांच आदि की जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
————————
07.कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त हुए 52 आवेदन मिले। आवेदनों का त्वरित निराकरण करने दिए निर्देश।
—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए।जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में पीएम आवास की राशि दिलाने, पेंशन दिलाने, अंत्योदय राशन कार्ड बनाने, नवीन धान खरीदी केन्द्र संचालित करने, अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराने, स्कूल मर्ज कराने, कृषि भूमि का पट्टा दिलाने, रोजगार प्रदान करने, प्रधानमंत्री आवास प्रदान करने, नलकूप खनन कराने, भवन मरम्मत कराने, सीसी सड़क तथा पुल-पुलिया निर्माण कराने, शासकीय भूमि आरक्षित करने, कृषि कार्य हेतु भूमि आबंटित करने, रिकार्ड दूरूस्त करने, त्रुटि सुधार करने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे।
————————
08.‘मोर गांव, मोर पानी महाअभियान‘ के तहत जल संरक्षण हेतु प्रशिक्षण कार्यकम आयोजित। सरपंच, सचिवों व बिहान समूह की महिलाओं को दी गई जल संचयन व संरक्षण की जानकारी।
—छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कांकेर जिले में ’मोर गांव, मोर पानी’ महाअभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। उक्त संबंध में कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा बताया गया कि जिले में औसतन 1200-1300 मिमी वार्षिक वर्षा होती है, फिर भी जिले में जल संकट की स्थिति बनी रहती हे। इसके पीछे अनियमित मानसून, पहाड़ी क्षेत्रों में तीव्र सतही जल बहाव और घटती भूजल पुनर्भरण जैसे कारण है। यह संकट अति गंभीर है, जहां अत्यधिक जल बहाव, मिट्टी में नमी बनाए रखने की क्षमता का कम होना और क्षतिग्रस्त जलग्रहण क्षेत्र, अनियमित मानसून कृषि को अलाभकारी बना देती है।उन्होंने बताया कि इस वर्षा ऋतु जल संरक्षण का अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का लक्ष्य है, इसके लिए जिले की सभी 454 ग्राम पंचायतों में 02 से 05 जून तक चार दिवसीय उन्मुखीकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोज़ित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 454 ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों, बिहान समूह के सदस्यों और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण और जल संचयन की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी द्वारा बताया गया कि मोर गांव, मोर पानी की मुख्य विशेषता यह है कि यह सामुदायिक नेतृत्व वाली योजना है। इस अभियान में योजनाओं का निर्माण और कार्यान्वयन स्थानीय समुदाय के नेतृत्व में होता है। इसी प्रकार वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण के तहत जल प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकाे का उपयोग किया जाता है। युक्तधारा पोर्टल का उपयोग करके डेटा इकट्ठा किया जाता है, जो बेहतर योजना और निगरानी में मदद करता है। वाटरवेल पोर्टल का उपयोग जल स्रोतों की निगरानी या प्रबंधन के लिए किया जाता है। उन्होंने आगे यह भी बताया कि भौगोलिक सूचना प्रणाली के ओपन सोर्स टूल्स का उपयोग मानचित्रण और स्थानिक विश्लेषण में सहायक होता है। साथ ही योजनाओं का अभिसरण विभिन्न सरकारी योजनाओं को एक साथ लाकर एकीकृत परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया जाता है। क्षमता निर्माण और संस्थागत सशक्तीकरण व्यक्तियों की क्षमताओं को बढ़ाने और स्थानीय संस्थाओं को मजबूत करने का लक्ष्य है। जल संरक्षण के प्रयासों को सीधे लोगों की आजीविका सुधारने से जोड़ा गया है। इसके लिए निरंतर निगरानी लागू की गई पहल की लगातार निगरानी और मूल्यांकन किया जाता है। मोर गांव मोर पानी अभियान एक समग्र, समुदाय केंद्रित और तकनीकी रूप से उन्नत दृष्टिकोण अपनाकर जल संरक्षण और प्रबंधन को सुनिश्चित कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से जल संरक्षण और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिले में लगातार विकास हो रहा है, जिला प्रशासन के प्रयास से जिले को जल संकट से जल्द ही निदान मिल जाएगा।
————————
09.नरहरपुर में आयोजित जिला खनिज न्यास संस्थान निधि अंतर्गत कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम। क्षेत्र के मेहनती किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र प्रदान किया गया ।
————————
10.चारामा विकासखंड के लखनपुरी से लगे ग्राम पिपरौद में आयोजित त्रिपुरारी महादेव शिवलिंग स्थापना एवं प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम में भानुप्रतापुर विधायक एवं अन्य अतिथिगण शामिल हुए।
————————
शुभ रात्रि ……….
——————
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-