आज की टॉप 10 खबर 16 दिसंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  16  दिसंबर  2025  मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

सुन्ना होगे फूलवारी….
स्व.मिथलेश साहू
(लोक गायक,छत्तीसगढ)

आज चौथी पुण्यतिथि पर सादर नमन……

—लोक गायिकी में मिथलेश साहू वह प्रथम नाम रहा, जिसकी मधुर आवाज सुनने लोग आज भी कायल होते हैं। राजिम विधानसभा क्षेत्र के तब तात्कालीन विधायक रहे स्व. जीवनलाल साहू के घर में जन्म हुआ। जन्म से ही विलक्षण प्रतिभा के धनी रहे। शिक्षकीय जीवन के साथ छत्तीसगढ़ में कला के साथ बेहतर सामंजस्य बना कर अपनी आवाज की पहचान बनायी। शिक्षा क्षेत्र में राज्य पुरस्कार से अलंकृत किया गया।अगर एक शब्द में कहें तो लोक गायिकी में उनका कोई सानी नहीं था। लोक गायन के आधार स्तंभ थे।

करमा,ददरिया,सोहर,नजरीया,देवार गीत के साथ साथ छत्तीसगढ़ के ऐसे कोई विधा नहीं होगी जिसे मिथलेश साहू ने नहीं छुआ होगा। गरियाबंद वि.खं. एवं इसी जिले के बारूका स्थायी निवासी मिथलेश साहू जी से छत्तीसगढ़ी फिल्म स्पाट एवं कई मंचों पर मुलाकात हुई थी। काफी लंबे परिवार के मिथलेश जी हमेशा हमारे कांकेर क्षेत्र का भी जिक्र किया करते थे। गायन के क्षेत्र में फूल हासन लागे डाली,बुढ़ती सुरज देख,मात गे हे बगिया में फुल,तोर बोली के खातिर,डेरी आंखी फरके जैसे गीत ने सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में लोगों ने खुब पसंद किया। मिथलेश साहू जी अब नहीं है,उनके पुण्यतिथि पर इतना कहना है, कि छत्तीसगढ़ लोक कला गायन के क्षेत्र में लोगों का अपार स्नेह उन्हें मिला और इस क्षेत्र में उनका नाम युगों युगों तक रहेगा।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. चारामा नगर में आयोजित 51 कुण्डीय राष्ट्र जागरण,शौर्य समृद्वि गायत्री महायज्ञ के आज तीसरे दिन छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय का हुआ आगमन अखिल गायत्री परिवार के बीच अपने को पाकर अभिभूत हूई।

—-जिले के चारामा नगर में गत 14 से 17 दिसंबर तक 51 कुण्डीय राष्ट्र जागरण,शौर्य समृद्वि गायत्री महायज्ञ के आज तीसरे दिवस पर अपरान्ह छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय का आगमन हुआ। मंच पर प्रवेश करते ही अखिल गायत्री परिवार के पदाधिकारियों, भाजपा के पदाधिकारी एवं आम लोगों ने राजमार्ग पर ही स्वागत करते प्रवेश कराया।

आयोजन स्थल पूर्व ही हरिद्वार में अखण्ड ज्योति समाधि स्थल की तर्ज पर बनाये गये प्रतिरूपों में जाकर गुरूदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की मुर्ति पर पूजा अर्चना की। फिर इसके बाद मुख्य आयोजन मंच पर उनका आगमन हुआ। यहां अखिल गायत्री परिवार के अध्यक्ष,जिला समन्वयक एवं अन्य पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद ही सांसद की धर्मपत्नी का आगमन भी हुआ।

पहली टोली द्वारा कुण्ड पर आव्हान के बाद आयोजन के बीच में श्रीमती कौशिल्या साय को मंच पर आमंत्रित करने के बाद उन्होंने स्त्रीत्व उनके दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए अपने कौशिल्या नाम को प्रतिपादित किया। बेहद सरल,सहज शब्दों में उनके उद्बोधन को गायत्री परिवार एवं आम लोग बेहद ध्यान से सुनते रहे।

इसके बाद दूसरी पाली में आवाहन प्रारंभ हुआ। लोग भगवती भोजनालय में भोजन करने चले गये।दूसरी पाली  हवन कुण्ड पर बैठ कर आवाहन किये। इस बीच श्रीमती कौशिल्या साय ने भगवती भोजनालय की ओर रूख किया। व्रत पर होने की वजह से उन्होंने भोजन नहीं लिया। मात्र फल ही ग्रहण की।

इस बीच गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने गायत्री चेतना केंद्र आंवरी आश्रम तक व्याप्त अंधेरे की समस्या को देखते हुए सोलर स्ट्रीट लाईट की मांग संदर्भित ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम सौंपा।

पश्चात भगवती भोजनालय में जाकर जायजा लिया। उन्होंने सब्जी बनाने में मदद की, तो आम गृहणी की भुमिका का निर्वहन करते हुए लंबी कतार में बैठे भक्तों को भोजन परोसते नजर आई।

यहां बनाये गये 51 हवन कुण्ड में एक हवन  कुण्ड पर आम लोगों की तरह बैठकर कुण्ड पर पूजा अर्चना की। गायत्री माता की आरती के बाद पूरा समय आयोजन को दी। लोगों ने उन्हें पुनः ऐसे धार्मिक आयोजन में आने का न्यौता दिया।

आज के आयोजन में मुंडन संस्कार 13, पुंसवन संस्कार 08 दीक्षा संस्कार 16, विद्यारंभ संस्कार 11 संस्कार यज्ञ के माध्यम से सम्पन्न हुआ।  देर शाम दीप महायज्ञ   का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ जहां पूरा मंच  दीपक के प्रज्जवलित होने से उजियारा फैल गया।  कल 17 दिसंबर को टोली की विदाई होगी।

———————— 

02.  पुल-पुलिया, सड़क एवं भवन निर्माण में धीमी गति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी ।समय-सीमा बैठक में एसआईआर, धान खरीदी, ई-ऑफिस व निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

  —कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर लंबित प्रकरणों एवं कार्यों की समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्हांने जिले में निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों, भवन तथा अन्य अधोसंरचना के कार्यों की जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने एसआईआर, वर्तमान में धान खरीदी की स्थिति तथा ई-ऑफिस में प्रगति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  जितेन्द्र कुर्रे ने बताया कि बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कार्य अंतिम चरण में है तथा 18 दिसम्बर तक इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएलओ एवं बीएलए स्तर का कार्यवाही विवरण अभी जारी है। इसी तरह ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यालयीन कार्यवाही के संबंध में बताया गया कि ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर तेजी आने पर जिले की रैंकिंग बढ़ जाएगी। धान खरीदी की प्रगति के संबंध में कलेक्टर द्वारा पूछे जाने पर खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 01 लाख 27 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी पूर्ण हो चुकी है, जो गत वर्ष की तुलना में 105 प्रतिशत अधिक है। वर्तमान में जिले में बारदाना पर्याप्त मात्रा में है। उन्होंने बताया कि जिले में 01 लाख 01 हजार 203 पंजीकृत किसान हैं, जिनके द्वारा 01 लाख 39 हजार 728 हेक्टेयर पर ली गई धान की फसल का विक्रय किया जा रहा है। यह भी बताया गया कि जिले के 149 धान खरीदी केंद्रों में लगभग 23 प्रतिशत धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं जिले के 04 हजार 640 किसानों के द्वारा 948.450 हेक्टेयर रकबे का समर्पण किया गया है। जिले के किसानों द्वारा टोकन लिमिट बढ़ाए जाने की मांग पर कलेक्टर ने कहा कि 31 जनवरी 2026 तक के लिए किसानों को टोकन जारी किया जा रहा है तथा इसके बाद भी किसानों का धान बच जाता है तो इस संबंध में शासन स्तर पर किसानों के हित में यथोचित निर्णय लिया जाएगा। जिले के दूरस्थ विकासखण्डों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के पुराने स्वीकृत कार्यों के अब तक पूर्ण नहीं होने पर असंतोष जाहिर करते हुए इन्हें जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यधारा में लौटे माओवादियों के पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उपयुक्त कार्यवाही करते हुए सरलीकृत प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। इसके अलावा कलेक्टर ने एलडब्ल्यूई सर्वे, एनसीएईआर सर्वे, पोषण पुनर्वास केंद्र, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक अंकेक्षण, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, पीएम किसान सम्मान निधि, डिजिटल क्रॉप सर्वे, अविवादित खाता विभाजन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर दिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ कांकेर  रौनक गोयल, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर  बी.एस. पैकरा सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

  ———————

03. कलेक्टर जनदर्शन में मिले 62 आवेदन। प्राप्त आवेदनों को निराकृत करने अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश।

—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 62 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए अग्रेषित किया।

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में ग्राम पंचायत कांकेर से सरपंच एवं ग्रामीणजन द्वारा ग्राम पाण्डरवाही से भानुप्रतापपुर तक पक्की सड़क बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इसी प्रकार ग्राम साल्हेभाट मे स्व-सहायता समूह के लिए भवन निर्माण कराने, ग्राम मुगवाल में नए प्राथमिक शाला निर्माण करने की स्वीकृति कराने, ग्राम हल्बा में सीसी सड़क निर्माण कराने, ग्राम पंचायत डेढ़कोहका में बोरखनन कराने, आर्थिक सहायता राशि दिलाने, पीएम सम्मान निधि की राशि दिलाने, प्रधानमंत्री आवास दिलाने, बिजली कनेक्शन, वेतन प्रदाय कराने भूमि आबंटन, नवीन निर्माण कार्य स्वीकृति से संबंधित विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं पर आधारित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ कांकेर श्री रौनक गोयल, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर द्वय  जितेन्द्र कुर्रे एवं   बी.एस. पैकरा, अरूण कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी श्रीमती आस्था बोरकर सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

  ———————

04. अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को ऋण प्रदाय करने 31 दिसम्बर तक आवेदन आमंत्रित।

— जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर द्वारा जिले में निवासरत अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार स्थापना के लिए ऋण सहायता प्रदाय करने के लिए 31 दिसम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति ने बताया कि अंत्योदय स्वरोजगार योजनांतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 48 युवक-युवतियों को ऋण सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। आवेदक को संबंधित जाति वर्ग का होना चाहिए और जिले का मूल निवासी होना चाहिए। उसकी पारिवारिक वार्षिक आय शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 01 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। राजस्व अधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र जारी नहीं होने पर सरपंच एवं पटवारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र मान्य होगा। आवेदक की उम्र 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदन के साथ जन्म तिथि अंकित 5वीं, 8वीं, 10वीं के अंकसूची, आधार, पैन कार्ड, राशन कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र इत्यादि की छायाप्रति के साथ पासपोर्ट साइज की दो फोटो एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही 10 रूपए के स्टाम्प पर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से ऋण अनुदान का लाभ नहीं लेने का शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। उपरोक्त पात्रता रखने वाले आवेदक अपना आवेदन जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, कलेक्ट्रेट कम्पोजिट भवन के प्रथम तल, कक्ष क्रमांक 06 में आगामी 31 दिसम्बर तक कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
———————–

05.  देश की सीमा की रक्षा के लिए मुस्तैद सैनिकों का सम्मान करना सबका कर्तव्य : कलेक्टर।  सशस्त्र सेना झंडा दिवस व विजय दिवस पर सम्मानित हुए पूर्व सैनिक व परिजन
सैनिक कल्याण हेतु सर्वाधिक राशि दान करने वाले अधिकारियों को हुआ सम्मान।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस तथा विजय दिवस प्रतिवर्षानुसार क्रमशः 07 दिसम्बर व 16 दिसम्बर को मनाया जाता है। इसी क्रम में आज जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल युद्ध में शामिल रहे जिले के सैनिक तथा संग्राम के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों की परिजनों को कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा सैनिक कल्याण कोष हेतु सर्वाधिक राशि दान करने वाले अधिकारियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे आयोजित सम्मान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कलेक्टर ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमा की रक्षा के लिए खुद की परवाह किए बिना चौबीसों घंटे सजगता के साथ मुस्तैद सैनिकों का सम्मान सभी के लिए गौरव की बात है और हमारा प्राथमिक कर्तव्य भी है। सशस्त्र सेनाएं प्रतिकूल परिस्थितियों में भी सदैव अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करती हैं। भारत की सशस्त्र सेना के समक्ष 07 दिसम्बर 1971 को 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। इसी तरह वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान सैनिकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए विजय हासिल की थी। उन्होंने बताया कि शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम ’पूना पर्रियान’ के तहत पूर्व सैनिकों के द्वारा जिले के युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सबके समक्ष है। कलेक्टर ने सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों व अधिकारियों को सशस्त्र सेना झंडा दिवस और कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं।


इस दौरान जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के संयोजक   एस.पी. त्रिपाठी ने बताया कि कांकेर जिले से 326 सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों ने रक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी हैं तथा उनके परिजनों के कल्याण के लिए बोर्ड द्वारा आवश्यक सहयोग एवं समन्वय स्थापित किया जाता है। इस अवसर पर 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले नायक प्यारेलाल तथा शहीद स्व. श्री मोतीराम की पत्नी श्रीमती पद्मावती और शहीद स्व. अजय की पत्नी श्रीमती सरला को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सर्वाधिक राशि दान देने वाले विभागों के प्रमुख पुलिस अधीक्षक कांकेर, जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मण्डावी, जिला खनिज अधिकारी   सनत कुमार साहू, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री जया मनु तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों के द्वारा अधिकारियों को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का स्टीकर लगाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर डीएफओ कांकेर श्री रौनक गोयल, अपर कलेक्टर   बी.एस. पैकरा, अरूण कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी श्रीमती आस्था बोरकर सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

———————

06.  आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में मृतक के आश्रित को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम चाउरगांव निवासी 19 वर्षीय भूपेन्द्र कुमार पुंगाटी की सर्प काटने से मृत्यु हो जाने पर उनके निकटतम आश्रित संताराम पुंगाटी और श्रीमती मनारी बाई के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।

———————–

07. अभाविप की नवीन कार्यकारिणी गठित, वेदव्यास सिन्हा बने नगर मंत्री।

—अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जो कि विश्व में सबसे बड़ा छात्र संगठन हैं सदैव छात्रहित राष्ट्रहित के मुद्दों पर कार्य करता है।अभाविप चारामा इकाई द्वारा लगातार शैक्षिणक परिसरों के अलावा समाज में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु अनेक रचनात्मक कार्यक्रम तथा आंदोलन को संपन्नकिया गया है। प्रत्येक वर्ष अभाविप का नवीन कार्यकारिणी गठित किया जाता है, जिसके तहत अभाविप चारामा इकाई की नवीन कार्यकारिणी का गठित किया गया, जिसमें वेदव्यास सिन्हा को नगर मंत्री घोषित किया गया है।  सह मंत्री प्रदीप साहू हर्ष सिन्हा धरम चौहान,रूबीकांगे, प्रतिमा, कार्यालय मंत्री प्रशांत गावड़े,सह कार्यालय मंत्री सौरभ जुर्री, सोशल मीडिया संयोजक पंकज पाल अन्य पदाधिकारियों में गूंजा देवांगन, पुष्पा मंडई, अमीषा सलाम, गोदावरी, चुनिषा साहू, नीतू तलाई,खेलो भारत संयोजक राकेश कुंजाम, खेलो भारत सह संयोजक लालिमा, महाविद्यालय प्रमुख पीयूष, महाविद्यालय सह प्रमुख प्रियंका विद्यालय प्रमुख मीनाक्षी, कार्यकारिणी सदस्य सोनम, पुष्पल जीवेश नमन को बनाया गया।

 ———————–

08.  आज कलेक्टर जनदर्शन में चारामा विकासखंड के पंचायत जनप्रतिनिधी कलेक्टर जनदर्शन अपनी समस्या को लेकर गये थे,जहां कलेक्टर द्वारा कथित बयान रोड में थोडी मिलूंगा को लेकर सरपंच संघ में भारी नाराजगी देखी गई। हालात तनावपूर्ण हुए स्थिति को देखते तात्कालीक मीटिंग आयोजित किये जाने पर मामला शांत होता दिखा।

———————–

09.सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रैबीज नियंत्रण व कुत्ता प्रबंधन पर दिया गया प्रशिक्षण।

—जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल में   15 दिसंबर 2025 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रकरण क्रमांक Suo Moto Writ Petition (Civil) No. 05/2025 में प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के प्रबंधन एवं रैबीज नियंत्रण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या, उससे होने वाले जनस्वास्थ्य जोखिम तथा रैबीज जैसी घातक बीमारी की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।  प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल   सुरेन्द्र कुमार बंजारे एवं करारोपण अधिकारी श्री आर. के. किशोरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 35 ग्राम पंचायत सचिव, 97 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 02 रोजगार सहायक, 01 वनरक्षक एवं 01 सेल्समेन उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में मैदानी अमले की उपस्थिति से कार्यक्रम की उपयोगिता और गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। पशुधन विकास विभाग की ओर से डॉ. अल्का ठाकुर, डॉ. राहुल ठाकुर एवं डॉ. संध्या ठाकुर ने आवारा कुत्तों के वैज्ञानिक प्रबंधन, नसबंदी, टीकाकरण, कुत्तों के व्यवहार तथा रैबीज रोग के लक्षणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

———————-

10. जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता व युवा खेल उत्सव 19 दिसम्बर को। 10 खेलों व विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में जौहर दिखाएंगे प्रतिभागी।

—खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भॉति इस वर्ष भी बालिका/महिला खिलाड़ियों को खेलों के प्रति उत्साहित करने व बढ़ावा देने के उद्देश्य सें जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता 02 आयुवर्ग में संपन्न होगी। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 19 दिसम्बर को प्रातः 09 बजे से नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 खेल जिनमें एथलेटिक्स 100 मीटर, 400 मीटर दौड़, तवा फेंक, खो-खो, हॉकी, बैडमिंटन, व्हालीबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, रस्साकसी का शामिल है। यह भी बताया गया कि जिले के सभी 07 विकाखण्डों से प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी जिला स्तरीय महिला खेलकूद नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में शामिल होंगे।

इसी तरह जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन इसी दिन 19 दिसम्बर को प्रातः 9.00 बजे से नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में निर्मित डोम में किया जाना प्रस्तावित है। खेल अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव में कलाकारों को भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता व शर्ते यह है कि उनकी आयु 15 से 29 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य (दलीय), .पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य (दलीय),. लोकगीत (दलीय) सम्मिलित हैं। इसके अलावा कहानी लेखन, चित्रकला, वाद-विवाद, कविता लेखन, नवाचार-विज्ञान मेला, एकांकी, पारंपरिक वेशभूषा (विविध वेशभूषा), रॉकबैंड की भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिले के सभी सातों विकासखण्डों से प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों जिला स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होंगें।

———————–

 विशेष—

जिले में अब तक 13 लाख 45 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी संपन्न
—   खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 13 लाख 45 हजार 554 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हो चुकी है। इसमें 13 लाख 24 हजार 887 क्विंटल मोटा धान तथा 19 हजार 600 क्विंटल पतला और 01 हजार 67 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

———————–

प्रदेश सरकार के भगीरथ प्रयासों का किसानों को मिला सीधा लाभ

’टोकन तुंहर हाथ’ एप से अब 24 घंटे ऑनलाइन टोकन काटने की सुविधा

— राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सुदृढ़ व्यवस्था के चलते जिले में धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025- 26 के तहत जिले के 149 धान उपार्जन केंद्रों में बड़ी मात्रा में धान की खरीदी की जा चुकी है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है।

सरकार द्वारा लागू किए गए सरलीकृत टोकन सिस्टम, समय पर केंद्रों का संचालन, पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता और डिजिटल भुगतान व्यवस्था के कारण किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। धान बेचने के बाद किसानों को तय समय-सीमा में भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक जरूरतें भी तात्कालिक तौर पर पूरी हो रही हैं। प्रशासन की सतत निगरानी और कर्मचारियों की तत्परता से खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है। वहीं कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार चेक पोस्ट स्थापित कर धान के अवैध परिवहन व भंडारण के विरुद्ध सतत कार्रवाई जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गठित टीमों के द्वारा की जा रही है। जिले के किसान सरकार के इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे “किसानों के हित और कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी पहल” निरूपित कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी कार्य अंतिम तिथि तक इसी सुचारू रूप से जारी रहेगा, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे।

———————–

नशा मुक्ति को लेकर जागरण का कार्य है – राठी
— सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाडी कांकेर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के द्वारा नशा मुक्ति के संदर्भ में विभिन्न प्रतियोगिताएँ गत दिवस आयोजित की गई थी, जिसका पुरस्कार वितरण एक सभा आयोजित कर किया गया। 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीके रामा दीदी ने कहा कि समाज में नशा मुक्ती हेतु हमारी संस्था लगातार विभिन्न आयोजन करती रही है। इसी तारतम में सरस्वती शिशु मंदिर के भैया बहनों के बीच प्रजापति ब्रम्हकुमारी संस्था के द्वारा यह प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई थीं।  कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी  ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के द्वारा ऐसे आयोजन सराहनीय है। उनका यह कार्य निश्चित ही बच्चों में बौद्धिक विकास की दृष्टि से एवं नशा मुक्ति को लेकर जागरण का कार्य कर रही है।

हमारे विद्यालय के भैया बहनों का ऐसे आयोजनों में बढ़चढ़ कर भाग लेना प्रशंसनीय है व नशा उन्मुलन की दिशा में सकारात्मक प्रयास है। सहसचिव अजय जैन ने कहा कि भैया बहनों के बीच नशा मुक्ति को लेकर ऐसे आयोजन एक सुंदर प्रयास है। जो विभिन्न आयोजित प्रतियोगिताओं में परिलक्षित होती है। उपस्थित अतिथियों का आभार विद्यालय के प्राचार्य कैलास कुमार तारक ने किया। पुरस्कृत भैया बहनों में चित्रकला में रूचि, हिमांशी, अदिति, नितेश, पूर्वी, दीपा मण्डल, ओजस्वी, चाँदनी कुँजाम, यक्षिता, चिन्मय रहे। वहीं भाषण में वंशिका व हिमांशी कौशल रहे। कार्यक्रम का संचालन जीवन गंगबेर ने किया। इस अवसर पर शकुन्तला मरकाम, गौरव पटेल व विद्यालय के आचार्य गण उपस्थित थे।

———————–

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *