कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
15 अगस्त 2025 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———–
संपादकीय-
पिता वो ‘आसमान ‘है,जिसे किसी शब्द से बयां नहीं किया जा सकता। ना जाने कोई पिता अपने संतान की खातिर किस जगह नहीं झुकता होगा। संतान की शिक्षा,स्वास्थ्य,भविष्य की खातिर वहां भी झुक जाता है,जहां वो अपना पैर भी रखना पसंद नहीं करता हो। ‘स्वाभिमान’ की जिंदगी जीने वाला पिता समय पडने पर अपने आत्म स्वाभिमान को भी दांव लगा देता है। घर से निकल कर दुनियां की रोजमर्रा में जितने थपेडों से जुझता है, उस झोंके का अनुभव वह अपने पुत्र को,सही रास्तों पर चलाने का अनुभव वाली सीख देना चाहता है। वो माने तो ठीक वरन यहां भी वई ईश्वर की ‘नियती ‘मान लेता है।
– मनोज जायसवाल
————–
![]()
01.जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस। सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित।
—राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ जिले में उत्साह पूर्वक हर्ष एवं उमंग के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिला स्तरीय कार्यक्रम नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में पूरे उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने राष्ट्रध्वज तिरंगा का ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आमजनता के नाम संदेश का वाचन किया। तत्पश्चात पुलिस के जवानों के द्वारा हर्ष फायर किया गया 11 प्लाटूनों के द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। समारोह में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति एवं लोक गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। जिला मुख्यालय कांकेर में आज 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया जिसमें नरहरदेव पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग ने सुबह 09 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। बैण्ड की धुन पर राष्ट्रगान पश्चात मुख्य अतिथि श्री नाग ने जिप्सी पर सवार होकर मैदान के चारों तरफ मौजूद 11 प्लाटूनों के जवानों से सलामी ली। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एस.एस.पी. श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला भी उपस्थित थे। परेड के निरीक्षण पश्चात मुख्य अतिथि सांसद श्री नाग ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस पर जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के बाद हर्ष एवं उमंग के प्रतीक गुब्बारे नील गगन में छोड़े गए। इसके बाद पुलिस बल के जवानों के द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल के पुरूष एवं महिला, नगरसेना, बस्तर फाइटर्स महिला, वन विभाग सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स की कुल 11 प्लाटूनों के द्वारा लयबद्ध तरीके से कदमताल करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया गया, जिसके उपरांत मुख्य अतिथि ने प्लाटूनों के दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न मोर्चों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जिले के 92 वीर जांबाज शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि के द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चारामा ब्लॉक के ग्राम गोटीटोला निवासी सेना आयुक्त कोर लांस नायक अजय कुमार गोटी के 23 जून 2024 को शहीद हो जाने पर उनकी पत्नी श्रीमती सरला गोटी को मुख्य अतिथि श्री नाग द्वारा 20 लाख रूपए का चेक सहित शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया गया। स्वतंत्रता समारोह में 22 स्कूलों के 1200 छात्र-छात्राओं के द्वारा सामूहिक पी.टी. का प्रदर्शन किया गया। उसके बाद विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। केन्द्रीय विद्यालय कांकेर, शासकीय कन्या आवासीय विद्यालय गोविन्दपुर, शहीद रामकुमार कन्या विद्यालय कांकेर, शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट, नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर तथा पैराडाइज विद्यालय कांकेर के छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों तथा लोक गीतों पर आकर्षक ढंग से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान पहली बार अश्वारोहियों के द्वारा घुड़सवारी का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें 07 अश्वारोहियों ने घोड़ों पर बैठकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 77 शासकीय सेवकों सहित नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों का भी सम्मान प्रशस्ति-पत्र प्रदाय कर उन्हें स्मृति चिन्ह व मैडल भेंट किया गया।
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मार्च पास्ट में गैर शालेय वर्ग से बस्तर फाइटर्स महिला बल को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष वर्ग को द्वितीय तथा वन विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शालेय वर्ग से शहीद रामकुमार यादव कन्या विद्यालय के स्काउट गाइड् प्रथम, पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय गोविंदपुर कांकेर के राष्ट्रीय सेवा योजना बालिका द्वितीय और पीएमश्री नरहरदेव विद्यालय के एनसीसी बालिका को तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा गैर शालेय वर्ग से परेड कमाण्डर सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक, सहायक परेड कमाण्डर लक्ष्मीनारायण नामदेव उप निरीक्षक, श्रीमती भुनेश्वरी भगत बस्तर फाइटर्स तथा दुर्गेश साहू एनएसएस को बेस्ट प्लाटून कमांडर की श्रेणी में सम्मानित किया गया।इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत हासिल की। इसके अलावा पीएमश्री नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा शहीद रामकुमार कन्या विद्यालय कांकेर के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि सांसद श्री नाग, कलेक्टर एवं एसपी ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैराडाइस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, सुभाषचन्द्र बोस शासकीय छात्रावास गोविंदपुर तथा केन्द्रीय विद्यालय कांकेर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद ध्रुव, पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर अमित तुकाराम कांबले, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश भास्कर मिश्रा, डीएफओ रौनक अग्रवाल, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर जितेन्द कुर्रे एवं ए.एस पैकरा सहित प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिक व छात्र-छात्राए बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

चित्र— स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सांस्कृतिक दलों को सम्मानित किया गया।
————–
02. बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पहल और लगातार अनुश्रवण पर ग्राम रिसेवाड़ा के पारधी जनजाति के केवल बच्चों ही नहीं बल्कि उनके परिवारों को मिला उनका कानूनी हक ।
—छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार एवं सृजन समिति उत्तर बस्तर कांकेर के मनीष जैन, भूपेन्द्र नाग, ईश्वर कावड़े, उत्तम जैन, गिरधर यादव के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन से यह जानकारी प्राप्त हुई थी कि जिला उत्तर बस्तर कांकेर के पिछड़े ग्राम रिसेवाड़ा में कुछ पारधी जन जाति के परिवार निवासरत् हैं, जो कि वोटर आई.डी. कार्ड से लेकर आधार कार्ड तक की समस्त वैधानिक सुविधाओं से वंचित हैं।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा द्वारा प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर प्रकरण कमांक 1307/2025 आयोग में दर्ज किया गया एवं जिला कलेक्टर को तुरंत राजस्व, वन, पुलिस विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग का दल बनाकर इन परिवारों तक पहुँचकर उन्हें समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। जिला कलेक्टर ने तत्काल 05 सदस्यीय दल बनाकर कार्यवाही शुरू की। आयोग की अध्यक्ष के निर्देश पर जिले के द्वारा कृत सर्वेक्षण अनुसार ग्राम रिसेवाड़ा के पारधी जन जाति के 06 परिवारों के 34 सदस्य सर्वेक्षण में वहाँ निवासरत् पाये गये, जिनमें से केवल एक परिवार को छोड़कर शेष के वोटर आई.डी., आयुष्मान कार्ड तथा राशनकार्ड आदि तैयार करवा दिये गये हैं। केवल एक परिवार के दस्तावेज पूरे होते ही उनके भी समस्त आवश्यक दस्तावेज बनवाये जा रहे है। आयोग ने यह पाया कि उक्त परिवार जिला मुख्यालय से मात्र 25 किलोमीटर की दूरी पर निवासरत् है एवं आरक्षित वन क्षेत्र में कोण्डागांव से आकर रह रहे थे। इसलिए आयोग ने अपनी कार्यवाही केवल यहीं पर खत्म नहीं की है बल्कि प्रकरण की अगली सुनवाई 11 सितम्बर 2025 को नियत कर सभी परिवारों को सभी सुविधाएं दिलाने की लिखित पुष्टि चाही है। इसी के साथ आयोग द्वारा वन विभाग संबंधित समस्त अफसरों को भी आयोग में आहुत किया है ताकि यह पता चल सके कि आरक्षित वन क्षेत्र में रहने वाले इन परिवारों को अभी तक वन विभाग द्वारा संज्ञान लेकर वैधानिक अधिकारों को दिलाने के लिए क्या पहल की गई? आयोग ने इस पूरी कार्यवाही को लगातार अनुश्रवण कर मात्र ढाई माह में पूर्ण करवाया है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा द्वारा इन परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़े जाने की पहल के साथ साथ पूरे प्रदेश में ऐसे परिवारों की पहचान कर संज्ञान लेने के लिए वन विभाग को पत्र लिखा जा रहा है।
————–
03.युवा प्रकोष्ठ साहू समाज कांकेर मे निवासरत प्रदेश व संभाग के पदाधिकारी द्वारा शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विशेष विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के साथ रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाया गया।
— प्रदेश संयुक्त सचिव, साहू संघ युवा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ रोशन साहू ने कहा की ये हमारे ही बीच के बच्चे है हमारे जैसे ही है, हमारे भाई है,कोई बाहर से जब इनसे मिलने जाता है तो इनकी और मिलनेवालो की ख़ुशी का भी ठिकाना नहीं होता है, जो किसी कठोर से कठोर मनुष्य के अंदर भी निस्वार्थ प्रेम और लगाव उत्पन्न कर देता है,ये बहुत ही प्यारे बच्चे है,बच्चों को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद, भगवान इनके जीवन को आनंदमय बनाए यही प्रार्थना है,इस रक्षाबंधन के कार्यक्रम मे विशेष रूप से हमारे साहू समाज कांकेर के जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत साहू व नगर अध्यक्ष कमलेश साहू व नगर सचिव संयोग सर्व व प्रदेश आई.टी. प्रकोष्ठ संगठन सचिव युक्ति साहू ,युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयुक्त सचिव सुश्री तूमेश्वरी साहू , प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुश्री राखी साहू , संभाग युवा प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष यानु साहू , उपाध्यक्ष दीपक साहू , संगठन सचिव भावना साहू जी, बालमुकुंद साहू कुम्भज हिरवानी , सांस्कृतिक प्रभारी सुश्री पिंकी साहू , कला प्रभारी सुश्री कृति साहू जी,जिला युवा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष थामेन्द्र साहू ,विक्कु साहू ,लालिमा साहू , अनामिका साहू , श्रीमती खुशबु साहू , ओगेश्वर हिरवानी जी व भावना साहू जी समेत अन्य युवा साथी उपस्थित रहे।

चित्र—साहू समाज युवा प्रकोष्ट ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन।
————–
04.कलेक्टर ने जिला कार्यालय और जिलाधीश निवास में किया ध्वजारोहण।
— आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज सुबह 08 बजे जिला कार्यालय कांकेर में ध्वजारोहण किया। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी कार्यालयीन स्टाफ को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके पहले, कलेक्टर श्रीक्षीरसागर ने सिविल लाइन्स स्थित अपने निवास पर राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

चित्र— जिला कार्यालय कांकेर में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण।
————–
05.सरस्वती शिशु मंदिर गढ़ पिछवाड़ी कांकेर में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।
— नगर के गढपिछवाडी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आज स्वतंत्रता दिवस अवसर पर सर्वप्रथम सम्माननीय अतिथियों के द्वारा ध्वज पूजन करने के उपरांत मुख्य अतिथि अशोक राठी के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। तत्पश्चात भारत माता की आरती की गई। अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया ।पश्चात विद्यालय के भैया बहनों के द्वारा रंग-बिरंगी आकर्षक प्रस्तुति दी गई। भारत की लोक संस्कृति एवं लोकगीतों पर आधारित नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नृत्य के साथ देशभक्ति पूर्ण गायन एवं अंग्रेजी एवं हिंदी में भाषण की प्रस्तुति भैया बहनों के द्वारा दी गई। हिमाद्री जैन के भाषण ने लोगों का ध्यान अनायास अपनी ओर खींचा।नन्ही बच्ची लोमशी ने शास्त्रीय संगीत आधारित नृत्य प्रस्तुत कर समाँ बाँधा। विविध स्वरूपों में समूह एवं एकल नृत्य भैया बहनों के द्वारा प्रस्तुत किया गया।जिन्हें विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी जी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की दीदियों ने भी इस अवसर पर देश भक्ति गीत की प्रस्तुति दी। वरिष्ठ आचार्य संतोष श्रीवास्तव ने अपनी कविता के माध्यम से भैया बहनों को निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि की आसंदी से कांकेर शिक्षा समिति के माननीय व्यवस्थापक अशोक राठी ने कहा कि आजादी के इस पर्व में हम सबको एक जुटता के साथ अपनी देशभक्ति पूर्ण भावनाओं को व्यक्त करने व देश हित में सतत बढ़ते रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपने देश के प्रति हमें गहरा लगाव हो, और हम देश की सेवा में अपना योगदान सहज रूप में दे सके,ऐसा प्रयास होना चाहिए। देश की आजादी के लिए बहुत से देशभक्तों ने अपना बलिदान दिया। आज हम स्वतंत्र हैं। हमें अपने देश की स्वतंत्रता को बनाये रखना है व मिलकर देश का विकास करना है। अपनी प्रतिभा में और अधिक निखार लाना है।कार्यक्रम के अध्यक्ष राम शरण जैन ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी को अपनी शुभकामनाएंँ दी। विद्यालय के प्राचार्य कैलास कुमार तारक ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश की आजादी के शुभ अवसर पर हम एकता एवं देश भक्ति के रास्ते में चलने का संकल्प लेवें। अनुशासन का पालन करते हुए एक नेक विद्यार्थी के रूप में अपनी भूमिका निभाये। इस अवसर पर कांकेर शिक्षा समिति के सह सचिव अजय जैन, कोषाध्यक्ष राजगोपाल कोठारी, ललित गांधी, कांकेर विभाग समन्वयक संगम पांडे के साथ ही नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंचीय संचालन जीवन गंगबेर व सूरज नेताम ने किया। विद्यालय के सभी आचार्य दीदियों व अन्य कर्मचारियों ने कार्यक्रम की सफलता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चित्र— सरस्वती शिशु मंदिर गढ़ पिछवाड़ी कांकेर में स्वतंत्रता दिवस मौके पर।
————–
06.लखनपुरी में स्वतंत्रता दिवस की 79 वीं वर्षगांठ अवसर पर सांस्कृतिक आयोजनों की प्रस्तुति के साथ संपन्न हुई।
– आज स्वतंत्रता दिवस अवसर पर मुख्य अतिथि विरेंद्र श्रीवास्तव प्रदेश सह संयोजक एनजीओ प्रकोष्ट,विजय मंडावी, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति,विशिष्ट अतिथि राजेंद्र ठाकुर, नासिर खान,श्रीगंगवाल, श्रीचक्रधारी थे। शाला परिवार से प्राचार्य बीएस दीवान,मोतीलाल ध्रुव,श्रीमती आशा ठाकुर,पवन यादव,नुतन ठाकुर, विनीता मेहता, सरिता निर्मलकर, फरहाना सिद्वीकी, नीलिमा एक्का,मीरा टांडिया, शारदा यादव,अनुराधा मंडावी, भुपेंद्र सहारे, शकुंतला देवांगन, रितु सिंह ठाकुर,सविता नागवंशी, डिम्पल साहू,दीपमाला साहू,नीलिमा सिंह, भुपेश साहू थे। मंच संचालन कु. गौशाली सिन्हा ने किया। कार्यक्रम समापन की घोषणा एवं आभार प्रदर्शन शिक्षक व्ही.के. साहू ने किया।

चित्र—शास.रघुराजसिंहदेव उ.मा.वि. लखनपुरी(कानापोंड) स्वतंत्रता दिवस अवसर पर।
————–
07. स्वतंत्रता दिवस के शुभ दिवस अवसर के दिन विद्युत विभाग की कारनामा देखिये जहां अभी लखनपुरी क्षेत्र के टांहकापार सब स्टेशन से निकलने वाली कई गांव अंधेरे में डुबा है। अपडेट खबर बताते चलें कि अभी—अभी रात्रि 8 बजे बिजली बहाल की गई है। पहले हाराडुला फीडर दुरूस्त की गई इसके बाद अरौद फीडर का फाल्ट ठीक कर दिया गया है। लेकिन पुनः एक घंटे बाद बिजली बंद हो गई है।
————–
08. आज सुबह से दिन भर बारिश होती रही। नरहरपुर क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई है।
————–
09. कांकेर नगर से सटे गोविंदपुर निवासी उमर भाई ने आज दुनियां को अलविदा कह दिया।गांजा बेचने वाला एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
आरेपी के पास से कुल गांजा का वजन 610 ग्राम गांजा बरामद आरोपी गिरफ्तार।
—मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 14.08.2025 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि अंकित तारम निवासी गढ़पिछवाडी नो की गढपिछवाडी तिराहा के पास में एक थैला में अवैध मादक पदार्थ गाजा रखा है और बिक्री करने के लिये ग्राहको का तलाश कर रहा है. मौके पर मुखबीर द्वारा बताये गये स्थान गढ़पिछवाड़ी तिराहा के पास थाना काकेर पहुंचकर तस्दीक किया गया गढ़पिछवाडी तिराहा के पास अंकित तारम बड़ा मिला जो की अपने हाथ में एक सफेट, हरा रंग का प्लास्टिक का थैला रखा हुआ था जो पुलिस को देखकर अपने आधिपत्य के थैला को छुपाने का प्रयास कर रहा था,घेराबंदी कर अंकित तारम का तलाशी लेकर आधिपत्य के थैला में एक सफेद, हरा रंग का प्लास्टिक थैला के अन्दर में एक पारदर्शी झिल्ली जिसके अंदर में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ बरामद अवैध मादक पदार्थ गाजा की पहचान रगड़कर, सुघकर कराया गया कि पहचान कार्यवाही में अकित तारम के आधिपत्य से बरामद अवैध मादक पदार्थ गाजा होना पाया गया। संदेही अंकित तारम से बरामद गांजा जैसा मादक पदार्थ को ईलेक्ट्रानिक तौल मशीन से तौल करने पर बरामद मादक पदार्थ गांजा एवं प्लास्टिक थैला झिल्ली सहित वजन 700 ग्राम, गांजा का वजन 610 ग्राम होना बताया। जो आरोपी अंकित तारम के आधिपत्य से बरामद शुदा एक सफेद, हरा रंग के प्लास्टिक थैला के अंदर पारदर्शी झिल्ली में अवैध मादक पदार्थ गांजा जिसका वजन 610 ग्राम को समक्ष गवाहों के मुताबिक जती पत्रक के जप्त कर शीलबंद किया गया। आरोपी अंकित तारम पिता नकूल तारम उम्र 21 वर्ष निवासी गढ़पिछवाड़ी थाना कांकेर के द्वारा अपराध धारा 20 (ख) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध घटित करना पाये जाने से थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 291 धारा 20(ख) एन.डी.पी.एस.एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया उक्त आरोपी को दिनाक 14.08.2025 को 16ः20 बजे गिरफ्तार किया गया सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर, सउनि सोमेन्द्र सिंह प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव आरक्षक अलख मरकाम, अनिल मरकाम, प्रेम सिंह आंचला, हेमंत शोरी, अनिल कुमार मरकाम एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग टीम सउनि तेजेश्वर कश्यप,आरक्षक देवेन्द्र मंडावी, लक्ष्मीनारायण शोरी का अहम भूमिका रहा है।
————–
10.लखनपुरी में होगा वृहत श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव।
—श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व इस वर्ष जिले के लखनपुरी में विशेष रहने वाला है। यहां यादव परिवार परिक्षेत्र लखनपुरी द्वारा गिरधर गोपाल राधा कृष्ण मंदिर (गोवर्धन कुंज) में 16 अगस्त को संध्या 4बजे से श्रीहरि प्राकट्य पूजा, रात्रि 7 बजे भजन संध्या, रात्रि 12.00 श्रीकृष्ण जन्म उत्सव के साथ मनाया जायेगा। दूसरे दिन 17 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से दही लूट,शोभा यात्रा(राधा कृष्ण मंदिर से मॉं वैष्णवी मंदिर तक) एवं दोपहर 2.00 बजे महाप्रसाद(भोजन) कार्यक्रम होगा।

————–
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
—————-







