
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
08 जुलाई 2025 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
—————–
01.संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की 24 वीं प्रांतीय साधारण सभा संपन्न।
-पूण्य श्लोक लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर के त्रिशताब्दी वर्ष में उनके व्यक्तित्व एवं अवदान पर छत्तीसगढ़ प्रांत के साहित्यकारों से रचनाएं आमंत्रित किया गया था, जिसमें प्रांत स्तर पर रिजेन्द्र गंजीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डॉ .गीता शर्मा एवं रानी शर्मा की रचनाओं को उत्कृष्ट स्थान मिला । अहिल्या गाथा, राजश्री से राजर्षि तक नाम की स्मारिका , जिसमें कांकेर के तीनों साहित्यकारों की रचना सम्मिलित है। इस प्रान्तीय अधिवेशन में कांकेर से रिजेन्द्र गंजीर, डॉ गीता शर्मा संस्कार भारती अध्यक्ष कांकेर, अवधेश लारिया महामंत्री, रामशरण जैन कोषाध्यक्ष,सम्मिलत थे। वार्षिक अधिवेशन में संस्कार भारती के विभिन्न सत्रों के मध्य चर्चा- परिचर्चा व कवि सम्मेलन का आयोजन भी था।कवि सम्मेलन में इसरो के वैज्ञानिकों को समर्पित पुस्तक सृजन से शिखर (चंद्र) तक व चंद्र विजय अभियान इसरो के वैज्ञानिकों को समर्पित पुस्तक (शुभकामना संदेश) का लोकार्पण हुआ। संजीव वर्मा सलिल जबलपुर के संपादन में देश-विदेश के 213 साहित्यकारों ने 52 भाषा बोलियों में जीवन परिचय सहित अपनी शुभकामनाऐं छंद कविताओं के माध्यम से दीं। जिसमें छत्तीसगढ़ से डॉ गीता शर्मा सहित चार साहित्यकार सम्मिलित हैं। उक्त पुस्तक का विमोचन मॉरिसस में हुआ था।पुस्तक का भारत के कई शहरों में लोकार्पण हो रहा है।
चित्र—रायगढ में गत दिनों संस्कार भारती का वार्षिक अधिवेशन हुआ जहां कांकेर से साहित्यकार उपस्थित हुए।
—————–
02.कलेक्टर ने लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने अधिकारियों को दिए निर्देश समय-सीमा बैठक में की विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा।
—समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित विकास कार्यों की जानकारी ली तथा उन्हें पूर्ण गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द करने के लिए आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने विभागवार निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि जिले में राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं, उनकी राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी एसडीएम इसे गंभीरता से लेते हुए स्कूली विद्यार्थियों का जाति, निवास एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज शीघ्रता से तैयार कराएं तथा जरूरत पड़ने पर राजस्व शिविर भी आयोजित किए जाएं। इसी तरह कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना के तहत जुड़े नए गांवों में विभिन्न योजनांतर्गत शासकीय कार्यों व सुविधाओं में विस्तार करने पर जोर देते हुए माओवाद प्रभावित ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा जिले में डीएपी खाद की कमी के संबंध में अन्य वैकल्पिक खाद एवं उर्वरक का उपयोग कराए जाने हेतु किसानों को जागरूक करने और तकनीकी सलाह देने के निर्देश खाद्य अधिकारी एवं जिला विपणन अधिकारी को दिए। बैठक में आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा पीडीएस सेंटर निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं निर्माण एजेंसियों को दिए। बताया गया कि 499 स्वीकृत आंगनबाड़ी केन्द्रों में से 290 पूर्ण हो चुके हैं जबकि 209 कार्य लंबित हैं। इसी तरह पीडीएस सेंटर भवन निर्माण के 103 स्वीकृत भवनों के विरूद्ध 79 पूर्ण हो चुके हैं तथा 24 कार्य अभी तक लंबित हैं। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त लक्ष्य के विरूद्ध अब तक हुई प्रगति को लेकर कलेक्टर ने प्रति सप्ताह जनपदवार समीक्षा करने जिला पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया। इसके अलावा बस्तर विकास प्राधिकरण एवं डीएमएफ अंतर्गत लंबित प्रकरणों की जानकारी लेेते हुए तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सामाजिक अंकेक्षण, पीएम जनमन, पीएम विश्वकर्मा, पोषण पुनर्वास केन्द्र आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द अधूरे एवं अप्रारंभ कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
चित्र—समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक कलेक्टर अध्यक्षता में सभागार में।
—————–
03.डिप्लोमा इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए तृतीय चरण का पंजीयन 10 से 13 जुलाई तक।
—तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण में प्रवेश के पश्चात रिक्त सीटों के लिए तृतीय चरण हेतु पंजीयन 10 से 13 जुलाई तक होगा। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर आधिकारिक वेबसाइट cpdteraipur.cgstate.gov in/ cgdte.admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते है। इसके बाद आवंटन की घोषणा 18 जुलाई को की जाएगी। आबंटन होने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया 19 से 22 जुलाई तक चलेगी। सभी छात्र निधर्धारित तिथि में आवंटित संस्था में उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते हैं। शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में तीन शाखाओं में डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हैं। इनमें सिविल इंजी., मेकेनिकल इंजी. और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजी. शामिल है। इस संस्था में छात्राओं के लिए शिक्षण शुल्क पूर्णतः निःशुल्क है। छात्रों की सुविधा के लिए संस्था में सुविधा केंद्र की स्थापना की गई है, जहां ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसका पंजीयन शुल्क 200 रुपए है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से ही भुगतान करना होगा। पंजीयन के समय पीपीटी का स्कोर कार्ड, 10वीं, 12वीं और आईटीआई की अंकसूचियां, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण (यदि लागू हो तो) रखना है। कांकेर जिले के मूलनिवासी बिना पीपीटी परीक्षा के कक्षा 10वी उत्तीर्ण के आधार पर भी प्रवेश हेतु पात्र है।
—————–
विशेष—
‘महिला सशक्तिकरण’ वृहत सम्मेलन न्यु कम्युनिटी हाल कांकेर में कल।
—कल 09 जुलाई बुधवार को न्यु कम्युनिटी हाल कांकेर में 11 बजे से शाम 5.00 बजे तक महिला स्व-सहायता समूह द्वारा महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में मुख्य अतिथि श्रीमती पुर्णिमा कावडे,जनपद अध्यक्ष जनपद पंचायत कांकेर, श्रीमती जागेश्वरी भास्कर,अध्यक्ष जनपद पंचायत चारामा होंगी। मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती माधुरी यदु,श्रीमती मोनिका शाह,सौरभ श्रीवास्तव, मिशन प्रबंधक अर्बन,श्रीमती गोविंदा उधरे क्षेत्रीय प्रबंधक रूलर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती टिकेश्वरी सिन्हा करेंगी जो मुख्य आयोजनकर्ता है। यह आयोजन महिला स्व-सहायता समूह को समर्पित है,जहां इस आयोजन में काफी संख्या में विशिष्ट अतिथिगण एवं महिलाएं शामिल हो रही है।
—————–
04. जहां आम लोग चोरी की घटना की रिर्पोट दर्ज कराने थाने की ओर रूख करते हैं, लेकिन पुलिस की टेबल से ही लेपटाप चोरी हो जाए तो करें? बहरहाल स्वयं थाने में चोरी की घटना पर सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। चोरी की यह घटना विभाग की प्रतिष्ठा पर चिंता का विषय बन गया है। बताते चलें कि भानुप्रतापुर थाने में पदस्थ एक आरक्षक काम पूरा होने के बाद अपने निजी लेपटाप,प्रिंटर से प्रतिदिन की तरह रात9.30 बजे अपने दराज में रख कर दिया था। अगले दिन 04 जुलाई को 8.45 बजे अपने कर्तव्य पर पहूंचा तो दराज खुला हुआ है,जहां लेपटाप नही है,प्रिंटर रखा हुआ है। चोरों के हौसले कितने बुलंद है कि वो थाने तक को नहीं छोड रहे हैं‚ विचारणीय है। नगर में चोरी की घटनाएं बढ रही है। विगत दिनों थाना से महज कुछ दूरी पर लगे श्रीराम जानकी मंदिर जहां हरपल चहल पहल होती है‚वहां चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। अभी चोर पुलिस की पकड से बाहर है।
—————–
05.पंचायत उन्नयन सूचकांक पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित।
—जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज सर्व संबंधित लाइन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों का पंचायत उन्नयन सूचकांक के संबंध में कार्यशाला आयोजित किया गया। इसमें संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी व मैदानी कर्मचारियों को पंचायत उन्नयन सूचकांक के संबंध मे जिला नोडल अधिकारी कमल सिदार उप संचालक पंचायत एवं जिला समन्वयक आशीष ठाकुर के द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला के दौरान अवगत कराया गया की सतत् विकास लक्ष्यों को 2030 तक प्राप्त करने हेतु भारत सरकार पंचायत राज मंत्रालय द्वारा सतत् विकास लक्ष्यों के आंकलन के उद्देश्य से पंचायत उन्नयन सूचकांक (पीएआई 2.0) का निर्माण किया गया है। पीएआई एक बहुआयामी मूल्यांकन सूचकांक है, जिसके माध्यम से एल.एस.डी.जी के 09 थीम से संबंधित लोकल इंडिकेटर की गणना करते हुए, पंचायतों के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रगति मापी जा सकती है। उक्त कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी द्वारा पंचायत उन्नयन सूचकांक के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को चरणबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आवश्यक कार्यवाही समय सीमा में पूर्ण करने निर्देशित किया गया।
चित्र—पंचायत उन्नयन सूचकांक पर जिला स्तरीय कार्यशाला
—————–
विशेष—
भानुप्रतापपुर से कांकेर जिला मुख्यालय कोे जोडने वाला मार्ग इन दिनों खस्ताहाल है। धनेलीकन्हार से कांकेर तक की स्थिति अत्यंत खराब होने के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड रहा है। इस समस्या को देखते जनहित मे शिवसेना कांकेर इकाई ने जिला कलेक्टर कांकेर के नाम ज्ञापन सौंपी है।
—————–
06.प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित।
— शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर द्वारा ’’स्कूल आउटरीच कार्यक्रम’’ के अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आईआईटी, एनआईटी, शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया तथा तैयारी की रणनीतियो को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से डॉ. गणेश शुक्ला, एसोसिएट प्रोफेसर, इंडस्ट्रियल एव प्रोडक्शन इजीनियरिंग, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सीयूईटी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसे दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय एव सागर विश्वविद्यालय में प्रवेश की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु अच्छे संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व को भी रेखांकित किया।
चित्र—प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम अवसर पर।
—————
07.कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को त्वरित निराकरण करने दिए निर्देश।
—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में पीएम आवास दिलाने, भूमि सीमांकन कराने, भर्ती परीक्षा में शामिल करने, विकलांगता पेंशन दिलाने, स्थानांतरण कराने, कृषि भूमि का कब्जा हटाने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
चित्र—कलेक्टर जनदर्शन में जिला कलेक्टर द्वारा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश।
—————
विशेष—
नरहरपुर नजदीक ग्राम सिंगारवही, एक सेवारत सैनिक भाव सिंह नेताम सिग्नल रेजीमेंट का जवान, फिलहाल 49 राष्ट्रीय राइफल राजौरी में पदस्थ था, तबीयत खराब होने की वजह से दिल्ली के आरआर अस्पताल रिफर किया गया था दिल्ली हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया। भाव सिंह नेताम एक महीने ही पहले छुट्टी आया था। उनकी एक छोटी सी बच्ची है इतनी कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह देना पीड़ा दायक है। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से फ़्लाइट्स l से रायपुर पहूचेेगी यहां से उनके गृहग्राम सिंगारवाही(नरहरपुर) लाया जा रहा है। कल 9 जुलाई को उन्हें सलामी देकर अंतिम संस्कार किया जायेगा।
चित्र— भाव सिंह नेताम‚सिग्नल रेजीमेंट का जवान।
—————
08.डीएपी खाद की कमी पूर्ति हेतु वैकल्पिक उर्वरकों का किया जा सकता है प्रयोग। किसानों को फास्फोरस एवं नत्रजन जैसे पोषक तत्वों का उपयोग करने दी गई तकनीकी सलाह।
— जिले में अच्छी वर्षा होने पर कृषि कार्य जोरों पर है। किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, बीज एवं उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। उप संचालक कृषि जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि सहकारी समितियों में यूरिया 1348, डीएपी. 411, एमओपी 1136, एसएसपी 1643 व एनपीके 629 मीट्रिक टन की उपलब्धता है। जिले में किसानों को डीएपी खाद की कमी पूर्ति हेतु अन्य वैकल्पिक खाद फास्फोरस एवं नत्रजन जैसे पोषक तत्वों का उपयोग करने की तकनीकी सलाह दी गई है। इसके अलावा किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में नैनो डीएपी का भी छिड़काव करने की सलाह दी गई है।उप संचालक कृषि ने बताया कि डीएपी एक ऐसी खाद है, जो भारत में नहीं बनती है। इसके लिए अन्य देशों से आयात पर निर्भर रहना पड़ता है और आयात सामान्य से कम हुआ है। ऐसी स्थिति में डीएपी खाद की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही है, यदि किसानों को डीएपी खाद नहीं मिलता है तो किसान इसके विकल्प के रुप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा बताए गए अनुशंसित मिक्स खाद का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने किसान भाईयों को बेहतर फसल उत्पादन के लिए फास्फोरस एवं नत्रजन पोषक तत्वों की पूर्ति हेतु अन्य उर्वरकों का उपयोग करने की तकनीकी सलाह दी।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि धान की जल्दी पकने वाली व देशी किस्म हेतु 24 किलोग्राम नत्रजन, 16 किलोग्राम स्फूर एवं 8 किलोग्रामे म्यूरेट ऑफ पोटाश की प्रति एकड़ आवश्यकता होती है. जिसकी पूर्ति 52 किलोग्राम यूरिया, 100 किलोग्राम सुपर फास्फेट, 13 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 50 किलोग्राम एनकेपीके (12ः32ः16), 39 किलोग्राम यूरिया या 80 किलोग्राम कॉम्प्लेक्स उर्वरक एनपीकेएस (20ः20ः0ः13), 18 किलोग्राम यूरिया एवं 13 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की जा सकती है, धान की किस्में दीर्घ अवधि 141 दिन से अधिक हेतु 32 किलोग्राम नत्रजन, 20 किलोग्राम स्फूर एवं 12 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की प्रति एकड़ आवश्यकता होती है जिसकी पूर्ति 70 किलोग्राम यूरिया, 125 किलोग्राम सुपर फास्फेट, 20 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 62 किलोग्राम एनकेपीके (12ः32ः16), 54 किलोग्राम यूरिया व 4 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 100 किलोग्राम कॉम्प्लेक्स उर्वरक एनपीकेएस (20ः20ः0ः13), 26 किलोग्राम यूरिया एवं 20 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की जा सकती है। धान की किस्में मध्यम अवधि 126-140 दिन हेतु 40 किलोग्राम नत्रजन, 24 किलोग्राम स्फूर एवं 16 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की प्रति एकड़ आवश्यकता होती है. जिसकी पूर्ति 87 किलोग्राम यूरिया, 150 किलोग्राम सुपर फास्फेट, 27 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 75 किलोग्राम एनकेपीके (12ः32ः16), 67 किलोग्राम यूरिया व 7 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 120 किलोग्राम कॉम्प्लेक्स उर्वरक एनपीकेएस (20ः20ः0ः13), 35 किलोग्राम यूरिया एवं 27 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की जा सकती है। यह भी बताया गया कि मक्का हाईब्रिड किस्म हेतु 40 किलोग्राम नत्रजन, 24 किलोग्राम स्फूर एवं 16 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश की प्रति एकड़ आवश्यकता होती है, जिसकी पूर्ति 87 किलोग्राम यूरिया, 150 किलोग्राम सुपर फास्फेट, 27 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 75 किलोग्राम एनकेपीके (12ः32ः16), 67 किलोग्राम यूरिया व 7 किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश या 120 किलोग्राम कॉम्प्लेक्स उर्वरक एनपीकेएस (20ः20ः0ः13), 35 किलोग्राम यूरिया एवं किलोग्राम म्यूरेट ऑफ पोटाश से की जा सकती है।
—————
विशेष—
शासकीय माध्यमिक शाला भंडारीपारा में शाला प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ जहां नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
चित्र— शा प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक शामिल हुए।
—————
09.अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला कांकेर के द्वारा जिला कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर से मुलाकात कर मॉं के नाम से एक पेड़ लगाने अभियान अंतर्गत आज एक नींबू का पेड़ के साथ मुलाकात किये। मौके पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला कांकेर के अध्यक्ष कौशल सिंन्हा, संगठन सचिव टी के जैन, सचिव सोमेश यादव उपस्थित रहे।
चित्र— नींबु के पेंड के साथ कलेक्टर से मुलाकात करते अ.भा.पू.सै. सेवा परिषद टीम।
10. कांकेर नगर में आटा एवं बेसन फेक्ट्री के शुभारंभ पर शामिल हुए नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक।
—आज नगर के औद्योगिक विकास की दिशा में एक अहम कदम की ओर नगर के युवा प्रतिष्ठित व्यवसायी निलेश एवं राज मोटवानी के आटा एवं बेसन फैक्ट्री के उद्घाटन समारोह में नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा-यह फैक्ट्री न केवल स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देगी, बल्कि शहर की आर्थिक प्रगति का नया अध्याय भी लिखेगी। कांकेर नगर के लिए समर्पण, आत्मनिर्भरता और मेहनत की यह मिसाल अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार की दिशा में प्रेरणास्पद है।
चित्र— आटा एवं बेसन फेेक्ट्री के शुभारंभ अवसर पर संचालक निलेश एवं राज मोटवानी के साथ नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक एवं परिवार।
——————-
शुभ रात्रि……
—————–
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-