आज की टॉप 10 खबर 04 जून 2025 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
04 जून 2025 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

—————

-आज के हमारे मेहमान- 

-मुरारी देवांगन‚कांकेर

        -ये हैं, मुरारी देवांगन,जिनका जन्म जगदलपूर(बस्तर) में हुआ। एमएससी,बीएड के बाद व्याख्याता पद पर पदस्थ हो गये। वर्तमान में शासकीय नरहरदेव उ.मा.वि. में 14 साल तक अध्यापन कार्य किया। वर्तमान में शासकीय हाईस्कूल बरदेभाटा में पदस्थ हैं। स्थायी निवास कांकेर नगर के एकता नगर में है। बालपन से पेंटिंग में इनकी प्रतिभा रही। यह इनका शौक भी रहा। बताते चलें – बस्तर संस्कृति औऱ विभिन्न विषयों पर पेंटिंग का कलेक्शन,स्टेट व नेशनल लेवल तक कुछ पेंटिंग का प्रदर्शन, प्रत्येक वर्ष पर्यावरण संरक्षण थीम पर पत्रिका औऱ सोशल मीडिया के द्वारा लोगों को अपील करने एक पेंटिंग तैयार करते हैं‚ जो प्रकाशित हुई है। नगर में हर वर्ष पर्यावरण पत्रिका के लिए कव्हर पेज के लिए इनकी पेटििंग चित्र चयनित होती रही है।
—————–

01प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को किया जा रहा लाभान्वित।

-कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति ‘कमार’ परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों की सामाजिक तथा आर्थिक स्थिति में उत्तरोत्तर सुधार करना है, ताकि उनका त्वरित गति से विकास सुनिश्चित किया जा सके। जिले के विकासखंड नरहरपुर के कुल 13 ग्रामों में 72 परिवार कुल जनसंख्या-283 (पुरूष-147 एवं महिला-136) विशेष रूप से कमजोर जनजाति ‘कमार’ निवासरत हैं। इनके जीविकोपार्जन के साधन व बांस शिल्प कला, कृषि एवं मजदूरी है। सहायक आयुक्त ने बताया कि पीएम जनमन मिशन अंतर्गत प्रत्येक परिवार को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक कार्य एवं सामुदायिक कार्यों के तहत शासकीय योजनाओं का लाभ विशेष रूप से कमजोर परिवारों (पीवीटीजी) एवं सभी पीवीटीजी ग्रामों को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने 9 केन्द्रीय मंत्रालय के माध्यम से 11 महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वीकृति गतिविधि अनुसार मिशन अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजाति के जीवन स्तर में सुधार करने हेतु पात्र परिवारों को पक्के घर (प्रधानमंत्री आवास योजना)-ग्रामीण के तहत वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 20 आवास में से 17 कार्य पूर्ण तथा 01 आवास प्रगतिरत है। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 02 कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में सड़क निर्माण के 04 कार्य स्वीकृत है, जिसमें दलदली से कमारपारा दलदली, भीमापारा से बासनवाही (बाजारपारा), मावलीपारा (आवासपारा) से कमारपारा और गंवरसिल्ली से खासपारा में कार्य प्रगतिरत है। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह के हितग्राही को शिक्षा, आधार कार्ड, प्रत्येक परिवार का राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य एवं पोषण, दूरसंचार कनेक्टिविटी इत्यादि सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

———————— 

02.स्वरोजगार स्थापना हेतु ऋण प्राप्त करने 20 जून तक आवेदन आमंत्रित।

जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर द्वारा जिले में निवासरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों से स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए 20 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बैंक प्रवर्तित योजनांतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के लिए अंत्योदय स्वरोजगार योजना और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आदिवासी स्वरोजगार योजना के तहत् ऋण प्रदाय किया जाएगा। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि ऋण प्राप्त करने हेतु आवेदक को संबंधित जाति वर्ग तथा जिले का मूल निवासी होना चाहिए। आवेदक की पारिवारिक वार्षिक आय शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 01 लाख 50 हजार रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही राजस्व अधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र जारी नहीं होने पर सरपंच एवं पटवारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र मान्य होगा। आवेदक की उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक आवेदक को जन्मतिथि दर्शित पांचवी, आठवीं व दसवीं की अंकसूची, आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र, 02 पासपोर्ट साईज की फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ 10 रूपए के स्टाम्प पर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से ऋण अनुदान का लाभ नहीं लेने का शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। उपरोक्त पात्रता एवं शर्तें रखने वाले आवेदक जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर, कलेक्ट्रेट कम्पोजिट भवन के प्रथम तल, कक्ष क्रमांक 06 में कार्यालयीन समय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

———————— 

03 कलेक्टर ने की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

– कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए डबरी, ताला यता राशि स्वीकृत की है। तहसील पखांजूर के ग्राम गोण्डाहूर निवासी 25 वर्षीय सुरजा आंचला की डबरी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर उनके निकटतम आश्रित मंगतूराम आंचला को चार लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार सरोना तहसील के ग्राम पुरियारा निवासी 50 वर्षीय रामेश्वरी सलाम की कुंआ में डूबने से मृत्यु होने पर आश्रित गणेश भास्कर को चार लाख रूपए तथा दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम डांगरा निवासी 45 वर्षीय रजलाल यादव की तालाब में डूबने से मृत्यु हो जाने पर उनके आश्रित श्रीमती जमुना बाई को चार लाख रूपए की सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।

———————— 

04.धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत  आगामी 15 से 30 जून तक जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर का आयोजन किया जायेगा।

– भारत सरकार के निर्देशानुसार धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का लक्ष्य बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और आजीविका में महत्वपूर्ण अंतराल को दृष्टिगत रखते हुए जनजातीय क्षेत्रों और जनजातीय समुदायों के व्यापक विकास करना है। आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त ने बताया कि समन्वित दृष्टिकोण और भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से योजना का उद्देश्य समग्र, टिकाऊ और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आदिवासी समुदायों को सेचुरेशन मोड में सशक्त बनाना है। आदिवासी समुदायों को संतृप्ति मोड में सशक्त बनाने 17 केन्द्रीय मंत्रालय के माध्यम से 25 महत्वपूर्ण गतिविधियों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के कुल 07 विकासखंडों के चिन्हांकित 552 ग्रामों के जनजातीय समुदायों को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की जानकारी प्रदाय करने के लिए जागरूकता एवं लाभार्थी संतृप्ति शिविर का आयोजन आगामी 15 से 30 जून तक किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय समुदायों को तत्कालिक गतिविधि जैसे आधार कार्ड, जनधन बैंक खाता, आयुष्मान भारत कार्ड, सिकलसेल बीमारी की जांच, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड का लाभ प्रदाय किया जाएगा। इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा (वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन), रोजगार और आजीविका योजनाएं (मनरेगा, पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा ऋण), महिला एवं बाल कल्याण (पीएम एमवीवाई, आईसीडीएस लाभ, टीकाकरण) का लाभ पहुंचाया जाएगा।

———————— 

05. प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु परीक्षा परिणाम जारी दावा आपत्ति 10 जून तक होगा।

– जिले में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्कचयन परीक्षा आयोजित की गई थी। आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त ने बताया कि आयोजित परीक्षा परिणाम की जिलेवार सूची विभागीय वेबसाईट www.eklavya.cg.nic.in पर अपलोड की गई है। मेरिट सूची का प्रकाशन पृथक से जारी किया जाएगा। आवेदक वेबसाईट पर दर्शित परीक्षा परिणाम में अपना नाम एवं रोल नंबर का मिलान कर सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवेदक अपने जिले के संबंधित सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर 10 जून तक दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम तिथि समाप्ति पश्चात् दावा आपत्ति मान्य नहीं किया जाएगा।

————————

06.जिले में पारदर्शी ढंग से हो रहा युक्तियुक्तकरण, शिक्षकों ने जताया आभार।

– राज्य सरकार के निर्देशानुसार और कलेक्टर  निलेश महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण युक्तियुक्तकरण के पश्चात समानुपातिक रूप से शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शिता के साथ संपन्न हो रही है। कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशानुसार राज्य शासन के द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण की नीति से जिले के शिक्षक संतुष्ट नजर आए।शिक्षिका श्रीमती सिंधु श्रीवास्तव ने बताया कि स्क्रीन पर स्थानों की जानकारी दिखाकर निष्पक्ष रूप से काउंसलिंग की गई, जिससे उन्हें पूरी संतुष्टि हुई। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया। वहीं वरिष्ठ शिक्षक  मनोज कुमार जैन, पूर्व पदस्थापना माध्यमिक शाला देवडोंगर जिनकी सेवा निवृत्ति में उन्नीस माह शेष हैं, ने बताया कि पहले उन्हें इस प्रक्रिया को लेकर चिंता थी, लेकिन प्रशासन की पारदर्शी कार्यप्रणाली देखकर उनका विश्वास बढ़ा। सूची में उनका नाम सही स्थान पर था और काउंसलिंग में रिक्त स्थानों की जानकारी भी स्पष्ट रूप से दी गई। शिक्षक आत्माराम मंडावी ने बताया कि जैसे उन्होंने सोचा था, वैसे ही उनकी पदस्थापना माध्यमिक शाला दाबकट्टा से माध्यमिक शाला बरबसपुर भानुप्रतापपुर उनके ब्लॉक में हुई। इस पूरी प्रक्रिया में कलेक्टर, सीईओ और जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं उपस्थित रहे, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और भी पक्की हुई। इसी प्रकार अन्य शिक्षकों ने पारदर्शीपूर्ण, निष्पक्ष रूप से चल रही युक्तियुक्तकरण की कार्रवाई पर शिक्षक जगत में हर्ष व्याप्त है।

————————

07. आज चारामा में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नाली के पास नगर के अमूमन वार्ड के वार्ड पार्षद  रेत परिवहन पर रोक लगाने के संदर्भ में धरने पर बैठ गये। शांति व्यवस्था कायम रखने पुलिस भी नजर आई। कुछ देर में धरनारत पार्षद एवं आम वाशिंदे भी हट गये। कुर्सियां देर शाम तक लगी रही। इधर भुईगांव तथा टांहकापार से रेत उत्खनन परिवहन जारी है।

08. आज कई घंटे तक चारामा के कोरर चौक में एक ट्रक  बीच रोड पर फंसी रही‚जिससे कोरर एवं राजमार्ग पर चलने वाली वाहनों को परेशानियों का सामना करना पडा। पंचर होने के चलते या कोई तकनीकी समस्या के चलते ट्रक किनारा नहीं किया सका। यह पहला मौका नहीं है‚कई दफा इस प्रकार बिगडे वाहन सडकों पर खडे रहते हैं‚जिससे भी हादसा होता है‚जबकि राजमार्ग का नियम है कि  एक  निश्चित समय के बाद वाहन किनारा किया जाना जरूरी है‚ ताकि यातायात अवरूद्व ना हो।

09. कांकेर नगर के दुधावा तालाब में  गहरीकरण बिना टेंडर  कार्य प्रारंभ होने का दावा कांग्रेस ने किया।  नगरपालिका परिषद ने आरोपो का जवाब  देते कहा कि गहरीकरण कार्य जनसहयोग से चल रहा है‚जबकि सौंदर्यीकरण कार्य टेंडर के तहत किया जायेगा।

10.छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर से हटा बैन । साय कैबिनेट का फैसला, 14 से 25 जून तक होंगे तबादले।

 

———————–
—सुचना—

कल दिनांक 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाज को जागृत करने हेतु पर्यावरण जगरूकता रैली पंचमुखी हनुमान मंदिर ऊपर नीचे रोड से शाम 6.30 को निकलकर मुख्य मार्ग होकर पुराने बस स्टेण्ड में समाप्त होगी। लोगो से अधिकाधिक उपस्थिति की अपेक्षा है।

मोहन सेनापति,
अध्यक्ष
पर्यावरण प्रबोध मंच कांकेर
———————–

शुभ रात्रि……

——————
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 06 अगस्त 2025 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से…. 06  अगस्त  2025  बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————  संपादकीय- समय चक्र आप पर भी आयेगा…. प्राकृतिक आपदाएं कभी बता कर नहीं आती, गाज कहीं…

आज की टॉप 10 खबर 05 अगस्त 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से…. 05  अगस्त  2025  मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————  विशेष— जिले मे लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओ मे कमी लाने हेतु यातायात पुलिस कांकेर द्वारा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *