
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
29 मई 2025 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
——————
-संपादकीय-
–इस बार किसानों को इस रबी धान की फसल में काफी परेशानी झेलनी पड रही है। ऐन फसल कटाई के वक्त से लगातार बारिश होने से किसान परेशान हैं। उनकी उपज का सही मुल्य नहीं मिल रहा है। वर्तमान में हालात यह है कि धान की उपज 17 सौ रूपये क्विंटल से भी नीचे गिर गया है। इसके चलते किसानों का लागत मूल्य भी नहीं निकल पा रहा है। बिचौलियों द्वारा नमी के नाम और भी कम दरों पर खरीदा जा रहा है,किसानों की मजबुरी यह है कि वे अपनी उपज को जगह नहीं होने से आगे समय तक के लिए सम्हाल कर भी नहीं रख सकते। दूसरी बात उन्हें ट्रेक्टर,हार्वेस्टर,खाद,दवाई,पानी आदि का बिल भी देना होता है,जिसके चलते अपनी उपज को तत्काल बेचना मजबूरी है। अभी भी कई किसान अपनी फसल नहीं बेच पाए हैं।
——————
01. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में कृषकों के प्रत्यक्ष जुड़ाव तथा संवाद के माध्यम से कृषि और किसान को सम्पन्न बनाने की दिशा में देशव्यापी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ आज से प्रारंभ होकर आगामी 12 जून तक करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जिले के कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि उद्यानिकी, पशु पालन एवं मछली पालन विभाग के सहभागिता से अभियान को सम्पूर्ण जिले में क्रियान्वित किया जाएगा।
——————–
–इसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख खरीफ फसलों की नवीनतम तकनीकों के संबंध में कृषकों के मध्य जागरूकता का निर्माण एवं प्राकृतिक खेती करने की विधि बताई जाएगी। इसी प्रकार विभिन्न कृषकोन्मुखी शासकीय योजनाओं एवं नीतियों के संबंध में प्रचार-प्रसार के साथ ‘मृदा स्वास्थ्य पत्रक’ की अनुशंसा के आधार पर उर्वरक तथा सूक्ष्म तत्वों की आवश्यक मात्रा के निर्धारण हेतु कृषकों को जागरूक करते हुए संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देना है। इसके अलावा सूचना और संचार प्रौद्योगिकी एवं आधुनिक यंत्रों के उपयोग से स्मार्ट कृषि तथा कृषकों से प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं तथा कृषकों द्वारा किए गए नवाचारों के संबंध में जानकारियों का संकलन के आधार पर आवश्यक अनुसंधान प्राथमिकताओं का निर्धारण किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने बताया कि इस अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों तथा कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मछलीपालन विभागों के मैदानी अमलों को समाहित करते हुए जिले में न्यूनतम 04 दल तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक दल के साथ एक कृषि रथ रहेगा, जो दल के प्रवास उपयोग के अलावा दृश्य-श्रव्य साधनों से प्रचार-प्रसार भी करेगा। प्रत्येक दल प्रतिदिन न्यूनतम दो ग्रामों में कृषकों से प्रत्यक्ष संवाद तथा परिचर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान पी.एम. किसान, डिजिटल एग्रीकल्चर एवं अन्य विभागीय योजनाओं हेतु पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं योजनांतर्गत लाभ लेने हेतु चयन किया जाएगा। जिले में स्थित एफ.पी.ओ. लखपति दीदी समूह तथा अन्य उत्पादक समूहों एवं कृषकों के मध्य परिचर्चा द्वारा विपणन, स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण गतिविधियों का विकास तथा नव विकसित तकनीकों यथा ड्रोन, स्थानीय स्तर पर जैविक कीटनाशी का निर्माण के संबंध में यथासंभव जीवंत प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार कृषकों को वितरित मृदा स्वास्थ्य पत्रक के संबंध में कृषक-वैज्ञानिक प्रत्यक्ष परिचर्चा के माध्यम से जागरूक कर डीएपी उर्वरक के स्थान पर अन्य वैकल्पिक उर्वरकों तथा सूक्ष्म तत्वों के उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उच्चहन भूमियों में धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं मक्का उत्पादन, विभिन्न विभागीय योजनाओं जैसे नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयल सीड एव ऑयल पाम) सीड के संबंध में जानकारी प्रदाय की जाएगी। साथ ही धान की डीएसआर पद्धति, पैडी ट्रांसप्लांटर से रोपाई की जानकारी तथा आवश्यकतानुसार कृषि आदानों (बीज, बीज मिनीकिट) का जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरण किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा इस अभियान को सफल हेतु बनाने जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों को सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है।
——————–
02.रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए 30 मई को काउंसिलिंग। तय दस्तावेज के साथ आवेदक पंजीयन करवा सकते हैं।
——————–
–जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और स्व-रोजगार से जोड़ने लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में 30-30 सीटों में जल वितरण संचालक एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। लाईवलीहुड कॉलेज के सहायक परियोजना अधिकारी ने जानकारी दी है कि प्रशिक्षण के लिए 30 मई को लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10.30 बजे से शाम 04 बजे तक कांउसिलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
——————–
03. विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला एवं प्रतियोगिता का हुआ आयोजन । प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताएं हुई।
——————–
– पशु चिकित्सा सेवाएं के उप संचालक डॉ. सत्यम मित्रा के मार्गदर्शन में पशुधन विकास विभाग द्वारा विकासखण्ड कांकेर के ग्राम केवटीनटोला में 27 मई मंगलवार को पशुमेला एवं प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम एवं आसपास से उन्नत नस्ल के पशु गाय, बैल, भैंस, बकरी, मुर्गी-मुर्गा का मेला स्थल में प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता हुई। विकासखण्ड स्तरीय पशुमेला में चयन समिति द्वारा पशुओं को उनकी उन्नत नस्ल के आधार पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार पशुपालकों को अलग-अलग सात वर्गों में प्रदान किया गया। उक्त मेला में जिले के पशु चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पशुपालन संबंधी विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। पशु मेला में सहायक पशुचिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा गौसेवक, पशुधन मित्र का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर, जनपद पंचायत कृषि सभापति श्रीमती राजेश्वरी नेताम, जनपद सदस्य पंचराम नायक, उमेश साहू सहित ग्राम सरपंच, पटेल एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
——————–
04. मुख्यमत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण हेतु हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय कल संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष बालोद में नारायणपुर और कांकेर जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर अधिकारियों को अपने जिले में शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कर विकसित छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण हेतु पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को कहा है। इस दौरान श्री साय ने सुशासन तिहार, जिले में विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की।
चित्र—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल बालोद एवं कांकेर के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए।
05.शहर की यातायात व्यवस्था ठीक करने यातायात टीम पुराना बस स्टैंड से घड़ी चौक तक पैदल मार्च किया गया। राजमार्ग में बेतरतीब रखी वाहनों को हटाने की कार्रवाई के साथ ही समझाईश दी गई कि वे हमेशा अपनी वाहन पार्किंग में रखें।
वीडियो—यातायात टीम द्वारा नगर के पुराने बस स्टैण्ड से घडी चौक तक पैदल मार्च किया गया।
06. प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजनांतर्गत बीमा की राशि 2 लाख हितग्राही को प्रदान की गयी।
——————–
-भारतीय स्टेट बैंक शाखा चारामा में आज प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक बीमा धारक स्व नरेश यादव पिता नारायण यादव नगर पंचायत चारामा निवासी वार्ड क्रमांक 13 जिसका की एसबीआई ब्रांच शाखा चारामा में बैंक एकाउंट खाता है जिसका प्रधानमंत्री बीमा(pmjjby) योजना के तहत कियोस्क बैंक दरगाहन के संचालक त्रिलोक देवांगन द्वारा किया गया था जिसके देहांत पश्चात उनकी धर्मपत्नी (नॉमिनी) श्रीमती अन्नपूर्णा यादव को 200000 (दो लाख) का चेक जनपद पंचायत चारामा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोपाल सिंह कवंर,अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी बेनूराम सुकदेवे, एस बी आई ब्रांच मैनेजर पवन कुमार सिन्हा के द्वारा मृतक की पत्नी को चेक प्रदान किया गया। ज्ञात हो की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ऐसा जनकल्याणकारी बीमा योजना है जिसका दो लाख रु जोखिम कवरेज है। जिसका प्रतिवर्ष 432 रु प्रीमियम है जो किसी कारण वश बीमा धारक की मृत्यू होने पर उनके परिजनो को राहत प्रदान करती है इस अवसर पर एसबीआई से निवेदिता कुशवाह असिस्टेंट मैनेजर ,पंकज वर्मा.प्रणय राजपूत.सत्यकला सेवता, रोमेंद्र साहू,मुकेश पटेल,कियोस्क बैंक संचालक त्रिलोक देवांगन,महेश देवांगन,देवकुमार केमरो, धनेश यादव, मनोज नांगवंशी एवं ब्राच के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
चित्र— चारामा में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा का दो लाख का चेक लेते हितग्राही।
——————–
07. नवतपा के आज चौथे दिन दिन भर धुप छायी रही पर अभी ठंडी हवायें चल रही है। मौसम विभाग द्वारा पांच जून को मानसून के छत्तीसगढ आने की सुचनाओं से किसान आगामी खरीफ फसल की तैयारी में जुटे।
08. नगर के उदनगर वार्ड के मुख्य रोड (हाईवे) पर यात्री प्रतीक्षालय निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सम्मानित नागरिकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही। यह प्रतीक्षालय विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा जो गर्मी, बारिश अथवा अन्य प्रतिकूल मौसम में सड़क किनारे यात्रा के लिए वाहन की प्रतीक्षा करते हैं। यह एक जनकल्याणकारी पहल है जो क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इस योजना के माध्यम से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की सौंदर्य वृद्धि और विकास को भी गति मिलेगी। नगर पालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक ने भूमिपूजन किया।
चित्र— प्रतीक्षालय निर्माण के लिए भुमिपजून करते नगर पालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक।
09. बारिश शुरू होते ही कई साप्ताहिक बाजारों मे पसरी गंदगी। लखनपुरी साप्ताहिक बाजार में नाली के गंदे पानी सीधे बाजार में गिरने से कीचड का लोग कर रहे सामना। बीमारी का रहता है‚अंदेशा।
10. राज्य शासन की महती सुशासन तिहार में अपने समस्याओं पर दिए आवेदन के माध्यम समस्या निदान की राह तक रहे कई ग्रामीण।
——————-
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-