आज की टॉप 10 खबर 29 अप्रेल 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
29 अप्रेल 2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल
———————–
—चारामा वि.खं. में महानदी के रेत खदानों में अवैध तरीके से हो रहे उत्खनन रोक हेतु प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब स्थानीय युवा भी आगे आने लगे हैं‚जहां टांहकापार से चल रही हाईवा ट्रकों को भी रोक कर अवैध तरीके से उत्खनन परिवहन नहीं किये जाने की समझाईश दिये जाने की खबर मिल रही है‚ जिसका ही कारण है कि वर्तमान में अमूमन खदानें बंद है। खुद रेत माफिया अब आम लोगों की जागरूकता को देखते हुए चुप बैठने बाध्य हो गये हैं। वैसे भी अभी महानदी में दुधावा जलाशय से पानी छोडे जाने से भी रेत नहीं निकाली जा सकती फिर भी रेत कब निकालें इसकी जुगत में  दिखायी जान पडते हैं। लोगों में चर्चा इस बात का भी है कि जो लोग पर्यावरण सुरक्षा और महानदी में अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए आगे आते हैं‚ लेकिन विडंबना कि उनका ही नाम उत्खनन में चर्चा का विषय बनता है‚हालांकि इसकी प्रामाणिकता नहीं है‚जो कि मात्र कहा —सुनी बाते हैं‚ फिर भी नाम आना कम दुःखद नहीं है। 
————————- 

01.जिले के ग्राम ढेकुना  में कल 28 अप्रेल को प्रातः 9.00 से 12.00 के मध्य में तेंदुए ने दो गौ वंश पर हमला कर मार डाला।  मात्र 100 मी. से ग्रामवासी प्रत्यक्षदर्शी बने। गाय  ग्राम के ही महेश साहू एवं धनु राम उइके की है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पंचनामा कर वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग  की  है।

   

चित्र-ग्राम ढेकुना में तेंदुए द्वारा दो गायों पर हमला किया गया।

02. कांकेर जिले  से निकलने वाली  बडी लाईन में चारामा विकासखंड के ग्राम भुईगांंव के पास बडा पेंड गिरने से  कई घंटे विद्‍युत बाधित रही। टांहकापार सब स्टेशन से निकलने वाली तीनों फीडर प्रभावित रहा। लोगों को निस्तारी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पडा। काफी देर से अपरान्ह बिजली बहाल हुई।

03.कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर सुशासन तिहार एवं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण शीघ्रता एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश सभी जिला अधिकारियों को दिए। उन्होंने सुशासन तिहार के तीसरे चरण में आयोजित किए जाने वाले समाधान शिविरों के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने आवेदनों पर अब तक की गई कार्यवाही की धीमी गति पर असंतोष जाहिर करते हुए जल्द से जल्द से निपटारा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

चित्र- कलेक्टर ने आज समय सीमा की बैठक में सुशासन तिहार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देश दिये।

04. कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में पीएम आवास दिलाने, पेंशन दिलाने, अंत्योदय राशन कार्ड बनाने, कृषि भूमि का पट्टा दिलाने, पक्की नाली निर्माण, पुलिया निर्माण, सीसी रोड़ निर्माण, रोजगार प्रदान करने, मंदिर परिसर में गार्डन निर्माण कराने, प्रधानमंत्री आवास प्रदान करने, विद्युत लाईन पोल लगवाने, राशन दुकान के भवन का किराया राशि दिलाने, सचिव की पदस्थापना कराने, बोर खनन हेतु सब्सिडी प्रदान करने, कब्जा हटाने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ ने संबंधित अधिकारी को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  जितेन्द्र कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे।

चित्र- मुख्य कार्यपालन अधिकारी  ने आज साप्ताहिक जनदर्शन  में लोगों की समस्याएं सुनी

05. नगर पंचायत अंतागढ़ मरारपारा निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग  दुर्जन निषाद को कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा आज सुबह बैटरी चलित ट्राइसिकल प्रदाय किया गया। दिव्यांग श्रीनिषाद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्रीमती क्षमा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि  दुर्जन ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत किया था। इसी दौरान आज दुर्जन निषाद को कलेक्टर द्वारा ट्राइसिकल प्रदाय की गई।

चित्र- कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर  ने दिव्यांग दुर्जन निषाद को ट्रायसिकल प्रदान किया ।

06.  कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए गड्ढे में गिरने से मृत्यु होने के एक प्रकरण में चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। तहसील कांकेर के ग्राम माटवाड़ालाल निवासी 04 वर्षीय हर्ष नाग की गड्ढे में गिरने से पानी में डूबकर मृत्यु हो जाने पर उनके निकटतम परिजन  किशन और श्रीमती सारिका को चार लाख रुपये की कलेक्टर द्वारा सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

 —————————-

-इंद्रावती नदी बस्तर क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है।यह नदी पर्यावरण, जलस्त्रोत,खेती और आदिवासी जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चित्रकोट (जगदलपुर)से यात्रा की शुरुआत किया गया जिसमें भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मण्डावी भी सहभागिता होने पहुंची। इंद्रावती बचाओ यात्रा एक जनांदोलन है जो इस नदी को बचाने के लिए शुरू किया गया है।इसमें कॉंग्रेस पार्टी के साथ साथ सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रेमी, स्थानीय आदिवासी समुदाय और सामाजिक संगठन ने भाग लिया।इस यात्रा का उद्देश्य लोगो को जागरूक करना सरकार तक नदी की समस्याओं को पहुंचाना और स्थायी समाधान के लिए दबाव बनाना है।

चित्र— भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मण्डावी भी इ्ंदावती नदी बचाने मुहीम में सहभागिता दर्ज करायी।

———————–

07. संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग छ.ग. के निर्देशन एवं कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 01 से 30 मई तक प्रातः 06 से 08 बजे एवं सायंकाल 05 से 07 बजे तक शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में किया जाएगा। 

08. जिला खेल अधिकारी संजय जैन ने बताया की इस वर्ष जिला स्तरीय खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन में फुटबॉल प्रशिक्षक सतीश यादव, मनिष सिन्हा, निशांत गोडबोल, दिनेश ठाकुर, कराटे के लिए विजय नाग, राकेश साहू शिवलाल पुडो, खो-खो के लिए राजकुमार कोरेटी, एथेलटिक्स हेतु डॉ. मंजू शर्मा, श्रीमति प्रभा जैन, हैण्डबॉल के लिए श्रीमति नमिता साहू, सुश्री परवीन सिद्कि, व्हालीबॉल के श्री अनुप जैन, क्रिकेट के श्री राहुल नाग, श्री संतोष शर्मा, बैडमिंटन कुमार कृष्ण, विकास गज्जबला के द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर हेतु व्यवस्थित खेल मैदान, खेल सामग्री, प्रशिक्षक की व्यवस्था, प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को शुद्ध पेयजल, पौष्टिक आहार आदि समस्त व्यवस्था खेल विभाग द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रवेश हेतु खिलाड़ियों की आयु सीमा मय दस्तावेज निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र तथा 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक, बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। आयु प्रमाण के लिए प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों से जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा ऐसी दस्तावेज जो सक्षम प्राधिकारी द्वारा अभिप्रमाणित हो। प्रशिक्षणार्थी जिस खेल में भाग लेना चाहते है, उन खेलों से संबंधित प्रशिक्षण स्थल अथवा कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर में जाकर सीधे सम्पर्क कर अपना नाम पंजीयन अथवा आवेदन जमा करा सकते हैं।

—————————–

-असमय बारिश ने लोगों की परेशानी काफी बढ गई है,जहां कई जगह बिजली बंद है तो सबसे ज्यादा परेशानी जिनके यहां वैवाहिक आयोजन शादियां हो रही है,उन्हें झेलना पड रहा है। चारामा विकासखंड के ग्राम बागडोंगरी(कोटतरा) में श्रीकोर्राम परिवार के यहां आयोजित शादी में ऐन भोजन के वक्त ओले बारिश,अंधड के चलते व्यवधान का वीडियो वायरल हो रहा है। अभी हाल यह है कि जिनके यहां वैवाहिक आयोजन आने वाले लग्न में है वो भी चिंतित नजर आ रहे हैं।   आप खुद देखें। जहां लोग अंत में जय बुढी माता का जयकारा भी लगा रहे हैं।

वीडियो—कैसे असमय बारिश ने  वैवाहिक आयोजनों को किरकिरा बना दिया है।

—————

09. छत्तीसगढ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस वर्ष शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 5वीं एवं 08वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पूरे राज्य में बोर्ड परीक्षा के तर्ज पर केन्द्रीकृत परीक्षा आयोजित की गई। राज्य के सभी जिले में परीक्षा के आयोजन हेतु महत्वपूर्ण निर्देश एवं उनका कड़ाई से कार्यान्वयन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा परिणाम तैयार कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन अन्तर्विकासखण्ड रोस्टर बनाकर कराया गया तथा जिला स्तर पर केन्द्रीकृत परीक्षा परिणाम घोषित किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी  अशोक कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कांकेर जिले के सभी सातों विकासखण्डों में संचालित समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के विद्यार्थी केन्द्रीकृत परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिले के समस्त प्राथमिक में पंजीकृत छात्र 11288 में से 11187 छात्र केन्द्रीकृत परीक्षा में सम्मिलित होकर 11178 उत्तीर्ण, 08 पुरक छात्र, 101 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कक्षा 5वी में जिला का परीक्षा परिणाम 99.03 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार जिले में संचालित समस्त पूर्व माध्यमिक शाला में अध्ययनरत कक्षा 08वी के कुल पंजीकृत छात्र 11659 में से 11353 छात्र केन्द्रीकृत परीक्षा में सम्मिल हुए, जिनमें 11348 उत्तीर्ण, 05 पूरक, 306 छात्र अनुपस्थित थे। इस प्रकार कक्षा 08वी में जिला का परीक्षा परिणाम 97.33 प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि छ.ग. शासन स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा 2010 के बाद बोर्ड परीक्षा के तर्ज पर कक्षा 05वी एवं 08वी के लिए केन्द्रीकृत परीक्षा का आयोजन कराया गया। समस्त जिलो में केन्द्रीकृत परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता एवं गोपनीयता के साथ कराया गया। जिले के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक शालाओं के केन्द्रीकृत परीक्षा परिणाम की घोषणा बुधवार 30 अप्रैल को छात्रों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच की जायेगी।

———————–

– दुर्गूकोंदल के अंतर्गत दुर्गूकोदल संकुल केंद्र के संकुल प्राचार्य एस. डी. दास एवं शासकीय कन्या हाई स्कूल दुर्गूकोदल के श्रीमती सुनीता कुंजाम के सेवानिवृत होने पर संकुल परिवार की ओर से सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा शाल श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह देकर विदाई दी गई।विदाई समारोह के मुख्य अतिथि एस दास प्राचार्य सेजेस दुर्गूकोंदल श्रीमती सुनीता कुंजाम प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल दुर्गूकोंदल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच ग्राम पंचायत दुर्गूकोंदल श्रीमती शकुंतला नरेटी रहे। खंड शिक्षा अधिकारी एसपी कौशल एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती अंजनी मंडावी ने भी शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता एकलव्य प्राचार्य  बैजनाथ नरेटी जी ने किया । 

————————–

10. जिले में आज बाल विवाह का एक प्रकरण शादी की तिथि के एक दिन पूर्व रुकवाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिंगारभाट डुमरपारा में आयोजित विवाह समारोह के ठीक एक दिन पूर्व चाईल्ड हेल्पलाइन 1098 में मिली बाल विवाह की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर टीम द्वारा विवाह रुकवाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत प्राप्त होते ही महिला बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम सिंगारभाट में जाकर मौके पर नाबालिग बालिका, जिसकी उम्र 17 वर्ष 11 माह है, का विवाह 30 अप्रैल 2025 को होना प्रस्तावित था, रुकवाया गया। उक्त विवाह को परिवार वालों को बाल विवाह अधिनियम 2006 की जानकारी देकर परिवार वालों की सहमति के आधार पर विवाह तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया।

———————–
टीप- खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————–

Related Posts

”राखी विथ खाकी” कांकेर के जे.पी. इंटरनेशनल स्कूल में अद्भुत आयोजन।

(मनोज जायसवाल) —जेपी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने सदैव की तरह स्वागतम् की सांगीतिक प्रस्तुती से सबका मन मोहा। कांकेर (सशक्त पथ संवाद)।रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा…

आज की टॉप 10 खबर 07 अगस्त 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से…. 07  अगस्त  2025 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल संपादकीय— —आज ‘सरोगेसी’ जैसे आधुनिक युग में स्तनपान के प्रति आधुनिक महिलाओं द्वारा स्तनपान से उनकी शारीरिक…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *