आज की टॉप 10 खबर 28 नवंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  28  नवंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

महानदी पुलों का संरक्षण जरूरी, लोग जागरूक नहीं है के भ्रम पालते मुगालते में ना रहें अवैध रेत उत्खननकर्ता

—जो रेत माफिया क्षेत्र के कुछ लोगों के पास रेत उत्खनन संबंधी तकनीकी जानकारी नहीं होगी समझ कर मुगालते में थे, रेत उत्खनन पर लीगल होने के दावे के साथ ऊपरी पहूंच का धौंस देते दिखायी देते थे, यहां तक कि पत्रकारों तक के लिए सेटिंग की बात करते कानाफुंसी करते दिखायी देते थे, हमारे द्वारा महानदी के पुलों के संरक्षण पर लगातार मैटर लगाये जाने के बाद उन्हें समझ आने लगा है कि वे ही जागरूक नहीं है, यहां तो उनसे कई गुना आम लोग भी जागरूक हैं।

इस पांचवी अनुसुचित क्षेत्र के वाशिंदे यदि कभी शांत है,तो इसे शांत ना मानें तो ही ठीक है,क्यों तमाम जनांदोलन इसी धरा से आगे बढा है,चाहे प्रतिनिधित्व का क्षेत्र हो,या पत्रकारिता का। बसते होंगे कलमकार बडे—बडे शहरों में! लेकिन आपके सेटिंग की गणित बिगाडने पैनी कलम काफी हैǃ गांव का वो अकेला जागरूक पत्रकार काफी है,जो आम जनता की आवाज बनता है, फिर यदि हाथों में कलम हो और कोई कलमकार,पत्रकार जनता की आवाज ना बने तो धिक्कार है, उनकी थोथी प्रोफेशनल वाहवाही पर।

आम जनता को वो चाहिए जो उनकी आवाज बने। उच्च अधिकारियों,उच्च लोगों के साथ दिखावे का ठहाका किसी काम का नहीं है। प्रतिभा तो किसी की धारदार कलम बता देती है, कि कलम कितनी पैनी है‚ कि कलम की बदौलत जनांदोलन को जन्म दे।आज जरूरत इस बात का है कि महानदी के भिरौद,अरौद पुल के निर्माण को लेकर जिस तरह जब संचार के साधन मोबाईल तक नहीं हुआ करता,सोशल मीडिया की तो बात ही छोड दीजिए। एक-एक गांव से पांच,दस लोग आगे आते गये और कारवां बनता गया।आज महानदी पुल के संरक्षण के लिए ठीक उसी प्रकार क्षेत्र के जागरूक युवाओं प्रतिनिधियों को सामने आना ही पडेगा ताकि उनकी धरोहर बचायी जा सके। यह अरौद एवं भिरौद पुल के लिए संघर्ष करने वाले 52 गावों के उन दिवंगत लोगों को सच्ची श्रद्वांजलि होगी।
चारामा विकासखंड से बहने वाली महानदी में बने पुलों के संरक्षण के लिए हमारे द्वारा चलाये जा रहे मैटर पर अब राष्ट्रीय मीडिया चैनलों की भी नजर है,जो आने वाले समय में सिर्फ ये आलेख ही नहीं अपितु चैनलों में भी देखने मिल सकता है।कब तक अपने आवाजाही के लिए शासन द्वारा बनाये गये प्रमुख धरोहर की बर्बादी के बावजूद मुक दर्शक बन कर देखते रहोगे…कब तक….आखिर….आखिर….आखिर कब तक?

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01.  प्रवेश परीक्षा हेतु व्यापमं द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करें पर्यवेक्षक व केंद्राध्यक्ष। अमीन भर्ती परीक्षा संचालन को लेकर कलेक्टर ने दिए सतर्कता व सावधानी बरतने के निर्देश।

— छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आगामी 07 दिसम्बर को अमीन भर्ती प्रवेश परीक्षा 2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले में स्थापित 44 परीक्षा केन्द्रों में 9554 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उक्त परीक्षा का पारदर्शितापूर्ण संचालन के उद्देश्य से आज केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें व्यापमं द्वारा जारी निर्देशों की बिन्दुवार जानकारी दी गई। कार्यशाला में कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि अमीन भर्ती परीक्षा में व्यापमं द्वारा नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका सभी केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को अक्षरशः पालन करें। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 11.30 बजे आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि सिविल सेवा में उपयुक्त अभ्यर्थियों का पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ चयन हो, इसके लिए लिखित परीक्षा के दौरान सतर्कता व सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा की समाप्ति तक अनेक निर्देश व्यापमं द्वारा जारी किए गए हैं। विशेष तौर पर परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान, विभिन्न स्तर पर फ्रिस्किंग व चेकिंग, उनकी पोशाक, फुटवेयर, परीक्षा सामग्री आदि के संबंध में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है। उन्हांने ने यह निर्देशित किया कि परीक्षा संबंधी तैयारियों के अलावा सभी केन्द्रों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहे। परीक्षा कक्ष में पर्याप्त रोशनी, पंखे, पेयजल, हवादार खिड़की व फर्नीचर उपलब्ध रहे, यह भी केन्द्राध्यक्ष परीक्षा के पूर्व सुनिश्चित कर लें। इसके अलावा उन्होंने सभी केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों को 07 दिसम्बर के पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर ने पीपीटी के माध्यम से व्यापमं द्वारा जारी नियमों व निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
 ——————–

02. जिला पंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से किया चर्चा, अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा करने की दी समझाईश।
 

— जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा आज प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत विकासखंड कांकेर के ग्राम पंचायत नारा एवं कोकड़ी का निरीक्षण किया गया। ग्राम नारा में निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत अप्रारम्भ आवास वाले हितग्राहियों रमूला बाई एवं रुकमनी तथा ग्राम सुभिया मुड़पार के असमो बाई, तितरा बाई एवं नरेन्द्र से व्यक्तिगत चर्चा कर आवास अप्रारम्भ होने के कारणों पर जानकारी ली।

हितग्राहियों ने धान कटाई पश्चात घर तोड़ने के बाद आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करने की बात कही।जिला पंचायत सीईओ  मंडावी ने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु आवश्यक निर्माण सामग्री एवं राजमिस्त्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सहयोग करने के निर्देश दिए, साथ ही स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मिक्सर मशीन एवं सेंट्रिंग प्लेट भी उपलब्ध कराने के लिए एनआरएलएम के अधिकारियों को निर्देशित किया। अपूर्ण आवासों को पूर्ण करने के लिए रात्रिकालीन चौपाल लगाकर हितग्राहियों का उन्मुखीकरण के निर्देश भी उनके द्वारा दिए गए। हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु 3 किश्तों में 01 लाख 20 हजार रुपये एवं अभिसरण के तहत 90 दिन का मजदूरी भुगतान हितग्राहियों को किया जाता है। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना एवं एनआरएलएम की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम भी उपस्थित रहे।

  ———————

03.  बूथ लेवल अधिकारी द्वारा 04 दिसम्बर तक मतदाताओं से भरा हुआ गणना पत्रक प्राप्त किए जाएंगे।

— भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में संपादित कराया जा रहा है। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार बूथ लेवल अधिकारी द्वारा 04 दिसम्बर 2025 तक घर-घर जाकर मतदाताओं से विधिवत भरा हुआ गणना पत्रक प्राप्त किया जाएगा। गणना पत्रक में यदि मतदाता अपने फोटो से संतुष्ट नहीं है या फोटो अस्पष्ट है, ऐसी स्थिति में मतदाता चाहे तो अपना नवीन फोटो बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा सकते हैं। बूथ लेवल अधिकारी भी सीधे बीएलओ एप के माध्यम से फोटो खींचकर अपलोड करेंगे। सभी मतदाताओं को फोटो देने की आवश्यकता नहीं है।

 ———————

04.  प्राकृतिक आपदा पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आंधी तूफान तथा आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के 02 प्रकरणों में मृतक के निकटतम आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपए की मान से 08 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। आमाबेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम बण्डापाल निवासी 22 वर्षीय रामप्रसाद पोटाई की आंधी तूफान से बांस झाड़ गिरने से दबकर मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित सन्नूराम पोटाई के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम बड़ेतेवड़ा निवासी 14 वर्षीय शांति आंचला की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता रूपजी राम आंचला और श्रीमती सुखदाय के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।
———————–

05. ‘‘जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत’’ विषय पर आयोजन।

—शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय, चारामा में “जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत-ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान” विषय में   27 नवंबर को एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया । जिसके मुख्य अतिथि सतीश लाटिया (प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा छग),विशिष्ट अतिथि श्रीमती जागेश्वरी भास्कर (अध्यक्ष जनपद पंचायत चारामा), अंकित जैन (अध्यक्ष जनभागीदारी समिति) एवं विशेष अतिथि  महावीर उसेण्डी (जिला उपाध्यक्ष जनजातीय गौरव समाज),शिव तुमरेटी(जिला उपाध्यक्ष गोंडवाना समाज समन्वय समिति कांकेर), रवि सिन्हा(जिला महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा), जनभागीदारी समिति के सदस्य   रामभरोसा यादव,  टीकम साहू.,  रूपेश देवांगन, संतोष नाहर, सुश्री दीपिका भावसार, सामाजिक कार्यकर्ता भूपेन्द्र दर्रो,  शिवलम नरेटी, पूर्व छात्र  आशीष उईके,   प्रियेश सेन, देवेन्द्र सिन्हा, धनश्याम भारद्वाज, प्रीतम साहू, छगन साहू तथा मुख्य वक्ता विकेश कुमार हिचामी (सामाजिक कार्यकर्ता) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ.के.के.मरकाम प्राचार्य, शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय चारामा द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन कुलेश्वर प्रसाद (संयोजक, जनजाति गौरव समिति) एवं महेश कतलाम(सह संयोजक, जनजाति गौरव समिति) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा, शहीद गेंदसिंह, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती, भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, के छायाचित्रों पर दीप प्रज्वलित, माल्यार्पण एवं राज्य गीत अरपा पैरी के धार के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा जनजाति नायकों से संबंधित प्रदर्शनी एवं विद्यार्थियों द्वारा जनजाति से संबंधित बनाये गये रंगोली, चित्रकला पोस्टर व छत्तीसगढ़ी व्यंजन का अवलोकन किया गया। अवलोकन के पश्चात् अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया एवं प्राचार्य द्वारा स्वागत उद्बोधन तथा कार्यक्रम के संयोजक कुलेश्वर प्रसाद द्वारा जनजाति समाज के गौरवशाली अतीत के संबंध में प्रस्तावना प्रस्तुत किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता विकेश कुमार हिचामी ने बताया कि जनजातीय समाज के अतीत में गौरव पूर्ण ऐतिहासिक,सामाजिक, आध्यात्मिक योगदान को हर वर्ग जानना जरूरी है आज बस्तर सहित पूरे देश में जनजातीय समाज के बहुत से जननायक है जो अंग्रेजो के विरुद्ध लड़ाई में अपना लोहा मनवाया है भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंदसिंह, रानी दुर्गावती कौन थे, इसके इतिहास के बारे में आज के युवाओं को जानना चाहिए। बिरसा मुंडा धरती आबा प्रकृति से प्रेम करते थे। अक्सर जंगल में अकेले समय बिताते थे। कहते हैं कि पेड़ों, नदियों और पहाड़ों से बातें करते थे, कहा कि वे जंगल की रक्षा करें और प्रकृति की पूजा करें। इसके बाद गांव में एकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी व छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी, किसानों व गरीबों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह को 1857 में अंग्रेज हुक्मरानों ने उन्हें षड्यंत्र पूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। बस्तर के आदिवासी बंधुओं का भारत की स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जब देश भर में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन शुरू भी नहीं हुआ था तब अंग्रेजों के खिलाफ राजा गेंदसिंह ने विद्रोह कर दिया था। यह विद्रोह अकेले राजा का नहीं पूरे आदिवासी समाज का अंग्रेजों के खिलाफ था। जनजाति समाज प्रकृति पूजक होते है किसी भी वस्तु का उपयोग करने पहले उसकी पूजा की जाती है। इसके साथ बस्तर में हुये अन्य विद्रोह व आंदोलन के बारे में विस्तार से छात्र-छात्रओं को जानकारी दी।

विशिष्ट अतिथि जनभागीदारी अध्यक्ष अंकित जैन ने कहा कि जनजाति समाज भारतीय संस्कृति एवं परम्परा का अभिन्न अंग है। इसके बिना भारतीय सभ्यता की कल्पना नहीं की जा सकती है। युवा पीढ़ी को उन सभी जनजाति नायकों के बारे में जानने एवं समझने का प्रयास करना चाहिए।

मुख्य अतिथि सतीश लाटिया ने बिरसा मुंडा पर प्रकाश डालते हुये कहा कि वे एक निडर आदिवासी नेतृत्वकर्ता थे। बचपन से ही कुशल नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था। गांव-गांव में घूमकर उन्होंने आदिवासियों को एकजुट करना शुरू किया। रात-रात भर पैदल चल कर एक गांव से दूसरे गांव में जाते थे व लोगों को ब्रिटिश शासन, जमींदारों और मिशनरियों के द्वारा किए जा रहे शोषण के खिलाफ जागरूक करते। कुछ ही दिनों में वे जन-जन के नेता बन गए। जनजाति नायकों पर गर्व करते हुये कहा कि जनजाति समुदाय ने गुलामी की दासता को कभी भी स्वीकर नहीं किया बल्कि उसके खिलाफ विद्रोह की नींव डाली,उन्होंने अपने स्वाभिमान के रक्षा के लिये क्रांति का रास्ता चुना और आज हमें उन जननायकों पर गर्व है।

अंतिम उद्बोधन पश्चात महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा जनजाति लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर साम्मानित किया गया एवं चित्रकला,रंगोली,छत्तीसगढ़ी व्यंजन व अन्य कार्यक्रम में प्रथम,द्वितीय,तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्राचार्य द्वारा अभार प्रदर्शन किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ एक दिवसीय जनजाति समाज का गौरवशाली अतीत कार्यक्रम का समापन किया गया।

ये थे‚ उपस्थित
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डाॅ.आयशा कुरैशी,श्रीमती दीपिका सोम, रवीन्द्र सिंह चंद्रवशी, कमलनारायण ठाकुर, हेमप्रसाद पटेल, डोमेश केमरो,श्रीमती प्रियंका दौलतानी,सुश्री लुकेश्वरी उईके,डाॅ पूजा सोनकर,श्रीमती तृप्ती योगी, अनुप यादव, मनहरण सिन्हा,सुश्री वैष्णवी भिमटे, कुलेश्वर प्रसाद देवांगन, गोपाल साहू, हितेन्द्र बोरकर, जीवराखन जैन सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

———————

06 .विधायक सावित्री मनोज मंडावी 29 नवम्बर को दुर्गूकोदल प्रवास पर ।

— भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी  29 नवंबर को एक दिवसीय प्रवास पर दुर्गूकोदल क्षेत्र में रहेंगी। अपने प्रवास के दौरान वे विकासखंड दुर्गूकोदल के ग्राम पंचायत कराकी के आश्रित ग्राम भुरकें में आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।कार्यक्रम में वे प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी। 

———————

07.  चारामा में 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, राष्ट्र जागरण, युग संदेश एवं प्रज्ञा पुराण की कथा का आयोजन 14 से 17 दिसंबर 2025 को।   

—जिले के चारामा में 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, राष्ट्र जागरण, युग संदेश एवं प्रज्ञा पुराण की कथा का आयोजन 14 से 17 दिसंबर 2025 तक नगर के बैंक ऑफ बडोदा के सामने डीजे मार्केट मेन रोड में हो रहा है। यह वृहत आयोजन अखिल गायत्री से जुडे जिला समन्वय समिति, गायत्री प्रज्ञा पीठ एवं समस्त नगरवासी के सौजन्य से होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में भक्तों के लिए आवास,भोजनालय एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था धमतरी रोड पर राजमार्ग 30 किनारे ज्ञान रश्मि हायर सेकेण्डरी स्कूल के सामने रखी गई है। पूरे आयोजन के लिए भारतीय वेशभूषा में कार्यक्रम में भागीदारी रखने, संस्कार हेतु पहले से पंजयन कराने की जानकारी दी जा रही है। सभी संस्कार निःशुल्क सम्पन्न होंगे।

आयोजन की बात करें तो 14 दिसंबर को सुबह से कलश यात्रा निकलेगी। द्वितीय दिवस 15 दिसंबर को सामुहिक जप,ध्यान,पज्ञा योग,व्यायाम,देवपूजन,गायत्री महायज्ञ,प्रज्ञा पुराण एवं युग संदेश,संगीत प्रवचन,सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा तृतीय दिवस सामुहिक जप,ध्यान,प्रज्ञा योग,व्यायाम,गायत्री महायज्ञ एवं विभीन्न संस्कार प्रज्ञा पुराण एवं युग संदेश, संगीत,प्रवचन,सम्मान एवं संकल्प दीप महायज्ञ। चतुर्थ दिवस गायत्री महायज्ञ एवं विभीन्न संस्कार,पुर्णाहुति एवं टोली की विदाई सम्पन्न होगी। आयोजन की तैयारियों के संदर्भ लखनपुरी क्षेत्र में  धनंजय साहू‚ संतोष मंडावी पिपरौद‚हेमलता साहू लखनपुरी सहित कई कार्यकर्ता  लगातार प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। 

———————

08. जिले में अब मेले मडईयों का सिलसिला आज चारामा विकासखंड के अरौद मेले से शुरू हो गया। इसके बाद लगातार मेले मंडईयों का सिलसिला चलेगा। आसपास के गावों में अभी लगातार वार्षिक मेले का आयोजन होगा। अमूमन जगह रात्रि में छत्तीसगढी नाचा कार्यक्रम का आयोजन अतीत से होता चला आ रहा है। तारतम्य मेले के अवसर पर  कांकेर जिले के ऐतिहासिक दशहरा ग्राम अरौद में रात्रिकालीन नाचा का कार्यक्रम शुरू हो रहा है।

———————–

09.लोकप्रिय कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने आज ग्राम धनेसरा में पैरी नदी पर एनिकट निर्माण कार्य (447.77 लाख) तथा सिहारीनाला तालाब शीर्ष, नहर जीर्णोद्धार, लाइनिंग एवं शूटफॉल निर्माण (407.12 लाख) के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम रखा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आम जनता ने इस पर बेहद खुशी जाहिर किया।

———————–

10. आज रात्रि से जिले में कडकडाती ठंड हुई शुरू। अभी से अलाव का सहारा ले रहे लोग।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *