कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
28 अगस्त 2025 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
—————–
संपादकीय
”हिंदु सनातन धर्म में प्रथम पुज्य गणेश”
—भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी का पर्व हजारों साल से मनाया जा रहा है। माना जाता है कि भारत में पेशवाओं का शासन था, उस समय इस पर्व को भव्य रूप से मनाया जाने लगा। अंग्रेजों के भारत आने पर पेशवाओं के राज्य पर एकाधिकार जमाया। तभी लोकमान्य तिलक ने हिंदुओं को एका करने का महती विचार किया।उन्होंने पूना में 1893 में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरूआत की। आजादी की लडाई के लिए भी एकता का होना एक शुभ संकेत था। क्योंकि देश की आजादी के लिए महती कार्ययोजना एवं विचार यहां पर किया जाता था। तब महाराष्ट्र में पूरे जोरशोर से गणेशोत्सव मनाया जाने लगा।इस दौर में अन्य धर्म हिंदु धर्म पर हावी होने लगे थे। भारतीय सनातन धर्म में किसी कार्य को सुचारू रूप से निर्विघ्नपूर्वक सम्पन्न करने हेतु सर्वप्रथम श्रीगणेश जी की वंदना व अर्चना का विधान है। जो गणेश व्रत या पूजा करता है उसे मनोवांछित फल तथा श्रीगणेश प्रभु की कृपा प्राप्त होती है। पूजन से पहले नित्यादि क्रियाओं से निवृत्त होकर शुद्ध आसन में बैठकर सभी पूजन सामग्री को एकत्रित कर पुष्प, धूप दीप, कपूर, रोली, मौली लाल, चंदन, मोदक आदि एकत्रित कर क्रमशरू पूजा करें।भगवान श्रीगणेश को तुलसी दल व तुलसी पत्र नहीं चढ़ाना चाहिए। मुख्य प्रचलित कथा मुताबिक एक बार भगवान शिव कहीं बाहर गए हुए थे, उनकी अनुपस्थिति में देवी पार्वती ने अपने शरीर पर उबटन लगाया। उबटन को छुड़ाकर उन्होंने एक मूर्ति बना दी, उससे बाल गणेश का सृजन हुआ। इसके बाद, देवी पार्वती नहाने के लिए चली गई और उन्होंने बाल गणेश को अपने दरवाजे पर पहरा देने के लिए कहा।बाल गणेश, दरवाजे पर पहरा देने लगे कि तभी भगवान शंकर आ गए। उन्होंने अंदर जाने का प्रयास किया तो गणेश ने उन्हें रोक दिया। भगवान शंकर को गुस्सा आ गया, उन्होंने गणेश का सिर, धड़ से अलग कर दिया। तब तक माता पार्वती निकल आई।उन्हें देखकर क्रोध आ गया। उन्होने कालीं का रूप धर लिया। भगवान शंकर ने पूरी बात सुनने के बाद क्षमा मांगी और गणेश को जीवित करने का हल ढूंढा।उन्होंने अपने गणों से कहा किसी ऐसे बच्चे का सिर ले आना, जिसकी मां उसकी तरफ पीठ करके सो गई हों। गण, एक हथिनी के बच्चे का सिर ले आएं, जो दूसरी ओर मुंह करके सोई थी। भगवान शंकर ने उस सिर को गणेश के धड़ से जोड़ दिया।इस प्रकार, बाल गणेश पुनरू जीवित हो गए और माता पार्वती प्रसन्न हो गई। तब से इस दिन को गणेश चतुर्थी के नाम से जानते हैं।
-मनोज जायसवाल
—————–
01.‘मावा मोदोल’ कोचिंग संस्थान में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 30 व 31 अगस्त को, चयनित छात्र-छात्राओं की सूची जारी।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ‘मावा मोदोल’ में चयन परीक्षा 17 अगस्त को आयोजित की गई थी, जिसमें मेरिट के आधार पर उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग 30 एवं 31 अगस्त को मावा मोदोल केन्द्र कचहरी प्रांगण में प्रातः 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक प्रस्तावित है। चयनित छात्रों की सूची जिले की वेबसाइट kanker.gov.in में अपलोड किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के आदिवासी व अन्य संवर्ग के छात्र-छात्राओं के जीवन स्तर को सुधारने एवं शासकीय नौकरी के लिए इच्छुक विद्यार्थियों हेतु प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग संस्थानों जिला मुख्यालय कांकेर में प्रारंभ किया गया है। इसमें छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग टेस्ट एवं मेरिट बच्चों का काउंसिलिंग के माध्यम से चयन किया जाएगा। स्क्रीनिंग टेस्ट में जिले से कुल 1474 छात्र सम्मिलित हुए हैं। परीक्षा हेतु विषय विशेषज्ञों के द्वारा 120 प्रश्न प्रत्येक प्रश्न 02 अंक के आधार पर प्रश्न पत्र तैयार किया गया था। परीक्षा पूर्णांक 240 अंक स्क्रीनिंग टेस्ट व 10 अंक काउंसिलिंग हेतु रखा गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सीजीपीएससी, व्यापम, रेल्वे, बैंक व अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी विषय विशेषज्ञों द्वारा कराई जाएगी तथा नया बैच 01 सितम्बर से प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में मावा मोदोल में 300 अतिरिक्त सीट की वृद्धि की जा रही है, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं। सीजीपीएससी एवं व्यापमं परीक्षा की तैयारी हेतु अलग से नवीन बैच प्रारंभ किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने चयनित छात्र-छात्राओं से अपील की है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसिलिंग में दो फोटो, आधार कार्ड, अंतिम उत्तीर्ण मार्कशीट की कापी के साथ दिए गए स्लॉट समय पर उपस्थित हों। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2022 एवं 2023 बैच के प्रशिक्षु कलेक्टर का दल कांकेर जिले के प्रवास पर रहे डिप्टी कलेक्टरों के दल ने मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर का भ्रमण किया और छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन दिए। प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों में प्रमुख रूप से सुश्री शिक्षा शर्मा, भावना साहू, शुभांगी गुप्ता, देवाशीष कुर्रे, अभिषेक तंबोली, सारिका मित्तल, लोकांश एल्मा, सुमित धु्रव, शुभमदेव गुप्ता, रश्मि पोयाम ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया।

—————–
02.राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का किया जाएगा आयोजन।सांसद श्री नाग 29 अगस्त को करेंगे शुभारंभ।
—खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्षानुसार खेल दिवस का आयोजन 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। साथ ही वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा इसी दिवस फिट इंडिया मूवमेंट का शुभारंभ किया गया था, जिसके तारतम्य में भारत सरकार के द्वारा राष्ट्रव्यापी खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के आयोजन कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया है।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उक्त दिवस को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न प्रकार की खेल संबंधी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि, फिट इंडिया शपथ और आउटडोर खेल एवं मनोरंजन आदि शामिल है। इसी तारतम्य में जिला स्तर पर 29 अगस्त को सुबह 11 बजे शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के डोम में शपथ ग्रहण एवं कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग के द्वारा खेल महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। तदुपरांत आउटडोर खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी ने बताया कि 30 अगस्त को पर प्रातः 11 बजे शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के डोम में खेल से संबंधित विषयों पर वाद-विवाद, फिटनेस टॉक, स्थानीय स्तर पर प्रचलित इनडोर मेम्स इत्यादि पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को जिला स्तरीय ‘संडे ऑन सायकल’ कार्यक्रम के अंतर्गत सायकल रैली का आयोजन शासकीय नरहरदेव स्कूल के खेल मैदान से पुराना बस स्टैण्ड तक प्रातः 7.30 बजे से आरंभ किया जाएगा। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उक्त आयोजन को सफल बनाने विद्यालयों, महाविद्यालयों के खिलाड़ियों, एन.सी.सी., एन.एस.एस, रेडक्रॉस सोसायटी के वालिंटियर्स एवं व्यायाम शिक्षकों की उपस्थिति के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है।
—————–
03.जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में रिक्त विभिन्न पदों की अस्थायी पूर्ति हेतु लिए गए चल साक्षात्कार (वाक-इन-इंटरव्यू) के बाद विद्यालय स्तर पर तैयार की गई मेरिट सूची जारी कर दी गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानदेय पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यह चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसके अंतर्गत निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों से विभिन्न तिथियों में विद्यालय स्तर पर साक्षात्कार लिए गए थे। अभ्यर्थियों की मेरिट सूची संबंधित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विद्यालयों में जाकर सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
—————–
04.खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) एसपी कोसरे और सहायक खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) अंजनी मंडावी ने हायर सेकेंडरी स्कूल दमकसा का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सुबह 9:45 बजे प्रार्थना सभा के दौरान शुरू हुआ, जिसमें दोनों अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। प्रार्थना सभा के बाद उन्होंने “प्रेयर टुगेदर” प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया, जिसमें छात्रों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए। छात्रों ने इन प्रश्नों के संतोषजनक और उत्साहपूर्ण उत्तर दिए, जिससे उनकी शैक्षिक तैयारी और आत्मविश्वास का प्रदर्शन हुआ।

—————–
05.विकासखंड दुर्गुकोंडल के ग्राम पंचायत बरहेली के इरागांव हाईस्कूल में छात्राओं को सायकल वितरण किया गया, नवमी कक्षा में 17 छात्राओं को ग्राम पंचायत बरहेली के सरपंच प्रिया दुष्यंत वाडिवा एव एस पी कोसरे खण्ड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, शाला समिति अध्यक्ष अशोक पटेल एवं जीवन उईके के द्वारा सायकल वितरण किया गया।

—————–
06. नगर पंचायत पखांजूर वार्ड क्रमांक 06 में प्रशासन का अतिक्रमण के विरूद्व कार्रवाई देखने मिला‚जहां राजस्व एवं नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई देखने मिला।
—————–
07. इन दिनों गणोशोत्सव की धूम है‚जहां जिला मुख्यालय कांकेर के साथ ही जिले के चारामा नगर‚नरहरपुर‚भानुप्रतापपुर‚पखांजूर‚सरोना‚दुर्गूकोंदल‚अंतागढ आदि जगहों पर बडे बडे पंडाल में श्रीणेश जी विराजे हैं। लखनपुरी में भी इस बार माँ वैष्णवी मंदिर परिसर में बेहतर रूप से पंडाल सजाये गये हैं। अंतिम दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है। कांकेर पुलिस गणेशोत्सव आयोजन में शांति व्यवस्था बनाये रखने मुस्तैद है।
—————–
08. बस्तर संभाग प्रवेश पूर्व चारामा घाट से आगे जगतरा टोल टैक्स नाके में इन दिनों वाहनों में लगे फास्टेग की रीडिंग करने में भी मिनटों लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि टोल प्रारंभ के समय तत्काल रीडिंग कर लिया जाता था‚जिससे नाका उठ जाता था। मिनटों की देरी समझ से परे है। टोल पर देर ना हो कर ही फास्टेग लगाया जाता है‚लेकिन इस प्रकार से नाके में देरी से फास्टेग के कोई मायने नहीं निकल रहे हैं। नाके यात्रियों को थर्ड जेंडरों द्वारा पैसा वसुली से भी परेशान हो रहे है। नाके पर जैसे ही वाहन रूकती है‚ये थर्ड जेंडर पैसा वसुलने आ जाती है।
—————–
09. सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी को लेकर हिंदु संगठन आक्रोशित एवं नाराज हैं। तत्संबंध में बजरंग दल एवं विश्व हिंदु परिषद कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की व नरहरपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
—————–
10. धमतरी‚जगदलपुर फोरलेन की मंजुरी एवं बजट आने के बाद अब क्षेत्र के वाशिंदे इस मार्ग के कार्य शुरू होने की राह तक रहे हैं। लखनपुरी‚चारामा पूर्व एवं आगे तक विभाग द्वारा प्रभावितों को मुआवजा भी प्रदान कर दिये गये हैं। चारामा नगर बायपास होगा या शहर के बीचों बीच फलाईओवर का निर्माण होगा यह लोगों में संशय है।
—————–
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————-






