———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 मार्च 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
प्रिया राजवंश(अभिनेत्री)

01. रामनवमी पर पखांजूर पुलिस की बड़ी कार्यवाही । 03 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि — निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर(भा.पु.से.) के निर्देशाननुसार, राकेश कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन व रवि कुजूर एसडीओपी पखांजूर के पर्यवेक्षण मे थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व मे टीम गठित कर कार्यवाही की गई। गौ तस्करी पर कार्यवाही — दिनांक 26.03.2026 (रामनवमी) को सूचना प्राप्त हुई कि एक छोटा हाथी वाहन में गौ तस्करी की जा रही है।पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर वाहन क्रमांक MH 33 T 6556 को रोककर जांच की गई, जिसमें 03 गौवंश को क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था।आरोपियों द्वारा महाराष्ट्र के रास्ते तेलंगाना के बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की गई।
————————
02. जनगणना कार्य के प्रथम चरण हेतु 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ, फील्ड ट्रेनर्स को किया जा रहा प्रशिक्षित।

—जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार मुख्य जिला जनगणना अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना कार्य के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की उपस्थिति में किया गया। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। जिले से चयनित 32 फील्ड ट्रेनर्स को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सहायक प्राध्यापक एन. आर. साव एवं डॉ. विजय कुमार रामटेके द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आज से प्रारंभ होकर 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण की प्रक्रिया, डेटा संकलन, प्रपत्रों का सही संधारण तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
———————
03. शासकीय लेनदेन हेतु संबंधित बैंक शाखा 31 मार्च को खुले रहेंगे।
—वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम कार्य दिवस होने से बैंकों को शासकीय संव्यवहार के लिए जिस बैंक शाखा में शासकीय लेनदेन होता है, उन्हें 31 मार्च को रात्रि 12 बजे तक खुला रखने के लिए निर्देशित किया गया है। अपर कलेक्टर कांकेर द्वारा इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष के अंतिम दिवस को किसी भी चालान जमाकर्ता द्वारा शासन के पक्ष में राशि जमा करने पर उनका लेखांकन इसी दिनांक को किया जाना आवश्यक है। इसके लिए जिले के सभी शासकीय लेनदेन वाले बैंकों को खुला रखने के लिए कहा गया है।
————————
04. सर्व पिछडा वर्ग दिल्ली में कर सकता है,प्रदर्शन।

— आज प्रत्येक ग्रामों में जनगणना का कार्य प्रारंभ हो रहा है। इस तारतम्य लोगों में उमंग उत्साह जगी है,लेकिन समाज का एक बडा तबका दुःखी है, कि इस जनगणना में उनके लिए तो कॉलम ही नहीं है। ऐसे में उनकी सामाजिक,शैक्षणिक,आर्थिक स्थिति का आंकलन आखिरकार कैसे हो पायेगा?संदर्भ देखा जाय तो अनुसुचित जाति,अनुसुचित जनजाति के साथ पिछडा वर्ग के लिए भी कॉलम के माध्यम अलग से गिनती होना था,लेकिन अब कॉलम ही नहीं होने से सरकार की कथनी और करनी में फर्क साफ नजर आ रहा है। सर्व पिछडा वर्ग में बेहद नाराजगी के चलते ही अब यह समाज दिल्ली जाकर एक दिनी प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग का ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहा है।
गत 24 मार्च को कांकेर जिले के अंतागढ में सर्व पिछडा वर्ग समाज की मीटिंग सम्पन्न हुई थी,जिसमें अपनी बात रखते सर्व पिछडा वर्ग समाज के जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम कहा कि सरगुजा तथा बस्तर के संभागीय अध्यक्ष से फोन में चर्चा कर निर्णय लिया गया है कि 30 मार्च को सभी जिला कार्यालयों में राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम मांग ज्ञापन सौंपेंगे।इसके बाद दिल्ली जाकर पिछडा वर्ग के लिए जनगणना में नाम जुडवाने हेतु मांग ज्ञापन सौंप कर मांग की जायेगी। पिछडा वर्ग के साथ जाति जनगणना नहीं किये जाने पर सरकार को खासा फर्क पडेगा। समय की मांग है कि जाति जनगणना भी अवश्य की जाये।
————————
05 . पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का आधार नंबर की सीडिंग बैंक खातों के साथ किया जाना आवश्यक।
— सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित पेंशन योजनाओं में हितग्राहियों को पेंशन राशि का भुगतान आधार आधारित एवं बिना आधार आधारित खाते दोनों ही प्रकार से पीएफएमएस के माध्यम से डीबीटी किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा केंद्र प्रवर्तित योजनाओं को सीएसएस को पीएफएमएस-एसएनए से एसएनए-एसपीएआरएसएच मॉडल में ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में हितग्राहियों को केवल आधार आधारित एकाउंट होने पर ही भुगतान किया जा सकेगा।समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा प्राप्त अनुसार अब पेंशन भुगतान पूरी तरह आधार आधारित डीबीटी प्रणाली के जरिए किया जाएगा। वर्तमान में पेंशनधारियों को पीएफएमएस के माध्यम से आधार लिंक और बिना आधार लिंक दोनों प्रकार के खातों में राशि दी जा रही है। आगामी माह से केंद्रीय योजनाओं की पेंशन राशि का भुगतान एसएनए के माध्यम से किया जाएगा। जिसके लिए सभी हितग्राहियों का आधार आधारित खाता होना आवश्यक होगा। अन्यथा हितग्राही को पेंशन राशि का भुगतान नहीं हो पायेगा। हितग्राहियों के आधार नंबर की सीडिंग बैंक खातों के साथ किया जाना आवश्यक है। हितग्राहियों के खातों को आधार से लिंक किए जाने के लिए सभी जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों में शिविर लगाने के लिए निर्देशित किया गया है।
————————
06. बिहान योजना से सशक्त हो रहीं महिलाएंः आजीविका सेवा केन्द्र बना आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार। जिला पंचायत सीईओ ने आजीविका सेवा केंद्र बाबूदबेना का किया निरीक्षण।

—जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी द्वारा बाबूदबेना स्थित आजीविका सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आजीविका केन्द्र को खेती की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक, प्रदर्शनीय मॉडल, पशु पालन से संबंधित सामग्री, कृषि यंत्र एवं उन्नत बीज विभिन्न सरकारी योजनाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिला समूहों को लाभ मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से गरीब महिला किसानों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर जोर दिया।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत संचालित इंटिग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (आईएफसी) एवं आजीविका सेवा केन्द्र से ग्रामीण महिलाएं सशक्त हो रही हैं। आजीविका सेवा केन्द्र के माध्यम से महिलाओं को मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन, फूल एवं सुगंधित धान की खेती, बकरी पालन तथा वनोपज जैसी विविध गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इस एकीकृत खेती मॉडल के तहत 16 गांवों की लगभग 1500 महिला किसानों को चयनित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत कांकेर जनपद पंचायत अंतर्गत इंटिग्रेटेड फार्मिंग मॉडल महानदी महिला क्लस्टर संगठन माकड़ीखूना से बागोडार, सिदेसर, हाटकोंगेरा, भीरावाही तथा कंचन महिला क्लस्टर संगठन बारदेवरी से माटवाड़ा लाल, कोकपुर, बारदेवरी, किरगोली एवं जागरूक महिला कलस्टर संगठन धनेलीकन्हार से बाबूदबेना, पोटगांव, अंडी, मरकाटोला तथा आदर्श महिला कलस्टर संगठन गढ़पिछवाड़ी से चयनित गांव वेबरती, पटौद, पुसावंड, दसपुर समूह के दीदीयों को इंटिग्रेटेड फार्मिंग कलस्टर आईएफसी आजीविका वृद्धि कर महिलाओं को ’लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बाबूदबेना केन्द्र के माध्यम से 148 महिला किसानों को सब्जी बीज एवं मुर्गी चूजों का वितरण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कांकेर के सीईओ, बिहान टीम, क्षेत्रीय समन्वयक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला किसान उपस्थित रहे।
————————
07. महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराना अनिवार्य।
— राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के सभी हितग्राहियों का ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए दिए गए हैं। ऐसी महिलाएं जो महतारी वंदन योजना के लाभार्थी हैं तथा जिनका आधार प्रमाणीकरण (ईकेवाईसी) नहीं हुआ है, ऐसे सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी का कार्य त्रुटिरहित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना है। जिले के लगभग 01 लाख 80 हजार महिला हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराया जाना है।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने महतारी वंदन योजना के समस्त हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराने के निर्देश जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी और सीएससी डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को दिए हैं। ई-केवायसी कार्य प्रारंभ करने के पूर्व सभी वी.एल.ई., सीएससी ऑपरेटर्स एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों को ई-केवायसी प्रशिक्षण कराये जाने के लिए विकासखण्डवार तिथि निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के लिए निर्धारित तिथि अनुसार 30 मार्च को जनपद पंचायत कांकेर में, 01 अप्रैल को जनपद पंचायत चारामा, 02 अप्रैल को जनपद पंचायत नरहरपुर में ई-केवायसी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार 04 अप्रैल को विकासखण्ड भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल के प्रतिभागियों को जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में, 06 अप्रैल को जनपद पंचायत अंतागढ़ और 07 अप्रैल को कोयलीबेड़ा/पखांजूर के प्रतिभागियों को जनपद पंचायत पखांजूर में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
————————
08. रामनवमी पर पखांजूर पुलिस की बड़ी कार्यवाही ।अवैध महुआ शराब विक्रेता 02 आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि —निखिल राखेचा (भा.पु.से.) पुलिस अधीक्षक कांकेर की पहल पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं नशे के विरुद्ध विशेष अभियान ‘ऑपरेशन उजियारा’ संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में लगातार कार्यवाही की जा रही है।अवैध महुआ शराब पर कार्यवाही -दिनांक 26.03.2026 को पखांजूर पुलिस को ग्राम मसानकट्टा पारा पेनकोड़ो निवासी विनोद हलामी अपने घर परछी में अवैध धन अर्जित करने अवैध रूप से हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है कि सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल भुवन देहारी के हमराह पुलिस स्टाफ रेड कार्यवाही हेतु ग्राम मसानकट्टा पारा पेनकोड़ो मुबखीर द्वारा बताये स्थान की घेराबंदी कर 01 व्यक्ति विनोद हलामी पिता काशीनाथ हलामी उम्र 30 वर्ष एवं रमेश कोला पिता देवसु कोला उम्र 22 वर्ष निवासी निवासी ग्राम मसानकट्टा पारा पेनकोड़ो थाना पखांजूर के घर परछी को चेक करने पर आरोपी विनोद हलामी के कब्जे से दो 10-10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकिन में 16 लीटर कीमती 2400 रूपये एवं रमेश कोला के कब्जे से 17 लीटर कीमती 2550 रुपए को जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। निरीक्षक लक्ष्मण केवट, एएसआई पुरूषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र ठाकुर, भुवन देहारी सहित थाना पखांजूर की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
———————-
09. जिले के सबसे बडे दुधावा जलाशय से छोडे पानी की जलधार पहूंची अरौद घाट। हाराडुला पहूंचने में अभी लगेंगे पांच दिन।

चित्र—महानदी के अरौद घाट पहूंचा दुधावा जलाशय द्वारा छोडी गई पानी।
—पहली दफा इस वर्ष ऐसा हो रहा है कि मार्च में ही महानदी पुरी तरह सूख गई है। महानदी के किनारे काफी संख्या में कृषि पंप लगा कर किसान अपने खेतों की प्यास बुझा रहे हैं। महानदी में अमूमन घाट में बेतरतीब तरीके से रेत उत्खनन के चलते रेत के साथ पानी भी हाईवा ट्रकों से रिसते सडक से होते दूर जा रहा है। इस वक्त महानदी में चुल्लू भर भी पानी नहीं बचा था, कि दुधावा जलाशय प्रशासन द्वारा किसानों के हित में महानदी में पानी छोडा गया है। यह पानी की जलधार आज अभी अरौद घाट पुल के पास पहूंची है। इस चित्र में आप देख सकते हैं कि कैसे पानी की अल्पधार आगे बढ रही है। जिस तरीके से इस भरी गर्मी में नदी में पानी सोख रहा है,हाराडुला पहूंचने में अभी चार दिन और लगेंगे।
————————
10. जिला मुख्यालय से सटे ग्राम हाटकोंगेरा में श्रीराम जानकी मंगल भवन का श्रीराम नवमी के शुभ मौके पर कांकेर विधायक आशा राम के करकमलों से लोकार्पण हुआ।

— कांकेर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम हाटकोंगेरा में आज श्रीराम नवमीं के पुण्य शुभ मौके पर श्रीराम जानकी मंगल भवन का लोकार्पण कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से सम्पन्न हुआ। उन्होंने इस अवसर पर कहा- यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के सशक्त स्वरूप को साकार करने का ऐतिहासिक क्षण है। प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से यह मंगल भवन आने वाले समय में धार्मिक अनुष्ठानों, सामाजिक कार्यक्रमों और जनसेवा के अनेक कार्यों का केंद्र बनेगा। यह स्थान न केवल भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक होगा, बल्कि गांव के विकास और समृद्धि का भी नया द्वार खोलेगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते आगे कहा कि आप सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास से ही यह कार्य संभव हो पाया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि इसी तरह निरंतर जनसेवा और विकास के कार्यों को गति देता रहूंगा।

कांकेर में श्रीराम जी की सेना द्वारा आयोजित भव्य शोभा यात्रा श्रीरामनवमी अवसर पर भी कांकेर विधायक आशा राम नेताम का पार्टी के समस्त कार्यकर्ता पदाधिकारियों के साथ आगमन हुआ।
वहीं चारामा नगर में सोनकर समाज द्वारा आयोजित श्रीराम नवमी के कार्यक्रम में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। उनहोंने सोनकर समाज को राम नवमी की बधाई देते हुए कहा कि सोनकर समाज जो है वह बहुत ही कम समय में अपने आप को स्थापित किया है।

————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






