कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
27 फरवरी 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
01. थाना चारामा पुलिस ने जुआ खेलते 04 जुआरियों को किया गिरफ्तार ।आरोपीयों के कब्जे से 01 मोटर सायकल ,नगदी रकम 6530 /- ,तास के 52 पत्ता , एवं नेट कपड़ा किया गया जप्त ।

— पुलिस जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.)के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अपराध मुक्त समाज अभियान के तहत जुआ खेलने वालों पर कार्यवाही करते हुए थाना चारामा के ग्राम हिंगनझर नाला के पास से 04 आरोपी जुआरियान को गिर0 कर तास के 52 पत्ता, नगदी रकम 6530 रू. एवं 01 मोटर सायकल सहित जप्त किया गया। मामले का संक्षिप्त विवरण:- इस प्रकार है कि दिनांक 26/02/2026 को पुलिस बल जुर्म जरायम पता साजी एंव पेट्रोलिंग डियूटी पर रवाना हुआ था दौरान मुखबिर सूचना मिला कि ग्राम हिंगनझर के नाला(नदी) के पास खुले स्थान पर कुछ लोग तास के 52 पत्तो पर रूपये पैसों का दावं लगाकर हारजीत का जुआ खेल रहे है। कि सूचना पर मुखबीर के बताये स्थान ग्राम ग्राम हिंगनझर के नाला(नदी) के पास गवाह एवं स्टाफ ,व सायबर क्राईम टीम के साथ सूचना तस्दीक कर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया जहाॅ पर 04 जुआरियान को पकडा गया एवं कुछ जुआरियान मौका पाकर भाग गये , पकडे गये जुआरियान से नाम पता पूछने पर अपना नाम (01).देवराज सिनहा पिता सेवाराम सिन्हा उम्र 36 साल निवासी कोटतरा, (02) गजेन्द्र सिंह मण्डावी पिता मोहन मण्डावी उम्र 36 साल निवासी बागडोंगरी, (03) चंचल ठाकुर पिता मेहपत सिंह ठाकुर उम्र 39 साल निवासी परसोदा थाना कोरर,(04) खेमन लाल सेवता पिता अंजोर सिंह सेवता उम्र 48 साल निवासी गितपहार चैकी हल्बा थाना नरहुरपुर का होना बताये जिनके कब्जे से कुल 6530 रू ,तास के 52 पत्ता , हरा कलर का नेट ,एवं मोटर सायकल क्रमंाक सीजी 19 बी क्यु 6201 को जप्त किया गया आरोपी का कृत्य अपराध धारा 3(2) छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधि0 2022 का घटित करना पाये जाने से अपराध क्रमांक 40/26 कायम किया जाकर आरोपी को दिनांक 26.02.2026 को गिर0 किया गया ।
————————
02. उजियारा अभियान के तहत् नरहरपुर पुलिस में अवैध शराब बिक्री करने वाले के विरुद्ध कार्यवाही। 20 लीटर महुआ शराब के साथ किया गया आरोपी पीत्तम नेताम को गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक महोदय कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अति.पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश ठाकुर* के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे उजियारा अभियान के तहत् में अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरूद्व लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना नरहरपुर में थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में दिनांक 26.02.2026 को नरहरपुर पुलिस द्वारा मुखबिर मिली की पीत्तम नेताम निवासी भनसुली अपने घर पर अवैध रूप से देशी महुआ शराब बिक्री हेतु अपने घर मे रखा है।मुखबिर द्वारा बताये स्थान पर घेराबंदी कर रेड़ कार्य कार्यवाही किया जो उसके घर में दो सफेद रंग जरकीन में भरा 20 लीटर देशी महुआ शराब किमती 2000 रूपया मिला जिसे गवाहों के समक्ष मुताबिक जप्ती पत्रक के जप्त कर कब्जे पुलिस लिया गया। आरोपी पीत्तम नेताम पिता मनीराम नेताम उम्र 45 वर्ष निवासी भनसुली थाना नरहरपुर के विरूद्व मौके पर अपराध क्रमांक 49/2026 धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम कायम किया गया। आरोपी द्वारा अपराध घटित करने पर दिनांक 26.02.2026 को गिरफ्तार कर मामला न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया।
———————
03. गुणवत्ताहीन 11 किलो मिठाईयां नष्ट कराई गईं, अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वाले 7 व्यापारियों को नोटिस जारी त्यौहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की जा रही सतत कार्यवाही।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में होली पर्व एवं आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण का कार्य किया जा रहा है तथा अनियमित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इस दौरान जिले की मिठाई दुकानों एवं किराना दुकानों तथा विभिन्न खाद्य विनिर्माता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर, कोयलीबेड़ा, अंतागढ़, नरहरपुर आदि क्षेत्रों के खाद्य परिसरों का निरीक्षण किया गया एवं खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाइयां, पनीर, दूध, दही, नमकीन, आटा, बेसन, मैदा, सूजी, मैदा आदि का सैंपल जांच हेतु लिया गया। सैंपलिंग के दौरान अमानक खाद्य पदार्थों को मौके पर तत्काल नष्ट कराया गया। इस दौरान 11 किलोग्राम से अधिक की मिठाइयां जिनमें पेड़े, कलाकंद, मोतीचूर लड्डू, खोया आदि शामिल हैं का विनष्टीकरण करवाया गया व संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी भी दी गई। इस दौरान विभिन्न व्यापारियों को कुल 07 नोटिस तत्काल सुधार हेतु जारी किए गए तथा विभिन्न खाद्य पदार्थो लड्डू, कलाकंद, सूजी, तेल, नमकीन, बर्फी, रसगुल्ला, मलाई पेड़ा, काजू कतली का नमूना प्राप्त कर परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भी भेजा गया।

उपभोक्ताओं से की गई अपील
विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से यह अपील की गई है कि बाजार में बिकने वाले खुले व अमानक खाद्य सामग्री का उपयोग करने से बचे अधिक रंगयुक्त मिठाईयों के उपयोग से बचें और मार्केट से कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उसका लेबल जांच कर उसके निर्माण की तिथि एवं उपयोग की तिथि अवश्य देखकर खरीदें। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या अन्य अनिमियतता होने पर विभाग को जानकारी प्रदाय करें, इस पर नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।
————————
04. परीक्षा केंद्रों का नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण।

— छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित दसवीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्रों का जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर ने टीम के साथ निरीक्षण किया। टीम ने आज नरहरपुर विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लारगांव मरकाटोला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमोड़ा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरादाह का औचक निरीक्षण किया, जहां जीव विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विषयों की परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बोर्ड के आदेश-निर्देशों के तहत मूलभूत सुविधाओं, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति एवं परीक्षा संचालन के विभिन्न प्रपत्र की स्थिति का जायजा लिया। कुछ केंद्रों में पर्यवेक्षकों की अनुपस्थिति की संज्ञान में लेते हुए सभी केंद्राध्यक्षों को बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से परीक्षा संचालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण टीम में स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक लक्ष्मण कावड़े सहित व्याख्याता सम्मिलित थे।
———————–
—जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आज कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा की मौजूदगी में आयोजित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नगरवासियों द्वारा आगामी होली पर्व, रंग पंचमी, ईदुल फितर, चेट्रीचंड एवं गुड़ी पाड़वा, रामनवमी, महावीर जयंती, अम्बेडकर जयंती, गुड फ्राइडे, माता कर्मा जयंती, चैतरई जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार मनाए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी सभी समुदाय के लोग परस्पर मिल-जुलकर त्यौहार मनाएं तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व जिला प्रशासन का सहयोग करें। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर 12 बजे आयोजित शांति समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि ज्यादातर घटनाएं नशे की हालत में तथा अवांछित हुड़दंग जैसे स्थिति में घटित होती हैं। ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए सभी वर्गों को आपस में सहयोग हेतु आगे आना चाहिए। कलेक्टर ने हर्ष और उल्लास के साथ सामाजिक समरसता और सौहार्द्रपूर्ण ढंग से सभी वर्ग के त्यौहारों का आनंद लेने की बात कही। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्यौहारों के दौरान किसी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति निर्मित न हो, इस पर अनिवार्य रूप से ध्यान दें।

बैठक में उपस्थित एसपी श्री राखेचा ने कहा कि त्यौहार मनाने के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाएं रखें, ताकि किसी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि स्पीड बाइकिंग एवं प्रेशर हॉर्न वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति निर्मित होने पर पुलिस द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर तत्काल संपर्क करें या वीडियो-फोटो भेजें, पुलिस इसे संज्ञान में लेकर त्वरित कार्यवाही करेगी। उन्हांने कहा कि नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, साथ ही धार्मिक स्थलों का ध्यान रखते हुए डीजे आदि का साउंड निर्धारित सीमा में ही रखें। उन्होंने एसपी ने मौजूद जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ नागरिकों को कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर त्यौहार मनाने की अपील भी की।होलिका दहन के पूर्व निकाला जाएगा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मार्च बैठक में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री मटियारा ने सड़क किनारे दुकानें नहीं लगाने तथा होली और रंग पं चमी के दिन टैंकर से अतिरिक्त जलापूर्ति करने का सुझाव दिया। नगरपालिका अध्यक्ष श्री कौशिक ने यातायात व्यवस्था सुचारू करने तथा जबरदस्ती रंग लगाने वालों पर कार्यवाही करने की बात कही। इसके पहले, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा ने एजेण्डावार जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी व्यक्ति पर बिना अनुमति के रंग-गुलाल न लगाएं तथा यथासंभव मुखौटों का उपयोग न करें। किसी भी प्रकार की जबरिया चंदा वसूली न की जाए। बाइक पर दो से अधिक सवारी न हों और नशे की स्थिति में वाहन कदापि न चलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि होलिका दहन के लिए खुले स्थान का चयन करें तथा किसी निजी अथवा शासकीय सम्पति को नुकसान न पहुंचाया जाए। परीक्षार्थियों एवं विशेष तौर पर धार्मिक स्थल पर आने-जाने वाले लोगों पर रंग-गुलाल न डाला जाए। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारित समय व नियत डेसिबल में ही करें। इसी तरह बिना पुष्टि के फेक अथवा भ्रामक पोस्ट, खबरों को सोशल मीडिया में साझा न करें। किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन इस दौरान न करें। इस दौरान यह भी बताया गया कि होलिका दहन के पूर्व जिला प्रशासन, पुलिस, राजस्व तथा नगरीय निकाय के द्वारा संयुक्त रूप से शहर के मुख्य मार्गों में मार्च निकाला जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए। इस अवसर पर महेश जैन, नगरपालिका के उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, प्रशिक्षु आईपीएस श्री प्रतीक, डीएसपी श्री मोहसिन खान सहित विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधि, पार्षदगण, नागरिक, मीडिया प्रतिनिधिगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
———————–
06. कृषक उन्नति योजना : जिले के 92493 किसानों के खाते में आएंगे 372 करोड़ 67 लाख रूपए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 28 फरवरी को करेंगे किसानों के खातों में राशि का अंतरण

—प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले जिले के किसानों के खातों में अंतर की राशि को अंतरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार 28 फरवरी को बिलासपुर के बिल्हा विकासखण्ड के ग्राम रहंगी के खेल मैदान में आयोजित समारोह में दोपहर 12 बजे प्रदेश भर के किसानों के खातों में योजनांतर्गत राशि अंतरित करेंगे।कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले जिले के 92 हजार 493 किसानों के बैंक खातों में कुल 372 करोड़ 67 लाख 20 हजार रूपए की राशि अंतरित की जाएगी। इन किसानां के द्वारा वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में 50 लाख 98 हजार 696 क्विंटल धान बेचा गया है, जिनकी अंतर राशि 70 बैंक शाखाओं में शनिवार 28 फरवरी को अंतरित की जाएगी।
———————–
07. अध्यक्ष, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, छ. ग. शासन राज्य मंत्री वर्णिका शर्मा का माटवाड़ा लाल मे आगमन हुआ।

-बस्तर प्रवास के दौरान वर्णिका शर्मा ( अध्यक्ष, बाल अधिकार संरक्षण आयोग छ. ग. शासन ) का ग्राम पंचायत माटवाड़ा लाल के प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी भवन के निरिक्षण व बच्चों को स्थिति जानने हेतु आगमन हुआ,शिक्षकों व बच्चों के द्वारा उनका आत्मीय स्वागत व अभिनन्दन किया गया, विगत दिनों उपसरपंच व भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रोशन साहू के द्वारा पंचायत के दोनों ( प्राथमिक शाला व आंगनबाडी )भावनो की जर्जर व भयावह स्थिति से अध्यक्ष जी को अवगत कराया गया था,काफी सालों से ग्रामवासी जर्जर भवन व असुविधा के चलते परेशान चल रहे थे,और अंततः वर्णिका शर्मा से संपर्क किये,शिकायत आवेदन के बाद अध्यक्ष जी द्वारा त्वरित कार्यवाही किया गया था,जिसके कारण आज बच्चों के लिए बहुत सी सुविधाए मिली और मिलने वाली है,कांकेर आगमन पे भवनों का निरिक्षण करने वे स्वयं पहुंची,माननीय अध्यक्ष जी ने शिक्षकों व बच्चों को हर परेशानी हर दुविधा मे उनके साथ खड़े रहने की बात कह कर सभी का हौसला बढ़ाया,पुरे ग्रामवासियों ने विद्यालय व पंचायत परिवार ने भावुकता से अध्यक्ष जी का धन्यवाद व आभार किया।।
———————–
08. दुर्गूकोंदल में चार दिवसीय मेला शुरू।
—विकासखंड मुख्यालय दुर्गूकोंदल का बहुप्रतीक्षित चार दिवसीय मेला शुक्रवार से विधिवत प्रारंभ हो गया। परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ आंगादेव, डांग, सिरहा, गायता और पटेल द्वारा मेला स्थल की परिक्रमा कर शुभारंभ किया गया।
———————–
09.दुर्गूकोंदल में 14 ग्राम पंचायतों की निकासी बैठक सम्पन्न हुआ।
-कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी के निर्देशानुसार जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के सभाकक्ष में निकासी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर श्री गंगाधर वाहिले ने की।
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
———————
10. सर्व पिछडा वर्ग से कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
-आज सर्व पिछडा वर्ग संगठन जिला कांकेर ने जिले के सभी विकासखंडों में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सामाजिक भवन के लिए जिसकी राशि प्रत्येक विकासखंड के लिए 50-50 लाख की स्वीकृत राशि जो आ चुकी है,के भवन निर्माण के लिए जहां जमीन की उपलब्धता नहीं है,उपलब्ध कराये जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






