आज की टॉप 10 खबर 26 नवंबर 2025 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  26  नवंबर  2025  बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

‘ हाराडुला के बाद महानदी की अन्य पुल पर भी साया मंडरा रहा।’

—क्षेत्र के लिए बडा दुर्भाग्य होगा जब हाराडुला के अतिरक्त अन्य पुले कमजोर होंगी !

-हाराडुला के बाद महानदी की अन्य पुल पर भी साया मंडरा रहा।* *प्रशासन द्वारा चारामा* वि.खं. के हाराडुला महानदी पुल टुटने का बाद लोगों की आवाजाही के लिए बेरीकेड लगाने के अतिरिक्त क्या कार्रवाई की? पुल के सभी पिल्लरों की जांच हुई या नहीं? इसे जीर्णोधार किया जायेगा या नये पुल की स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है? जैसे तमाम प्रश्न आज लोगों के बीच है,लेकिन इसका जवाब संभवतया किसी को नहीं मालूम !

अवैध रेत उत्खनन,परिवहन के बाद इसी संदर्भ यह खबर शायद दूर-दूर तक नहीं है कि इस पुल से सबक लेते हुए महानदी के दूसरे पुलों का संरक्षण के लिए गाईडलाईन जारी करे। अरौद का पुल भी जलमग्न पुल है। इसकी चौडाई कम होने के चलते दो वाहनों की क्रासिंग के वक्त आम आवाजाही करने वालों को परेशानियों का सामना करना पडता है।

आज अरौद का पुल रेत उत्खनन परिवहन को जाने वाले हाईवा ट्रकों जिसके पानी पुरे सडक पर रिसते जाने के चलते लोगों को धूल,हवा में उडते कंकड के साथ पुल में कीचड गंदगी से होकर गुजरना पड रहा है। हाराडुला पुल से यदि विभाग संज्ञान ले तो निश्चित रूप से इसमें गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई बनता है,लेकिन पीडब्ल्युडी विभाग कहां है? कोई उन्हें अवगत कराये या इस कालम को पढ कर संज्ञान ले। *निश्चित रूप* से इस संकरे जलमग्न पुल के ऊपर जो पानी के साथ गंदगी फैल रही है,यदि यहां कोई हादसा होता है, तो रेत उत्खनन करने वाले ठेकेदार के उपर ही जायेगा,क्योंकि ट्रकें रेत उत्खनन के परिवहन से पसर रही है। लीगल उत्खनन के नाम बताये जाने पर तो ना जानने वालों को चुप कराया जा सकता है, पर माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा नदियों के संरक्षण,उत्खनन पर जो गाईड लाईन दी गयी है,उस अनुरूप तो संभवतया खनन नहीं हो रहा है, नदी के अंदर मशीनें ही मशीनें दिखायी दे रही है,अस्थायी पुल, ड्रोन का तो कोई नाम नहीं है,जो उत्खनन के नियमों में है। तमाम जानकारियां जो यहां के बुद्विजीवियों को पता है।

लीगल उत्खनन के नाम गलत तरीके से खनन किया जायेगा तो जानकारों को मुंह बंद नहीं किया जा सकता। जिस तरह क्षेत्र के पूरे 52 गावों के लोग अपनी एकता का परिचय देते अतीत में पुल निर्माण के लिए संघर्ष किये अब वह दिन आ गया है कि महानदी में पुलों के संरक्षण के लिए आगे आना ही होगा। वरन बाहर से आये लोग बेतरतीब नियमों के विरूद्व उत्खनन कर तो कल चले जायेंगे लेकिन क्षेत्रवासियों के लिए जिंदगी भर का दंश छोड जायेंगे,जिसका खामियाजा भुगतते रहो। जीवन का दुर्भाग्य होगा वह दिन जब हाराडुला के अतिरक्त अन्य पुलों के कमजोर होने या टूटने की खबरें आएंगी। दुआ है कि ऐसा ना हो। *तब यह मत कहना* कि किसी पत्रकार,कलमकार ने आवाज नहीं बने। जागरूक पत्रकार लोगों की आवाज बनता है,अपनी पैनी कलम के माध्यम से। हम अपनी कलम बेच कर सो नहीं जायेंगे! जनता के हित के लिए हमने बचपने में इस पुल के संघर्ष के वक्त अपने बालपन में पत्रकारिता की शुरूआत करते महज 9 वीं कक्षा में पढते हुए अपनी कलम चलायी आज भी अपनी कलम के माध्यम जनता की आवाज बनेंगे।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01.  ‘कादम्बरी’, स्व. प्रेम किशोर भार्गव सम्मान 2025 से सम्मानित हुई ज्योतिषविद डॉ गीता शर्मा।

—संस्कारधानी जबलपुर की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था “कादम्बरी ” द्वारा दिनांक 22 नवंबर को कांकेर जिले की अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ज्योतिषविद, सूर्य पंचांग के संपादक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीमती गीता शर्मा को उनकी काव्य कृति *धन्य धरा पुकारती एवं दीर्घकालीन साहित्यिक सेवा, संस्कृति और संस्कारों की आभा से दीपित सापेक्ष सृजनात्मक अवदान के परिप्रेक्ष्य में संस्थाध्यक्ष आचार्य भगवत दुबे, महासचिव राजेश पाठक “प्रवीण” एवं राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिलब्ध साहित्यकारों की पावन उपस्थिति में स्व. प्रेम किशोर भार्गव सम्मान 2025 (काव्य विधा) से सम्मानित किया गया। सम्मान में अंगवस्त्र, मानपत्र, स्फटिक शिवलिंग, रुद्राक्ष, मोती माला एवं नगद धनराशि से सम्मानित किया गया। कादम्बरी सम्मान के अलंकरण प्रभारी   ब्रज किशोर भार्गव रहें।

कार्यक्रम में देश के 14 प्रांतों मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ , उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, झारखंड, उडीसा, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र , जम्मू-कश्मीर, गुजरात एवं दिल्ली के 127 साहित्यकारों को उनकी श्रेष्ठ कृतियों के आधार पर कादम्बरी सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ गीता शर्मा ने अनेक शोध पत्र , काव्य संग्रह, ज्योतिष शास्त्र, अंक शास्त्र आदि में अपनी लेखनी चलाई है। आप संस्कार भारती जिला इकाई कांकेर की अध्यक्ष, सर्जना महिला साहित्य समिति कांकेर की संस्थापक, राष्ट्रीय कवि संगम इकाई कांकेर के संरक्षक के दायित्व के साथ – साथ विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सम्मानीय अध्यक्ष, संरक्षक एवं मार्गदर्शक हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्याख्यान माला, शोधार्थियों को उचित मार्गदर्शन सतत मिलता रहता है। आपकी रचनाओं का पठन-पाठन, दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केन्द्रों से सतत प्रसारण, विभिन्न समाचार पत्रों पर प्रकाशन आपकी विशिष्टता को दर्शाता है। आपकी लेखनी समाज को दशा एवं दिशा देने में सदैव तत्पर रहती है। डॉ गीता शर्मा के इस उपलब्धि हेतु कांकेर जिले के समस्त साहित्यिक संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं संप्रेषित की हैं।

  ——————–

02. अपूर्व विज्ञान मेला 2025 नागपुर में कांकेर के पर्यावरण मित्रों का सम्मान।  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों मिला विशेष सम्मान

—राष्ट्रभाषा भवन, उत्तर अंबाझरी मार्ग, रामदासपेठ (नागपुर) में 19 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित अपूर्व विज्ञान मेला 2025 में छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले से पहुँचे तीन पर्यावरण मित्रों को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। कांकेर मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर स्थित सुदूर अंचल के प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे रोफरा ग्राम खमढोड़गी,ग्राम पंचायत कोकपुर के पर्यावरण प्रहरी बृजलाल मंडावी, प्रदीप मंडावी, किरण देव मंडावी को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने करकमलों से श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी विचारक रघु ठाकुर (कार्यक्रम अध्यक्ष), एआरडीबीएसई के सचिव सुरेश अग्रवाल, विज्ञान शिक्षाविद् राजाराम शुक्ला, शिक्षाधिकारी साधना सयाम, पर्यावरण विशेषज्ञ सूर्यमणि भिवगड़े, वरिष्ठ समाजसेवी ए. बी. खान, मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने तीनों युवाओं की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सम्मानित युवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा – गांवों में ऐसे जागरूक और समर्पित युवा ही देश के भविष्य को पर्यावरण सुरक्षित और मजबूत बना सकते हैं। इनके कार्य प्रेरणा देने वाले हैं। पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान इन तीनों पर्यावरण मित्रों को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता बचाने, जल-स्रोतों के संरक्षण, वन विस्तार हेतु पौधारोपण एवं सीड बॉल गतिविधियाँ, ग्रामीण युवाओं में पर्यावरण जागरूकता, वन्य जीवों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में वर्षों से किए जा रहे निरंतर, निस्वार्थ एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

रोफरा ग्राम खमढोड़गी में इनके नेतृत्व में चल रहा पर्यावरण अभियान आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन गया है। ग्रामीणों ने इस सम्मान को गांव की सामूहिक मेहनत की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में देशभर से आए पर्यावरण कार्यकर्ताओं, विज्ञान शिक्षकों, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं ने सम्मिलित होकर इस सम्मान को सराहा। यह सम्मान न केवल तीनों युवाओं की उपलब्धि है, बल्कि कांकेर जिला और छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का क्षण है।

 ———————

03.  मुख्यधारा में लौटे माओवादियों का किया गया मुल्ला कैंप में स्क्रीनिंग टेस्ट।

— कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. आर.सी.ठाकुर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसएफ कैम्प मुल्ला में 62 माओवादी जो शासन की मुख्यधारा में लौटे हैं, की स्क्रीनिंग कर मधुमेह, बीपी, दांत परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य, फिजियोथेरेपी, ऑखों की जांच की गई। साथ ही विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से जिले को प्रदत्त फंडस कैमरा से रेटिनोपैथी आंखों की जांच आधुनिकतम मशीन के द्वारा की गई व त्वरित उपचार किया गया। ऐसे मरीज जिनको उच्च रक्तचाप व मधुमेह है उनको दवाई वितरण कर जीवन शैली में परिवर्तन करने हेतु सुझाव व एनसीडी कार्ड दिया गया। इनमें से एक का मौके पर तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाकर दिया गया।

 ———————

04.  खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने फोर्टिफाइड चावल के फायदे से लोगों को जागरूक करने के दिए निर्देश। संदीप शर्मा (राज्य मंत्री दर्जा)  ने बैठक लेकर राशन के भण्डारण एवं वितरण पर निगाह रखने दिया जोर ।

— छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष  संदीप शर्मा (राज्य मंत्री दर्जा) ने खाद्य, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियो की बैठक लेकर जिले में संचालित खाद्य संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में खाद्य सामग्र्री भण्डारण एवं अन्य आवश्यक जानकारी का प्रदर्शन सूचना पटल पर अनिवार्य रूप से करते हुए सभी दुकानों में विभागीय कॉल सेंटर नंबर खाद्यान्न के सैंपल प्रदर्शित करने के भी निर्देशित किया। साथ ही फोर्टिफाइड चावल का वितरण सुनिश्चित करते हुए इसके लाभ से उपभोक्ताओं को अवगत कराने व उन्हें जागरूक करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर राशन सामग्री के भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सही मात्रा में गोदाम से दुकान तक भंडारण हो इसके लिए दुकान संचालक को रैंडम बोरा तौल करने हेतु निर्देशित किया।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज अपरान्ह 03 बजे आयोजित समीक्षा बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पीडीएस सेंटरों में कई तरह की कमियां पाई गई, जिन्हें दूर करने खाद्य अधिकारी आवश्यक कार्यवाही करें।

इन सेंटरों में पारदर्शिता का अभाव भी दिखा। उन्होंने बीपीएल एवं एपीएल परिवारों को प्राप्त आबंटन के अनुसार ही राशन वितरित करने की बात कही। अर्थात बीपीएल परिवारों को फोर्टिफाइड चावल का वितरण अनिवार्यतः किया जाए। साथ ही सही ढंग से खाद्य सामग्री वितरित नहीं करने वाले व अनियमितता बरतने वाले संचालकां के विरूद्ध नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही करने हेतु खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। इसी तरह भानुप्रतापपुर में नगर के चार पीडीएस सेंटरों में केवल 58 प्रतिशत राशन के वितरण पर नाराजगी जाहिर करते हुए दो दिनों के भीतर 28 नवंबर तक इन चारों दुकानों में शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कर आयोग को अवगत कराने के निर्देश जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को दिए। अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि आम नागरिकों को सुविधाजनक ढंग से तथा पारदर्शिता के साथ राशन वितरण करना शासन की पहली प्राथमिकता है अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा पीडीएस सेंटर से चावल लेकर अन्य दुकानों में रिसाइक्लिंग करने वाले दुकानदारों पर नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए भी निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आश्रम छात्रावासों में भी तैयार होने वाले भोजन के रूप में फोर्टिफाइड चावल का उपयोग करने अथवा चावल से माड़ अलग करने के बजाय कुकर से पकाने की बात कही, ताकि उसमें व्याप्त प्रोटीन विटामिन एवं अन्य पोषक तत्व बच्चो को मिल सके। इसके अलावा प्रतिदिन बनने वाली सब्जियों का मेनू को पृथक से प्रदर्शित करने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि भोजन स्वादिष्ट होने के बजाय पोषणयुक्त हो यह ज्यादा आवश्यक है। इसी तरह महिला एवं बाल विकास विभाग में संचालित प्रधानमंत्री पोषण कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को गर्म भोजन के रूप में फोर्टिफाइड चावल पकाकर खिलाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग के तहत परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर भी जोर दिया। बैठक में आयोग के सदस्य सचिव  राजीव जायसवाल ने भी जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं उत्कृष्ट पोषण पर जोर देते हुए प्रत्येक गतिविधि से आयोग को अवगत कराने की बात संबंधित अधिकारियों से कही। बैठक में एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। इसके पहले अध्यक्ष श्री शर्मा ने जिले के कांकेर एवं नरहरपुर विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर पीडीएस सेंटर, आश्रम छात्रावास एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास नरहरपुर में भोजन तैयार करने के लिए माप तौल उपकरण उपयोग करने के निर्देश छात्रावास अधीक्षक को दिए। साथ ही चावल को पकाने के समुचित विधि के बारे में जानकारी दी गई और शिकायत के लिए कॉल सेंटर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया। इसी तरह आयोग के अध्यक्ष ने कांकेर के अन्नपूर्णापारा, कंकालीनपारा, ग्राम नंदनमारा के अलावा नरहरपुर के ग्राम कोचवाही, रिसेवाड़ा का दौरा कर पीडीएस सेंटर, स्व-सहायता समूह और स्कूल में मध्यान्ह भोजन के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

———————–

05.  दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ ।

— इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिंगारभाट, कांकेर में दक्षिण क्षेत्रीय अन्तर्महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया गया। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की उपस्थिति में आयोजित दक्षिण क्षेत्रीय अन्तरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र जगदलपुर, कृषि महाविद्यालय कुरूद, लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र नारायणपुर, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र पखांजूर, रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कांकेर एवं महामाया कृषि महाविद्यालय धमतरी के 240 प्रतिभागी शामिल हुए। कुलपति डॉ. चंदेल ने सभी प्रतिभागियों से अपनी पूरी क्षमता तथा मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा सफलता अर्जित करने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही दक्षिण क्षेत्र के समस्त प्रतिभागियों को टीम भावना से खेलने शपथ दिलायी। इस अवसर समारोह में विशिष्ठ अतिथि डॉ. एस.एस. टूटेजा, निदेशक विस्तार सेवाएं इं.गा.कृवि.वि. रायपुर, डॉ. आर.एस. नेताम, सहित संबंधित महाविद्यालयों के अधिष्ठाता उपस्थित थे।

———————

06. शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूर्ण करने वाले 33 बीएलओ होंगे सम्मानित।

— भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसके तहत बीएलओ 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर के बीच मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं प्राप्त कर डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। इसी तारतम्य में जिले के शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त करके डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने वाले 33 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को 27 नवम्बर को सुबह 11 बजे कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इनमें अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 के 11 बीएलओ, भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-80 के 14 बीएलओ तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 के 08 बीएलओ जिन्होंने शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया है, उन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

———————

विशेष—
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी   सचिन पायलट का चारामा कांकेर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोशिला स्वागत किया गया। इधर सोशल मीडिया में जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के नये जिलाध्यक्ष जिनका नाम अभी सामने नहीं आया लेकिन अंदर की खबरों को लेकर खबरें चल रही है।
———————

07. संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिले के अमृत सरोवरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित।  अमीन भर्ती लिखित परीक्षा 07 दिसम्बर को।  जिले के 44 परीक्षा केन्द्रों में 9554 अभ्यर्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त ।

— भारत के संविधान को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किए जाने की ऐतिहासिक तिथि 26 नवंबर 1949 के उपलक्ष्य में इस वर्ष भी संविधान दिवस (26 नवंबर 2025) को जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मनाया गया। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार ज़िले के सभी 180 अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ज़िला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत ज़िले में अब तक 180 अमृत सरोवर विकसित किए जा चुके हैं, ये अमृत सरोवर अब केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं रहे, बल्कि वृक्षारोपण, सिंचाई, कृषि आधारित सब्ज़ी उत्पादन और मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और उनके अधिकारों व मौलिक कर्तव्यों का महत्व समझाना है। कार्यक्रमों की शुरुआत भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक पाठ से हुई। इसके बाद, उपस्थित ग्रामीणों ने “एक प्रण जल संरक्षण की सामूहिक शपथ“ ली, जिसमें अमृत सरोवर की साफ-सफाई और उसकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया।  आजीविका और पर्यावरण संवर्धन कार्यक्रम में युवाओं, स्कूल और कॉलेज के छात्रों, मनरेगा श्रमिकों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और आजीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही। मनरेगा के श्रमिकों व स्वसहायता समूह के सदस्यों ने सरोवर स्थलों पर श्रमदान और साफ-सफाई की। इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय ग्रामीण, मनरेगा जॉब कार्डधारी और छात्रों को संविधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थलों पर गाद निकासी, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाए गए, जिसने “एक प्रण जल संरक्षण“ टैगलाइन के महत्व को बल दिया। इस दौरान स्थानीय समुदाय, अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, आजीविका मिशन से जुड़ीं दीदियां और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

———————

08.  ब्लाक स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी महोत्सव राऊत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भिरौद(चारामा) में 01 दिसंबर को आयोजित है।

—छत्तीसगढ यादव समाज ब्लाक चारामा एवं समस्त ग्रामवासी भिरौद एवं ग्राम पंचायत भिरौद तहसील चारामा द्वारा आने वाले 01 दिसंबर को  लगातार द्वितीय वर्ष   विकासखंड स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी राऊत नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरूण साव, उप-मुख्यमंत्री छ.ग. शासन होंगे। राकेश यादव अध्यक्ष यादव समाज ब्लाक चारामा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम के साक्षी सारे जनप्रतिनिधी,पंचायत जनप्रतिनिधी कांकेर एवं भानुप्रतापपुर बनेंगे। कार्यक्रम के लिए सामाजिकजनों द्वारा जोरशोर से तैयारी किया जा रहा है। जिले में अभी से आमंत्रण कार्ड बांटी जा रही है।  ग्राम  भिरौद में कलश एवं शोभायात्रा सुबह 11.00 बजे से निकलेगी। शीतला पूजा‚साहडा देव एवं गोवर्धन पूजा सम्पन्न होगी। अतिथियों का आगमन समय 2.30 बजे रखा गया है। क्षेत्र में इस कार्यक्रम की बेसब्री से उत्सुकता बनी हुई है।

———————–

09. कगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय दुर्गूकोंदल में बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी. प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर से शुरू होगी।

—कगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय दुर्गूकोंदल के प्राचार्य डॉ. डी.एल. बढ़ाई ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय अंतर्गत संचालित जुलाई–दिसंबर 2025 सेमेस्टर प्रायोगिक परीक्षा (सत्र 2025-26) हेतु बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी. प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए DSC, DSE एवं GE कोर्स की परीक्षाओं का समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से कहा है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक सामग्री के साथ प्रायोगिक परीक्षा में उपस्थित हों। किसी भी स्थिति में अनुपस्थित रहने पर द्वितीय अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।

प्रायोगिक परीक्षा की समय-सारिणी
क्रमांक कक्षा विषय पाठ्यक्रम परीक्षा तिथि व दिन समय
1 बी.एससी./बी.ए./बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर वनस्पति विज्ञान DSC/GE 28/11/2025, शुक्रवार प्रातः 9:00 बजे से
2 बी.एससी./बी.ए./बी.कॉम. तृतीय सेमेस्टर वनस्पति विज्ञान DSE 28/11/2025, शुक्रवार दोपहर 12:00 बजे से
3 बी.एससी./बी.ए./बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर रसायनशास्त्र DSC/GE 01/12/2025, सोमवार प्रातः 9:00 बजे से
4 बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर Basic Analytical Chemistry DSE 01/12/2025, सोमवार दोपहर 12:00 बजे से
5 बी.एससी./बी.ए./बी.कॉम. प्रथम व तृतीय सेमेस्टर जन्तु विज्ञान DSC/GE 04/12/2025, गुरुवार प्रातः 9:00 बजे से
6 बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर Parasitology DSE 05/12/2025, शुक्रवार प्रातः 9:00 बजे से
प्राचार्य डॉ. बढ़ाई ने छात्रों से अपील की है कि वे समय-सारिणी का पालन करते हुए पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों एवं परीक्षा अनुशासन का पालन करें।

 ———————–

10. गत दिवस कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने नरहरपुर के ग्राम सुरही स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शिक्षा, अनुशासन तथा विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *