कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
26 दिसंबर 2025 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
01. प्रियंक राठी हाईकोर्ट के शासकीय अधिवक्ता बने। अपनों ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं।
—हाईकोर्ट में शासकीय अधिवक्ता के गरिमामय पद पर जिले का गौरव प्रियंक राठी की नियुक्ति हुई है। यह बताते चलें कि पूर्व में वे सिविल जज के पद पर थे, जिससे इस्तीफा देकर वे हाईकोर्ट में वकालत की प्रेक्टिस कर रहे थे। हाईकोर्ट शासकीय अधिवक्ता के पद पर उनका नियुक्त से नगर में हर्ष व्याप्त है।

यह भी बताते चलें कि प्रियंक राठी जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर के राठी के सुपुत्र एवं छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी अशोक राठी के भतीजे है। उनकी माता स्व. किरण राठी भी जज के पद को शुशोभित कर चुकीं हैं। होनहार सुपुत्र प्रियंक राठी ने अपनी मॉं की बीमार अवस्था में तकरीबन 14 साल तक मातृ सेवा की। उनके निधन के बाद प्रियंक दुःखों के सागर में टूट सा गया था,लेकिन स्वयं ही मन को ढांढस बैठाया और फिर जीवनपथ पर विकास की यात्रा में पूर्ण हौसले के साथ चल पडे। पुज्य पिता आर.के.राठी जो कि वर्तमान में जिला जज बिलासपुर में सेवारत हैं,का हमेशा सहयोग एवं संबल मिला।
आज राठी परिवार इस बात का साक्षी है,कि इस होनहार सुपुत्र ने मातृ सेवा के साथ अपनी आकांक्षा को जीवित रखा।प्रियंक राठी की इस उपलब्धि पर चेंबर ऑफ कामर्स के समस्त व्यवसायी गण, कांकेर शिक्षा समिति के समस्त पदाधिकारीगण, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के प्राचार्य व आचार्यगण ने भी प्रियंक राठी के हाई कोर्ट के शासकीय अधिवक्त पद पर नियुक्ति पर शुभकामनाएं दी है।
————————
02. नये पुलिस अधीक्षक ने विभागीय बैठक लेकर अपराधों पर अंकुश के लिए दिशा निर्देश दिये।
—आज 26 दिसंबर को नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के अनुभाग कांकेर एवं भानुप्रतापपुर के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों व थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई। पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा पुलिस अधिकारियों को अपराध पर नियंत्रण, विवेचना में उन्नत तकनीकों का उपयोग करने, शिकायतों/मर्ग/गुम इंसान/अपराधों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने, थाना एवं अपराधों से संबंधित दस्तावेजों को संधारण एवं उनके रख रखाव को बेहत्तर तरीके से करने का निर्देश दिया गया।

अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, सूखा नशा पर अंकुश लगाने एवं संलिप्त संगठित अपराधियों की पड़ताल कर अंतिम आरोपी तक टीम बनाकर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की शिकायत एवं समस्याओं के निराकरण के लिए व्त् (अर्दलीय कक्ष) बैठक कर समाधान किया जायेगा व अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में योगेश साहू उप पुलिस अधीक्षक कांकेर, शेरबहादुर सिंह ठाकुर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (भानुप्रतापपुर), गिरिजा शंकर साव उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन), सुश्री विंकेश्वरी पिन्दे उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांकेर, मो. मोहसिन खान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कांकेर, कविता धुर्वे उप पुलिस अधीक्षक कांकेर, रक्षित निरीक्षक कांकेर तथा कांकेर/भानुप्रतापपुर पुलिस अनुविभाग के थाना/चौकी प्रभारी व पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
03. राज्य युवा महोत्सव-2025 में कांकेर जिले की टीम ने किया शानदार प्रदर्शन ।
— जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव-2025 का आयोजन 23 से 25 दिसंबर तक बिलासपुर में संपन्न हुआ। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 23 दिसंबर को उपमुख्यमंत्रीअरुण साव एवं विजय शर्मा की उपस्थिति में किया।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में राज्य के 33 जिलों से आए प्रतिभागियों ने कुल 14 विधाओं में सहभागिता की, जिनमें वाद-विवाद, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, कर्मा नृत्य, रॉक बैंड, एकांकी, लोकगीत, चित्रकला तथा कहानी एवं कविता लेखन जैसी विधाएं शामिल रहीं। इसमें लगभग 03 हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 1,016 महिला, 1,048 पुरुष प्रतिभागी एवं लगभग 01 हजार स्टॉफ सदस्य शामिल रहे। कांकेर जिले से कुल 90 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
उन्हांंने बताया कि बिलासपुर में आयोजित युवा महोत्सव के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे। इस दौरान खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026 की लॉन्चिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई, जो प्रदेश के आदिवासी युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रतियोगिता में राउत नाचा विधा में कांकेर जिले की टीम को द्वितीय स्थान मिला, जिसमें योगेश्वर यादव, छमेश यादव, टिकेश्वर यादव, मोतीलाल यादव, हरीश यादव, सौनक यादव, योगेश यादव, अनिल यादव, शैलेन्द्र यादव शामिल थे। इसी तरह पारंपरिक वेशभूषा विधा में रामचरण उइके ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव-2025 युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति एवं रचनात्मकता को समर्पित एक सफल, अनुशासित एवं प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ युवा महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने प्रतिभागियों को उनकी जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
———————
04. शिविर में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण आयोजित ।
– छत्तीसगढ़ स्वतंत्र कंपनी (एनसीसी) कांकेर द्वारा शासकीय बालक एवं कन्या आश्रम सिंगारभाट में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-2025 के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिविर का आयोजन कैम्प कमांडेंट कर्नल सुमीत शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर के दौरान कमांडेंट जिला सेनानी होमगार्ड कांकेर के मार्गदर्शन में अग्निशमन केंद्र प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा फायर फाइटिंग एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर आग लगने की स्थिति में उससे बचाव, त्वरित नियंत्रण तथा जान-माल के नुकसान को कम करने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने अग्निशमन के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन करते हुए कैडेटों को आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, सेवा-भाव से कार्य करने एवं जनधन की रक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी कैडेटों को पीटी, योग, ड्रिल, शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, प्राथमिक चिकित्सा, मैप रीडिंग, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ थल सेना से संबंधित विविध प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न समसामयिक एवं उपयोगी विषयों पर व्याख्यान भी दिए जा रहे हैं। उक्त शिविर में कुल 558 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं।

———————–
05. विकसित भारत- जी राम जी के तहत मिलेगा 125 दिन के रोजगार की गारंटी।
— केन्द्र सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को उन्नत कर ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना प्रारंभ की है। इसका उद्देश्य केवल रोजगार प्रदाय करना नहीं, बल्कि गांवों के सतत् और सुनियोजित विकास को सुनिश्चित करना है, जिसके तहत ग्रामीणों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। इस प्रकार हितग्राहियों को 25 दिवस का अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। 24 दिसम्बर बुधवार को जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों की दी गई। राज्य सरकार के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शासन के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखा गया है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि इस योजना से जहां पहले मनरेगा के कार्य मानवीय संसाधनों के आधार पर किए जाते थे, वहीं अब वीबी-जी राम जी योजना के तहत गांवों का विकास सैटेलाइट तकनीकी के माध्यम से किया जाएगा। योजना के अंतर्गत जल जीवन मिशन से संबंधित पेयजल आपूर्ति की मरम्मत एवं देखरेख, जल संरक्षण कार्य, मूलभूत ग्रामीण अवसंरचना का निर्माण, आजीविका से जुड़े कार्य, लखपति दीदियों के लिए आवास, खेती-किसानी से संबंधित कार्य, डबरी निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही वर्ष के दो माह योजना अंतर्गत कार्य नहीं किए जाएंगे, जिससे खेती-किसानी के समय ग्रामीणों को आसानी से मजदूर उपलब्ध हो सकेगें। जिला सीईओ ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामसभा में बैठकर ग्रामीण स्वयं गांव के विकास की योजना तैयार करेंगे, जिसे शासन द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। इससे आजीविका से जुड़े कार्यों को भी सम्मिलित किया गया है। पारदर्शिता एवं जवाबदेही के लिए डिजिटाइजेशन एवं टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल आधारित निगरानी आदि का उपयोग भी किया जाएगा।
–———————
06. सुशासन सप्ताह व नवाचार पर आधारित कार्यशाला में जिला/100 विज़न पर हुई चर्चा।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला पंचायत के सभाकक्ष में मंगलवार 23 दिसम्बर को सुशासन सप्ताह ‘प्रशासन गांव की ओर‘ थीम पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जिला @100 विज़न को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभाग की वर्तमान स्थिति, वर्तमान में संचालित योजनाएं तथा प्रमुख चुनौतियां एवं वर्ष 2047 तक का विभागीय विज़न पर अपने विचार साझा किया गया। कार्यशाला में पिछले पांच वर्षों में जिले में लागू गुड गवर्नेंस प्रैक्टिसेस एवं इनोवेशन्स अनुभवों और नवाचारों पर मंथन हुआ। साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से सहभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने सभी संबंधित अधिकारियों को टीम भावना के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए निर्देशित किया है। उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह ‘प्रशासन गांव की ओर‘ विषय पर 19 से 25 दिसम्बर के बीच मनाया गया, जिसके तहत जिले के सभी विकासखण्डों तथा विभिन्न ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर सार्वजनिक शिकायत निवारण और सार्वजनिक सुविधाओं को आम लोगों के लिए सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
07. किसानों ने अब तक 20 लाख 44 हजार क्विंटल से अधिक धान बेचा।
—खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149 उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों में किसानों के द्वारा धान बेचा जा रहा है। खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 20 लाख 44 हजार 036 क्विंटल धान किसानों द्वारा बेचा जा चुका है। इसमें 20 लाख 22 हजार 114 क्विंटल मोटा धान तथा 20 हजार 693 क्विंटल पतला और एक हजार 228 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। इस संबंध में बताया गया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार धान के परिवहन, भण्डारण तथा विक्रय की अवैध गतिविधियों को रोकने गठित टीमों के द्वारा सतत् निगरानी की जा रही है।
———————–
08. लखनपुरी में मेले की शुरूआत आज से ।
— जिला मुख्यालय कांकेर एवं तहसील मुख्यालय चारामा के बीच राजमार्ग 30 पर प्रमुख गावों का केंद्र लखनपुरी का वार्षिक मेले की शुरूआत आज शाम से हो गई है। आज मेला पूर्व हटरी बाजार में काफी भीड रही। हेलदी सीजन में सस्ती शाक सब्जियां खरीदते लोग नजर आए वहीं होटल एवं अन्य व्यवसायियों ने अपना व्यवसाय लगाया है। कल से भीड शुरू हो जाएगी। शनिवार को मुख्य मेले के साथ रविवार के बाद यह मेला समाप्त होगा। इसके बाद समीपस्थ पिपरौद एवं नाथिया नवागांव में मेला का आयोजन होगा।
———————–
09.रिसेवाडा में 576.37 लाख की लागत से जलाशय जीर्णोद्वार,नहर लाईनिंग कार्य का भुमिपूजन।
—-आज ग्राम रिसेवाडा में क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में जलाशय जीर्णाेद्धार एवं नहर लाइनिंग निर्माण कार्यों का कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। 576.37 लाख की लागत से होने वाले ये कार्य आने वाले समय में क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे, किसानों को नियमित जल उपलब्ध कराएंगे तथा कृषि उत्पादन बढ़ाकर गांव को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर जी, भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारीगण, कर्मठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

———————
10. आज ग्राम कोचवाही में 378.25 लाख की लागत से बनने वाले एनीकट निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से किया गया। यह परियोजना जल संरक्षण, कृषि समृद्धि और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जिलापंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर जी एवं भारतीय जनतापार्टी के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता , बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–







